विपक्षी नेता मारिया कोरिना मचाडो ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को बातचीत के जरिये सत्ता छोड़ने से इनकार करने के बाद सत्ता से हटा दिया गया। मचाडो ने कहा, उनके विपक्षी सहयोगी एडमंडो गोंजालेज, जिन्हें विपक्ष, अमेरिका और अंतरराष्ट्रीय पर्यवेक्षकों का कहना है कि 2024 का चुनाव जीत गए हैं, को राष्ट्रपति पद संभालना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि विपक्ष देश में व्यवस्था बहाल करेगा और राजनीतिक कैदियों को रिहा करेगा।
अमेरिका ने वेनेजुएला के राष्ट्रपति मादुरो को पकड़ने से जुड़े ऑपरेशन का कोडनेम ‘एब्सोल्यूट रिजॉल्व’ सार्वजनिक किया है। यूएस प्रशासन के मुताबिक, यह कार्रवाई महीनों की तैयारी और अभ्यास के बाद अंजाम दिया गया। राष्ट्रपति ट्रंप ने इसे राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा अहम कदम बताया। अधिकारियों का दावा है कि ऑपरेशन सटीक योजना के तहत सफलतापूर्वक पूरा किया गया।
अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा है कि यूएस की वेनेजुएला के साथ प्रस्तावित साझेदारी वहां के लोगों को समृद्ध, स्वतंत्र और सुरक्षित बनाएगी। ट्रंप ने कहा कि अमेरिका में रहने वाले वेनेजुएलाई नागरिक भी इस बदलाव से बेहद खुश होंगे और अब उन्हें और कष्ट नहीं झेलना पड़ेगा। उन्होंने मादुरो को तानाशाह बताते हुए उन पर अमेरिका में मादक पदार्थों की तस्करी और कार्टेल दे लॉस सोलेस से जुड़े होने का आरोप लगाया। ट्रंप ने दावा किया कि मादुरो और उनकी पत्नी न्यूयॉर्क जा रहे जहाज पर हैं और न्यूयॉर्क व मियामी के बीच जल्द फैसला होगा।
अमेरिका के राष्ट्रपति ने कहा है कि वेनेजुएला में किया गया सैन्य ऑपरेशन अमेरिका को धमकी देने वालों के लिए सख्त चेतावनी है। मीडिया को संबोधित करते हुए ट्रंप ने कहा कि वह आतंकवादियों और अपराधियों को यूएस के खिलाफ बिना सजा के काम करने की इजाजत कभी नहीं देंगे। उन्होंने इस कार्रवाई को बेहद सफल बताते हुए कहा कि यह उन सभी लोगों के लिए संदेश है जो अमेरिकी संप्रभुता को चुनौती देने या अमेरिकी नागरिकों की जान खतरे में डालने की सोच रखते हैं।
अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा है कि अमेरिकी तेल कंपनियां जल्द ही वेनेजुएला में प्रवेश करेंगी और वहां के बुरी तरह टूट चुके तेल ढांचे को दुरुस्त करेंगी। ट्रंप ने मीडिया से बातचीत में कहा कि लंबे समय से वेनेजुएला का तेल कारोबार पूरी तरह ठप पड़ा है और देश अपनी वास्तविक क्षमता की तुलना में बेहद कम उत्पादन कर रहा था।
उन्होंने दावा किया कि दुनिया की सबसे बड़ी यूएस की तेल कंपनियां अरबों डॉलर का निवेश करेंगी, पुराने बुनियादी ढांचे की मरम्मत करेंगी और उत्पादन बढ़ाकर देश के लिए मुनाफा कमाएंगी। ट्रंप के मुताबिक, यह कदम न सिर्फ वेनेजुएला के तेल क्षेत्र को पुनर्जीवित करेगा।
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि अमेरिका जरूरत पड़ने पर वेनेजुएला पर दूसरा और कहीं अधिक बड़ा सैन्य हमला करने के लिए पूरी तरह तैयार है। ट्रंप ने स्पष्ट किया कि अमेरिकी प्रशासन ने पहले से ही एक दूसरी की योजना बना रखी थी और शुरुआत में यह मान लिया गया था कि ऐसा करना जरूरी होगा। हालांकि, उन्होंने कहा कि किए गए हमले की सफलता को देखते हुए अब शायद इसकी आवश्यकता न पड़े।
