तावडू।क्षेत्र में अवैध खनन धड़ल्ले से जारी है।पुलिस द्वारा लगातार मुकदमे दर्ज करने के बाद भी खनन माफियाओं के हौसले बुलंद है। बीती रात भी कालरपुरी जोरासी के बीच अवैध खनन से भरे डंपरों का पुलिस द्वारा पीछा करने पर डंपर चालकों ने करीब सौ मीटर से अधिक दूरी में सड़क के बीचो-बीच पत्थर उड़ेलकर सड़क को अवरुद्ध कर दिया। सड़क के बीच पड़े बड़े-बड़े पत्थरों को मंगलवार दोपहर बाद तक भी नहीं उठाया गया। जिस कारण कई गांवों के लोगों को आवागमन में भारी परेशानी हुई।
ग्रामीण सूरज ,जयवीर ,सतपाल सुखराम, दीवान चंद, मुंशी आदि ने बताया कि कई दिनों से बड़ी तादाद में अवैध खनन से भरे वाहन इस सड़क से गुजर रहे हैं। बीती रात भी अवैध खनन से भरे कई वाहन यहां से निकले। इसी दौरान पुलिस की गाड़ी उनका पीछा करने लगी तो कालरपुरी जोरासी के बीच डंपर चालक ने पत्थरों को सड़क पर डंपर का जैक उठाकर उड़ेलना शुरू कर दिया दिया। ग्रामीणों के मुताबिक मंगलवार की सुबह जब बच्चों की स्कूल बस नहीं पहुंची तो पता चला कि सड़क पर अवैध खनन सामग्री पड़े होने के कारण बस आने में देरी हो रही है। उसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और सड़क के एक तरफ के रास्ते को पत्थर उठाकर चालू करवाया।
आपको बता दें कि पुलिस द्वारा अवैध खनन के पत्थरों से भरे हुए डंपर का पीछा करने के कारण पूर्व में भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी है। गत वर्ष 18 मार्च 2021 की रात पुलिस द्वारा पीछा करने पर शिकारपुर पढेनी के बीच अवैध खनन से भरा डंपर पत्थरों को सड़क पर बिखेर फरार हो गया। इसी दौरान बाइक द्वारा तावडू से अपने गांव पीपाका लौट रहे पिता-पुत्र सड़क पर पड़े पत्थरों से टकरा गए। जिसके बाद गंभीर चोटों के कारण पिता-पुत्र को नूंह के नलहड़ मेडिकल कालेज में भर्ती कराया। जिसमें उपचार के दौरान एक की मौत हो गई थी।
तावडू सदर थाना प्रभारी विमल कुमार का कहना है कि अवैध खनन व अपराध की रोकथाम हेतु पुलिस निरंतर कार्य कर रही है। 18 फरवरी से 22 मार्च तक तावडू पुलिस ने 18 ओवरलोड व अवैध खनन के वाहनों को इंपाउंड किया हैं।तीन के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है,तो वहीं पुलिस प्रवक्ता का कहना है कि जिला पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला के निर्देशों के मुताबिक जिले के अरावली क्षेत्र में अवैध खनन रोकथाम हेतु पुलिस निरंतर प्रयासरत है।बीती रात के मामले में एक गाड़ी को पुलिस ने जब्त कर लिया है। साथ ही खनन विभाग के अधिकारियों को इसकी सूचना दे दी गई है।
सड़क पर पड़े पत्थर
- फोटो : Amar Ujala
सड़क पर पड़े पत्थर