फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Iran War LIVE: लितानी नदी के उत्तर तक पहुंचीं इस्राइली सैन्य टुकड़ियां, लेबनान में युद्ध का दायरा बढ़ा

Fri, 29 May 2026 02:57 PM IST
राकेश कुमार वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला।

खास बातें

West Asia Live Updates: पश्चिम एशिया इस वक्त बारूद के ढेर पर बैठा है। गाजा में बढ़ते सैन्य अभियान, इस्राइल-ईरान के बीच लगातार बढ़ रही तल्खी, लेबनान में फिर तेज होते हमले और अमेरिका की बढ़ती दखल ने पूरे इलाके का तनाव कई गुना बढ़ा दिया है। हालात ऐसे हैं कि हर कुछ घंटे में कोई नया हमला, बड़ा बयान या कूटनीतिक हलचल दुनिया की सुर्खियां बन रही है। तेल कारोबार से लेकर वैश्विक राजनीति तक, हर मोर्चे पर इसका असर दिखाई देने लगा है। पश्चिम एशिया की हर बड़ी हलचल और ताजा अपडेट सबसे पहले जानने के लिए बने रहें अमर उजाला के साथ...
विज्ञापन
पश्चिम एशिया में संकट - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

लाइव अपडेट

02:52 PM, 29-May-2026

लितानी नदी के उत्तर तक पहुंचीं इस्राइली सैन्य टुकड़ियां

दक्षिणी लेबनान में इस्राइल ने अपने सैन्य अभियान का दायरा और बढ़ा दिया है। रिपोर्टों के अनुसार, इस्राइली सैनिक अब लितानी नदी के उत्तर की ओर बढ़ते हुए जावतार अल-शरकियाह, मेफदाउन और जवतर अल-गरबियाह जैसे क्षेत्रों तक पहुंच गए हैं। ये इलाके दक्षिणी लेबनान के दूसरे सबसे बड़े शहर नबातीह के दक्षिण-पूर्व में स्थित हैं।

स्थानीय रिपोर्टों के मुताबिक यह सैन्य बढ़त पिछले कई दिनों से जारी है, लेकिन बीते 24 घंटों में हमलों की संख्या और तीव्रता में उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई है। माना जा रहा है कि इस्राइली सेना हिजबुल्लाह की दूसरी और तीसरी रक्षा पंक्तियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। विश्लेषकों का मानना है कि इस अभियान का एक उद्देश्य पश्चिमी बेका घाटी को दक्षिणी लेबनान के अन्य हिस्सों से अलग करना भी हो सकता है। यह कार्रवाई इस्राइल द्वारा घोषित 10 किलोमीटर गहरे "येलो सिक्योरिटी ज़ोन" से आगे बढ़कर की जा रही है, जिससे सैन्य अभियान के विस्तार के संकेत मिल रहे हैं।

02:34 PM, 29-May-2026

एशिया के प्रमुख रक्षा सम्मेलन से चीन के शीर्ष नेता दूर, ईरान संकट पर चर्चा की संभावना कम

एशिया के सबसे महत्वपूर्ण रक्षा और सुरक्षा मंचों में से एक, शांग्री-ला संवाद का आगाज शुक्रवार से होने जा रहा है। इस बार सम्मेलन में अमेरिका-इस्राइल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का मुद्दा प्रमुख रहने की संभावना है, लेकिन चीन के शीर्ष अधिकारियों की अनुपस्थिति ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

सम्मेलन में अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होंगे। हालांकि, चीन के वरिष्ठ नेताओं और रक्षा अधिकारियों के शामिल नहीं होने की खबरों के बीच क्षेत्रीय सुरक्षा और वैश्विक भू-राजनीतिक चुनौतियों पर चर्चा का दायरा सीमित होने की आशंका जताई जा रही है।

