संदिग्ध हालत में जलने से दो सगी बहनों की मौत
- मां अपने मायके गई थी, पिता घर से गायब , मोबाइल स्विच ऑफ
-शोर सुनकर पड़ोस में रह रहे ताऊ व उसके बेटे ने आकर दो बच्चों को बचाया
माइ सिटी रिपोर्टर
हिसार। मंडी आदमपुर में गांव मोहब्बतपुर में दो सगी बहनों की संदिग्ध हालात में जलने से मौत हो गई। घटना के बाद फोरेंसिक साइंस की टीम मौके पर पहुंची। मौके से एक डीजल की खाली बोतल मिली है। हादसे के बाद से बच्चों का पिता संदिग्ध हालात में गायब है। फोन भी स्विच ऑफ बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार गांव मोहब्बतपुर निवासी छोटूराम खेती बाड़ी करता है। उसके साथ वाले मकान में उसका दूसरा भाई पवन व तीसरा भाई पवन अपने परिवार के साथ रहता है। पवन की पत्नी और छोटूराम की पत्नी शकुंतला दोनों सगी बहनें हैं। यह दोनों सोमवार को अपने मायके राजस्थान के हनुमानमगढ़ जिले के गांव मंढाना में किसी धार्मिक कार्यक्रम में हिस्सा लेने गई थी। मंगलवार की रात छोटूराम की तीन लड़की 18 साल की मोनिका, 16 साल की खुशबू, 14 साल की रिंकू, 12 साल का शुभम घर में अंदर कमरे में चारपाइयों पर सो रहे थे। उनके पिता छोटूराम बरामदे में सो रहे थे। बुधवार तड़के करीब तीन बजे कमरे में अचानक आग लग गई। जिसमें खुशबू व शुभम ने शोर मचाया। पास के मकान से उनका ताऊ पवन व पवन का लड़का राहुल बचाने के लिए आए। आग अधिक तेजी से फैली होने के कारण मोनिका व रिंकू को नहीं बचा सके। दोनों की आग में जलने से मौत हो गई। राहुल ने पुलिस को बताया कि जब वह बच्चों का शोर सुनकर बचाने आए तब छोटूराम घर में नहीं था। उसका मोबाइल भी स्विच ऑफ आ रहा है। पुलिस को मौके से एक डीजल की खाली बोतल मिली है।
हादसे के समय बिजली कट था...
बिजली निगम की टीम भी मौके पर पहुंची। बिजली निगम कर्मियों ने बताया कि मोहबतपुर में रात 12.30 से 4.30 तक बिजली कट था। ऐसे में शार्ट सर्किट से आग की संभावना नहीं है। कमरे के अंदर गैस सिलिंडर भी नहीं था।
बच्चों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। आग लगने के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। छोटूराम का मोबाइल नंबर स्विच ऑफ आ रहा है। घटना के बारे में अभी अधिक कुछ नहीं कहा जा सकता।
नारायण चंद, डीएसपी, हिसार
हादसे के बाद मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी जांच करते हुए
- फोटो : Amar Ujala
हादसे के बाद मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी जांच करते हुए