फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Nepal Elections 2026: नेपाल के आम चुनाव में 60% मतदान; 6500+ प्रत्याशियों का भाग्य मतपेटियों में कैद

Thu, 05 Mar 2026 09:47 PM IST
Pavan वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, काठमांडो

खास बातें

Nepal Election Voting Live Updates नेपाल चुनाव 2026: पड़ोसी देश नेपाल में आज आम चुनाव के लिए मतदान किया गया। साल 2025 में जेन-जी के विरोध प्रदर्शन के बाद नेपाल की तत्कालीन केपी शर्मा ओली सरकार गिर गई थी। 275 सीटों के लिए मतदान सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक चला। अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में पढ़ें नेपाल चुनाव से जुड़े सभी अपडेट्स 
विज्ञापन
नेपाल चुनाव 2026 - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक
विज्ञापन

लाइव अपडेट

09:48 PM, 05-Mar-2026

नेपाल चुनाव में 60 प्रतिशत मतदान

नेपाल में संसदीय चुनाव के लिए गुरुवार को मतदान हुआ, जिसमें करीब 60 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने वोट डाले। नेपाल निर्वाचन आयोग ने यह जानकारी दी। कार्यवाहक मुख्य चुनाव आयुक्त राम प्रसाद भंडारी ने मीडिया ब्रीफिंग में यह आंकड़ा बताया। पिछले चुनावों में मतदान प्रतिशत की बात करें तो 2022 में 61.63 प्रतिशत था। 2013 में 78.34 प्रतिशत रहा था। वहीं, 2017 में 68.67 प्रतिशत, 2008 में 61.70 प्रतिशत, 1999 में 65.79 प्रतिशत, 1994 में 61.86 प्रतिशत और 1991 में 65.15 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था। मतदान सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक चला और जो मतदाता तय समय तक कतार में थे, उन्हें उसके बाद भी वोट डालने की अनुमति दी गई।

06:14 PM, 05-Mar-2026

करीब 60 से 65 प्रतिशत मतदान का शुरुआती अनुमान: मुख्य निर्वाचन अधिकारी खड़का

प्रतिनिधि सभा की काठमांडू जिले की सभी 10 सीटों पर गुरुवार को मतदान खत्म होने के बाद अब वोटों की गिनती की तैयारी शुरू हो गई है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी चूरामण खड़का ने बताया कि जिले के सभी मतदान केंद्रों पर शाम पांच बजे तक शांतिपूर्ण तरीके से वोटिंग पूरी हो गई। शुरुआती अनुमान के मुताबिक काठमांडू में करीब 60 से 65 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया है।

खड़का ने कहा कि कुल कितने वोट पड़े हैं, इसका सही आंकड़ा आने में अभी कुछ समय लगेगा। उन्होंने बताया कि सभी मतदान केंद्रों से मत पत्र करीब दो घंटे के भीतर संबंधित निर्वाचन अधिकारियों के कार्यालयों में पहुंचा दिए जाएंगे, जिसके बाद मतगणना शुरू की जाएगी।
 

06:10 PM, 05-Mar-2026

नेपाल में आम चुनाव के लिए मतदान संपन्न

नेपाल के संसदीय चुनाव के लिए आधिकारिक तौर पर शाम पांच बजे मतदान समाप्त हो चुका है।  शुरुआती अनुमान के मुताबिक काठमांडू में करीब 60 से 65 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया है।

विज्ञापन
05:15 PM, 05-Mar-2026

मतदान 65 प्रतिशत से अधिक रहने की उम्मीद: कार्यवाहक मुख्य चुनाव आयुक्त राम प्रसाद भंडारी

कार्यवाहक मुख्य चुनाव आयुक्त राम प्रसाद भंडारी ने मतदान के बाद पत्रकारों से बातचीत में कहा कि इस बार मतदान 65 प्रतिशत से अधिक रहने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि सुबह से ही उन्होंने पहाड़ी क्षेत्रों के एक दर्जन से ज्यादा जिलों के प्रतिनिधियों से बात की है और वहां भी मतदान जारी है। मौसम भी अनुकूल बना हुआ है। हालांकि ऐसा लगता है कि पिछले चुनावों के करीब पांच प्रतिशत वोट इस बार अमान्य हो गए हैं। नेपाल के अखबार 'हिमालयन' ने अपनी रिपोर्ट में यह जानकारी दी है। 

