यूपी के निजी पॉलीटेक्निक संस्थानों में इस बार पॉलीटेक्निक की करीब 10 हजार 400 सीटें बढ़ेंगी। इनमें से 5,840 सीटें डिप्लोमा और 4560 सीटें फार्मेसी संस्थानों की हैं। प्राविधिक शिक्षा परिषद बोर्ड ने मंगलवार को परिषद कार्यालय में चेयरमैन विद्यासागर गुप्ता की अध्यक्षता में हुई बैठक में इंजीनियरिंग के 25 और फार्मेसी के 76 कॉलेजों को काउंसलिंग में शामिल करने का फैसला किया।
फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया से सहमति मिलने पर अन्य कॉलेजों को भी काउंसलिंग में शामिल किया जा सकता है। प्राविधिक शिक्षा परिषद के सचिव संजीव कुमार सिंह ने बताया कि अभी तक पॉलीटेक्निक में 633 संस्थानों में एक लाख 11 हजार 854 सीटें थीं।
इस बार फार्मेसी के 459 और इंजीनियरिंग के 25 डिप्लोमा संस्थानों ने आवेदन किया था। अभी फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया से केवल 76 कॉलेजों को मान्यता मिली है। बचे हुए कॉलेजों को काउंसलिंग शुरू होने से पहले मान्यता मिल मिलने पर पॉलीटेक्निक में करीब 32 हजार नई सीटें जुड़ जाएंगी। इन पर आने वाले दिनों में फैसला हो जाएगा।