फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

West Asia Conflict LIVE: मिसाइल रोकने में सफल रहा दुबई का एयर डिफेंस, मलबा गिरने से भारतीय समेत दो की मौत

Thu, 26 Mar 2026 11:35 PM IST
Shivam Garg वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला

खास बातें

Israel Iran War News in Hindi Live: पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष हर दिन और भी भयानक रूप ले रहा है। अमेरिका और इस्राइल के हमलों से क्षेत्र में हालात लगातार तनावपूर्ण बने हुए हैं, वहीं ईरान भी खाड़ी देशों और अमेरिकी ठिकानों पर जबरदस्त पलटवार कर रहा है। मिसाइल और ड्रोन हमलों की गड़गड़ाहट के बीच यह संघर्ष अब चौथे हफ्ते में प्रवेश कर चुका है। अमर उजाला के इस लाइव ब्लॉग में पढ़ें पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष से जुड़े तमाम पल-पल अपडेट्स...
विज्ञापन
पश्चिम एशिया संकट - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:35 PM, 26-Mar-2026

ईरान युद्ध पर केंद्रित रही ट्रंप की कैबिनेट बैठक

ईरान युद्ध शुरू होने के बाद वॉशिंगटन में हुई पहली कैबिनेट बैठक में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चर्चा का केंद्र लगभग पूरी तरह युद्ध पर रखा। करीब एक घंटे 40 मिनट चली इस बैठक में उन्होंने सामान्य परंपरा के विपरीत सभी मंत्रियों को बोलने का मौका नहीं दिया और केवल सीमित सदस्यों जैसे जेडी वेंस, मार्को रुबियो और रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ को ही बोलने दिया। हालांकि ट्रंप ने कुछ अन्य मुद्दों पर भी टिप्पणी की, जिनमें फेडरल रिजर्व की निर्माण लागत और केनेडी सेंटर से जुड़े विवाद शामिल रहे।

07:17 PM, 26-Mar-2026

अमेरिका-ईरान के बीच पाकिस्तान बना कड़ी, ईशाक डार ने किया ये बड़ा दावा

पाकिस्तान ने पुष्टि की है कि वह अमेरिका और ईरान के बीच संदेशों का आदान-प्रदान कर रहा है। विदेश मंत्री इशाक डार ने कहा कि पश्चिम एशिया संकट को खत्म करने के लिए संवाद और कूटनीति ही एकमात्र रास्ता है। उन्होंने बताया कि अमेरिका ने 15 सूत्रीय प्रस्ताव ईरान को भेजा है, जिस पर तेहरान विचार कर रहा है। इस पहल को तुर्किये और मिस्र जैसे देशों का भी समर्थन मिल रहा है। डार ने कहा कि पाकिस्तान अमेरिका-ईरान शांति वार्ता कराने की कोशिश कर रहा है और इसके लिए इस्लामाबाद को संभावित स्थल के रूप में भी पेश किया गया है। हालांकि ईरान ने प्रस्ताव पर सख्त रुख अपनाया है और ट्रंप की शर्तों को मानने से इनकार किया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक ईरान ने 15 सूत्रीय प्रस्ताव को नकारात्मक जवाब दिया है और साफ किया है कि वह युद्ध खत्म करने का समय खुद तय करेगा।

06:04 PM, 26-Mar-2026

इस्राइल के परमाणु ठिकानों से जुड़े ढांचे पर बड़ा हमला- आईआरजीसी का दावा

पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के 27वें दिन ईरान ने बड़ा दावा किया है। ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने कहा कि उसने अपने अभियान की 82वीं लहर के तहत इस्राइल के अहम सैन्य और परमाणु ढांचे से जुड़े ठिकानों पर हमला किया। ईरानी मीडिया के अनुसार यह हमला शुक्रवार सुबह शुरू हुआ और इसमें बड़ी संख्या में ड्रोन और मिसाइलों का इस्तेमाल किया गया। आईआरजीसी ने कहा कि हमले का निशाना इस्राइल का सैन्य कमांड कंट्रोल सेंटर और डेड सी के दक्षिण में मौजूद परमाणु उद्योग से जुड़े ठिकाने थे। हालांकि इस्राइल की ओर से इन दावों की पुष्टि नहीं की गई है। इस बीच दोनों देशों के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है और हालात और गंभीर होते जा रहे हैं।

