पीएम मोदी को अर्जेंटीना ने सम्मान में दी चाबी
प्रधानमंत्री मोदी ने ब्यूनस आयर्स के नगर आयुक्त जॉर्ज मैक्री से ब्यूनस आयर्स शहर की चाबी प्राप्त की।
पीएम मोदी ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए अर्जेंटीना से ब्राजील रवाना हुए
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अर्जेंटीना के सफल दौरे के बाद ब्राजील रवाना हो गए। यह पीएम मोदी की पांच देशों की यात्रा का चौथा चरण है। ब्राजील में पीएम मोदी रियो डी जेनेरियो में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे । 17वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी कई बड़े देशों के नेताओं के साथ शांति और सुरक्षा, बहुपक्षवाद को मजबूत करने, कृत्रिम बुद्धिमत्ता के जिम्मेदार उपयोग, जलवायु कार्रवाई, वैश्विक स्वास्थ्य और आर्थिक एवं वित्तीय मामलों सहित प्रमुख वैश्विक मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान करेंगे।
ब्राजील के राष्ट्रपति के साथ इन मुद्दों पर बातचीत करेंगे पीएम मोदी
पीएम मोदी के कार्यक्रम को लेकर जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, प्रधानमंत्री शिखर सम्मेलन से इतर कई द्विपक्षीय बैठकें भी कर सकते हैं। ब्राजील की राजकीय यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री ब्रासीलिया भी जाएंगे। यहां वे राष्ट्रपति लूला के साथ व्यापार, रक्षा, ऊर्जा, अंतरिक्ष, प्रौद्योगिकी, कृषि, स्वास्थ्य और दोनों देशों की जनता के बीच संपर्क सहित आपसी हित के क्षेत्रों में दोनों देशों के बीच सामरिक साझेदारी को व्यापक बनाने पर द्विपक्षीय चर्चा करेंगे।
रवींद्रनाथ टैगोर को श्रद्धांजलि अर्पित की
अर्जेंटीना दौरे के अंतिम चरण में पीएम मोदी ने ब्यूनस आयर्स में भारत के नोबेल पुरस्कार विजेता कवि रवींद्रनाथ टैगोर को श्रद्धांजलि अर्पित की।
बापू को श्रद्धांजलि
इसके अलावा प्रधानमंत्री मोदी ने अर्जेंटीना की राजधानी में स्थापित भारत के राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर भी श्रद्धांजलि दी।
जनरल जोस डे सैन मार्टिन को श्रद्धांजलि, पीएम मोदी ने कहा यह बात
पीएम मोदी ने ब्यूनस आयर्स में जनरल जोस डे सैन मार्टिन को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने एक्स पर जारी एक संदेश में लिखा, '...उनके साहस और नेतृत्व ने अर्जेंटीना के इतिहास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका जीवन अर्जेंटीना के लोगों के लिए देशभक्ति और दृढ़ संकल्प का प्रतीक है।'
UPI के बारे में समझ विकसित करने भारत आएगा अर्जेंटीनी प्रतिधिमंडल
दक्षिणी अमेरिकी देश- अर्जेंटीना के दौरे पर पीएम मोदी ने भारत की UPI प्रणाली पर भी बात की। इस संबंध में विदेश मंत्रालय के सचिव कुमारन ने बताया, प्रधानमंत्री ने अर्जेंटीना के राष्ट्रपति को बताया की यूपीआई भुगतान के कारण भारत में उत्पादकता बढ़ाने में मदद मिली। भारतीय अर्थव्यवस्था में औपचारिकता कैसे लाई गई? अब जो अधिक डाटा उत्पन्न हुआ है इसका उपयोग सरकार और अर्थशास्त्री करेंगे। आबादी के विभिन्न वर्गों तक अधिक कुशलता से विभिन्न लाभों को पहुंचाने के लिए भी इसका इस्तेमाल किया जा सकता है। पीएम ने ये भी समझाया कि कैसे यूपीआई एक क्रेडिट रिकॉर्ड तैयार करता है। किसानों और छोटे व्यवसायों के लिए माइक्रो क्रेडिट पर भरोसा किया जा सकता है। पीएम मोदी के साथ बतचीत के दौरान राष्ट्रपति माइली यह समझने के लिए उत्सुक थे कि UPI प्रणाली कैसे काम करती है और यह केंद्रीय बैंक को मौद्रिक नीति को अधिक प्रभावी ढंग से नियंत्रित करने में कैसे सक्षम बनाती है। दोनों पक्ष इस बात पर सहमत हुए कि अर्जेंटीना के केंद्रीय बैंक के प्रतिनिधिमंडल को इस प्रणाली के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा करने के लिए भारत आना चाहिए।
भारत में ड्रोन के इस्तेमाल को लेकर विस्मय से भर गए अर्जेंटीना के राष्ट्रपति
प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति माइली को भारत की ड्रोन दीदी पहल के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने अर्जेंटीना के राष्ट्राध्यक्ष को बताया कि कैसे ग्रामीण महिलाओं को उर्वरकों के उपयोग और भूमि सर्वेक्षण के दौरान ड्रोन के उपयोग से जोड़ा जा रहा है। इसका मकसद कृषि उत्पादकता में सुधार है। प्रधानमंत्री ने यह भी बताया कि कैसे कोविड-19 महामारी के दौरान दूरदराज के इलाकों में दवाओं के आपातकालीन परिवहन के लिए भी भारत में ड्रोन का इस्तेमाल किया गया था। अब कंपनियां दूरदराज के इलाकों में सब्ज़ियां और मछलियां पहुंचाने के लिए ड्रोन का इस्तेमाल करती हैं। प्रधानमंत्री ने राष्ट्रपति को बताया कि कैसे भारतीय उपग्रह प्रणाली- नाविक (Navic) का उपयोग मछुआरों को मछलियों के झुंड की पहचान करने में मदद करने के लिए किया जाता है... प्रधानमंत्री ने यह भी बताया कि कैसे वे अपनी मासिक परियोजना समीक्षाओं में प्रगति की निगरानी के लिए ड्रोन का उपयोग करते हैं। यह एक ऐसा पहलू था जिसे समझने में राष्ट्रपति ने काफी दिलचस्पी ली।
अर्जेंटीना भारत में ड्रोन के उपयोग को लेकर क्या सोचता है?
भारत के अंतरराष्ट्रीय बिग कैट एलायंस पर विदेश मंत्रालय के सचिव कुमारन ने कहा, राष्ट्रपति माइली और पीएम मोदी ने भारत द्वारा संचालित एक पहल के तहत सहयोग पर चर्चा की। इसे अंतरराष्ट्रीय बिग कैट एलायंस (IBCA) कहा जाता है। ये शेर, बाघ और जगुआर सहित बड़े बिल्लियों की छह पहचानी गई प्रजातियों की सुरक्षा में IBCA के सदस्य देशों के बीच सहयोग को बढ़ावा देता है। प्रधानमंत्री ने अर्जेंटीना से अंतरराष्ट्रीय बिग कैट एलायंस में शामिल होने और बड़ी बिल्लियों के संरक्षण के संदर्भ में अनुभव साझा करने की अपील की। उन्होंने क्षमता निर्माण पर एक साथ काम करने का स्वागत भी किया। बातचीत के दौरान ड्रोन के उपयोग और उनके कई उद्देश्यों पर भी चर्चा हुई। राष्ट्रपति माइली ने भारत में ड्रोन के उपयोग में बहुत रुचि दिखाई। अवैध तरीके से मछली पकड़ने की समस्या से निपटने को लेकर ड्रोन की उपयोगिता पर भी चर्चा हुई।
अर्जेंटीना लिथियम त्रिभुज का एक हिस्सा...
महत्वपूर्ण खनिजों के बारे में भारत और अर्जेंटीना के रिश्ते को लेकर सचिव (पूर्व) पी कुमारन ने बताया कि अर्जेंटीना लिथियम त्रिभुज का एक हिस्सा है। यह भारत के लिए बहुत रुचि का विषय है। दो भारतीय सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियां- कोल इंडिया लिमिटेड और KABIL को भारत के बाहर महत्वपूर्ण खनिजों और परिसंपत्तियों को चुनने का काम सौंपा गया है। उन्होंने पांच रियायत समझौतों पर हस्ताक्षर किए हैं। निवेश को अंतिम रूप देने और निवेशों के कार्यान्वयन पर काम किया जा रहा है। इसका मकसद खनिजों का उत्पादन और उन्हें परिष्कृत कर विभिन्न उद्देश्यों के लिए भारत लाना है। खनिजों के उत्पादन, शोधन और निर्यात पर भी काम किया जा रहा है। दो निजी क्षेत्र की कंपनियों- ग्रीनको और संयुक्त अरब अमीरात में भारतीय स्वामित्व वाली कंपनी- वर्ल्ड मेटल अलॉयज की भूमिका अहम रहेगी। अलॉयज ने अर्जेंटीना में लिथियम रियायतों में भी निवेश किया है। ऐसे में भारत को उम्मीद है कि आने वाले वर्षों में अर्जेंटीना के साथ उनका सहयोग अधिक गहरा होगा।
भारत और अर्जेंटीना के बीच रणनीतिक साझेदारी और मजबूत बनेगी
विदेश विभाग के सचिव कुमारन ने कहा, प्रधानमंत्री ने हाल ही में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बाद भारत का मजबूती से समर्थन किया। उन्होंने राष्ट्रपति माइली को धन्यवाद दिया और इस कठिन समय में अर्जेंटीना की एकजुटता की सराहना की। पीएम मोदी ने उम्मीद जताई कि इस यात्रा के बाद भारत और अर्जेंटीना के बीच रणनीतिक साझेदारी और मजबूत बनेगी। हमें विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग के नए रास्ते तलाशने का मौका देगी... राष्ट्रपति माइली ने प्रधानमंत्री के सम्मान में दोपहर के भोज की मेजबानी की। प्रधानमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि भारत और अर्जेंटीना लोकतांत्रिक मूल्यों को साझा करते हैं और इसलिए वे स्वाभाविक साझेदार हैं। पीएम मोदी ने कहा, 'हमें भविष्य में अपने सहयोग को और अधिक ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए इसका उपयोग करना चाहिए।'
अर्जेंटीना भारत के लिए एक महत्वपूर्ण ऊर्जा भागीदार
पीएम मोदी और राष्ट्रपति माइली के बीच ऊर्जा और महत्वपूर्ण खनिज क्षेत्रों में सहयोग पर भी चर्चा हुई। प्रधानमंत्री ने भारत की बढ़ती ऊर्जा और औद्योगिक जरूरतों को रेखांकित किया और इस बात पर जोर दिया कि अर्जेंटीना भारत की विकास यात्रा में सहायता करने के लिए एक विश्वसनीय भागीदार के रूप में काम कर सकता है। दुनिया के दूसरे सबसे बड़े शेल गैस और चौथे सबसे बड़े शेल तेल भंडार के साथ-साथ पर्याप्त पारंपरिक तेल और गैस भंडार के साथ अर्जेंटीना भारत के लिए एक महत्वपूर्ण ऊर्जा भागीदार बनने की प्रबल क्षमता रखता है। लिथियम, तांबा और दुर्लभ तत्वों सहित महत्वपूर्ण खनिजों के अर्जेंटीना में समृद्ध भंडार हैं। इनसे भारत की स्वच्छ ऊर्जा संक्रमण और औद्योगिक विकास को आगे बढ़ाने के लिए सुरक्षित और टिकाऊ संसाधन मिल सकते हैं। भारत और अर्जेंटीना अंतरिक्ष के क्षेत्र में भी एक मजबूत साझेदारी साझा करते हैं। 2007 में, अर्जेंटीना का पहला उपग्रह भारत अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के समर्थन से लॉन्च किया गया था। इस आधार पर निर्माण करते हुए, दोनों नेताओं ने अंतरिक्ष क्षेत्र में और अधिक सहयोग को मजबूत करने की जरूरत पर भी जोर दिया।
भारतीय दवा उत्पादों को अर्जेंटीना के बाजार में सुगम प्रवेश की सुविधा मिलेगी
विदेश मंत्रालय में सचिव पी कुमारन ने बताया कि प्रधानमंत्री ने अर्जेंटीना के राष्ट्राध्यक्ष के सामने स्वास्थ्य सेवा और दवा क्षेत्र में भारत की ताकत को रेखांकित किया। उन्होंने विशेष रूप से उच्च गुणवत्ता वाली, सस्ती दवाओं का उत्पादन करने की क्षमता बताई। इसके अलावा उन्होंने भारत को, अर्जेंटीना के दवा विनियामक ढांचे के अनुलग्नक II से अनुलग्नक I में स्थानांतरित करने की संभावना पर भी चर्चा की। इससे अर्जेंटीना के बाजार में भारतीय दवा उत्पादों को सुगम प्रवेश की सुविधा मिलेगी। अर्जेंटीना के प्रतिनिधिमंडल ने भारतीय शिष्टमंडल को बताया कि भारतीय दवाओं के आयात के लिए फास्ट-ट्रैक अनुमोदन की प्रक्रिया कैसे चल रही है। भारतीय पक्ष ने बताया कि अर्जेंटीना के लोगों को सस्ती और जीवन रक्षक दवाएं आसानी से मिले, ये सुनिश्चित करने के लिए जरूरी सुधार हो रहे हैं। इससे अर्जेंटीना में स्वास्थ्य सेवा की लागत में कमी आएगी और देश को काफी लाभ भी होगा।
रक्षा क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने में भी रुचि
अर्जेंटीना की राजधानी ब्यूनस आयर्स में विदेश मंत्रालय के सचिव (पूर्व) पी कुमारन ने कहा, प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति माइली के साथ वार्ता के दौरान भारत-मर्कोसुर अधिमान्य व्यापार समझौते (India-MERCOSUR Preferential Trade Agreement) के विस्तार में अर्जेंटीना के समर्थन का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के विस्तार से दोनों पक्षों को परस्पर लाभ मिल सकता है और नए अवसर खुल सकते हैं। दोनों नेताओं ने रक्षा क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने में भी रुचि व्यक्त की, जहां उन्होंने महसूस किया कि वे सहयोग बढ़ाने और पारस्परिक रणनीतिक हितों में योगदान देने के लिए अपने-अपने अनुभवों और क्षमताओं का लाभ उठा सकते हैं। दोनों नेताओं ने कृषि क्षेत्र के महत्व और दोनों पक्षों की अर्थव्यवस्थाओं में इसके महत्वपूर्ण योगदान को भी स्वीकार किया... इसे आगे बढ़ाने के लिए, उन्होंने अपनी टीमों को जल्द से जल्द कृषि पर संयुक्त कार्य समूह की बैठक बुलाने का निर्देश दिया।
द्विपक्षीय रिश्तों में प्रगति.. आगे की यात्रा और भी आशाजनक
अर्जेंटीना के राष्ट्रपति जेवियर माइली के साथ बैठक को शानदार बताते हुए पीएम मोदी ने कई तस्वीरें साझा कीं। उन्होंने लिखा कि हम भारत-अर्जेंटीना राजनयिक संबंधों के 75 वर्ष पूरे होने और अपने संबंधों को रणनीतिक साझेदारी तक बढ़ाने के 5 वर्ष पूरे होने का जश्न मना रहे हैं। हमने अपने द्विपक्षीय संबंधों में महत्वपूर्ण प्रगति की है। हम इस बात पर सहमत हैं कि आगे की यात्रा और भी अधिक आशाजनक है।
पीएम मोदी और राष्ट्रपति माइली ने द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा की
अर्जेंटीना के ब्यूनस आयर्स में सचिव (पूर्व) पी कुमारन ने कहा, 'प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अर्जेंटीना की आधिकारिक यात्रा पर हैं। प्रधानमंत्री की अर्जेंटीना की अंतिम यात्रा 2018 में G20 शिखर सम्मेलन के लिए हुई थी। हालांकि, यह 57 वर्षों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली द्विपक्षीय यात्रा है, जो इसे ऐतिहासिक यात्रा बनाती है... प्रधानमंत्री का स्वागत अर्जेंटीना के राष्ट्रपति जेवियर माइली ने किया। प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता के दौरान, उन्होंने द्विपक्षीय संबंधों की संपूर्ण श्रृंखला की समीक्षा की। प्रधानमंत्री ने राष्ट्रपति माइली को उनके और उनके प्रतिनिधिमंडल के आतिथ्य के लिए धन्यवाद दिया और उनके शानदार स्वागत की भी सराहना की।'
पीएम मोदी ने जनता का अभिवादन किया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अर्जेंटीना के राष्ट्रपति जेवियर माइली ने जनता का अभिवादन किया।
ब्राजील का एक संगीत समूह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ब्राजील यात्रा के दौरान उनके लिए जय जगदंबा मां दुर्गा का नारा गाएगा। प्रधानमंत्री मोदी 6-7 जुलाई को रियो डी जेनेरियो में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे।
पीएम मोदी ने जताया आभार
अपना आभार व्यक्त करते हुए, पीएम मोदी ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, 'सांस्कृतिक जुड़ाव के मामले में दूरी कोई बाधा नहीं है! ब्यूनस आयर्स में भारतीय समुदाय द्वारा किए गए शानदार स्वागत से सम्मानित महसूस कर रहा हूं। यह देखना वाकई बहुत अच्छा है कि कैसे, घर से हजारों किलोमीटर दूर, भारत की भावना हमारे भारतीय समुदाय के माध्यम से चमकती है।' उन्होंने यह भी लिखा, 'द्विपक्षीय यात्रा के लिए ब्यूनस आयर्स पहुंचा हूं, जो अर्जेंटीना के साथ संबंधों को बढ़ाने पर केंद्रित होगी। मैं राष्ट्रपति जेवियर माइली से मिलने और उनके साथ विस्तृत बातचीत करने के लिए उत्सुक हूं।'
राष्ट्रपति माइली के साथ पीएम मोदी ने की प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अर्जेंटीना के राष्ट्रपति जेवियर माइली ने ब्यूनस आयर्स में प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता की। यह प्रधानमंत्री मोदी की अर्जेंटीना की आधिकारिक यात्रा का एक महत्वपूर्ण क्षण है।
पीएम मोदी शुक्रवार को पहले एजीजा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरे और अर्जेंटीना गणराज्य के राष्ट्रपति जेवियर माइली के निमंत्रण पर आधिकारिक यात्रा पर हैं। पीएम मोदी के कार्यक्रम में माइली के साथ द्विपक्षीय वार्ता करना शामिल है, जिसमें चल रहे सहयोग की समीक्षा करना और रक्षा, कृषि, खनन, तेल और गैस, नवीकरणीय ऊर्जा, व्यापार और निवेश, और लोगों से लोगों के बीच संबंधों जैसे प्रमुख क्षेत्रों में भारत-अर्जेंटीना साझेदारी को गहरा करने के तरीकों का पता लगाना शामिल है। उनके आगमन के बाद, प्रधानमंत्री का उनके होटल के बाहर भारतीय प्रवासियों के सदस्यों द्वारा गर्मजोशी से स्वागत किया गया। उन्होंने पारंपरिक भारतीय नृत्य प्रदर्शन देखा और उत्साही भीड़ से बातचीत की, जिन्होंने उनका स्वागत करने के लिए 'भारत माता की जय' और 'मोदी-मोदी' के नारे लगाए।
पीएम मोदी ने सैन मार्टिन स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की
प्रधानमंत्री मोदी ने शनिवार को अर्जेंटीना के राष्ट्रीय नायक माने जाने वाले जनरल जोस डी सैन मार्टिन के स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की। जोस फ्रांसिस्को डी सैन मार्टिन वाई मैटोरस को दक्षिण अमेरिकी राष्ट्र अर्जेंटीना, चिली और पेरू के मुक्तिदाता के रूप में भी जाना जाता है।
पीएम मोदी शुक्रवार शाम को दो दिवसीय यात्रा पर अर्जेंटीना पहुंचे, इस दौरान वे देश के शीर्ष नेतृत्व के साथ बातचीत करेंगे, ताकि चल रहे सहयोग की समीक्षा की जा सके और प्रमुख क्षेत्रों में द्विपक्षीय साझेदारी को बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की जा सके। यह 57 वर्षों में अर्जेंटीना में प्रधानमंत्री स्तर की पहली भारतीय द्विपक्षीय यात्रा है। प्रधानमंत्री के रूप में यह मोदी की देश की दूसरी यात्रा है; उन्होंने 2018 में जी20 शिखर सम्मेलन के लिए यात्रा की थी। यह प्रधानमंत्री की पांच देशों की यात्रा का तीसरा पड़ाव भी है। विदेश मंत्रालय के अनुसार, पीएम मोदी रक्षा, कृषि, खनन, तेल और गैस, नवीकरणीय ऊर्जा, व्यापार और निवेश सहित प्रमुख क्षेत्रों में भारत-अर्जेंटीना साझेदारी को और बढ़ावा देने के लिए राष्ट्रपति माइली के साथ व्यापक वार्ता करेंगे।
राष्ट्रपति माइली और पीएम मोदी ने एक-दूसरे को गले लगाया
अर्जेंटीना के राष्ट्रपति जेवियर माइली और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक दूसरे से गले मिले, जब अर्जेंटीना के राष्ट्रपति ने राजधानी ब्यूनस आयर्स में प्रधानमंत्री का स्वागत किया।
राष्ट्रपति माइली ने किया पीएम मोदी का स्वागत
अर्जेंटीना के राष्ट्रपति जेवियर माइली ने राजधानी ब्यूनस आयर्स में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत किया।
अर्जेंटीना के राष्ट्रपति ने पीएम मोदी को गले लगाकर जताई दोस्ती
अर्जेंटीना की राजधानी ब्यूनस आयर्स में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जोरदार स्वागत हुआ। अर्जेंटीना के राष्ट्रपति जेवियर माईली ने खुद पीएम मोदी को गले लगाकर गर्मजोशी से स्वागत किया। दोनों नेताओं की यह मुलाकात आपसी सहयोग और दोस्ती को और मजबूत करने की दिशा में अहम मानी जा रही है। राष्ट्रपति माईली और पीएम मोदी के बीच बातचीत में व्यापार, निवेश और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अर्जेंटीना दौरे पर कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने शनिवार को पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की 1968 में ब्यूनस आयर्स की यात्रा को याद किया। रमेश ने यह भी याद किया कि अर्जेंटीना के अर्थशास्त्री राउल प्रीबिश, जो 1950 और 1960 के दशक में बहुत प्रभावशाली थे, जिन्होंने व्यापार और विकास पर संयुक्त राष्ट्र सम्मेलन (यूएनसीटीएडी) की स्थापना में मदद की थी। उन्होंने कहा कि ग्लोबल साउथ, एक ऐसा शब्द जिसका इस्तेमाल अब प्रधानमंत्री मोदी और विदेश मंत्री एस जयशंकर करते हैं, यूएनसीटीएडी द्वारा प्रचारित किया गया था, हालांकि इसका पहली बार इस्तेमाल ब्रिटिश बैंकर ओलिवर फ्रैंक्स ने 1960 में किया था। उन्होंने कहा कि रवींद्रनाथ टैगोर ने नवंबर 1924 में एक प्रमुख साहित्यिक हस्ती विक्टोरिया ओकैम्पो के निमंत्रण पर अर्जेंटीना में समय बिताया था।
प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत में प्रस्तुति देने वाली कलाकार ज़िनिया ने बताया, 'यह जीवन बदल देने वाला अनुभव था। हमने भारतीय नृत्य शैलियों को प्रस्तुत करने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ देने के लिए बहुत मेहनत की। मुझे वाकई खुशी है कि प्रधानमंत्री मोदी ने इसका आनंद लिया। वह हमें बहुत ध्यान से देख रहे थे, और उन्होंने हमें बधाई भी दी।'
भारतीय मूल के अखिलेश वर्मा ने कहा कि पीएम मोदी से मिलकर बहुत अच्छा लगा। हम उन्हें अर्जेंटीना में देखकर बहुत खुश हैं। हम चाहते हैं कि दोनों देशों के बीच व्यापारिक और सांस्कृतिक रिश्ते और मजबूत हों।
पीएम मोदी अर्जेंटीना में राष्ट्रपति जेवियर माइली के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे, जिसमें दोनों देशों के बीच सहयोग बढ़ाने पर चर्चा होगी। इनमें रक्षा, कृषि, खनन, तेल और गैस, अक्षय ऊर्जा, व्यापार और निवेश आदि क्षेत्र शामिल हैं।
अर्जेंटीना में पीएम मोदी का स्वागत भारत माता की जय, जय श्री राम के उद्घोष के साथ हुआ। प्रधानमंत्री ब्यूनस आयर्स के होटल पहुंचे, जहां भारतीय मूल के लोगों से मुलाकात की।
क्या है पीएम मोदी का कार्यक्रम
प्रधानमंत्री मोदी अर्जेंटीना के स्वतंत्रता सेनानी और राष्ट्रीय नायक जनरल जोस डे सैन मार्टिन की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। भारत के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता के बाद पीएम मोदी के सम्मान में देश के राष्ट्रपति माइली दोपहर के भोज की मेजबानी भी करेंगे।
ये भी पढ़ें- PM In Caribbean: संस्कृति, क्रिकेट, मिर्च मसाले से नई विश्व व्यवस्था तक, एक पेड़ मां के नाम भी; देखिए झलकियां
दोनों देशों के बीच करीबी रिश्ते हैं
गौरतलब है कि दोनों देशों के बीच कई क्षेत्रों में बेहद घनिष्ठ संबंध हैं। वर्ष 2019 में संबंधों को रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक बढ़ाया गया था। दोनों देशों ने 2024 में राजनयिक संबंधों के 75 साल पूरे होने का जश्न मनाया था। अर्जेंटीना में योग, आयुर्वेद और भारतीय दर्शन काफी लोकप्रिय हैं।
लंबी विदेश यात्रा के तीसरे चरण में पीएम मोदी देर रात (स्थानीय समय) अर्जेंटीना की राजधानी ब्यूनस आयर्स पहुंचे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस दक्षिण अमेरिकी देश के राष्ट्रपति से मुलाकात करेंगे। राष्ट्रपति जेवियर माइली के निमंत्रण पर इस देश का दौरा कर रहे पीएम मोदी अर्जेंटीना को लैटिन अमरीका में एक प्रमुख आर्थिक साझेदार और जी-20 में एक करीबी सहयोगी बता चुके हैं।
कई मुद्दों पर द्विपक्षीय वार्ता करेंगे भारत और अर्जेंटीना के राष्ट्राध्यक्ष
राष्ट्रपति माइली के साथ द्विपक्षीय वार्ता के दौरान पीएम मोदी रक्षा, कृषि, खनन, तेल और गैस, नवीकरणीय ऊर्जा, व्यापार और निवेश से मुद्दों पर चर्चा करेंगे। इसके अलावा दोनों देशों के नागरिकों के बीच संबंधों सहित कई प्रमुख क्षेत्रों पर भी बात किए जाने की संभावना है।