विशेषज्ञों के अनुसार, पश्चिम एशिया चीन के लिए ऊर्जा आपूर्ति का एक अहम स्रोत है। समुद्री व्यापार पर नजर रखने वाली कंपनी केप्लर के आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2025 में चीन के कुल समुद्री कच्चे तेल आयात का 57 प्रतिशत हिस्सा मध्य पूर्व से आया था, जो प्रतिदिन लगभग 59 लाख बैरल के बराबर है।

हालांकि, फरवरी में अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर किए गए हमलों और उसके बाद ईरान द्वारा रणनीतिक महत्व वाले होर्मुज को बंद किए जाने से वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति और समुद्री व्यापार पर गंभीर असर पड़ा है।

01:59 PM, 29-May-2026

यौन हिंसा और मारपीट के आरोपों से घिरा फ्लोटिला मामला, फ्रांस करेगा जांच

फ्रांस ने गाजा के लिए रवाना हुए एक्टिविस्ट जहाज के फ्रांसीसी नागरिकों के साथ कथित दुर्व्यवहार के मामले में जांच की मांग की है। फ्रांस के विदेश मंत्री जीन-नोएल बारो ने कहा कि उन्हें तुर्की स्थित फ्रांसीसी महावाणिज्य दूत से मिली रिपोर्ट में यौन हिंसा, ठंड में रखने, मारपीट और बार-बार अपमानित किए जाने के आरोपों की जानकारी मिली है। बारो ने बताया कि इन आरोपों को संभावित आपराधिक अपराध मानते हुए मामले को सार्वजनिक अभियोजक के पास भेज दिया गया है। यह घटना उस समय हुई जब गाजा के लिए मानवीय सहायता लेकर जा रहे ग्लोबल सुमुद फ्लोटिला को पिछले सप्ताह अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में इजरायली बलों ने रोक लिया था।

फ्लोटिला में शामिल कार्यकर्ताओं का आरोप है कि हिरासत के दौरान उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया। कई लोग घायल हुए और कम से कम 15 लोगों ने यौन उत्पीड़न, जिसमें दुष्कर्म के आरोप भी शामिल हैं, की शिकायत की है। हालांकि, बाद में सभी कार्यकर्ताओं को रिहा कर दिया गया।

विज्ञापन
01:00 PM, 29-May-2026

गाजा में इस्राइली हमले तेज, खान यूनिस में ड्रोन स्ट्राइक में तीन लोगों की मौत

गाजा पट्टी में इस्राइली सैन्य कार्रवाई लगातार जारी है। शुक्रवार तड़के दक्षिणी गाजा के खान यूनिस शहर में एक इस्राइली ड्रोन हमले में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। फिलिस्तीनी समाचार एजेंसी वफा के अनुसार, यह हमला खान यूनिस के अल-मवासी इलाके में किया गया, जहां ड्रोन ने लोगों के एक समूह को निशाना बनाया। रिपोर्ट के मुताबिक, हमले में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। इसके अलावा उसी क्षेत्र में इस्राइली गोलाबारी की एक अन्य घटना में भी कई फिलिस्तीनी नागरिकों के घायल होने की सूचना है। वहीं, गाजा पट्टी के उत्तरी हिस्से में भी हिंसा जारी रही। गाजा सिटी की यारमूक स्ट्रीट पर हुए एक इस्राइली हमले में कम से कम पांच लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
 

