बिजली संकट से जूझे 10 लाख लोग, हंगामा
सबहेड-नूरबाड़ी में शुक्रवार आधी रात बिजली गुल होने पर ऑपरेटर ने बंद कर लिया मोबाइल, भड़के लोग
क्रासर - गोमतीनगर, महानगर, इंदिरानगर समेत कई इलाके रहे प्रभावित
अमर उजाला ब्यूरो
लखनऊ। प्रचंड गर्मी के दौरान शहर में 10 लाख लोग बिजली संकट से जूझे। ट्रांसफॉर्मर जलने, एबीसी फुंकने, लो वॉल्टेज और भूमिगत केबल खराबी के कारण शनिवार को गोमतीनगर, इंदिरानगर, महानगर इलाकों समेत अन्य क्षेत्रों में बिजली संकट रहा। वहीं शुक्रवार रात बिजली गुल होने के बाद जब ऑपरेटर ने अपना मोबाइल बंद कर लिया तो रात एक बजे नूरबाड़ी उपकेंद्र में घुसकर लोगों ने खूब बवाल कर बिजली चालू करने की मांग की। वहीं सआदतगंज में बिजली बंद होने के विरोध में काम कर रहे कर्मियों का घेराव किया गया।
न्यू नूरबाड़ी उपकेंद्र इलाके में शुक्रवार रात 12 बजे फाजिल नगर, दरगाह रोड, बुनियादबाग, छोटे शाह आलम रोड, कर्बला चौराहा, कटरा, सआदतगंज, मंसूरनगर की बिजली बंद हो गई। लोग एक घंटे तक उपकेंद्र के सीयूजी मोबाइल नंबर शिकायत करने की कोशिश करते रहे, पर उसके बंद होने का जवाब मिलता रहा। इस पर लोग भड़क गए और एक बजे रात में 60-70 लोग उपकेंद्र में घुस गए बवाल करने लगे। ऑपरेटर ने मोबाइल की बैटरी खत्म होने का बहाना बनाया। प्रदर्शनकारियों ने जब मोबाइल को ऑन किया तो उसमें बैटरी चार्ज मिली। इस पर लोगाें ने एक घंटे तक उपकेंद्र में बवाल किया और रात 3:30 बजे तब तक डटे रहे, जब तक बिजली फाल्ट नहीं मिल गया। जब दोबारा केबल फाल्ट आ गया तो नागरिकों ने शनिवार दोपहर केबल की खोदाई कर रहे कर्मियों का भी घेराव कर लिया।
---------------------
हुसैनगंज, जानकीपुरम, इंदिरानगर में भी संकट
हुसैनगंज उपकेंद्र के तहत कैंट रोड, महाराणा चौराहा, शिवाजी मार्ग, स्टेशन रोड, डायमंड डेरी कॉलोनी, उदयगंज, नई बस्ती समेत कई जगह में शुक्रवार पूरी रात बिजली की आवाजाही लगी रही। यह बिजली संकट पेटी जलने, एबीसी टूटने से उत्पन्न हुआ। जानकीपुरम कॉलोनी में शुक्रवार आधी रात को ट्रांसफार्मर जल गया जिससे 500-600 घरों की एक घंटे तक बिजली गुल रही। इसी इलाके में शनिवार पूरे दिन लो वॉल्टेज के कारण एसी व कूलर नहीं चल सके। कल्याणपुर, इंदिरानगर कॉलोनी में शनिवार को सुबह से देर रात तक बिजली की आंखमिचौनी चली। यह बिजली अधिकतर पेटी फ्यूज फुंकने से गुल हो रही थी। एक बार पेटी जलने से कम से कम दो घंटे तक बिजली गुल रही।
-----
त्रिवेणीनगर, गोमतीनगर में भी आपूर्ति बाधित
अहिबरनपुर उपकेंद्र इलाके के त्रिवेणीनगर में शुक्रवार रात एबीसी जलने से लोग शनिवार को शाम तक बिजली को तरसे। गोमतीनगर के अधिकतर इलाकों में पेटी से एक फेज की बिजली गायब होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। विवेकखंड, विश्वासखंड, विपिनखंड, विभवखंड, विभूति खंड में पेटी जलने से एक फेज की बिजली सप्लाई बंद हुई।
-----
यहां जले ट्रांसफॉर्मर
आलमबाग, दुर्गापुरी दादा कॉलोनी, पारा के आलमनगर रोड।