सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल आतंकवाद से निपटने के लिए भारत के दृढ़ दृष्टिकोण को दर्शाएगा-MEA
विदेश राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा ने शनिवार को कहा कि दुनिया के कई हिस्सों में भेजे गए सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल भारत की राष्ट्रीय सहमति और सभी रूपों और अभिव्यक्तियों में आतंकवाद से निपटने के लिए दृढ़ दृष्टिकोण को दर्शाएंगे। नई दिल्ली में 'मीट द प्रेस' में मार्गेरिटा ने यह भी बताया कि वे 7 मई को आधिकारिक यात्रा पर न्यूजीलैंड में थे, जिस दिन ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया गया था, और कहा कि इसके बारे में सुनकर उन्हें बहुत गर्व हुआ।
उन्होंने इस दौरान कहा, '1.4 अरब लोगों की तरह, मुझे भी बहुत गर्व हुआ। आज भी, जिस तरह से मैं न्यूजीलैंड में था... मैं आतंकवादियों के ठिकानों को ध्वस्त करने में भारतीय सेना की सफलता के लिए उन्हें सलाम करता हूं। मैं 1.4 अरब लोगों की अखंडता और एकजुटता को सलाम करता हूं और इस निर्णायक कदम के लिए माननीय प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व को सलाम करता हूं।'
कांगो पहुंचा श्रीकांत शिंदे के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल
शिवसेना सांसद श्रीकांत शिंदे के नेतृत्व में ग्रुप चार का प्रतिनिधिमंडल आउटरीच कार्यक्रम के दूसरे चरण में कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य के किंशासा पहुंचा। इस प्रतिनिधिमंडल में भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज, आईयूएमएल सांसद ईटी मोहम्मद बशीर, भाजपा सांसद अतुल गर्ग, बीजेडी सांसद सस्मित पात्रा, भाजपा के राज्यसभा सांसद और वरिष्ठ अधिवक्ता मनन कुमार मिश्रा, भाजपा नेता एसएस अहलूवालिया और राजदूत सुजान चिनॉय शामिल हैं।
गुलाम नबी आजाद ने पाकिस्तान पर साधा निशाना
जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव आजाद पार्टी के अध्यक्ष गुलाम नबी आजाद (भाजपा सांसद बैजयंत पांडा के नेतृत्व में एक सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा) ने कहा, 'हम प्रवासी भारतीयों से मिलकर खुश हैं, वे बड़ी संख्या में आए हैं। चाहे कोई भी सरकार हो, हमारे सभी प्रधानमंत्रियों ने हमेशा पाकिस्तान समेत हमारे पड़ोसियों के साथ अच्छे संबंध रखने की कोशिश की है। उन्होंने हमेशा पाकिस्तानी नेतृत्व के साथ बातचीत की, लेकिन ऐसी हर पहल के बाद, भारत को सीमा के दूसरी तरफ से आतंकवादी हमलो का सामना करना पड़ा। ऑपरेशन सिंदूर का उद्देश्य पाकिस्तान के लोगों के खिलाफ नहीं बल्कि पाकिस्तान और PoJK में आतंकवादी ढांचे के खिलाफ था। मैं अपने सशस्त्र बलों को बधाई देता हूं कि पाकिस्तान का कोई भी नागरिक नहीं मारा गया, क्योंकि केवल आतंकवादी मारे गए और आतंकवादियों के कुछ परिवार के सदस्य मारे गए। लेकिन दुख की बात यह है कि पाकिस्तान ने हमारे सीमावर्ती क्षेत्रों में अंधाधुंध गोलीबारी की और उन्होंने जानबूझकर हमारे नागरिकों पर हमला किया।'
प्रवासी भारतीयों के साथ सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात
चार देशों के सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे भाजपा सांसद बैजयंत पांडा ने कहा, 'बहरीन में भारतीय दूतावास में प्रवासी भारतीय नेताओं के साथ हमारी बहुत ही सार्थक बैठक हुई... बहरीन हमारे भारतीय समुदाय को बहुत महत्व देता है। वे 140 करोड़ भारतीयों की आवाज और भारत की बढ़ती सॉफ्ट पावर का प्रतिनिधित्व करते हैं। हमने खुलकर चर्चा की। वे निश्चित रूप से स्थिति से अवगत हैं और हमने उन्हें इस बारे में बहुत सारे तथ्य और आंकड़े दिए कि कैसे पाकिस्तान इतने दशकों से आतंकवाद को बढ़ावा दे रहा है'।
दक्षिण कोरिया पहुंचा सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल
जेडी(यू) सांसद संजय झा के नेतृत्व में सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल अपनी जापान यात्रा पूरी करने के बाद सियोल, दक्षिण कोरिया पहुंचा।
सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल का रूस दौरा संपन्न
रूस में एक सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहीं डीएमके सांसद कनिमोझी करुणानिधि ने शनिवार को कहा कि भारत में आतंकवादी हमलों के तार हमेशा पाकिस्तान से जुड़े होते हैं, क्योंकि उसने आतंकवाद को पनाह दिया है। यह प्रतिनिधिमंडल 22 अप्रैल को जम्मू और कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले पर भारत का पक्ष रखने के लिए रूस के दौरे पर गया था, जो संपन्न हो गया।
इस दौरान मीडिया से बात करते हुए कनिमोझी ने कहा कि भारत ने पाकिस्तान में नागरिकों को नुकसान न पहुंचे और केवल आतंकवादी शिविरों को ही निशाना बनाकर जिम्मेदारी के साथ जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि इसके विपरीत पाकिस्तान ने नागरिक क्षेत्रों को निशाना बनाकर सैन्य आक्रमण का सहारा लिया। कनिमोझी ने कहा, पाकिस्तान आतंकवादियों को बचाने का विकल्प चुनता है, वे आगे बढ़कर झूठा प्रचार करते हैं। हमने केवल आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया था। कहा, जब तक पाकिस्तान हम पर हमला करना जारी रखेगा, हम शांति वार्ता के लिए मेज पर नहीं आएंगे। भारतीय प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने अपनी यात्रा समाप्त करने से पहले मॉस्को में भारतीय दूतावास में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित की और फिर स्लोवेनिया के लिए रवाना हो गए।
पाकिस्तान का सेना प्रमुख आतंकवादियों का संचालक है- राजीव राय
रूस की राजधानी मॉस्को में समाजवादी पार्टी के सांसद राजीव राय, जो डीएमके सांसद कनिमोझी के नेतृत्व वाले प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा हैं, ने कहा, 'जब भी हमें पाकिस्तान के साथ द्विपक्षीय चर्चा करने के लिए कहा जाता है, तो हम किससे बात करेंगे? पाकिस्तान की नागरिक सरकार सेना की कठपुतली है; साथ ही, वहां के आतंकवादी भी सेना की कठपुतली हैं... उन्होंने एक पराजित जनरल को फील्ड मार्शल के पद पर बिठाया है... पाकिस्तान का सेना प्रमुख आतंकवादियों का संचालक है, और वहां की सरकार सेना प्रमुख से डरती है'।
बहरीन पहुंचा सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल
भाजपा सांसद बैजयंत पांडा के नेतृत्व में एक सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल आज अपने पहले गंतव्य बहरीन पहुंच गया है। इस प्रतिनिधिमंडल में पूर्व विदेश सचिव हर्षवर्धन श्रृंगला, एआईएमआईएम सांसद असदुद्दीन ओवैसी, राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा, भाजपा सांसद बैजयंत पांडा, जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री गुलाम नबी आजाद, राज्यसभा सांसद सतनाम सिंह संधू, भाजपा सांसद फंगनन कोन्याक और भाजपा सांसद निशिकांत दुबे शामिल हैं। प्रतिनिधिमंडल आतंकवाद के खिलाफ भारत की निरंतर लड़ाई को प्रदर्शित करने के लिए सऊदी अरब, कुवैत और अल्जीरिया का भी दौरा करेगा।