11:44 AM, 29-May-2026

दक्षिणी लेबनान में इस्राइल का नया विस्थापन आदेश

इस्राइली सेना ने दक्षिणी लेबनान के नबातियेह गवर्नरेट स्थित ऐन काना गांव के निवासियों के लिए नया विस्थापन आदेश जारी किया है। सेना ने गांव के लोगों को अपनी सुरक्षा का हवाला देते हुए संभावित सैन्य कार्रवाई से पहले तत्काल क्षेत्र खाली करने की चेतावनी दी है। इस्राइली सेना का दावा है कि वह गांव में मौजूद हिज्बुल्लाह लड़ाकों के खिलाफ अभियान चलाने की तैयारी कर रही है। सेना के अनुसार, आगामी हमलों का लक्ष्य हिज्बुल्लाह से जुड़े ठिकाने हैं। वहीं, इस आदेश के बाद क्षेत्र में रहने वाले लोगों के बीच चिंता बढ़ गई है। दक्षिणी लेबनान में इस्राइल और हिज्बुल्लाह के बीच जारी तनाव के चलते हाल के महीनों में कई इलाकों में ऐसे विस्थापन आदेश जारी किए जा चुके हैं, जिससे बड़ी संख्या में नागरिकों को अपने घर छोड़ने पर मजबूर होना पड़ा है।

विज्ञापन
06:43 AM, 29-May-2026

अमेरिका-ईरान डील के करीब, लेकिन यूरेनियम संवर्धन पर अब भी फंसा पेंच: जेडी वेंस

अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध को रोकने के लिए समझौता लगभग तैयार है, लेकिन अंतिम सहमति से पहले दोनों पक्षों को कुछ बेहद पेचीदा मुद्दों को सुलझाना होगा, जिसकी पुष्टि अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने की है। बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक, इस प्रस्तावित डील के तहत युद्धविराम को 60 दिनों के लिए बढ़ाया जाएगा और ईरान के परमाणु कार्यक्रम के भविष्य पर नए सिरे से बातचीत शुरू होगी। हालांकि, अमेरिकी अधिकारियों की ओर से समझौते का एक ढांचा तैयार होने की बात कहने के बावजूद, ईरान की तस्नीम न्यूज एजेंसी ने इसके फाइनल होने से इनकार किया है। खुद वेंस ने साफ किया है कि यूरेनियम संवर्धन जैसे गंभीर मुद्दों पर अभी भी बातचीत का दौर जारी है और जब तक डोनाल्ड ट्रंप और ईरानी नेतृत्व की अंतिम मंजूरी नहीं मिल जाती, तब तक समझौते की सटीक समयसीमा तय करना जल्दबाजी होगी।

04:47 AM, 29-May-2026

ईरानी दावे को अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने किया खारिज

अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने ईरानी मीडिया के उन दावों को पूरी तरह खारिज कर दिया है, जिनमें कहा गया था कि ईरान के बुशहर प्रांत में एक अमेरिकी विमान को मार गिराया गया है। सेंटकॉम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर स्पष्ट रूप से बयान जारी कर कहा कि यह रिपोर्ट पूरी तरह गलत है, अमेरिका का कोई भी विमान क्रैश नहीं हुआ है और उनके सभी हवाई एसेट्स सुरक्षित और संपर्क में हैं। दोनों देशों के बीच जारी तनाव के बीच इस घटना को एक भ्रामक प्रचार या इन्फॉर्मेशन वॉर के हिस्से के रूप में देखा जा रहा है।
 

02:39 AM, 29-May-2026

हरलान उलमैन बोले- महंगाई और चुनाव के बीच फंसे ट्रंप, ईरान से समझौता करना आसान नहीं

पूर्व अमेरिकी नौसैनिक अधिकारी हरलान उलमैन का मानना है कि अमेरिका और ईरान के बीच अगले 60 दिनों में समझौता होना मुश्किल है। दोनों देशों के बीच यूरेनियम और होर्मुज जलडमरूमध्य को खोलने को लेकर विवाद चल रहा है। अमेरिका में बढ़ती महंगाई के कारण राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर समझौता करने का भारी घरेलू दबाव है। हालांकि, ट्रंप को भरोसा है कि आगामी मध्यावधि चुनावों में उनकी रिपब्लिकन पार्टी अच्छा प्रदर्शन करेगी। उल्मन के अनुसार, ट्रंप पर किसी समझौते के लिए कोई जबरदस्ती नहीं है, लेकिन उन्हें इस तनाव को जल्द खत्म करना होगा। अमेरिका अपनी नौसेना को हमेशा के लिए वहां तैनात नहीं रख सकता है और इससे दुनिया की अर्थव्यवस्था पर भी बुरा असर पड़ रहा है।

02:31 AM, 29-May-2026

ईरान का बड़ा दावा- आसमान में मार गिराया दुश्मन का विमान

ईरान की वायु सेना ने बुशायर प्रांत में एक दुश्मन के विमान को मार गिराने का दावा किया है। यह घटना जाम काउंटी इलाके में हुई है। ईरानी मीडिया के अनुसार, हवाई रक्षा प्रणाली ने इस विमान को बीच रास्ते में ही रोककर नष्ट कर दिया। वहां के स्थानीय गवर्नर मसूद तंगेस्तानी ने इस खबर की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि इस कार्रवाई के बाद अब शहर में स्थिति पूरी तरह सामान्य है। सरकारी ब्रॉडकास्टर आईआरआईबी के मुताबिक यह घटना पिछले एक घंटे के भीतर ही हुई है।

02:28 AM, 29-May-2026

ईरानी सेना ने चार जहाजों पर की चेतावनी भरी गोलीबारी, होर्मुज में फिर बढ़ा तनाव

पश्चिम एशिया में तनाव एक बार फिर बढ़ता नजर आ रहा है। ईरान की सरकारी न्यूज एजेंसी मेहर के मुताबिक, ईरानी सुरक्षा बलों ने होर्मुज जलडमरूमध्य के पास चार जहाजों पर वॉर्निंग शॉट्स फायर किए। दावा किया गया कि ये जहाज बिना समन्वय के स्ट्रेट पार करने की कोशिश कर रहे थे। रिपोर्ट के अनुसार चेतावनी दिए जाने के बावजूद जहाज नहीं रुके, जिसके बाद ईरानी बलों ने फायरिंग की और जहाजों को पीछे हटना पड़ा। फिलहाल जहाजों की पहचान और किसी नुकसान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन दुनिया के सबसे अहम तेल मार्गों में शामिल होर्मुज स्ट्रेट में इस घटना ने समुद्री सुरक्षा और ईरान-अमेरिका तनाव को लेकर नई चिंता बढ़ा दी है।

01:27 AM, 29-May-2026

ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन बोले-हम परमाणु हथियार नहीं बनाना चाहते, अशांति के लिए इस्राइल जिम्मेदार

ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने एक बार फिर साफ किया है कि उनका देश परमाणु हथियार बनाने की कोशिश नहीं कर रहा है, बल्कि पश्चि एशिया में जारी अशांति और तनाव के लिए पूरी तरह से इस्राइल जिम्मेदार है। ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी आईएसएनए के अनुसार, राष्ट्रपति ने अमेरिका के साथ चल रही कूटनीतिक वार्ताओं की तरफ इशारा करते हुए कड़े शब्दों में कहा कि वे किसी भी कीमत पर झुकने को तैयार नहीं हैं और ईरान कभी भी अपमान के साथ समझौता या कूटनीति नहीं करेगा। उन्होंने देशवासियों को सचेत करते हुए कहा कि जब हम दुनिया की सबसे बड़ी ताकत के खिलाफ खड़े होते हैं, तो हमें इसके कारण आने वाली मुश्किलों को भी स्वीकार करना होगा, क्योंकि युद्ध जैसी परिस्थितियों में चीजें पहले की तरह सामान्य नहीं रह सकतीं।

01:19 AM, 29-May-2026

होर्मुज जलमार्ग की सुरक्षा के लिए और अधिक युद्धपोतों की होगी जरूरत: यूरोपीय संघ

यूरोपीय संघ की विदेश नीति प्रमुख काजा क्लास ने कहा है कि अमेरिका-इस्राइल और ईरान के बीच जारी युद्ध के समाप्त होने के बाद, रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों की सुरक्षित और मुक्त आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए और अधिक युद्धपोतों की आवश्यकता होगी। यूरोपीय संघ के विदेश मंत्रियों की बैठक के बाद उन्होंने कहा कि इस सुरक्षा व्यवस्था के लिए यूरोप से अतिरिक्त जहाज भेजे जाएंगे और लाल सागर में चल रहे 'एस्पाइड्स' नौसैनिक मिशन का विस्तार किया जाएगा। वर्तमान में इस मिशन के तहत तीन जहाज यमन के हूती विद्रोहियों के हमलों से अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक जहाजों की रक्षा कर रहे हैं, जिसमें जल्द ही एक और नया पोत शामिल होगा। इसके अलावा, समुद्र में बिछाई गई बारूदी सुरंगों को हटाने के लिए विशेष माइन-क्लियरिंग जहाजों को भी इस अभियान से जोड़ा जा सकता है, जिसके लिए यूरोपीय संघ ने इस साल की शुरुआत में ही 15 मिलियन यूरो की अतिरिक्त फंडिंग को मंजूरी देकर इस मिशन के कार्यकाल को अगले साल फरवरी के अंत तक के लिए बढ़ा दिया है।

01:12 AM, 29-May-2026
स्कॉट बेसेंट, अमेरिकी वित्त मंत्री - फोटो : @अमर उजाला ग्राफिक्स

होर्मुज में टोल टैक्स पर आर-पार, अमेरिका ने दी ओमान को बर्बाद करने की धमकी

ईरान के बाद अब अमेरिका और ओमान के बीच तनाव बहुत बढ़ गया है। अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने ओमान को खुली धमकी दी है। ओमान पर आरोप है कि वह ईरान के साथ मिलकर एक नया प्लान बना रहा है। यह प्लान होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले जहाजों पर टोल टैक्स लगाने का है। अमेरिका ने साफ कहा है कि वह इस टैक्स सिस्टम को कभी स्वीकार नहीं करेगा। इस काम में शामिल हर देश पर अमेरिका सख्त कार्रवाई करेगा। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर...

01:02 AM, 29-May-2026

Iran War LIVE: लितानी नदी के उत्तर तक पहुंचीं इस्राइली सैन्य टुकड़ियां, लेबनान में युद्ध का दायरा बढ़ा

अमेरिका, इस्राइल और ईरान के बीच यह भीषण सैन्य टकराव इसी साल 28 फरवरी 2026 को तब शुरू हुआ, जब अमेरिका और इस्राइल ने 'ऑपरेशन एपिक फ्यूरी' के तहत ईरान पर लगभग 900 हवाई हमले कर उसके सर्वोच्च नेता अली खामेनेई सहित कई टॉप कमांडरों को ढेर कर दिया और उसके परमाणु ठिकानों को निशाना बनाया। इसके जवाब में ईरान ने पूरे पश्चिम एशिया में अमेरिकी सैन्य ठिकानों, इस्राइल और खाड़ी देशों पर सैकड़ों मिसाइलें और ड्रोन दागे। 

इतना ही नहीं, दुनिया के सबसे संवेदनशील तेल व्यापार मार्ग 'स्ट्रेट ऑफ होर्मुज' को ब्लॉक कर दिया, जिससे वैश्विक स्तर पर गंभीर ईंधन संकट पैदा हो गया। हालांकि, पाकिस्तान और अन्य देशों की मध्यस्थता के बाद 8 अप्रैल 2026 से एक बेहद नाजुक युद्धविराम लागू है, लेकिन पिछले कुछ दिनों में पर्दे के पीछे चल रही शांति वार्ता के बीच ईरान की ओर से समुद्र में माइंस बिछाने की कोशिशों और जवाब में अमेरिकी हमलों ने इस पूरे इलाके को एक बार फिर महायुद्ध के मुहाने पर लाकर खड़ा कर दिया है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें