यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने यूक्रेन पर रूस के युद्ध का विरोध करने के लिए एक वैश्विक रैली का आह्वान किया है, जिसमें दुनिया के नागरिकों से सार्वजनिक रूप से युद्ध के खिलाफ खड़े होने का आग्रह किया गया है। जेलेंस्की ने कहा कि मैं आपसे युद्ध के खिलाफ खड़े होने की अपील करता हूं! यूक्रेन के प्रति अपने समर्थन को दिखाओ! अपने कार्यालयों, अपने घरों, अपने स्कूलों और विश्वविद्यालयों से लोग आगे आएं। शांति के नाम पर आएं। यूक्रेन का समर्थन करने के लिए, स्वतंत्रता का समर्थन करने के लिए, जीवन का समर्थन करने के लिए यूक्रेनी प्रतीकों के साथ इस रैली में शामिल हों।
इस्राइल ने यूक्रेन को एनएसओ ग्रुप के पेगासस स्पाइवेयर खरीदने से रोक दिया है। इस मामले से परिचित लोगों के अनुसार, इस्राइल को इस बात का डह है कि रूसी अधिकारी क्षेत्रीय दुश्मन को जटिल हैकिंग टूल की बिक्री से नाराज हो जाएंगे। इसके बाद यूक्रेन के राष्ट्रपति, वोलोदिमिर जेलेंस्की ने इस्राइल के रुख की आलोचना की है।
अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकेन ने बुधवार को कहा कि रूस ने यूक्रेन में युद्ध अपराधों को अंजाम दिया है और बाइडन प्रशासन अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर अपराधियों के खिलाफ मुकदमा चलाने के लिए काम करेगा। ब्लिंकेन ने एक बयान में कहा, “ आज मैं फिलहाल उपलब्ध जानकारी के आधार पर यह घोषणा कर सकता हूं कि अमेरिका सरकार ने मूल्यांकन किया है कि रूसी बल के सदस्यों ने यूक्रेन में युद्ध अपराध किए हैं।”
स्वीडन ने यूक्रेन को 5000 अतिरिक्त एंटी टैंक हथियार उपलब्ध कराने के लिए कहा है। स्वीडर पहले ही यूक्रेन अन्य सैन्य उपकरणों व सामग्रियों के साथ 5000 एंटी टैंक हथियार पहुंचा चुका है।
यूक्रेन के नेताओं आरोप लगाया है कि रूसी बलों ने एक मानवीय सहायता लेकर जा रहे काफिले को रोककर 15 बचावकर्मियों और चालकों को बंदी बनाया है। ये लोग मारियुपोल में भोजन और अन्य वस्तुएं पहुंचाने की कोशिश कर रहे थे। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के अनुसार शहर में लगभग एक लाख लोग अब भी भीषण संकट के बीच रह रहे हैं।