04:51 PM, 05-Mar-2026

प्रांतों में दोपहर तीन बजे तक मतदान की स्थिति

काठमांडू घाटी में गुरुवार दोपहर तीन बजे तक पंजीकृत मतदाताओं में से आधे से ज्यादा लोगों ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। देशभर में प्रतिनिधि सभा चुनाव के लिए मतदान जारी है। नेपाल निर्वाचन आयोग के अनुसार, काठमांडू घाटी की 15 सीटों में कुल 11,85,374 पंजीकृत मतदाता हैं। इनमें से दोपहर 3 बजे तक 6,24,934 लोगों ने वोट डाले, जो करीब 51 प्रतिशत मतदान है।

दोपहर तक आए प्रांतीय आंकड़ों में देशभर में मतदान की अलग-अलग स्थिति सामने आई।

  • कोशी प्रांत में सबसे ज्यादा 58 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। यहां 35,74,310 पंजीकृत मतदाताओं में से 13,59,816 लोगों ने वोट डाले।
  • मधेश प्रांत में 36,36,414 पंजीकृत मतदाताओं में से 10,97,570 लोगों ने मतदान किया, जो करीब 54 प्रतिशत है। बागमती प्रांत में 24,96,936 मतदाताओं में से 10,55,924 लोगों ने वोट डाले। यहां मतदान करीब 53 प्रतिशत रहा।
  • गंडकी प्रांत में 18,70,065 मतदाताओं में से 8,57,459 लोगों ने मतदान किया, जो लगभग 41 प्रतिशत है।
  • लुम्बिनी प्रांत में दोपहर 3 बजे तक 33,86,680 पंजीकृत मतदाताओं में से 13,67,966 लोगों ने वोट डाले। यहां मतदान करीब 38 प्रतिशत रहा।
  • कर्णाली प्रांत में 10,37,250 मतदाताओं में से 4,44,493 लोगों ने मतदान किया, जो करीब 42 प्रतिशत है।
  • सुदूरपश्चिम प्रांत में 17,16,660 पंजीकृत मतदाताओं में से 6,06,239 लोगों ने वोट डाले, जो लगभग 43 प्रतिशत है।

विज्ञापन
04:47 PM, 05-Mar-2026

चुनाव में कुल 65 राजनीतिक दल हिस्सा ले रहे

चुनाव के लिए नेपाल में बुधवार से तीन दिन के अवकाश की घोषणा की गई है। निर्वाचन आयोग के अनुसार देशभर में 10,967 मतदान बूथ और 23,112 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इस चुनाव में कुल 65 राजनीतिक दल हिस्सा ले रहे हैं।

04:42 PM, 05-Mar-2026

देश में शांतिपूर्व चल रहा मतदान: चुनाव आयुक्त सगुन शुमशेर राणा ने

चुनाव आयुक्त सगुन शुमशेर राणा ने स्थानीय मीडिया से कहा कि देशभर में मतदान शांतिपूर्वक हो रहा है और कुछ जगहों पर मामूली घटनाओं को छोड़कर कोई बड़ी समस्या सामने नहीं आई है। नेपाल के करीब 1.89 करोड़ मतदाता प्रतिनिधि सभा की 275 सीटों के लिए वोट डाल रहे हैं। इनमें से 165 सदस्य प्रत्यक्ष मतदान यानी फर्स्ट पास्ट द पोस्ट प्रणाली से चुने जाएंगे, जबकि 110 सदस्य आनुपातिक प्रतिनिधित्व प्रणाली से चुने जाएंगे। प्रत्यक्ष चुनाव के तहत 165 सीटों के लिए करीब 3400 उम्मीदवार मैदान में हैं, जबकि आनुपातिक प्रणाली की 110 सीटों के लिए 3135 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं।

02:39 PM, 05-Mar-2026

दोपहर 1 बजे तक नेपाल में 24% मतदान

नेपाल के चुनाव आयोग के अनुसार दोपहर 1 बजे तक नेपाल में देशव्यापी मतदान 24 प्रतिशत दर्ज किया गया। काठमांडू घाटी में सबसे अधिक भागीदारी दर्ज की गई, जहां कुल मतदान 36 प्रतिशत रहा। काठमांडू जिला 41 प्रतिशत के साथ सबसे आगे रहा, उसके बाद ललितपुर 31 प्रतिशत और भक्तपुर 24 प्रतिशत के साथ दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे।

