महेंद्रगढ़। दुकानदार की सतर्कता के चलते पुलिस ने नंबर प्लेट ढंककर किसी अपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वीरवार शाम को शहर के माजरा चुंगी स्थित एक बाइक डेकोरेशन की दुकान से गाड़ी सवारों ने नंबर प्लेट बदलने की बात कही। दुकानदार ने इसका कारण पूछा तथा नंबर प्लेट ढंकने व बदलने से मना कर इसकी सूचना पुलिस की 112 पर कर दी। अज्ञात बदमाश दुकान से सात-आठ नंबर प्लेट चोरी कर मौके से फरार हो गए। सूचना के बाद पुलिस ने सतर्कता दिखाते हुए आरोपियों को कनीना क्षेत्र के गांव पड़तल से गाड़ी सहित काबू कर लिया।
- दुकानदार ने किया 112 पर कॉलः
दुकानदार संदीप कुमार निवासी मोहल्ला ढाणी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वीरवार शाम करीब तीन बजे वह अपनी दुकान पर था। एक गाड़ी में सवार होकर आए तीन लोगों द्वारा नंबर प्लेट को टेप लगाकर ढकने की बात कही। इसके बाद मौके पर डेमो के लिए बनाई गई सात-आठ नंबर प्लेट चोरी कर मौके से फरार हो गए। आरोपियों की पहचान राजस्थान प्रदेश की तहसील बुहान के गांव खांदवा निवासी शिवकुमार व सुनील कुमार के रूप में हुई है।
- सूचना के बाद पुलिस ने लगाया नाकाः
सूचना के बाद आरोपियों को काबू करने के लिए महेंद्रगढ़ व कनीना पुलिस ने नाके लगाकर आरोपियों की पीछा करते हुए गांव पड़तल के पास से दो आरोपियों को गाड़ी सहित गिरफ्तार कर लिया।
----------
सूचना के बाद वीटी कर पुलिस की टीमों ने दो आरोपियों को गांव पड़तल से गाड़ी सहित काबू कर लिया। आरोपियों से नंबर प्लेट ढकने के पीछे क्या मंशाथी, इसके बारे में पूछताछ की जाएगी।
--- शहर थाना प्रभारी अश्वनी कुमार
टेप लगाकर छिपाई गई गाड़ी की नंबर प्लेट
- फोटो : Amar Ujala
टेप लगाकर छिपाई गई गाड़ी की नंबर प्लेट
पुलिस द्वारा बरामद की गई नंबर प्लेट
- फोटो : Amar Ujala
पुलिस द्वारा बरामद की गई नंबर प्लेट