पीएम मोदी ने मॉरीशस के प्रधानमंत्री रामगुलाम और उनकी पत्नी वीणा को ओसीआई कार्ड प्रदाए किए
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विशेष सद्भावना का प्रदर्शन करते हुए मंगलवार को अपने मॉरीशस के अपने समकक्ष नवीन रामगुलाम और उनकी पत्नी वीणा रामगुलाम को ‘ओवरसीज सिटीजन ऑफ इंडिया’ (ओसीआई) प्रदान किये। प्रधानमंत्री मोदी ने ओसीआई कार्ड देने की घोषणा एक सामुदायिक कार्यक्रम में की जिसमें मॉरीशस मंत्रिमंडल के सदस्यों, सरकारी अधिकारियों और नेशनल असेंबली के सदस्यों सहित 3,500 से अधिक लोग शामिल हुए।
इससे पहले दिन में मोदी ने मॉरीशस के राष्ट्रपति धर्मबीर गोखूल और प्रथम महिला वृंदा गोखूल को ओसीआई कार्ड सौंपे। यह कार्ड उनकी राजकीय यात्रा के पहले दिन सौंपे गए, जो मॉरीशस के साथ अपने प्रवासियों और द्विपक्षीय संबंधों के प्रति भारत की कटिबद्धता को रेखांकित करते हैं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की मार्च 2024 में हुई मॉरीशस की राजकीय यात्रा के दौरान, भारत ने सातवीं पीढ़ी तक के भारतीय वंशी मॉरीशस नागरिकों को ओसीआई कार्ड के लिए पात्रता प्रदान की। यह पहल भारतीय प्रवासियों के साथ घनिष्ठ संबंधों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से की गई थी।मॉरीशस में 22,188 भारतीय नागरिक और 13,198 ओसीआई कार्ड धारक रहते हैं, जो देश में भारतीय समुदाय की महत्वपूर्ण उपस्थिति को दर्शाता है। ओसीआई कार्ड धारकों को भारत में अनिश्चित काल तक रहने, काम करने और अध्ययन करने का अधिकार मिलता है, साथ ही वीजा-मुक्त यात्रा और अन्य विशेषाधिकार भी मिलते हैं।
मॉरीशस का सर्वोच्च पुरस्कार ऐतिहासिक संबंधों का सम्मान: पीएम मोदी
भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, जब भी मैं मॉरीशस आता हूं, तो ऐसा लगता है जैसे में अपने ही लोगों के बीच हूं। प्रधानमंत्री ने कहा, भारत और मॉरीशस के संबंधों में मधुरता बढ़ी है। मॉरीशस के नागरिकों को उनके राष्ट्रीय दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। उन्होंने कहा, मॉरीशस के पीएम ने अभी घोषणा की है कि वे मुझे अपने सर्वोच्च नागरिक सम्मान से सम्मानित करेंगे। मैं आपके फैसले को विनम्रता के साथ स्वीकार करना चाहता हूं। यह भारत और मॉरीशस के ऐतिहासिक संबंधों का सम्मान है।
मॉरीशस के प्रधानमंत्री नवीन रामगुलाम ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश का सर्वोच्च सम्मान 'द ग्रांड कमांडर ऑफ द ऑर्डर ऑफ द स्टार एंड की ऑफ द इंडियन ओशन' से सम्मानित किया। यह सम्मान प्रधानमंत्री मोदी को भारत और मॉरीशस के बीच संबंधों को मजबूत करने के लिए उनके योगदान के लिए दिया गया है। मोदी इस सम्मान को प्राप्त करने वाले पहले भारतीय हैं। यह 21वां अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार है जो प्रधानमंत्री मोदी को किसी अन्य देश द्वारा दिया गया है। रामगुलाम ने कहा कि मोदी पांचवें विदेशी नागरिक हैं, जिन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान दिया गया है।
प्रधानमंत्री मोदी के लिए मॉरीशस के सर्वोच्च पुरस्कार की घोषणा
पोर्ट लुईस में भारतीय समुदाय के कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके मॉरीशस के समकक्ष नवीनचंद्र रामगुलाम की मौजूदगी दोनों देशों के राष्ट्रगान बजाए गए। मोदी ने मॉरीशस के प्रधानमंत्री की पत्नी वीना रामगुलाम को ओसीआई कार्ड प्रदान किया। रामगुलाम ने प्रधानमंत्री मोदी के लिए अपने देश के सर्वोच्च पुरस्कार 'द ग्रैंड कमांडर ऑफ द ऑर्डर ऑफ द स्टार एंड की ऑफ द इंडियन ओशन' की घोषणा की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मॉरीशस के राष्ट्रपति धरम गोखूल को बिहार का सुपर फूड 'मखाना' उपहार में दिया।
मॉरीशस के राष्ट्रपति और पीएम मोदी की बैठक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को मॉरीशस के राष्ट्रपति धरम गोखूल से मुलाकात की और उन्हें महाकुंभ से गंगाजल भेंट किया। दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर मंगलवार सुबह मॉरीशस पहुंचे मोदी ने गोखूल को कई अन्य उपहार भी दिए। राष्ट्रपति गोखूल से मुलाकात से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने मॉरीशस के अपने समकक्ष नवीनचंद्र रामगुलाम से मुलाकात की और दोनों नेताओं ने सर शिवसागर रामगुलाम बॉटनिकल गार्डन में एक पौधा लगाया।
एक पेड़ मां के नाम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पोर्ट लुईस में सर सीवूसागुर रामगुलाम बॉटनिकल गार्डन में पुष्पांजलि अर्पित की और बेल(वुड एप्पल) का पौधा लगाया। मॉरीशस के प्रधानमंत्री नवीन रामगुलाम भी मौजूद रहे। 'एक पेड़ मां के नाम' पहल के तहत यह पौधारोपण किया गया। इससे पहले पीएम मोदी ने गुयाना, की अपनी यात्रा के दौरान भी इसी तरह की पहल की थी। पीएम मोदी के निरंतर प्रयासों के कारण इस पहल के परिणामस्वरूप भारत में 1 अरब से अधिक पेड़ लगाए गए हैं। इसका प्रभाव भारत के बाहर के देशों में भी फैला है। दुनिया भर के लगभग 136 देशों में कुल 27,500 से अधिक पेड़ लगाए जा चुके हैं, जिनमें से दो देशों में प्रधानमंत्री ने खुद पौधरोपण किया।
भारतीय प्रवासी समुदाय की सदस्य सरस्वती ने कहा, 'यहां आकर और हमारे प्रधानमंत्री से मिलकर बहुत अच्छा लग रहा है। भारत और मॉरीशस के बीच संबंध बहुत अच्छे हैं और हम उम्मीद करते हैं कि ये संबंध और भी मजबूत होते रहेंगे...।' भारतीय प्रवासी समुदाय की सदस्य प्रीति ने कहा, "मैंने प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की और उनसे हाथ मिलाया। उनसे बात करने का मौका पाकर बहुत अच्छा लग रहा है..."
पोर्ट लुईस स्थित एक होटल में पहुंचे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पोर्ट लुईस स्थित एक होटल में पहुंचे। भारतीय समुदाय के लोगों ने उनका स्वागत किया।
मॉरीशस में गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया
पोर्ट लुईस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मॉरीशस में गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस दौरान मॉरीशस के प्रधानमंत्री नवीन रामगुलाम भी मौजूद रहे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मॉरीशस के पोर्ट लुईस पहुंचे
दो दिवसीय मॉरीशस दौरे के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पोर्ट लुईस पहुंचे। वे 12 मार्च को मॉरीशस के राष्ट्रीय दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। भारतीय नौसेना के एक जहाज के साथ भारतीय रक्षा बलों की एक टुकड़ी समारोह में हिस्सा लेगी।