हमारी लड़ाई आतंकवाद के खिलाफ है- सुप्रिया सुले
एनसीपी-एससीपी नेता और सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल ग्रुप सात की नेता सुप्रिया सुले ने कहा, 'हमारा ग्रुप आज रात चार देशों के लिए रवाना हो रहा है। बड़ी विनम्रता से हम देशों को सच्चाई बताएंगे कि हमारी लड़ाई आतंकवाद के खिलाफ है। जो आतंकवादी हमला भारत पर हुआ उसका जवाब भारत ने सच्चाई से दिया। हमारी इतनी ही इच्छा है कि देश दुनिया में अमन और शांति रहे। आतंकवाद के खिलाफ पूरी दुनिया को एक होकर लड़ना चाहिए लेकिन वैसा हो नहीं रहा है। भारतीयों पर जिस तरीके से हमला हुआ हम उसकी निंदा करते हैं। हम दुनिया को सच्चाई बताएंगे।'
भारत एक शांतिपूर्ण देश है- अशोक कुमार मित्तल
द्रमुक सांसद कनिमोझी के नेतृत्व में सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल में शामिल AAP सांसद डॉ. अशोक कुमार मित्तल ने कहा, 'भारत एक शांतिपूर्ण देश है। वसुधैव कुटुम्बकम - पूरा विश्व एक परिवार है - यह हमारा आदर्श वाक्य है, और प्रधानमंत्री मोदी इसका सख्ती से पालन करते हैं...पहलगाम में 26 लोग मारे गए, लेकिन इससे भी अधिक दुखद यह था कि उन्हें धर्म के आधार पर और उनके परिवारों के सामने मारा गया... यह पाकिस्तान द्वारा धर्म के आधार पर दहशत और दुश्मनी पैदा करने का प्रयास था। लेकिन, वे सफल नहीं हो सके'।
संघर्ष विराम का श्रेय ट्रंप के लेने पर कनिमोझी ने दिया जवाब
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की तरफ से भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष विराम कराने का श्रेय लेने पर, डीएमके सांसद कनिमोझी ने कहा, 'जब ऐसा कुछ होता है, तो कई राष्ट्राध्यक्ष एक-दूसरे से बात करते हैं... लेकिन, मुझे लगता है कि स्वतंत्र देश स्वतंत्र रूप से निर्णय लेते हैं कि उन्हें क्या करना है।'
सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल का जापान दौरा पूरा
जनता दल (यू) के सांसद संजय झा के नेतृत्व में सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल ने अपनी जापान यात्रा पूरी कर ली है। जानकारी के मुताबिक ये दल जल्द ही दक्षिण कोरिया के लिए रवाना होगा।
सांसद कनिमोझी करुणानिधि (डीएमके), राजीव राय (एसपी), कैप्टन बृजेश चौटा (बीजेपी), प्रेम चंद गुप्ता (आरजेडी), डॉ. अशोक कुमार मित्तल (आप) और पूर्व राजदूत मंजीव एस पुरी समेत सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल ने मॉस्को में भारतीय दूतावास में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान रूस में भारतीय राजदूत विनय कुमार ने प्रतिनिधिमंडल का गर्मजोशी से स्वागत किया।
'आतंक को जवाब देना भारत के पास एकमात्र विकल्प'
रूस की राजधानी मॉस्को में ऑपरेशन सिंदूर पर डीएमके सांसद कनिमोझी को लेकर कहा कि 'भारत के पास जवाब देने के अलावा कोई विकल्प नहीं था। लेकिन जब भारत ने जवाब दिया, तो हमने जिम्मेदारी से जवाब दिया। हमने सुनिश्चित किया कि कोई भी नागरिक प्रभावित न हो, सैन्य ठिकानों को कोई नुकसान न पहुंचे। हमने केवल उन प्रतिष्ठानों को निशाना बनाया जहां आतंकवादी पनाह लेते थे और प्रशिक्षित थे। उन्होंने जवाबी कार्रवाई जारी रखी, गुरुद्वारों, मंदिरों, आवासीय क्षेत्रों जहां भारतीय नागरिक रहते थे और यहां तक कि हमारे सैन्य ठिकानों को भी निशाना बनाया।'
जापान दौरे के आखिरी दिन सांसद संजय कुमार झा ने कहा, 'हमने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करके अपनी टोक्यो यात्रा की शुरुआत की और आज हम रास बिहारी बोस सिमेट्री आए हैं, हमारी यहां की यात्रा का समापन हो रहा है। हमने यहां 2 दिनों में 14-15 बैठकें कीं, सांसदों, थिंक टैंक, नेताओं, भारतीय समुदाय के साथ बातचीत की। मुझे लगता है कि हम लगभग उस उद्देश्य को सामने रखने में सक्षम रहे जिसके लिए हमारा सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल यहां आया था। ऑपरेशन सिंदूर के बारे में भी जानकारी दी गई कि हमारी सेना ने केवल आतंकी ठिकानों को सटीकता से निशाना बनाया, भारत का भविष्य का रुख स्पष्ट किया गया कि अगर पाकिस्तान भविष्य में आतंकी गतिविधि करता है तो हम इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे और सिंधु जल संधि जो निलंबित की गई है, उसके बारे में भी बताया गया। अब हम सिंगापुर, मलेशिया और अन्य देशों में जाएंगे और हम इन बातों को वहां भी सामने रखेंगे।'
कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी, एनसीपी-एसपी सांसद सुप्रिया सुले के नेतृत्व में एक सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल के तहत शनिवार को दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचे। यह प्रतिनिधिमंडल भारत के ऑपरेशन सिंदूर को लेकर भारत के पक्ष को वैश्विक मंच पर पहुंचाने के प्रयास के रूप में मिस्र, कतर, इथियोपिया और दक्षिण अफ्रीका का दौरा करेगा। एयरपोर्ट पर बोलते हुए तिवारी ने कहा, 'ऑपरेशन सिंदूर भारत की स्थिति को दुनिया के सामने रखेगा और आतंकवाद और दुष्प्रचार के रास्ते पर चलने वाले पाकिस्तान को बेनकाब करेगा। पिछले 45 सालों पर गौर करें- पाकिस्तान भारत के खिलाफ आतंकवाद को बढ़ावा देता रहा है। पाकिस्तान द्वारा आतंकवाद को पूर्ण समर्थन देना उसके अपने देश में एक अपराध है, जहां आतंकवादियों को प्रशिक्षित किया जाता है, हथियार दिए जाते हैं और भारत में आतंक फैलाने के लिए सीमा पार भेजा जाता है।' प्रतिनिधिमंडल के अन्य सदस्यों में राजीव प्रताप रूडी (भाजपा), विक्रमजीत सिंह साहनी (आप), अनुराग सिंह ठाकुर (भाजपा), लावु श्री कृष्ण देवरायलू (टीडीपी), आनंद शर्मा (कांग्रेस), वी. मुरलीधरन (भाजपा) और राजदूत सैयद अकबरुद्दीन शामिल हैं।
NCP(SCP) सांसद सुप्रिया सुले के नेतृत्व में सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल में शामिल AAP नेता विक्रमजीत सिंह साहनी ने कहा, 'मैं सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा हूं। पहलगाम में निर्दोष पर्यटकों पर हुए दिल दहला देने वाले आतंकवादी हमले को वैश्विक मंच पर उजागर करना बहुत जरूरी है। पड़ोसी देश(पाकिस्तान) इसे धार्मिक रंग देने की कोशिश कर रहा है... भारत एक लोकतांत्रिक राष्ट्र है, यहां सभी लोग सह-अस्तित्व में रहते हैं... दुनिया को बताना होगा कि भारतीय सेना ने उनके किसी नागरिक को निशाना नहीं बनाया, केवल आतंकवादी ठिकानों को निशाना बनाया गया। भारत शांति चाहता है, लेकिन अगर यह आतंकवादी गतिविधि नहीं रुकी, तो भारत इस आतंकवादी गतिविधि के प्रति जीरो टॉलरेंस रखता है और भारत ऐसी घटनाओं को बर्दाश्त नहीं करेगा।'
भाजपा सांसद बैजयंत पांडा के नेतृत्व में सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल अपने पहले गंतव्य, बहरीन पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल में पूर्व विदेश सचिव हर्षवर्धन श्रृंगला, AIMIM सांसद असदुद्दीन ओवैसी, राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा, भाजपा सांसद बैजयंत पांडा, जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री गुलाम नबी आजाद, राज्यसभा सांसद सतनाम सिंह संधू, भाजपा सांसद फंगनन कोन्याक और भाजपा सांसद निशिकांत दुबे शामिल हैं। प्रतिनिधिमंडल आतंकवाद के खिलाफ भारत की निरंतर लड़ाई को प्रदर्शित करने के लिए सऊदी अरब, कुवैत और अल्जीरिया का भी दौरा करेगा।
जापान में भारतीय समुदाय के साथ सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल की बातचीत के दौरान कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने कहा, 'हमारा संकल्प आतंकवाद के खिलाफ और आतंकवाद को समाप्त करने का है। 1947 में दो रास्ते थे। पहले रास्ते में हमने तय किया कि हम सब मिल कर रहेंगे। किसी और ने सिर्फ धर्म के नाम पर देश बनाया। कुछ सालों में यह साबित हो गया कि धर्म के नाम पर देश नहीं बना सकते। बांग्लादेश बना जिसमें भारत का बहुत बड़ा योगदान रहा। हमने जो रास्ता चुना है वही विश्व का रास्ता है। विश्व शांति का रास्ता है।'
जापान में भारतीय समुदाय के साथ सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल की बातचीत के दौरान भाजपा सांसद अपराजिता सारंगी ने कहा, 'आतंक के खिलाफ हर देश में जनमत तैयार करना ही हमारा लक्ष्य है। एक विरोध और क्रोध का भाव चाहिए। जब तक वो विरोध और क्रोध का भाव नहीं होगा तब तक हम आतंकवाद का खात्मा नहीं कर पाएंगे। 140 करोड़ भारतीयों को आतंकवाद और पाकिस्तान के खिलाफ एक साथ खड़ा होना है। हमें तथ्यों और आंकड़ों के साथ बहस करनी होगी। अनुच्छेद 370 और 35 ए हटाए जाने के बाद जम्मू-कश्मीर में जिस तरह सबने मिलकर काम किया। शांति और विकास के क्षेत्र में बहुत काम किया गया। यह शांति और विकास किसी का रास नहीं आया और इसीलिए पाकिस्तान की तरफ से अशांति पैदा करने की कोशिश लगातार की जा रही है।'
जापान में सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल ने भारतीय समुदाय के साथ बातचीत के दौरान पाकिस्तान पर जमकर निशाना साधा। सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल के अध्यक्ष जदयू सांसद संजय कुमार झा ने कहा कि, 'सर्वदलीय सांसदों के सात प्रतिनिधिमंडल अलग-अलग देशों का दौरा कर रहे हैं। हम भारत से निकलने वाले पहले प्रतिनिधिमंडल थे। हम पिछले 3 दिनों से जापान में हैं। प्रतिनिधिमंडल में सत्ताधारी और विपक्षी दलों के सदस्य हैं। हमारे बीच राजनीतिक मतभेद हो सकते हैं और हम एक-दूसरे के खिलाफ चुनाव लड़ सकते हैं, लेकिन जब देश की बात आती है, तो हम सब एक साथ हैं। यह घटना (पहलगाम आतंकी हमला) कोई साधारण घटना नहीं है। पाकिस्तान पिछले 40 सालों से छद्म युद्ध लड़ रहा है, क्योंकि वह हमसे सीधा युद्ध नहीं कर सकता...भारत कई दशकों से आतंकवाद के खतरे का सामना कर रहा है। उन्होंने पर्यटकों से उनका धर्म पूछकर उन्हें निशाना बनाया। मैं श्रीनगर गया था, वहां पर्यटन फल-फूल रहा था। जम्मू-कश्मीर में पूरी अर्थव्यवस्था पर्यटन पर आधारित है। घटना 22 अप्रैल को हुई, पीएम मोदी 24 अप्रैल को बिहार में थे, जहां उन्होंने इस मुद्दे पर पहली बार बात की। उन्होंने साफ संदेश दिया कि हम अब पाकिस्तान में आतंकी कैंपों को नष्ट करेंगे। भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान में मौजूद नौ आतंकी कैंपों को नष्ट कर दिया।