01:41 PM, 05-Mar-2026

देश भर में मतदान सुचारू रूप से जारी: चुनाव आयोग

काठमांडू पोस्ट के अनुसार चुनाव आयुक्त सगुन शमशेर राणा ने बताया कि देश भर में मतदान सुचारू रूप से चल रहा है और कुछ ही स्थानों पर मामूली घटनाएं हुई हैं। वहीं नेपाल पुलिस ने पुष्टि की है कि कुछ स्थानों पर मामूली विवाद के अलावा कोई गंभीर समस्या उत्पन्न नहीं हुई है।

 

01:18 PM, 05-Mar-2026

बालेन, गगन और प्रचंड को हेलीकॉप्टर में सवार होने की मिली अनुमति 

बीबीसी ने एक आयुक्त के हवाले से बताया कि चुनाव आयोग ने मतदान के दिन तीन नेताओं को हेलीकॉप्टर में सवार होने की अनुमति दी है। चुनाव आयुक्त सगुन शमशेर जाबरा के हवाले से बीबीसी न्यूज नेपाली ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि गगन थापा, बालेन शाह और पुष्प कमल दहल प्रचंड को हेलीकॉप्टर का उपयोग करने की अनुमति दे दी है।

12:53 PM, 05-Mar-2026

केपी शर्मा ओली ने डाला वोट

पूर्व प्रधानमंत्री और कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ नेपाल (CPN-UML) के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार केपी शर्मा ओली ने भक्तपुर के एक मतदान केंद्र पर मतदान किया।
 

12:48 PM, 05-Mar-2026

दोपहर 12 बजे तक नेपाल में 18% मतदान

चुनाव आयोग के अनुसार नेपाल के संसदीय चुनावों में गुरुवार दोपहर तक मतदान प्रतिशत लगभग 18 प्रतिशत तक पहुंच गया। चुनाव आयोग के प्रवक्ता नारायण प्रसाद भट्टराई ने बताया कि दोपहर 12 बजे तक देशभर में कुल 3,163,736 मत डाले जा चुके है।

12:14 PM, 05-Mar-2026

सुबह 11 बजे तक नेपाल में 10.18% मतदान

काठमांडो पोस्ट के अनुसार चुनाव आयोग के प्रवक्ता नारायण प्रसाद भट्टराई ने बताया कि गुरुवार सुबह 11 बजे तक मतदान प्रतिशत 10.18 प्रतिशत तक पहुंच गया है। वहीं पोलिंग बूथ पर लोगों की लंबी कतारें देखने को मिल रही है। 
 

12:13 PM, 05-Mar-2026

दोलाखा के एक पोलिंग बूथ पर वोटिंग रोकी, पुलिस ने की हवाई फायरिंग

काठमांडो पोस्ट के अनुसार दोलाखा जिले के एक मतदान केंद्र पर वोटिंग रोकी गई। जिले की तमाकोशी ग्रामीण नगरपालिका के वार्ड 4 में स्थित मालू मतदान केंद्र पर उम्मीदवारों के प्रतिनिधियों के बैठने की व्यवस्था को लेकर विवाद बढ़ा, जिसके बाद मतदान कर्मचारियों पर हमला करने का प्रयास किया गया। इस हमले के बाद कुछ समय के लिए रोक दिया गया। स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए पुलिस ने चेतावनी के तौर पर एक राउंड फायरिंग की। अधिकारियों ने बताया कि व्यवस्था बहाल करने और मतदान फिर से शुरू करने के प्रयास जारी हैं।

11:29 AM, 05-Mar-2026

नेपाल में सुबह 9:30 बजे तक 6 फीसदी मतदान

नेपाल चुनाव आयोग के अनुसार सुबह 9:30 बजे तक लगभग छह प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। नेपाल में जेन-जी आंदोलन के बाद यह पहला चुनाव है। लोग कड़ी सुरक्षा के बीच अपना वोट डालने पहुंच रह हैं। सभी 165 निर्वाचन क्षेत्रों के मतदान केंद्रों पर मतदान के लिए कतारें लग रही हैं।  

