इस्राइली सेना ने की बमबारी
आईडीएफ ने बताया कि गाजा में रात भर 100 से अधिक आतंकवादी ठिकानों पर इस्राइली हवाई हमले किए गए। हमले में
हमास नौसैनिक के एक वरिष्ठ अधिकारी की भी मौत हो गई। सेना ने गाजा के जबालिया पड़ोस में एक इबादतगाह के अंदर रखे आतंकियों के हथियारों को भी नष्ट कर दिया।
हमास के 100 से ज्यादा ठिकानों पर इस्राइल का हमला
इस्राइल वायु सेना (आईएएफ) ने हमास आतंकवादी समूह के सैकड़ों परिचालन ठिकानों पर हमला बोल दिया है। इस दौरान गाजा पट्टी में एक आतंकवादी को मार गिराया गया है। वायु सेना ने बताया कि आईडीएफ ने गाजा पट्टी में आतंकवादी संगठनों के 100 से अधिक परिचालन ठिकानों पर हमला किया। गाजा पट्टी में जानलेवा हमलों में शामिल एक आतंकवादी को मार गिराया गया।
वायु सेना के अनुसार, ऑपरेशन के दौरान इस्राइली लड़ाकू विमानों ने सुरंग शाफ्ट, युद्ध सामग्री गोदामों और दर्जनों परिचालन मुख्यालयों पर हमला किया और उन्हें नष्ट कर दिया। इससे पहले जबलिया में एक मस्जिद में स्थित आतंकवादी बुनियादी ढांचे और हथियारों को भी नष्ट कर दिया गया था। इस जगह का इस्तेमाल आतंकवादियों के लिए एक सभा स्थल के रूप में किया गया था।
युद्ध हम पर एक क्रूर शत्रु की ओर से थोपा गया: फिंकेलमैन
इस्राइल सुरक्षा बल (आईडीएफ) दक्षिणी कमान के प्रमुख मेजर जनरल यारोन फिंकेलमैन ने कहा कि जब भी इस्राइल जमीनी आक्रमण शुरू करेगा, तो वह लंबा और तीव्र होगा। फिंकेलमैन ने गाजा सीमा के पास सैनिकों से कहा कि यह युद्ध हम पर एक क्रूर शत्रु की ओर से थोपा गया, जिसने हमें बहुत नुकसान पहुंचाया, लेकिन हमने उन्हें रोक दिया है। हम उन पर भारी प्रहार कर रहे हैं।
इस्राइल एक बड़ी जीत की ओर बढ़ रहा: नेतन्याहू
प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी कुछ इलाकों का दौरा किया। उन्होंने गाजा सीमा के पास गोलानी सैनिकों की टुकड़ी से मुलाकात की और उन्हें बताया कि इस्राइल एक बड़ी जीत की ओर बढ़ रहा है। नेतन्याहू ने सैनिकों से कहा कि हम अपनी पूरी ताकत से जीतेंगे। पूरा इस्राइल आपके साथ है और हम अपने दुश्मनों पर भारी प्रहार करने जा रहे हैं, ताकि हम जीत हासिल कर सकें।