विज्ञापन
01:28 PM, 26-Mar-2026

दक्षिणी लेबनान में एक इस्राइली सैनिक की मौत

इस्राइली सेना ने बताया कि दक्षिणी लेबनान में चल रहे उसके अभियान के दौरान एक सैनिक शहीद हो गया है। सेना ने टेलीग्राम पर एक बयान में कहा कि गोलानी ब्रिगेड के 21 वर्षीय सैनिक ओरी ग्रीनबर्ग शहीद हो गए।

12:55 PM, 26-Mar-2026

अबू धाबी में मिसाइल का मलबा गिरने से दो की मौत

अबू धाबी में एक मिसाइल हमले को नाकाम कर दिया गया। हालांकि, मिसाइल का मलबा गिरने से दो लोगों की मौत हो गई।

विज्ञापन
11:16 AM, 26-Mar-2026

ट्रंप ने सलाहकारों से कहा है कि वह आने वाले हफ्तों में ईरान के साथ संघर्ष समाप्त करना चाहते हैं: रिपोर्ट

वॉल स्ट्रीट जर्नल की एक रिपोर्ट में बताया गया है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल के दिनों में अपने सहयोगियों से कहा है कि वह ईरान में लंबे समय तक चलने वाले युद्ध से बचना चाहते हैं। ट्रंप ने उम्मीद जताई है कि आने वाले हफ्तों में इस संघर्ष को समाप्त कर दिया जाएगा। मामले से परिचित लोगों का हवाला देते हुए रिपोर्ट में कहा गया है कि ट्रंप ने निजी तौर पर सलाहकारों को सूचित किया है कि उन्हें लगता है कि विवाद अपने अंतिम चरण में है। ट्रंप ने उनसे आग्रह किया है कि वे सार्वजनिक रूप से चार से छह सप्ताह की समयसीमा का पालन करें। रिपोर्ट में कहा गया है कि अमेरिकी राष्ट्रपति अपनी चीन यात्रा से पहले इस युद्ध को खत्म करने की इच्छा जता चुके हैं।

10:43 AM, 26-Mar-2026

रूस ने की ईरान के बुशहर परमाणु रिएक्टर के पास हुए हमलों की कड़ी निंदा

ईरान के बुशहर परमाणु ऊर्जा संयंत्र के पास दूसरे हमले के बाद रूस के विदेश मंत्रालय ने अमेरिका और इस्राइल पर जानबूझकर परमाणु आपदा को भड़काने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। इसकी वजह से मॉस्को को ईरान और रूस के संयुक्त रूप से निर्मित स्थल से और अधिक कर्मचारियों को निकालना पड़ा है।

10:37 AM, 26-Mar-2026

ईरान के शिराज पर अमेरिकी-इजरायली हमले में दो किशोरों की मौत: रिपोर्ट

आईआरएनए समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार बुधवार शाम को शिराज क्षेत्र के काफ्री गांव में एक आवासीय क्षेत्र पर अमेरिकी-इस्राइली हमले में दो किशोर लड़कों की मौत हो गई। हमले में मारे गए लड़कों की पहचान इल्या और अमीर हुसैन शराफी के रूप में हुई है।

09:43 AM, 26-Mar-2026

यूएन महासचिव एंटोनियो गुटेरेस बोले- पश्चिम एशिया संघर्ष का सबसे बुरा असर गरीबों और कमजोरों पर

संयुक्त राष्ट्र (यूएन) के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने बुधवार (स्थानीय समयानुसार) को चेतावनी दी कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष का सबसे अधिक प्रभाव सबसे गरीब और सबसे कमजोर आबादी पर पड़ रहा है। उन्होंने युद्ध को तत्काल खत्म करने और कूटनीति के लिए एक नए सिरे से प्रयास करने का आह्वान किया है।

