कस्टम के जब्त आईफोन की नीलामी के नाम पर छात्र को थमाए नकली फोन
गोमतीनगर के विरामखंड निवासी छात्र अरुणेंद्र सिंह ने नकली आईफोन बेचने का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया है। आरोप है कि ठगों ने फोन कॉल करके कस्टम द्वारा जब्त आईफोन की नीलामी में सस्ते फोन बिकने का झांसा दिया।
उसने अपने व अपने भाई इलाहाबाद हाईकोर्ट के अधिवक्ता सौरभ सिंह समेत अन्य परिवारीजनों के लिए चार मोबाइल सेट बुक कराए और कैश ऑन डिलीवरी का विकल्प देेते हुए सिर्फ शिपिंग चार्जेस के रूप में ठगों को पेटीएम व बैंक खाते में एक हजार रुपये भेजे।
फोन की डिलीवरी होने पर उसने जांच कराई तो वह नकली पाए गए। इंस्पेक्टर राम सूरत सोनकर के मुताबिक, छात्र ने बताया कि उसके पास निजी कंपनी के मार्केटिंग विभाग से कॉल आई थी।
ठग ने कहा कि कस्टम द्वारा जब्त एपल कंपनी के आईफोन की नीलामी की जा रही है। इस नीलामी में सवा लाख रुपये का आईफोन महज 20 हजार रुपये में दिया जा रहा है।
अरुणेंद्र ने चार आईफोन बुक कराते हुए 25 जून को शिपिंग चार्जेस के रूप में मो. दानिश के आईडीबीआई बैंक और पेटीएम खाते में एक हजार रुपये जमा कराए।
ठगों ने कहा कि महाराष्ट्र के कुर्ला बांद्रा स्थित एसके इंटरप्राइजेज कंपनी से ब्ल्यू डार्ट कूरियर कंपनी से फोन भेजा जाएगा।
बकौल अरुणेंद्र, कंपनी की तरफ से डिलीवरीमैन कूरियर लेकर आया तो उन्होंने घर के पास ही स्थित एपल स्टोर जाकर मोबाइल की जांच कराई। वहां से सभी फोन नकली होने की जानकारी दी गई।