त्रिवेणीनगर, फैजुल्लागंज और बंथरा में मिले डेंगू के 10 नए मरीज
गोमती नगर और इंदिरानगर के साथ ही शहर के अन्य इलाकों में भी डेंगू का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। त्रिवेणीनगर और बंथरा के लोगाें का आरोप है कि यहां डेंगू मरीज पाए जाने के बाद भी न तो फॉगिंग कराई जा रही है और न ही एंटीलार्वा का छिड़काव कराया जा रहा है।
हालांकि सीएमओ का दावा है कि एंटीलार्वा का छिड़काव कराया जा रहा है। राजधानी में डेंगू के 10 नए केस सामने आए। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, राजधानी में अब तक डेंगू के 230 मामले सामने आ चुके हैं।
त्रिवेणीनगर के तुलसीपुरम निवासी राजेंद्र पांडेय ने बताया कि उनके छोटे भाई की पत्नी पूजा पांडेय को डेंगू हो गया है। शनिवार को उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उनके पास में रहने वाली आराधना को भी डेंगू है।
वह निजी अस्पताल में भर्ती रही। उन्हें प्लेटलेट्स भी चढ़ाना पड़ा। राजेंद्र के अनुसार, स्वास्थ्य विभाग की टीम आई थी, लेकिन सिर्फ लोगों का नाम पूछ कर चली गई।
शिकायत के बावजूद यहां फॉगिंग व एंटीलार्वा का छिड़काव नहीं कराया गया। वहीं फैजुल्लागंज कृष्णलोक कॉलोनी की कंचन गुप्ता, हर्षित, पल्लवी, स्नेहा डेंगू से ग्रस्त हैं। परिवार के चार लोग डेंगू की जद में आ गए हैं।
उधर, बंथरा निवासी पंकज गुप्ता के अनुसार, अंजू, सुमनलता, साहिल व महेंद्र डेंगू पॉजिटिव हैं। कई दिनों से स्वास्थ्य विभाग समेत अन्य से संपर्क साधा जा रहा है। मगर कोई नहीं आया। एंटीलार्वा का छिड़काव नहीं हुआ। एक दो लोग आए थे। सिर्फ नाम पूछ कर लौट गए।
कराया जा रहा छिड़काव
सीएमओ डॉ. संजय भटनागर ने बताया कि जिस जगह डेंगू के मरीज मिल रहे हैं, उसे कंटेनमेंट जोन मानकर छिड़काव कराया जा रहा है। 14 से 15 दिनों में दो बार छिड़काव कराया जाता है।
रोजाना 100 से 130 यूनिट प्लेटलेट्स की खपत
शहर में डेंगू मरीज बढ़ने के साथ प्लेटलेट्स की खपत सरकारी व निजी ब्लड बैंक में बढ़ गई है। एक माह पहले तक सभी ब्लड बैंकों में प्लेटलेट्स की खपत रोजाना आठ से 10 यूनिट थी। अब 100 से 130 यूनिट हो गई है। केजीएमयू से रोजाना 50 यूनिट से अधिक की मांग आ रही है। सरकारी व निजी अस्पताल में भर्ती मरीज के तीमारदार यहां से प्लेटलेट्स ले जा रहे हैं। लोहिया संस्थान के ब्लड बैंक में हर रोज 10 से अधिक यूनिट की मांग आ रही है। बलरामपुर अस्पताल से पांच से दस यूनिट, सिविल से पांच से आठ यूनिट की मांग की जा रही है। निजी ब्लड बैंक से करीब 30 से 40 यूनिट प्लेटलेट्स की मांग हो रही है। यह बढ़ी हुई मांग डेंगू मरीजों की बढ़ती तादाद को बता रही है। स्वास्थ्य विभाग के अफसर, सिर्फ डेंगू मरीजों का रिकॉर्ड छिपाने में जुटे हुए हैं। स्वास्थ्य विभाग के अफसरों के मुताबिक, हर रोज इक्के दुक्के मामले सामने आ रहे हैं।
कीवी की मांग बढ़ी
डेंगू और बुखार में गिरे प्लेटलेट्स बढ़ाने में कारगर कीवी फल की मांग पिछले 15 दिनों में बढ़ गई है। कुछ दिन पहले तक एक पीस कीवी 15 से 20 रुपये का बिक रहा था। अब 25 से 30 रुपये में बिक रहा है। मंडी के फल विक्रेता रामकुमार ने बताया कि कीवी की मांग बढ़ गई है।
एक नजर में
इलाका मरीज
फैजुल्लागंज 35
अलीगंज 30
गोमतीनगर 37
इंदिरानगर 26
मड़ियांव 10