एक शिष्टमंडल कतर, दक्षिण अफ्रीका, इथियोपिया और मिस्र भी गया
लोकसभा सांसद सुप्रिया सुले के नेतृत्व में बने सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल में शामिल कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने बताया कि उनका दल कतर, दक्षिण अफ्रीका, इथियोपिया और मिस्र जा रहा है। उन्होंने कहा, पिछले 45 सालों से पाकिस्तान भारत के खिलाफ आतंकवाद को बढ़ावा दे रहा है। हम सभी अलग-अलग देशों में जाकर आतंकवादियों को प्रशिक्षित करने, उन्हें हथियार देने और यहां आतंकवाद फैलाने के लिए उन्हें सीमा पार भेजने की पाकिस्तान की साजिश को उजागर कर रहे हैं। वे दुनिया के सामने पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद की सच्चाई को उजागर करने का अपना कर्तव्य निभाने जा रहे हैं।
दुनियाभर में पाकिस्तान के खिलाफ माहौल बनेगा
ओवैसी जिस दल में हैं, उसमें भाजपा सांसद निशिकांत दुबे भी शामिल हैं। उन्होंने कहा, "...सऊदी अरब एक महत्वपूर्ण मुस्लिम देश है...वे भी हमारी तरह आतंकवाद से पीड़ित हैं...वे आतंकवाद की परिभाषा जानते हैं...आतंकवाद का कोई धर्म नहीं होता...हम अपने तथ्य पेश करने में सफल होंगे। जब हम वापस लौटेंगे तो दुनिया भर में माहौल पाकिस्तान के खिलाफ होगा।
भारत को अशांत कर रहा पाकिस्तान, ओवैसी ने बताया क्या है विदेश दौरे की योजना
बैजयंत पांडा के दल में शामिल तेलंगाना से निर्वाचित AIMIM सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने विदेश यात्रा के मकसद पर कहा, हम सबसे पहले, हम बहरीन जाएंगे। फिर हम कुवैत, फिर सऊदी अरब और अंत में अल्जीरिया जाएंगे... हमारा पड़ोसी देश, पाकिस्तान आतंकवादी शिविर चला रहा है और उनका समर्थन कर रहा है। ये आतंकवादी भारत आते हैं और आतंकवादी गतिविधियों को अंजाम देते हैं। हम इन चारों देशों से इन चीजों के बारे में बात करेंगे।
सऊदी अरब, कुवैत, बहरीन और अल्जीरिया की यात्रा
बहरीन जाने वाले शिष्टमंडल की अध्यक्षता कर रहे भाजपा सांसद जयंत पांडा ने कहा कि टीम चार देशों - सऊदी अरब, कुवैत, बहरीन और अल्जीरिया जाएगी। हमारा समूह पश्चिम एशिया की यात्रा पर जो सबसे बड़ा संदेश देगा, वह एकता का है। भारत इस संदेश को लेकर बहुत स्पष्ट है कि युद्ध के मैदान में जीत हासिल करने के बाद, दुनिया से आतंकवाद पर ध्यान केंद्रित करने के लिए कहना महत्वपूर्ण है... हम एक विशेष प्रकार के आतंकवाद से पीड़ित हैं जो पाकिस्तान प्रायोजित है।
सुप्रिया सुले के नेतृत्व मे ंदोहा रवाना हुआ शिष्टमंडल
पूर्व विदेश राज्य मंत्री वी. मुरलीधरन, शरद पवार के खेमे वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी (एससीपी) की सांसद सुप्रिया सुले के नेतृत्व वाले प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा हैं। उन्होंने विदेश दौरे को रवाना होने से पहले कहा, संसदीय प्रतिनिधिमंडल यात्रा के पहले चरण में कतर की राजधानी दोहा जाएगा। दुनिया को समझाने और उन लोगों को बेनकाब किया जाएगा, जो आतंकवाद के लिए अपनी जमीन का इस्तेमाल करने की इजाजत दे रहे हैं। जो लोग आतंकवादियों को प्रशिक्षण देने के अलावा वित्तपोषित कर भारत भेज रहे हैं, उन्हें पूरी दुनिया के सामने लाया जाएगा। आपको दुनिया के किसी अन्य हिस्से में ऐसा राज्य प्रायोजित आतंकवाद नहीं मिलेगा। दुनिया को सभी प्रकार के आतंकवाद के खिलाफ एकजुट होना होगा। मुरलीधरन ने बताया कि हम दोहा में दो दिन बिताएंगे। उसके बाद, हम दक्षिण अफ्रीका, इथियोपिया और मिस्र का दौरा करेंगे।
पाकिस्तान के आतंकी प्रतिष्ठान पूरी दुनिया के लिए घातक
थरूर के दल में शामिल भाजपा सांसद तेजस्वी सूर्या ने बताया, पीएम मोदी ने हम सभी पर दुनिया को यह बताने की बहुत महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी है कि पाकिस्तान द्वारा फैलाए जा रहे आतंकवाद पर भारत का रुख क्या है और इसके खिलाफ हमारी जीरो टॉलरेंस नीति क्या है। साथ ही हम इस बात को भी रेखांकित करेंगे कि दुनिया को पाकिस्तान द्वारा बनाए गए इस आतंकी प्रतिष्ठान और आतंकी ढांचे पर ध्यान देने की जरूरत है, क्योंकि यह न केवल भारत के लिए खतरनाक है, बल्कि वैश्विक शांति और सुरक्षा के लिए भी खतरा है।
थरूर ने बताई गुयाना से पहले न्यूयॉर्क में रुकने की अहमियत
भारतीय शिष्टमंडल का नेतृत्व कर रहे शशि थरूर ने बताया, हमारा पहला पड़ाव गुयाना का जॉर्जटाउन है... हम न्यूयॉर्क से होकर गुजरेंगे, वहां हमें 9/11 स्मारक देखने का मौका मिलेगा। यह दुनिया को याद दिलाएगा कि हम उन लोगों को पसंद करते हैं जिनके बारे में वे सोच रहे हैं, जो आतंकी हमलों के शिकार हुए थे... पिछले 4 दशकों से आतंकी हमलों की श्रृंखला दोहराई गई है। यह प्रतीकात्मक इशारा हमारी यात्रा की शुरुआत का प्रतीक होना चाहिए। हम गुयाना में स्वतंत्रता दिवस समारोह में भाग लेने के लिए उत्सुक हैं। हम सरकारी अधिकारियों, मंत्रियों से मिलेंगे।
पांच देशों का दौरा क्यों? थरूर बोले- हम बहस करने नहीं जा रहे
अमेरिका सहित पांच देशों की यात्रा के मकसद पर थरूर ने कहा, "सरकार ने अपना रुख स्पष्ट कर दिया है... हम वहां लोगों को यह समझाने जा रहे हैं कि आतंकवाद को लेकर हमारा अनुभव क्या रहा है। हमने ऑपरेशन सिंदूर क्यों किया। और, भविष्य में हमारा रवैया ऐसा क्यों होगा...। इन बिंदुओं पर हम अपनी बात रखेंगे। हम बहस करने नहीं जा रहे हैं, हमारा मकसद इस बारे में बात करना है कि भारत ने अब तक क्या-क्या झेला है।
अमेरिका रवाना हुआ भारतीय दल, गुयाना में पहला कार्यक्रम
कांग्रेस सांसद शशि थरूर के नेतृत्व में सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल गुयाना और अमेरिका रवाना हुआ है। वे न्यूयॉर्क में 9/11 आतंकी हमले के बाद बनाए गए स्मारक का दौरा करेंगे। उसके बाद अपने पहले गंतव्य गुयाना के लिए रवाना होंगे।
भारत का साथ देगा रूस- इस बात का पूरा भरोसा
रूस पहुंचे भारतीय शिष्टमंडल में शामिल एक अन्य सदस्य भाजपा सांसद कैप्टन ब्रिजेश चौटा (सेवानिवृत्त) ने कहा, मास्को में पहला दिन बहुत ही फलदायी रहा...हमने निचले सदन और उच्च सदन के अधिकारियों से मुलाकात की...हमें भारत की स्थिति और प्रधानमंत्री के संदेश पर बात करने का मौका मिला। रूस के लोगों ने स्पष्ट रूप से कहा कि आतंक और व्यापार एक साथ नहीं हो सकते, और खून और पानी एक साथ नहीं बह सकते...उन्होंने यह संदेश वैश्विक शक्ति को भी दिया है...जिस आतंक का हम सामना कर रहे हैं...यह पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद है। दुनिया को इसका संज्ञान लेने की जरूरत है...हमें विश्वास है कि रूस, हमारा पुराना सहयोगी, इस मामले में हमारे साथ खड़ा होगा।