11:08 AM, 05-Mar-2026

नेपाल में मतदान सुचारू रूप से चल रहा: चुनाव आयोग

नेपाल के चुनाव आयोग ने कहा कि देशभर में मतदान शुरू होने के साथ ही मतदान सुचारू रूप से चल रहा है। प्रवक्ता नारायण प्रसाद भट्टराई ने कहा कि अभी तक किसी प्रकार की गड़बड़ी की सूचना नहीं मिली है और चुनावी प्रक्रिया सुरक्षित तरीके से संचालित की जा रही है। उन्होंने आगे कहा कि मतदाता व्यवस्थित ढंग से मतदान केंद्रों पर पहुंच रहे हैं। बता दें कि सुबह 7 बजे से शुरू हुआ मतदान शाम 5 बजे चलेगा।

10:32 AM, 05-Mar-2026

कांग्रेस उम्मीदवार सचिन तिमलसे का बयान

काठमांडो निर्वाचन क्षेत्र संख्या 4 से नेपाली कांग्रेस के उम्मीदवार सचिन तिमलसेना ने चुनावों के संचालन और चुनाव में अपनी संभावनाओं के बारे में विश्वास व्यक्त किया। एएनआई से बात करते हुए तिमलसेना ने कहा, 'इस चुनाव में युवाओं की भागीदारी अभूतपूर्व रही है। मेरा मानना है कि आगे भी ऐसा ही रहेगा। अगर युवा किसी पार्टी को अपना नेता या प्रतिनिधि चुनते हैं, तो संभावना है कि वही पार्टी चुनाव जीत जाएगी।' बागमती प्रांत के काठमांडू निर्वाचन क्षेत्र-4 से चुनाव लड़ रहे तिमलसेना ने कहा कि सुरक्षा शुरू से ही चिंता का विषय रही है, लेकिन अब तक की व्यवस्थाएं प्रभावी प्रतीत हो रही हैं।

10:29 AM, 05-Mar-2026

पीएम पद के उम्मीदवार गगन थापा ने डाला वोट

नेपाली कांग्रेस के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार गगन थापा ने नेपाल के आम चुनाव 2026 के लिए काठमांडू में मैती देवी मंदिर मतदान केंद्र पर मतदान किया। वोटिंग के बाद गगन थापा ने कहा, 'मैं बहुत उत्साहित हूं, और मैं अपनी पार्टी के लिए सबसे अच्छे की उम्मीद कर रहा हूं। इस समय नेपाल को एक बहुत ही परिपक्व नेतृत्व की आवश्यकता है, जो अनुभवी होने के साथ-साथ बदलाव की चाहत भी रखता हो। मुझे इसकी बहुत आशा है।
 

09:36 AM, 05-Mar-2026

अंतरिम प्रधानमंत्री सुशीला कार्की ने डाला वोट

नेपाल की अंतरिम प्रधानमंत्री सुशीला कार्की ने काठमांडो के धापासी मतदान केंद्र पर मतदान किया। वोटिंग के बाद उन्होंने मीडिया से कहा कि मेरा कर्तव्य पूरा हो गया। साथ लोगों से भी मतदान में बढ़चढ़ कर हिस्सा लेने की अपील की। 

09:32 AM, 05-Mar-2026

नेपाल चुनाव: मतदाताओं की लंबी कतारें

काठमांडो: महाराजगंज के एक मतदान केंद्र पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखी गईं। मतदान केंद्र के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। इस दौरान एक मतदाता ने कहा कि जो भी सत्ता में आएगा, वह अच्छा होगा और देश का विकास करेगा। मैंने इस उम्मीद से वोट दिया है कि युवाओं का पलायन रुक जाएगा।
 

08:36 AM, 05-Mar-2026

कार्यवाहक मुख्य आयुक्त और पूर्व पीएम ने मतदान किया

चुनाव कराने के लिए जिम्मेदार कार्यवाहक मुख्य चुनाव आयुक्त राम प्रसाद भंडारी ने अपना वोट डाल दिया है। उन्होंने काठमांडो महानगरपालिका के वार्ड नंबर 29 के मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। इसी के साथ पूर्व प्रधानमंत्री और नेपाली कम्युनिस्ट पार्टी के समन्वयक पुष्प कमल दहल प्रचंड ने भी अपना वोट डाला। वोटिंग के बाद उन्होंने चुनावों पर खुशी व्यक्त की।