ट्रंप के मुताबिक, अमेरिकी बलों ने अपने निर्धारित लक्ष्यों को प्रभावी ढंग से हासिल किया, जिससे वेनेजुएला की सैन्य क्षमता को गंभीर नुकसान पहुंचा है। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि अमेरिका की रणनीति पूरी तरह तैयार है और हालात बिगड़ने पर तुरंत कार्रवाई की जा सकती है। राष्ट्रपति ने जोर देकर कहा कि अमेरिका किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार है और यदि वेनेजुएला की ओर से कोई नया खतरा सामने आता है, तो जवाब पहले से ज्यादा कठोर हो सकता है।
अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा है कि वेनेजुएला पर की गई अमेरिकी सैन्य कार्रवाई के बाद राष्ट्रपति मादुरो और उनकी पत्नी अब अमेरिकी न्याय विभाग का सामना करेंगे। मीडिया को संबोधित करते हुए ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिकी बलों ने कराकस के बीचोंबीच स्थित एक अत्यंत सुरक्षित सैन्य किले पर कार्रवाई कर मादुरो को न्याय के कटघरे तक पहुंचाया। उन्होंने इस ऑपरेशन की तुलना ईरान के खिलाफ की गई पूर्व सैन्य कार्रवाइयों से की, जिनमें परमाणु ठिकानों को निशाना बनाया गया था। ट्रंप ने कहा कि दुनिया का कोई भी देश वह नहीं कर सकता, जो अमेरिका ने किया। उन्होंने दावा किया कि इस हमले में वेनेजुएला की सभी सैन्य क्षमताओं को निष्क्रिय कर दिया गया और ऑपरेशन के दौरान कराकस की बिजली भी बंद कर दी गई, जो अमेरिका की विशेष तकनीकी क्षमता का नतीजा था। ट्रंप के अनुसार, मादुरो और उनकी पत्नी पर न्यूयॉर्क के साउदर्न डिस्ट्रिक्ट में अमेरिका और उसके नागरिकों के खिलाफ घातक नार्को-आतंकवाद चलाने के आरोप में पहले से ही अभियोग दर्ज हैं।
अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप ने वेनेजुएला पर अमेरिकी कार्रवाई के बीच कहा कि अमेरिका वेनेजुएला के लोगों के लिए शांति, स्वतंत्रता और न्याय चाहता है। ट्रंप ने कहा कि अमेरिका में रह रहे वेनेजुएला के कई नागरिक अपने देश लौटना चाहते हैं और वेनेजुएला ही उनकी मातृभूमि है। उन्होंने कहा कि अमेरिका यह जोखिम नहीं उठा सकता कि वेनेजुएला की सत्ता किसी ऐसे व्यक्ति के हाथों में जाए, जो वहां के लोगों के हित में काम न करे। ट्रंप ने दावा किया कि दशकों तक वेनेजुएला को गलत नेतृत्व झेलना पड़ा है और अब अमेरिका ऐसा दोबारा नहीं होने देगा। उनके अनुसार, अमेरिका का मकसद वेनेजुएला में स्थिरता और बेहतर भविष्य सुनिश्चित करना है।
अमेरिका के राष्ट्रपति ने मादुरो को तानाशाह बताते हुए कहा कि अमेरिका वेनेजुएला में शांति चाहता है। ट्रंप ने दावा किया कि इस सैन्य कार्रवाई में किसी की मौत नहीं हुई और न ही एक भी अमेरिकी सैनिक मारा गया। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन का मकसद हिंसा नहीं, बल्कि वेनेजुएला में स्थिरता और शांति बहाल करना है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, वेनेजुएला अब हमारा कब्जा है। वहां की सत्ता चलाएंगे। ये तब तक रहेगा जब तक वहां शांति स्थापितन नहीं हो जाती
कुछ ही देर में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। इस दौरान वो वेनेजुएला पर हमले की पूरी जानकारी देंगे।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को न्यूयॉर्क लाया जाएगा। ट्रंप ने कहा कि वेनेजुएला में की गई यह कार्रवाई एक स्पष्ट संदेश है कि अमेरिका को धक्का देकर नहीं चलाया जा सकता। उन्होंने इसे अमेरिकी ताकत और संकल्प का प्रतीक बताते हुए कहा कि अमेरिका अपने हितों और कानून के खिलाफ जाने वालों के साथ सख्ती से निपटेगा।
फ्रांस ने वेनेजुएला में अमेरिकी सैन्य कार्रवाई की कड़ी आलोचना की है। फ्रांसीसी विदेश मंत्री ने कहा कि जिस सैन्य अभियान में वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को पकड़ा गया, वह अंतरराष्ट्रीय कानून के सिद्धांतों के खिलाफ है। फ्रांस ने साफ किया कि किसी भी देश की संप्रभुता का उल्लंघन स्वीकार्य नहीं है और ऐसे कदम वैश्विक स्थिरता के लिए खतरा बन सकते हैं।
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने वेनेजुएला पर अमेरिकी हमलों को लेकर गहरी चिंता जताई है। उनके प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने कहा कि यह कार्रवाई अंतरराष्ट्रीय कानून के लिए “एक खतरनाक मिसाल” बन सकती है। उन्होंने जोर देकर कहा कि सभी देशों को संयुक्त राष्ट्र चार्टर समेत अंतरराष्ट्रीय कानून का पूर्ण सम्मान करना चाहिए। गुटेरेस ने चिंता जताई कि इस मामले में अंतरराष्ट्रीय नियमों का पालन नहीं किया गया।
अमेरिका द्वारा वेनेजुएला पर की गई सैन्य कार्रवाई के बीच राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि उन्होंने राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की गिरफ्तारी को लाइव देखा और यह एक टेलीविजन शो जैसा था। ट्रंप ने यह भी कहा कि अमेरिका आगे चलकर वेनेजुएला के तेल उद्योग में मजबूती से शामिल रहेगा। उन्होंने संकेत दिया कि यह कार्रवाई सिर्फ सैन्य नहीं, बल्कि रणनीतिक और आर्थिक दृष्टि से भी अहम है।
ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा ने वेनेजुएला पर अमेरिकी हमलों की कड़ी निंदा की है। उन्होंने इसे वेनेजुएला की संप्रभुता पर गंभीर हमला बताया। लूला ने कहा कि वेनेजुएला की धरती पर बमबारी और उसके राष्ट्रपति की गिरफ्तारी ने एक अस्वीकार्य सीमा लांघ दी है। उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसी कार्रवाइयां पूरे क्षेत्र को अस्थिर कर सकती हैं और लैटिन अमेरिका को शांति क्षेत्र के रूप में बनाए रखने के प्रयासों को नुकसान पहुंचाती हैं। ब्राजील के राष्ट्रपति ने संयुक्त राष्ट्र के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय समुदाय से इन हमलों का कड़ा जवाब देने की अपील की।
अमेरिका-वेनेजुएला तनाव के बीच चीन ने अपने नागरिकों को सतर्क रहने की चेतावनी दी है। सरकारी मीडिया के मुताबिक, चीनी अधिकारियों ने नागरिकों से अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने और स्थानीय हालात पर नजर रखने की अपील की है। यह सलाह क्षेत्रीय हालात में तेजी से हो रहे बदलावों और सुरक्षा चिंताओं को देखते हुए जारी की गई है।
अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने एक बयान में कहा कि राष्ट्रपति ने पूरे घटनाक्रम के दौरान कई बार शांतिपूर्ण विकल्प दिए, लेकिन वह इस बात पर पूरी तरह स्पष्ट थे कि ड्रग तस्करी किसी भी हाल में रुकनी चाहिए और अमेरिका से चुराया गया तेल वापस किया जाना चाहिए। बयान में कहा गया कि वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो अब यह समझ चुके हैं कि राष्ट्रपति ट्रंप जो कहते हैं, उस पर अमल भी करते हैं। इस बयान में अमेरिकी विशेष बलों की भी जमकर तारीफ की गई। कहा गया कि बहादुर विशेष सैनिकों ने बेहद सटीक और प्रभावशाली अभियान को अंजाम दिया, जिसने अमेरिका की मंशा और क्षमता दोनों को साफ कर दिया। यह कार्रवाई ट्रंप प्रशासन की उस नीति का हिस्सा बताई गई, जिसमें राष्ट्रीय सुरक्षा और कानून के उल्लंघन पर सख्त रुख अपनाया जाता है।
वेनेजुएला में सत्ता को लेकर बड़ी राजनीतिक हलचल के बीच खोजी पत्रकार लौरा लूमर ने शनिवार को दावा किया कि मौजूदा उपराष्ट्रपति डेल्सी को जल्द ही देश का अंतरिम राष्ट्रपति घोषित किया जा सकता है। लूमर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर सूत्रों के हवाले से कहा कि यह फैसला अमेरिका द्वारा वेनेजुएला पर किए गए बड़े सैन्य हमले के बाद लिया जा रहा है।
लूमर के अनुसार, अमेरिकी विशेष बलों द्वारा मादुरो की गिरफ्तारी के बाद सत्ता शून्यता की स्थिति पैदा हुई है, जिसे भरने के लिए डेल्सी को अंतरिम नेतृत्व सौंपे जाने की तैयारी है। हालांकि वेनेजुएला सरकार या आधिकारिक संस्थानों की ओर से अभी तक इस दावे की पुष्टि नहीं की गई है।
रूस के विदेश मंत्रालय ने वेनेजुएला के खिलाफ अमेरिका की कार्रवाई को कड़े शब्दों में निंदा करते हुए इसे सशस्त्र आक्रामकता करार दिया है। मंत्रालय ने शनिवार को टेलीग्राम पर जारी बयान में कहा कि वेनेजुएला को बिना किसी बाहरी, विशेष रूप से सैन्य हस्तक्षेप के, अपने भविष्य का निर्धारण करने का पूरा अधिकार है। बयान में कहा गया कि किसी भी तरह का दबाव या सैन्य कार्रवाई अंतरराष्ट्रीय कानून और संप्रभुता के सिद्धांतों के खिलाफ है।
रूस ने चेतावनी दी कि इस तरह के कदम क्षेत्रीय और वैश्विक स्तर पर तनाव को और बढ़ा सकते हैं। मॉस्को ने सभी पक्षों से संयम बरतने और हालात को बिगड़ने से रोकने के लिए संवाद का रास्ता अपनाने की अपील की। साथ ही रूस ने वेनेजुएला की जनता और सरकार के प्रति अपनी एकजुटता दोहराई। विदेश मंत्रालय ने यह भी स्पष्ट किया कि वह संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की आपात बैठक बुलाने की मांग का समर्थन करता है, ताकि मौजूदा स्थिति पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा हो सके और किसी भी संभावित टकराव को रोका जा सके। रूस का कहना है कि लैटिन अमेरिका को शांति का क्षेत्र बने रहना चाहिए और किसी भी देश की संप्रभुता का उल्लंघन स्वीकार्य नहीं है।
अमेरिका के न्याय विभाग ने 2020 में वेनेजुएला के राष्ट्रपति मादुरो पर नार्को-आतंकवाद के गंभीर आरोप लगाए थे। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के पहले कार्यकाल के दौरान दायर कई अभियोगों में कहा गया कि मादुरो और उनके सहयोगियों ने वेनेजुएला को मादक पदार्थ तस्करों और आतंकी संगठनों के हित में काम करने वाले एक आपराधिक उद्यम में बदल दिया। अभियोजन पक्ष के अनुसार, इस नेटवर्क के जरिए अरबों डॉलर की लूट की गई। उस समय के अटॉर्नी जनरल विलियम बोर ने इसे भ्रष्ट वेनेजुएला शासन करार दिया था।
न्यूयॉर्क में दायर एक आरोपपत्र में मादुरो और सत्तारूढ़ पार्टी के नेता कैबेलो पर कोलंबियाई विद्रोहियों और सैन्य अधिकारियों के साथ साजिश कर अमेरिका में कोकीन की बाढ़ लाने का आरोप लगाया गया। अभियोगों के साथ 14 अधिकारियों के नाम उजागर किए गए और मादुरो सहित पांच लोगों पर कुल 5.5 करोड़ डॉलर का इनाम घोषित किया गया, जिसे यूनाइटेड स्टेट्स न्याय विभाग ने ड्रग व्यापार को अमेरिका के खिलाफ हथियार बताकर उचित ठहराया।
वेनेजुएला सरकार ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की आपात बैठक बुलाने की मांग की है। विदेश मंत्री गिल ने कहा कि अमेरिका द्वारा किए गए हमले वेनेजुएला की संप्रभुता पर आपराधिक आक्रमण हैं। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय कानून की रक्षा के लिए सुरक्षा परिषद को तत्काल हस्तक्षेप करना चाहिए।
ईरान ने वेनेजुएला पर कथित अमेरिकी सैन्य हमले की कड़ी निंदा की है। ईरानी सरकारी मीडिया के अनुसार, ईरान के विदेश मंत्रालय ने कहा कि यूएस की यह कार्रवाई वेनेजुएला की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का उल्लंघन है और यह संयुक्त राष्ट्र चार्टर के खिलाफ है। ईरान ने वेनेजुएला के साथ एकजुटता जताते हुए ऐसे किसी भी सैन्य हस्तक्षेप को अस्वीकार्य बताया।
अमेरिका में एक रिपब्लिकन सीनेटर ने दावा किया है कि यूएस ने वेनेजुएला के राष्ट्रपति मादुरो को गिरफ्तार कर अमेरिका में मुकदमा चलाने की प्रक्रिया शुरू की है। सीनेटर के अनुसार, यह जानकारी उन्हें अमेरिकी विदेश मंत्री रूबियो से बातचीत के दौरान मिली।
रूस के विदेश मंत्रालय ने वेनेजुएला के खिलाफ अमेरिका की कार्रवाई को सशस्त्र आक्रामकता करार देते हुए कड़ी निंदा की है। मंत्रालय ने कहा कि इस तरह की कार्रवाई को सही ठहराने के लिए दिए जा रहे किसी भी तरह के बहाने स्वीकार्य नहीं हैं। रूस ने स्पष्ट किया कि वह वेनेजुएला की संप्रभुता और राष्ट्रीय हितों के संरक्षण के पक्ष में खड़ा है और ऐसे कदम अंतरराष्ट्रीय कानून के खिलाफ हैं।
रूसी विदेश मंत्रालय के बयान में कहा गया कि रूस वेनेजुएला की जनता के साथ पूरी एकजुटता व्यक्त करता है और वहां के बोलिवेरियन नेतृत्व के उस रास्ते का समर्थन करता है, जो देश की संप्रभुता की रक्षा के लिए अपनाया जा रहा है। मंत्रालय ने यह भी जोर दिया कि लैटिन अमेरिका को शांति का क्षेत्र बने रहना चाहिए और बाहरी सैन्य हस्तक्षेप से बचा जाना जरूरी है। बयान में यूएस की कार्रवाई को क्षेत्रीय स्थिरता के लिए खतरा बताया गया और कहा गया कि वेनेजुएला के आंतरिक मामलों में दखल अस्वीकार्य है। रूस के विदेश मंत्रालय ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से संयम बरतने की अपील भी की।
वेनेजुएला की उपराष्ट्रपति डेल्सी रॉड्रिग्ज ने सरकारी टीवी पर बड़ा बयान देते हुए कहा कि सरकार को राष्ट्रपति मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस के ठिकाने की कोई जानकारी नहीं है। रॉड्रिग्ज ने कहा कि अमेरिका द्वारा कार्रवाई के बाद राष्ट्रपति कहां हैं, यह स्पष्ट नहीं है और सरकार उनकी प्रूफ ऑफ लाइफ की मांग कर रही है। इस बयान के बाद देश में राजनीतिक अनिश्चितता और बढ़ गई है।
अमेरिका ने शनिवार तड़के वेनेजुएला पर बड़े पैमाने की सैन्य कार्रवाई करने का दावा किया। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने सोशल मीडिया पर कहा कि इस ऑपरेशन के दौरान राष्ट्रपति मादुरो को हिरासत में लेकर देश से बाहर भेज दिया गया है। यह कार्रवाई वाशिंगटन द्वारा महीनों से बढ़ाए जा रहे दबाव के बाद की गई। हालांकि, वेनेजुएला सरकार ने इस दावे पर सवाल उठाते हुए किसी भी आधिकारिक जानकारी से इनकार किया है, जिससे हालात और तनावपूर्ण हो गए हैं।
वेनेजुएला की उपराष्ट्रपति ने दावा किया है कि राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस इस समय लापता हैं।
वेनेजुएला पर अमेरिका द्वारा की गई सैन्य कार्रवाई को लेकर राष्ट्रपति ट्रंप ने दावा किया कि संयुक्त राज्य अमेरिका ने वेनेजुएला और उसके नेता, राष्ट्रपति निकोलस मादुरो के खिलाफ एक बड़े पैमाने पर सफल हमला किया है। मादुरो और उनकी पत्नी को पकड़कर देश से बाहर ले जाया गया है। यह अभियान अमेरिकी एजेंसियों के सहयोग से चलाया गया। विस्तृत जानकारी जल्द ही दी जाएगी।आज सुबह 11 बजे मार-ए-लागो में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस होगी। इस मामले पर ध्यान देने के लिए धन्यवाद!
अमेरिका ने दक्षिण अमेरिकी देश वेनेजुएला की राजधानी काराकस पर शनिवार को (भारतीय समयानुसार) को बड़ा हमला किया है। शुक्रवार देर रात स्थानीय समयानुसार करीब दो बजे हुई इस घटना को लेकर वेनेजुएला सरकार ने कहा, अमेरिका ने कई राज्यों में सैन्य तथा सैन्य प्रतिष्ठानों पर हमले किए हैं। इसी बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि उनके सैनिकराष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी को पकड़कर देश से बाहर ले गए हैं।