एक्स पर एक पोस्ट में गुटेरेस ने कहा कि संघर्ष के मानवीय परिणाम उन नागरिकों द्वारा भुगते जा रहे हैं जिनकी इस संघर्ष में कोई भूमिका नहीं थी। उन्होंने कहा, "मध्य पूर्व में संघर्ष के झटके उन लोगों को सबसे अधिक लग रही हैं जिनकी कोई जिम्मेदारी नहीं है: सबसे गरीब और सबसे कमजोर।"

09:30 AM, 26-Mar-2026

अमेरिका-इस्राइल की ओर से ईरान पर बढ़ाए गए हमले

ईरान पर अमेरिका और इस्राइल के हमलों की संख्या और तीव्रता बढ़ती जा रही है। यह सिलसिला लगातार चल रहा है। ईरान के शिराज में हुई बमबारी में दो लोगों के मारे जाने की खबर है। वहीं, दक्षिण में स्थित लामर्ड हवाई अड्डे पर भी बमबारी की गई है। युद्ध की शुरुआत से ही इस्फहान और कराज पर लगातार हमले किए जा रहे हैं।

09:27 AM, 26-Mar-2026

जर्मनी के रक्षा मंत्री बोले- ईरान युद्ध दुनिया की अर्थव्यवस्थाओं के लिए आपदा

जर्मनी के रक्षा मंत्री ने कहा कि ईरान युद्ध 'विश्व की अर्थव्यवस्थाओं के लिए एक आपदा' है। बोरिस पिस्टोरियस ने ईरान और अमेरिका-इस्राइल के बीच छिड़े युद्ध के राजनयिक समाधान का आह्वान किया है। उन्होंने इस संघर्ष को आर्थिक विपदा बताया है। कैनबरा में ऑस्ट्रेलियाई संसद भवन में पत्रकारों से बात करते हुए पिस्टोरियस ने कहा कि जर्मनी किसी भी प्रकार की शांति स्थापित करने में मदद करने के लिए तैयार है।

07:57 AM, 26-Mar-2026

कुवैत ने जारी की विकिरण संबंधी चेतावनी, ईरान के परमाणु संयंत्र के पास हुआ था हमला

ईरान के परमाणु संयंत्र के पास हुए हमलों के बाद कुवैत ने विकिरण संबंधी चेतावनी जारी की। कुवैत ने निवासियों को घर के अंदर रहने, बाहर अनावश्यक आवाजाही से बचने और सभी खिड़कियों और दरवाजों को अच्छी तरह बंद रखने की सलाह दी। आईएईए ने चेतावनी देते हुए कहा कि इस तरह की मामूली दुर्घटनाएं भी गंभीर जोखिम पैदा करती हैं।

06:41 AM, 26-Mar-2026

दुश्मन हमारी द्वीप पर कब्जा करने की योजना में- ईरान की संसद अध्यक्ष

ईरान की संसद के अध्यक्ष एमबी गलीबाफ ने चेतावनी दी है कि उन्हें जानकारी मिली है कि कुछ शत्रु देश ईरान के एक द्वीप पर कब्जा करने की योजना बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि ईरान अपनी सुरक्षा बलों के जरिए सभी दुश्मन गतिविधियों पर नजर रख रहा है।

अपने एक्स पोस्ट में गलीबाफ ने लिखा "कुछ खुफिया रिपोर्टों के अनुसार, हमारे दुश्मन एक क्षेत्रीय देश के सहयोग से ईरानी द्वीप पर कब्जा करने की तैयारी कर रहे हैं। हमारी सेनाएं सभी दुश्मन गतिविधियों पर नजर रख रही हैं और यदि वे कोई कदम उठाते हैं, तो उस क्षेत्रीय देश के सभी महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे को लगातार और अनवरत हमलों से निशाना बनाया जाएगा।"

