2,800 रुपये में 100 ग्राम गांजा मिलेगा, खरीद लो भरपूर नशा मिलेगा। यह कहना है शहर के करौंदिया रेलवे क्रॉसिंग के निकट बने एक घर में मौजूद व्यक्ति का जो खुलेआम गांजा बेच रहा है। शहर में नशे का कारोबार करने वाले बेखौफ हैं। छोटी सी पुड़िया से लेकर कई किलो तक मादक पदार्थ बेचने का दावा किया जा रहा है। इस खेल का अमर उजाला ने खुलासा किया।
शहर में नशे का कारोबार खुलेआम चल रहा है। गांजा, स्मैक, चरस, अफीम का नशा इतनी आसानी से बेचा जा रहा है कि अधिकांश युवा इसकी चपेट में आने से अपना जीवन बर्बाद कर रहे हैं। ऐसे ही नशे की एक दुकान पर मंगलवार को अमर उजाला की टीम पहुंच गई। करौंदिया रेलवे क्रॉसिंग के निकट एक घर का गेट अंदर से बंद था। बाहर दो आदमी खड़े थे।
ये भी पढ़ें - वर्ष 2024 के अंतिम दिन बड़ी संख्या में श्रीरामलला का दर्शन करने पहुंचे श्रद्धालु, जय श्रीराम के नारों से गूंजा परिसर
ये भी पढ़ें - कड़ाके की ठंड के साथ होगा नए वर्ष का आगाज, दो दिन बाद बदलेगा मौसम
उन्होंने कहा कि गांजा लेना है तो आओ। मकान के पास पहुंचने पर दीवार में बने एक छोटे से झरोखे के अंदर एक अधेड़ आदमी बैठा था। उसने पूछा कि कितना गांजा चाहिए। बताया गया कि 100 रुपये का। यह बताने के बाद भीतर बैठे आदमी ने कहा कि इतने रुपये में पांच ग्राम गांजा है ले लो। 100 रुपये देने के बाद उसने गांजा दिया। कहा कि 700 रुपये 25 ग्राम व 100 ग्राम का 2,800 रुपये देना होगा। जितना चाहे ले लो। यह कारोबार काफी पुराना है।
गो-गो व सिगरेट से तैयार होता है ज्वाइंट
रेलवे क्रॉसिंग के बगल बैठा एक युवक गांजा बनाता दिखा। उसने बताया कि गांजा पीने के लिए एक सिगरेट व गो-गो की जरूरत होती है। सिगरेट की तंबाकू निकालकर उसे गांजा में मिलाकर रगड़कर गो-गो पेपर में डाला जाता है। फिर कश लगाया जाता है।
चलाया जा रहा अभियान
नगर क्षेत्राधिकारी प्रशांत कुमार का कहना है कि आबकारी व पुलिस की संयुक्त टीम की ओर से नियमित रूप से मादक पदार्थों की बिक्री करने वाले लोगों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। नशे के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।