सहकारी ग्राम्य विकास बैंक के पूर्व एमडी नवल किशोर व उनके परिवार के बैंक खातों में 1.37 करोड़ रुपये से अधिक की रकम जमा पाई गई है।
एसआईबी ने उनके खातों का ब्यौरा अदालत में दाखिल कर दिया है। आय से अधिक संपत्ति के मामले में नवल किशोर पिछले कुछ दिनों से जेल में हैं।
भ्रष्टाचार व अनियमितता के आरोप में जेल भेजे गए नवल किशोर को जमानत मिलने के बाद पुलिस को-ऑपरेटिव सेल ने पिछले दिनों उनके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति होने के मामले में आरोप पत्र दाखिल कर दिया।
इससे नवल किशोर को जमानत मिलने में दुश्वारियां खड़ी हो गई हैं। अदालत ने पुलिस को-ऑपरेटिव सेल द्वारा दाखिल आरोप पत्र और साक्ष्यों को संज्ञान में लेने के बाद ही नवल किशोर को पिछले दिनों जेल भेजे जाने के आदेश दिए थे।
पुलिस को-ऑपरेटिव सेल के अधिकारियों के मुताबिक पड़ताल में नवल किशोर व उनके परिवार के सदस्यों के विभिन्न खातों में एक करोड़ 37 लाख रुपये से अधिक की रकम जमा है।
जांच से जुड़े अधिकारियों ने बताया कि खातों की जांच में पाया गया है कि कई बार पांच लाख से अधिक की रकम एकमुश्त जमा की गई है।
पुलिस को-ऑपरेटिव सेल के कार्यवाहक एसपी एपी गंगवार ने बताया कि इतनी अधिक रकम एकमुश्त जमा कराने के बारे में जमाकर्ताओं या खाताधारकों ने बैंक को भी कोई कारण नहीं बताए।
पूछताछ के दौरान भी नवल किशोर ने इन खातों के बारे में कोई जानकारी नहीं दी है। उन्होंने कहा कि बैंक खातों में ही इतनी अधिक रकम मिल गई है।
नवल किशोर पर आय से अधिक संपत्ति का आरोप साबित हो रहा है। इसी वजह से उनकी अचल संपत्ति के बारे में अधिक पड़ताल नहीं की गई है।