 

08:35 AM, 05-Mar-2026

वोट डालने के लिए लाखों लोग काठमांडो से रवाना हुए

नेपाल के प्रमुख शहरों और शहरी केंद्रों में रहने वाले लाखों लोग अपने वोट डालने और रिश्तेदारों और पड़ोसियों से मिलने के लिए अपने पैतृक गांवों में वापस चले गए हैं। द काठमांडू पोस्ट में मेट्रोपॉलिटन ट्रैफिक पुलिस डिवीजन के हवाले से बताया गया है कि बुधवार सुबह तक लगभग 8 लाख लोग काठमांडो घाटी छोड़ चुके थे। 

पुलिस उपाधीक्षक सुनील जंग शाह ने कहा, 'चुनाव के लिए और अधिक लोगों के अपने गृह जिलों में लौटने की उम्मीद है। इतने सारे लोगों को अपने परिवारों के साथ घर लौटते देखना किसी बड़े त्योहार जैसा लगता है।'

अधिकारियों ने कहा कि लोगों का इस तरह का बड़े पैमाने पर पलायन आमतौर पर केवल नेपाल के सबसे बड़े त्योहार दशैन के दौरान होता है, जब दस लाख से अधिक लोग घाटी छोड़ देते हैं।

08:30 AM, 05-Mar-2026

नेपाल: आम चुनाव के लिए वोटिंग जारी

नेपाल के 2026 के आम चुनाव के लिए वोटिंग जारी है। वीडियो राजधानी काठमांडो के धापासी पोलिंग सेंटर की है। 
 

08:20 AM, 05-Mar-2026

वोट डालने के बाद क्या बोला युवा?

काठमांडो: मतदान करने के बाद एक एक वोटर ने कहा कि मुझे उम्मीद है कि जो भी जीतेगा, वह नेपाल के विकास और हर नागरिक के जीवन को बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभाएगा।

07:25 AM, 05-Mar-2026

राजधानी काठमांडू में भी वोटिंग जारी

नेपाल में 2026 के आम चुनाव के लिए मतदान शुरू हो गया है। राजधानी काठमांडू में अन्नपूर्णा विनायक स्कूल मतदान केंद्र से वोटिंग की तस्वीर सामने आई है।
 

07:22 AM, 05-Mar-2026

बालेन शाह ने काठमांडू में डाला वोट

नेपाल की राजधानी काठमांडू में पूर्व महापौर और रैपर बलेंद्र 'बालेन' शाह ने नेपाल के 2026 के आम चुनाव के लिए अन्नपूर्णा विनायक स्कूल मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला।
 

07:13 AM, 05-Mar-2026

नेपाल चुनाव में क्या हैं मुख्य मुद्दे?

  • भ्रष्टाचार- नेपाली लोग राजनीतिक भ्रष्टाचार से बेहद चिंतित हैं, और इस मुद्दे ने जेन-जी के उस आंदोलन में अहम भूमिका निभाई जिसके चलते ये चुनाव हुए।
  • रोजगार और अर्थव्यवस्था- उच्च बेरोजगारी, विशेषकर युवाओं में, मतदाताओं को आर्थिक अवसरों और बेहतर शासन की मांग करने के लिए प्रेरित कर रही है।
  • विदेश संबंध- नेपाल अपने पड़ोसी देशों भारत और चीन के बीच अपनी स्थिति को लेकर बातचीत कर रहा है, ऐसे में विदेश नीति, विशेष रूप से व्यापार, निवेश और सीमा प्रबंधन, एक महत्वपूर्ण विषय होगा।
  • जलवायु और स्थानीय चिंताएं- एवरेस्ट क्षेत्र में रहने वाले शेरपा जैसे समुदायों के लिए, पर्यावरण संबंधी मुद्दे और जलवायु परिवर्तन भी बढ़ती प्राथमिकताएं हैं।

07:10 AM, 05-Mar-2026

नेपाल में चुनाव के प्रमुख कारण क्या हैं?