05:24 AM, 26-Mar-2026

ईरान के लमर्ड एयरपोर्ट पर अमेरिका-इस्राइल का हमला, कोई हताहत नहीं

ईरान के दक्षिण-पश्चिमी फार्स प्रांत स्थित लमर्ड इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर अमेरिकी और इस्राइली हमले में प्रोजेक्टाइल गिरे। ईरानी सरकारी एजेंसी IRNA ने बताया कि इस हमले में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है और नुकसान सीमित है। इससे पहले लमर्ड क्षेत्र में हुए हमलों में नागरिक हताहत हुए थे, जिससे इलाके की संवेदनशीलता बढ़ गई है।

04:40 AM, 26-Mar-2026

UAE में मिसाइल और ड्रोन हमलों की कोशिशें, एयर डिफेंस ने इंटरसेप्ट किया

संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि देश में मिसाइल और ड्रोन हमलों की कोशिशें की जा रही हैं। एयर डिफेंस सिस्टम ने सभी हमलों को हवा में ही नष्ट कर दिया। अधिकारियों ने नागरिकों से सुरक्षा निर्देशों का पालन करने और सतर्क रहने की अपील की है।

04:10 AM, 26-Mar-2026

लेबनान में इस्राइली एयरस्ट्राइक, 2 की मौत, 8 घायल

दक्षिणी लेबनान के नबातियेह जिले के हारूफ कस्बे में इस्राइल के हवाई हमले में दो लोगों की मौत हो गई और आठ अन्य घायल हुए। लेबनान की सरकारी न्यूज़ एजेंसी के अनुसार, हमले के बाद राहत और बचाव कार्य जारी है। इससे पहले दक्षिणी लेबनान में इजराइली हमलों में तीन लोगों की मौत और 11 घायल हुए थे।

03:40 AM, 26-Mar-2026

इस्राइल-ईरान युद्ध में अब तक 5,100 से ज्यादा लोग घायल

इस्राइल के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, ईरान के साथ युद्ध शुरू होने के बाद अब तक 5,165 लोग घायल हुए हैं और उन्हें अस्पतालों में भर्ती कराया गया। घायलों में 106 लोग अभी भी अस्पताल में हैं, जिनमें 13 गंभीर, 26 मध्यम और 66 सामान्य स्थिति में हैं।

02:58 AM, 26-Mar-2026

इस्राइल: कैदी किशोर की मौत मामले में जज ने बंद की जांच

इस्राइल की जेल में फलस्तीनी किशोर वालिद अहमद की मौत की जांच इस्राइली जज ने बंद कर दी है। जज ने कहा कि भले ही यह स्पष्ट है कि किशोर को भूखा रखा गया, मौत का कारण निर्धारित करना संभव नहीं है। वालिद अहमद 17 वर्ष के थे और उन्हें कब्जे वाले वेस्ट बैंक के सिलवाद शहर से सितंबर 2024 में पत्थर फेंकने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। परिवार ने बताया कि वालिद एक स्वस्थ किशोर थे। उन्होंने इस्राइल की मेगिड्डो जेल में छह महीने बिताए और मार्च 2025 में अचानक गिर पड़े।

ऑटोप्सी में एक भी निश्चित कारण नहीं पाया गया, हालांकि इस्राइली डॉक्टर डैनियल सोलोमन ने भूख को संभावित प्रमुख कारण बताया। रिपोर्ट में यह भी उल्लेख था कि वालिद को लंबे समय से जेल में पर्याप्त भोजन नहीं दिया गया और उन्हें कोलाइटिस और स्कैबीज जैसी स्वास्थ्य समस्याएं भी थीं। जज एहूद कपलान ने अपने फैसले में कहा "भले ही उनके खराब शारीरिक हालात का कारण भूख प्रतीत होता है, लेकिन विशेषज्ञ रिपोर्ट के आधार पर मैं यह नहीं कह सकता कि उनकी मौत किसी अपराध के कारण हुई। इसलिए जांच को समाप्त किया जाता है।"
 

02:17 AM, 26-Mar-2026

कतर ने मानवाधिकार प्रस्ताव का स्वागत किया

कतर की अंतर्राष्ट्रीय सहयोग मंत्री मरियम बिन्त अली बिन नासिर अल मिस्नाद ने संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद द्वारा जीसीसी देशों और जोर्डन पर अनावश्यक ईरानी हमलों से मानवाधिकारों पर असर को लेकर पारित प्रस्ताव का स्वागत किया।

मंत्री ने इसे नागरिकों और नागरिक वस्तुओं को निशाना बनाने के अंतरराष्ट्रीय विरोध का महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने ईरानी हमलों की कड़ी निंदा की और कतर के पूर्ण अधिकार का समर्थन किया कि वह अपनी संप्रभुता और सुरक्षा की रक्षा कर सके। साथ ही, जीसीसी के महासचिव जसेम मोहम्मद अलबुदैवी ने भी इस प्रस्ताव को स्वीकार्य और स्वागत योग्य बताया।

01:56 AM, 26-Mar-2026

क्षेत्रीय सुरक्षा पर अमेरिका की विफलता

अराघची ने अमेरिका की क्षेत्रीय भूमिका की भी आलोचना की और कहा कि अमेरिका ने कई सैन्य ठिकानों के बावजूद क्षेत्रीय देशों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में नाकाम रह गया है। उन्होंने दोहराया कि तेहरान का अमेरिका के साथ किसी वार्ता में शामिल होने का कोई इरादा नहीं है।

01:35 AM, 26-Mar-2026

अमेरिका के साथ वार्ता पर अराघची का रुख

अराघची ने स्पष्ट किया कि फिलहाल तेहरान और वॉशिंगटन के बीच कोई बातचीत नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि अमेरिका अलग-अलग मध्यस्थों के जरिए संदेश भेज रहा है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि कोई वास्तविक वार्ता हो रही है।

उन्होंने दोहराया कि ईरान युद्ध नहीं चाहता और संघर्ष का स्थायी अंत चाहता है। इसके साथ ही तेहरान ने विनाश के लिए मुआवजे की मांग की है, जिससे यह संकेत मिलता है कि किसी भी भविष्य की राजनीतिक समझौते में जवाबदेही और पुनर्निर्माण की प्रतिबद्धता शामिल होनी चाहिए।

01:15 AM, 26-Mar-2026

युद्ध लक्ष्य में अमेरिका फेल- अराघची

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा कि अमेरिका ईरान के खिलाफ अपने प्रमुख युद्ध लक्ष्यों में विफल रहा है। उन्होंने बताया कि अमेरिका न तो तेज सैन्य जीत हासिल कर पाया और न ही तेहरान में शासन परिवर्तन ला सका। अराघची ने ईरान के पड़ोसी देशों से अमेरिका से दूरी बनाने का आग्रह किया और कहा कि ईरान की प्रतिक्रिया ने पूरी दुनिया को दिखा दिया कि कोई भी देश इसकी सुरक्षा को धमकी नहीं दे सकता।

01:02 AM, 26-Mar-2026

West Asia Conflict LIVE: मिसाइल रोकने में सफल रहा दुबई का एयर डिफेंस, मलबा गिरने से भारतीय समेत दो की मौत

Israel Iran War News in Hindi Live: पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष हर दिन और भी भयानक रूप ले रहा है। अमेरिका और इस्राइल के हमलों से क्षेत्र में हालात लगातार तनावपूर्ण बने हुए हैं, वहीं ईरान भी खाड़ी देशों और अमेरिकी ठिकानों पर जबरदस्त पलटवार कर रहा है। मिसाइल और ड्रोन हमलों की गड़गड़ाहट के बीच यह संघर्ष अब चौथे हफ्ते में प्रवेश कर चुका है। अमर उजाला के इस लाइव ब्लॉग में पढ़ें पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष से जुड़े तमाम पल-पल अपडेट्स...


 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें