जॉनसन ने जेलेंस्की को बधाई दी
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने राजधानी कीव समेत प्रमुख क्षेत्रों से रूसी बलों को सफलतापूर्वक पीछे धकेलने के लिये यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की को बधाई दी। जॉनसन ने कहा कि रूस के साथ चल रहे युद्ध में देश के अन्य हिस्सों में बड़ी चुनौतियां कायम हैं। दोनों नेताओं ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन पर आर्थिक दबाव बढ़ाने के लिए प्रतिबंधों को जारी रखने के महत्व पर सहमति व्यक्त की।
लिथुआनिया के फिल्म निर्देशक की यूक्रेन में मौत
बाल्टिक देश के मशहूर फिल्म निर्देशक मन्टास केवेदाराविसियस की यूक्रेन में मौत हो गई। वे मारियुपोल में एक डॉक्यूमेंटरी फिल्म के निर्माण में जुटे थे। लिथुआनिया के राष्ट्रपति गीटानस नौसेदा ने रविवार को इसकी जानकारी दी। नौसेदा ने कहा कि देश ने एक शानदार फिल्म निर्देशक को खो दिया जो यूक्रेन में काम कर रहे थे और रूसी हमले में मारे गए।
यूक्रेन के लुहांस्क के गवर्नर ने बताया कि, रूसी सेना ने क्षेत्र के कई हिस्सों में गोलीबारी जारी रखी हुई है। एक सप्ताह के अंदर तीसरी बार आवासीय भवनों को निशाना बनाया गया है।
मेक्सिको-अमेरिका सीमा पर यूक्रेनी शरणार्थियों की संख्या हर दिन बढ़ती ही जा रही है। मेक्सिको के तिजुआना शहर के प्रवासी मामलों के निदेशक ने बताया कि, इस समय शहर में लगभग 1500 यूक्रेनियन हैं। उम्मीद है कि शाम तक इनकी संख्या बढ़कर 2000 पहुंच जाएगी।