  • यह अंतरिम सरकार को हटाकर एक पूर्ण निर्वाचित विधायिका की स्थापना करेगा।
  • यह पारंपरिक पार्टी नेताओं के मुकाबले नए, युवा राजनीतिक चेहरों की लोकप्रियता की परीक्षा लेगा।
  • नेपाल की अगली सरकार देश की आर्थिक दिशा, भ्रष्टाचार विरोधी प्रयासों और विदेश नीति, विशेष रूप से पड़ोसी देशों के साथ संबंधों का मार्गदर्शन करेगी।

07:00 AM, 05-Mar-2026

नेपाल में आम चुनाव के लिए वोटिंग शुरू

नेपाल में संसदीय चुनाव के लिए मतदान शुरू हो चुका है। नेपाल चुनाव आयोग के अनुसार, देश में मतदान सुबह सात बजे से शुरू होकर शाम पांच बजे तक चलेगा। यह चुनाव एक उथल-पुथल भरे वर्ष के बाद हो रहा है। सितंबर 2025 में, भ्रष्टाचार, आर्थिक गतिरोध और राजनीतिक अभिजात वर्ग के प्रति जनता के गुस्से को लेकर युवाओं के नेतृत्व में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन हुए। सुरक्षा बलों ने दमनकारी कार्रवाई की, जिससे व्यापक अशांति और जानमाल का नुकसान हुआ और आखिरकार प्रधानमंत्री ओली को इस्तीफा देना पड़ा। पूर्व मुख्य न्यायाधीश सुशीला कार्की के नेतृत्व में एक अंतरिम सरकार ने सत्ता संभाली और स्थिरता बहाल करने और छह महीने के भीतर चुनाव कराने का वादा किया। 5 मार्च को होने वाले चुनाव उस वादे की पूर्ति हैं।
 

06:56 AM, 05-Mar-2026

नेपाल चुनाव 2026: प्रमुख दावेदार कौन हैं?

नेपाल के चुनावों में राजनीतिक विचारधारा के कई वर्गों के उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें अनुभवी नेताओं से लेकर हाल के विरोध प्रदर्शनों से प्रेरित नए चेहरे शामिल हैं। अनुभवी राजनेताओं में केपी शर्मा ओली- पूर्व प्रधानमंत्री और कम्युनिस्ट पार्टी (यूएमएल) के नेता, जो अपने पिछले कार्यकाल को लेकर हुए विवादों के बावजूद वापसी की कोशिश कर रहे हैं। वहीं गगन थापा- पुरानी स्थापित नेपाली कांग्रेस के नेता, जो भ्रष्टाचार निवारण और रोजगार सृजन पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। जबकि उभरते हुए नए नेताओं की बात करें तो - सबसे चर्चित चेहरों में से एक हैं बलेंद्र बालेन शाह, जो एक पूर्व रैपर और सिविल इंजीनियर हैं, काठमांडू के लोकप्रिय महापौर बने और अब एक सुधारवादी आंदोलन का नेतृत्व कर रहे हैं जो युवा और शहरी मतदाताओं को आकर्षित कर रहा है। शाह और उनकी पार्टी आर्थिक सुधार, पारदर्शिता और नेपाल की पारंपरिक राजनीतिक व्यवस्था और बदलाव चाहने वाले मतदाताओं के बीच सेतु निर्माण के वादों पर चुनाव प्रचार कर रहे हैं।

06:44 AM, 05-Mar-2026

नेपाल चुनाव में प्रमुख पार्टियां कौन सी हैं?

नेपाल सात प्रांतों में विभाजित है, जिसमें कोशी, मधेस, बागमती, गंडकी, लुम्बिनी, करनाली और सुदूरपश्चिम शामिल हैं। इस चुनाव में भाग लेने वाली प्रमुख राजनीतिक पार्टियों में आरएसपी, कांग्रेस, यूएमएल, एनसीपी, आरपीपी, पीएसपी-एन, जनता, यूएनपी और कई अन्य छोटी पार्टियां हैं।

06:34 AM, 05-Mar-2026

नेपाल चुनाव 2026: परिणाम कब आएंगे?

नेपाल के चुनाव आयोग ने कहा है कि वह देशभर से मतपेटियों को इकट्ठा करने के 24 घंटे के भीतर 165 फर्स्ट-पास्ट-द-पोस्ट सीटों के परिणाम घोषित करने की योजना बना रहा है, जबकि इस प्रक्रिया में आमतौर पर कम से कम एक दिन लगता है। कार्यवाहक मुख्य चुनाव आयुक्त राम प्रसाद भंडारी ने बताया कि आनुपातिक प्रतिनिधित्व प्रणाली के तहत वोटों की गिनती, जिससे 110 सीटों का आवंटन तय होता है, में दो से तीन दिन अतिरिक्त लग सकते हैं। यदि आयोग इस समय-सीमा का पालन करने में सफल होता है, तो यह चुनाव परिणामों की घोषणा के संबंध में देश के इतिहास में एक महत्वपूर्ण बदलाव होगा। नेपाल में 2022 के पिछले आम चुनाव के दौरान, अधिकारियों को पूर्ण और अंतिम परिणाम प्रकाशित करने में दो सप्ताह से अधिक का समय लगा था।

06:26 AM, 05-Mar-2026

नेपाल में 1.89 करोड़ से ज्यादा मतदाता करेंगे मतदान

नेपाल के निर्वाचन आयोग के अनुसार इस चुनाव में 1 करोड़ 89 लाख से अधिक पंजीकृत मतदाता मतदान करने के पात्र हैं। इनमें लगभग 96 लाख 60 हजार पुरुष और 92 लाख 40 हजार महिलाएं शामिल हैं। एफपीटीपी प्रणाली के तहत 3,406 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं, जबकि समानुपातिक प्रतिनिधित्व प्रणाली के लिए 3,135 उम्मीदवारों की सूची जारी की गई है। 

06:20 AM, 05-Mar-2026

अंतरिम सरकार ने कराया चुनाव का रास्ता साफ

जेन-जी आंदोलन के बाद तत्कालीन पीएम केपी शर्मा ओली की सरकार गिर गई थी। इसके बाद अंतरिम प्रधानमंत्री के रूप में सुशीला कार्की ने नेतृत्व संभाला। इस सरकार ने राजनीतिक स्थिरता बहाल करने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए चुनाव कराने का फैसला लिया।

06:09 AM, 05-Mar-2026

जेन-जी आंदोलन के बाद पहला आम चुनाव

नेपाल में यह चुनाव पिछले साल हुए जेन-जी आंदोलन के बाद हो रहा है। सितंबर 2025 में हुए जेन-जी आंदोलन के दौरान पड़ोसी देश में व्यापक हिंसा देखने को मिली थी। सरकारी आंकड़ों के अनुसार इस दौरान करीब 77 लोगों की मौत हो गई थी और लगभग 84 अरब नेपाली रुपए की निजी और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचा था। इस घटना के बाद देश की राजनीतिक दिशा को लेकर अनिश्चितता पैदा हो गई थी।

06:08 AM, 05-Mar-2026

सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक मतदान

नेपाल की संघीय संसद के निचले सदन हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स की 275 सीटों के लिए मतदान होगा। इनमें से 165 सीटों पर फर्स्ट-पास्ट-द-पोस्ट प्रणाली के तहत सीधे चुनाव होगा, जबकि 110 सीटें समानुपातिक प्रतिनिधित्व प्रणाली के जरिए भरी जाएंगी। निर्वाचन आयोग के अनुसार मतदान सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक कराया जाएगा। बता दें कि, नेपाल भारत से 15 मिनट आगे है।

05:48 AM, 05-Mar-2026

Nepal Elections 2026: नेपाल के आम चुनाव में 60% मतदान; 6500+ प्रत्याशियों का भाग्य मतपेटियों में कैद

नेपाल में आज संसदीय चुनाव के लिए मतदान किया जाएगा। 275 सीटों के लिए मतदान सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। 165 सीटें सीधे चुनाव और 110 सीटें समानुपातिक प्रणाली से भरी जाएंगी। वहीं नेपाल चुनाव आयोग के कार्यवाहक मुख्य निर्वाचन आयुक्त राम प्रसाद भंडारी ने मतदाताओं से बिना किसी डर के मतदान करने की अपील की है। उनका कहना है कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए लोगों का मतदान में हिस्सा लेना जरूरी है।

 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें