भारत में स्टारलिंक की ब्रॉडबैंड सेवा शुरू करने पर हो सकती है चर्चा
रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, पीएम मोदी और एलन मस्क की बैठक के दौरान एशियाई बाजार में स्टारलिंक के प्रवेश पर चर्चा हो सकती है। इस संबंध में एजेंसी ने योजनाओं से परिचित दो स्रोतों का हवाला देते हुए कहा कि भारत सरकार को उम्मीद है कि इसमें भारत में सैटेलाइट ब्रॉडबैंड सेवाएं शुरू करने की स्टारलिंक की योजना शामिल हो सकती है। एलन मस्क ने कहा है कि वे भारत की सुरक्षा चिंताओं का ध्यान रखेंगे, जिसमें स्थानीय स्तर पर डेटा संग्रहीत करना शामिल है।
बता दें कि स्टारलिंक भारत में परिचालन शुरू करना चाहता है। भारत सरकार ने मस्क के इस विचार का समर्थन किया है कि स्पेक्ट्रम को नीलाम करने के बजाय आवंटित किया जाना चाहिए। हालांकि, स्टारलिंक के लाइसेंस आवेदन की अभी भी समीक्षा की जा रही है।
पीएम मोदी के स्वागत के लिए भारतीय समुदाय उत्साहित
पीएम मोदी के अमेरिका आगमन को लेकर भारतीय समुदाय उत्साहित है। पीएम के स्वागत के लिए भारतीयों ने विशेष तैयारियां की हुई हैं। भारतीय समुदाय के सदस्य श्रीनिवास, जयश्री और अन्य ने कहा कि हम सभी पीएम मोदी का स्वागत करने के लिए बहुत खुश हैं। यहां का मौसम भी प्रधानमंत्री का स्वागत कर रहा है।
ब्लेयर हाउस में रहेंगे पीएम मोदी
अमेरिका दौरे के दौरान पीएम मोदी ब्लेयर हाउस में रहेंगे। पीएम के ब्लेयर हाउस में रहने पर अफ्रीकी-अमेरिकी अभिनेत्री और गायिका मैरी मिलबेन ने कहा, 'यह बहुत सुंदर जगह है, और राष्ट्रपति का अतिथिगृह है। राष्ट्रपति के मेहमानों के लिए यह निश्चित रूप से एक अद्भुत स्थान है। प्रधानमंत्री मोदी का यहां बहुत अच्छा स्वागत किया जाएगा।'
मिलबेन ने कहा कि यह अद्भुत है कि पीएम मोदी आज अमेरिका आ रहे हैं। 2023 में प्रधानमंत्री यहां आए थे। प्रधानमंत्री और मेरे प्यारे भारतीय अमेरिकी समुदाय के लिए मैंने भारतीय राष्ट्रगान गाया था। उनका यहां आना बहुत खुशी की बात थी। इसलिए यह रोमांचक है कि वह आज यहां वापस आ रहे हैं और कल राष्ट्रपति से मिलेंगे।
अमेरिका पहुंचे पीएम नरेंद्र मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी दो दिवसीय यात्रा पर बुधवार को अमेरिका पहुंच गए हैं। यहां वह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात करेंगे।
पीएम मोदी के स्वागत के लिए बैसाखी से पहुंची भारतीय महिला
पीएम मोदी के अमेरिका दौरे को लेकर भारतीय समुदाय में खासा उत्साह दिख रहा है। पीएम के स्वागत के लिए भारतीय समुदाय की एक महिला बैसाखी से पहुंची है। अलका व्यास का कहना है कि मैं पीएम मोदी की डाई हार्ट फैन हूं। व्यास ने कहा कि पीएम मोदी भारत के लिए जो कर रहे हैं, उसके लिए मैं उनकी प्रशंसा करती हूं। हम उन्हें समर्थन करने के लिए यहां आए हैं।
ब्लेयर हाउस पहुंचे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमेरिकी राष्ट्रपति के अतिथिगृह ब्लेयर हाउस पहुंच गए हैं। ब्लेयर हाउस में स्वागत के लिए खड़े भारतीय समुदाय के लोगों से पीएम मोदी ने मुलाकात की और उनसे हाथ मिलाया। इस दौरान पीएम मोदी ने उनसे बातचीत भी की।
विदेश मंत्रालय ने किया पोस्ट
इस बीच विदेश मंत्रालय ने पीएम मोदी की यात्रा के बारे में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट की। मंत्रालय ने पीएम मोदी की अमेरिका यात्रा को दोनों देशों के बीच व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी में एक नया अध्याय बताया। विदेश मंत्रालय ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी आधिकारिक कार्य यात्रा पर वाशिंगटन डीसी पहुंचे। यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, अमेरिकी कैबिनेट के सदस्यों और उद्योग जगत के नेताओं से मुलाकात करेंगे।
पीएम मोदी ने किया एक्स पर पोस्ट
वाशिंगटन पहुंचने के बाद पीएम मोदी ने भी ट्वीट किय। उनहोंने लिखा कि कुछ समय पहले ही वाशिंगटन डीसी पहुंचा हूं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मिलने और भारत-अमेरिका व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए उत्सुक हूं। हमारे देश अपने लोगों के लाभ और हमारे ग्रह के बेहतर भविष्य के लिए मिलकर काम करते रहेंगे। प्रधानमंत्री मोदी ने आगे लिखा कि सर्दी के मौसम में गर्मजोशी से स्वागत। ठंड के मौसम के बावजूद, वाशिंगटन डीसी में भारतीय प्रवासियों ने मेरा बहुत ही विशेष स्वागत किया है। मैं उनका आभार व्यक्त करता हूँ।
अमेरिका दौरे पर क्या रहेगा प्रधानमंत्री मोदी का एजेंडा?
पीएम मोदी जब अमेरिका पहुंच कर डोनाल्ड ट्रंप से मिलेंगे, तो वह नए राष्ट्रपति से मिलने वाले दुनिया के महज तीसरे नेता होंगे। मोदी से पहले इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और जापान के शिगेरु इशिबा का ही ट्रंप ने व्हाइट हाउस में स्वागत किया था। ट्रंप के शपथग्रहण के एक महीने के अंदर ही भारत-अमेरिका के शीर्ष नेताओं की मुलाकात दोनों देशों के रिश्तों की अहमियत भी दर्शाती है।
तुलसी गबार्ड से मिले पीएम मोदी
वाशिंगटन, डी.सी. पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिकी राष्ट्रीय खुफिया निदेशक तुलसी गबार्ड से मुलाकात की। तुलसी गबार्ड से मुलाकात को लेकर ट्वीट किया। उन्होंने कहा कि वाशिंगटन डीसी में यूएसए की राष्ट्रीय खुफिया निदेशक, तुलसी गबार्ड से मुलाकात की। उनकी नियुक्ति पर उन्हें बधाई दी। इस दौरान भारत-अमेरिका दोस्ती के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की, जिसकी वह हमेशा एक मजबूत समर्थक रही हैं।
पीएम मोदी की एलन मस्क से मुलाकात संभव
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी अमेरिका यात्रा के दौरान एलन मस्क से मिलेंगे और इस दौरान दक्षिण एशियाई बाजार में स्टारलिंक के प्रवेश पर चर्चा हो सकती है। दरअसल, स्टारलिंक भारत में प्रवेश करना चाहता है। भारत सरकार ने मस्क के इस विचार का समर्थन किया है कि स्पेक्ट्रम की नीलामी के बजाय उसे आवंटित किया जाना चाहिए। हालांकि, स्टारलिंक के लाइसेंस आवेदन की अभी भी समीक्षा की जा रही है।
अमेरिका की अपनी यात्रा के दौरान ब्लेयर हाउस में ठहरेंगे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री मोदी के आगमन से पहले ब्लेयर हाउस में अमेरिकी ध्वज की जगह भारतीय ध्वज लगाया गया। आज सुबह वाशिंगटन पहुंचने पर प्रधानमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। प्रधानमंत्री मोदी 12-13 फरवरी को अमेरिका की अपनी यात्रा के दौरान ब्लेयर हाउस में ठहरेंगे।
पीएम मोदी की यात्रा के दौरान ट्रंप पारस्परिक टैरिफ पर आदेश पर हस्ताक्षर करेंगे
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को अन्य देशों पर पारस्परिक शुल्क लगाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि वह एक दिन के भीतर उनके लिए एक आदेश पर हस्ताक्षर कर सकते हैं। यह एक ऐसा कदम है जो व्यापार युद्ध में नए मोर्चे खोल सकता है। विश्लेषकों का मानना है कि पारस्परिक शुल्क में अमेरिकी आयात पर टैरिफ दरों में वृद्धि शामिल है, जो निर्यातक देशों द्वारा अमेरिकी उत्पादों पर लगाए जाने वाले शुल्क से मेल खाती है। बुधवार को ओवल ऑफिस में बोलते हुए ट्रंप ने कहा कि वह दिन के अंत में या गुरुवार की सुबह पारस्परिक शुल्क के लिए एक आदेश पर हस्ताक्षर कर सकते हैं।
माइक वॉल्ट्ज, मस्क और विवेक रामास्वामी से मुलाकात करेंगे पीएम मोदी
पीएम मोदी अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार माइकल वाल्ट्ज, टेस्ला के सीईओ एलन मस्क और भारतीय मूल के उद्यमी विवेक रामास्वामी के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे।
अमेरिकी एनएसए के साथ हो रही बैठक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार माइकल वाॅल्ट्ज के बीच वाशिंगटन डीसी के ब्लेयर हाउस में द्विपक्षीय बैठक शुरू हो गई। विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर और एनएसए अजीत डोभाल भी बैठक में मौजूद हैं।
व्हाइट हाउस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि चीन के मामले में राष्ट्रपति ट्रंप को भारत के साथ साझेदारी को बढ़ाने और मजबूत करने पर बहुत गर्व है। खास तौर पर चीन के साथ सीमा संकट के मामले में। भारत हमारी हिंद-प्रशांत रणनीति का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। यह बात पिछले कुछ समय से सार्वजनिक तौर पर सामने आ रही है और मुझे उम्मीद है कि यह जारी रहेगी।
व्हाइट हाउस ने कहा कि आज राष्ट्रपति ट्रंप भारत के प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा की मेज़बानी करेंगे। इसमें द्विपक्षीय बैठक, संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस और रात्रिभोज शामिल होगा। राष्ट्रपति ट्रंप को प्रधानमंत्री मोदी के साथ अपने घनिष्ठ संबंधों और अमेरिका-भारत के बीच संबंधों को मज़बूत करने के उनके रिकॉर्ड पर गर्व है। वह हमारे दोनों देशों के बीच दोस्ती के बंधन को और मज़बूत बनाने के लिए उत्सुक हैं।
ब्लेयर हाउस में पीएम मोदी और अमेरिकी एनएसए माइक वाॅल्ट्ज के बीच चल रही द्विपक्षीय बैठक खत्म हो गई है। इसके बाद पीएम मोदी टेस्ला सीईओ एलन मस्क के साथ बैठक करेंगे।
पीएम मोदी से मिलने पहुंचे मस्क
टेस्ला सीईओ एलन मस्क अपने परिवार के साथ पीएम मोदी से मिलने ब्लेयर हाउस पहुंच गए हैं।
पीएम मोदी और एलन मस्क के बीच बैठक जारी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और टेस्ला के सीईओ एलन मस्क के बीच वाशिंगटन डीसी के ब्लेयर हाउस में द्विपक्षीय बैठक शुरू हो गई है।
ब्लेयर हाउस के बाहर बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के प्रमुख के खिलाफ प्रदर्शन
अवामी लीग और उसके सहयोगी संगठनों के बैनर तले लोग वाशिंगटन डीसी में ब्लेयर हाउस के बाहर बांग्लादेश के मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस के खिलाफ नारे लगा रहे हैं। पीएम मोदी ब्लेयर हाउस में ठहरे हुए हैं। उन्होंने मोहम्मद युनूस को हटाने की मांग की है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि डॉ. यूनुस आतंकियों की मदद से सत्ता पर कब्जा करने वाले एक अवैध व्यक्ति हैं। हमारे संविधान के अनुसार शेख हसीना अभी भी बांग्लादेश की प्रधानमंत्री हैं। हम चुनाव चाहते हैं। लोग शेख हसीना को फिर से चुनेंगे। हम बांग्लादेश का समर्थन करने आए हैं। हम न्याय चाहते हैं। बांग्लादेश में क्या हो रहा है। लोग मारे जा रहे हैं और वहां कोई सुरक्षा नहीं है। बांग्लादेश में अभी हालात बहुत खराब हैं।
पीएम मोदी से एलन मस्क ने की मुलाकात
टेस्ला सीईओ एलन मस्क ने ब्लेयर हाउस में पीएम मोदी से मुलाकात की।
वाल्ट्ज भारत के बहुत अच्छे मित्र: मोदी
पीएम मोदी ने अमेरिकी एनएसए माइक वाल्ट्ज से मुलाकात के बाद एक्स पर लिखा कि एनएसए माइक वाल्ट्ज के साथ बैठक सफल रही। वह हमेशा से भारत के बहुत अच्छे मित्र रहे हैं। रक्षा, प्रौद्योगिकी और सुरक्षा भारत-अमेरिका संबंधों के महत्वपूर्ण पहलू पर हमारी बहुत अच्छी चर्चा हुई। एआई, सेमीकंडक्टर, अंतरिक्ष और अन्य क्षेत्रों में सहयोग की प्रबल संभावना है।
टेस्ला के सीईओ एलन मस्क प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय बैठक समाप्त होने के बाद वाशिंगटन डीसी स्थित ब्लेयर हाउस से रवाना हुए।
वाल्ट्ज से हुई रणनीतिक संबंधों और वैश्विक सुरक्षा पर बातचीत
अमेरिकी एनएसए माइकल वाल्ट्ज से मुलाकात के बाद पीएम ने सोशल मीडिया पर लिखा, अमेरिकी एनएसए माइकल वाल्ट्ज से बेहद लाभप्रद मुलाकात हुई। वाल्ट्ज हमेशा से भारत के घनिष्ठ मित्र रहे हैं। रक्षा, तकनीक और सुरक्षा भारत-अमेरिका संबंधों के महत्वपूर्ण आयाम हैं और इन मुद्दों पर वाल्ट्ज से अच्छी बातचीत हुई। दोनों देशों में एआई, सेमीकंडक्टर, अंतरिक्ष व अन्य क्षेत्रों में सहयोग की बहुत अधिक क्षमता है। वहीं, वाल्ट्ज से मुलाकात के बाद विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया पर लिखा, पीएम मोदी और एनएसए वाल्ट्ज के बीच हुई भेंट में दोनों देशों के रणनीतिक संबंधों को और मजबूत करने और वैश्विक सुरक्षा चुनौतियों के बारे में अर्थपूर्ण चर्चा हुई।
राष्ट्रपति ट्रंप से मिलने के लिए उत्सुक हूं: मोदी
पीएम मोदी ने ‘एक्स’ पर तस्वीरों के साथ पोस्ट किया, राष्ट्रपति ट्रंप से मिलने और भारत-अमेरिका व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए उत्सुक हूं। पीएम मोदी ने कहा, दोनों देश अपने लोगों के लाभ और बेहतर भविष्य के लिए मिलकर काम करते रहेंगे।
पीएम मोदी ने किया ट्वीट
एलन मस्क से मुलाकात के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ट्वीट कर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने एक्स पर लिखा वाशिंगटन डीसी में एलन मस्क के साथ बहुत अच्छी बैठक हुई। हमने विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की, जिनमें वे मुद्दे भी शामिल हैं, जैसे कि अंतरिक्ष, गतिशीलता, प्रौद्योगिकी और नवाचार। मैंने सुधार और 'न्यूनतम सरकार, अधिकतम शासन' को आगे बढ़ाने की दिशा में भारत के प्रयासों के बारे में बात की। उन्होंने यह भी लिखा कि एलन मस्क के परिवार से मिलना और विभिन्न विषयों पर बातचीत करना बहुत आनंददायक था।