प्रदेश के इंजीनियरिंग, मैनेजमेंट व फार्मेसी संस्थानों में दाखिले के लिए आखिरी दो दिनों में रिकॉर्ड आवेदन हुए। वहीं आवेदन शुल्क जमा करने वालों का आंकड़ा 1.29 लाख पहुंच तक गया। हालांकि डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) ने प्रवेश आवेदन की आखिरी तिथि 15 मार्च से बढ़ाकर 30 मार्च कर दी गयी है। ऐसे में जो आवेदक किसी वजह से आवेदन नहीं कर पाए हैं, वे अब यूपीएसईई की वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
राज्य प्रवेश परीक्षा (एसईई) के लिए ऑनलाइन आवेदन 27 जनवरी से शुरू हुए थे। पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार, आवेदन करने की आखिरी तिथि 15 मार्च थी। इस क्रम में 14 मार्च को 11 हजार विद्यार्थियों ने आवेदन कर फीस जमा कराई, जबकि 15 मार्च को 15 हजार विद्यार्थियों ने आवेदन कर फीस जमा की।
इस तरह ऑनलाइन आवेदन करने वालों की संख्या 1.47 लाख पहुंच गई। वहीं, इनमें से 1.29 लाख आवेदकों ने फीस भी जमा कर दी है। एकेटीयू के अनुसार, अगर आवेदन में कोई कमी रह गई है तो 18 मार्च से आवेदकों को इस कमी को दूर करने का अवसर दिया जाएगा।