आतंकवाद से पूरी दुनिया पीड़ित है
DMK सांसद कनिमोझी के नेतृत्व वाले सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल में शामिल समाजवादी पार्टी के सांसद राजीव राय भी शामिल हैं। उन्होंने कहा, मॉस्को में शीर्ष अधिकारियों के साथ कई बैठकें कीं। रूस हमारा सबसे पुराना मित्र है। उन्होंने भरोसा दिलाया है कि वे इस लड़ाई में भारत के साथ हैं... ऑपरेशन सिंदूर में जो कुछ भी हुआ वह एक आतंकी वारदात के बाद की प्रतिक्रिया के साथ-साथ एक निदान भी था।
उन्होंने कहा, निदान यही है कि हमें पाकिस्तान में मौजूद आतंक की जड़ों को खत्म करना होगा। जब तक हम ऐसा नहीं करते तब तक लोगों को पाकिस्तान से दूरी बनाए रखने के लिए मजबूर नहीं कर सकते... वे देश जो सोचते हैं कि अगर भारत में आतंकवाद है, तो यह केवल भारत और पाकिस्तान के बीच का मुद्दा है, अब इस सोच को बदलने की जरूरत है।
रेखा शर्मा बोलीं-पाकिस्तान एक आतंकी देश है, सच्चाई दुनिया के सामने लानी होगी
आतंकवाद के खिलाफ भारत की लड़ाई को दुनिया के सामने रखने निकलीं राज्यसभा सांसद और सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल की सदस्य रेखा शर्मा ने कहा कि पाकिस्तान एक आतंकी देश है, सच्चाई दुनिया के सामने लानी होगी। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की झूठी बातों का सच दुनिया को बताना जरूरी है। उन्होंने कहा कि दुनिया सच्चाई जानती है, हमें बस उसे बार-बार दोहराना है। पाकिस्तान जो झूठ फैला रहा है, हमें उसे गलत साबित करना होगा और सच्चाई को दुनिया के सामने रखना होगा। पाकिस्तान एक आतंकी देश है। न सिर्फ भारत में, बल्कि कई अन्य देशों में भी हमले पाकिस्तान या उसके आतंकी संगठनों द्वारा किए गए हैं।
रूस के पीएम से मिलीं डीएमके सांसद कनिमोझी
रूस दौरे पर गई भारत की सर्वदलीय सांसदों की टीम ने आतंकवाद के खिलाफ भारत के रुख को मजबूती से रखा है। डीएमके सांसद कनिमोझी ने बताया कि उन्होंने रूस के पूर्व प्रधानमंत्री मिखाइल फ्राडकोव से मुलाकात की, जो फिलहाल रशियन इंस्टीट्यूट ऑफ स्ट्रैटेजिक स्टडीज के प्रमुख हैं। इसके अलावा भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने रूस के कई नीति निर्माताओं और विचारकों से भी बातचीत की। कनिमोझी ने कहा कि रूस भारत का पुराना मित्र और रणनीतिक साझेदार है। हमारी टीम ने रूस की विभिन्न राजनीतिक विचारधाराओं के नेताओं से मुलाकात की और पहलगाम हमले से पहले, दौरान और बाद की पूरी स्थिति को स्पष्ट किया।”
आतंकवाद से पूरी दुनिया पीड़ित- आरजेडी सांसद प्रेमचंद
आरजेडी सांसद प्रेमचंद गुप्ता ने कहा कि आतंकवाद सिर्फ भारत की समस्या नहीं है, पूरी दुनिया इससे पीड़ित है। उन्होंने रूस की जनता और सरकार को संदेश देते हुए कहा कि दुनियाभर को मिलकर पाकिस्तान से फैल रहे आतंकवाद को रोकने के लिए कदम उठाने होंगे। दुनियाभर में हो रही ज्यादातर आतंकी गतिविधियों के पीछे कहीं न कहीं पाकिस्तान का हाथ होता है। पाकिस्तान ने भारत पर चार युद्ध और सैकड़ों आतंकी हमले थोपे हैं।
रूस में डीएमके सांसद कनिमोई बोलीं- परमाणु धमकी से नहीं डरेंगे, आतंक के खिलाफ एकजुट लड़ाई का संदेश
रूस दौरे पर गईं भारत की सांसदों की टीम ने पाकिस्तान द्वारा फैलाए जा रहे झूठ और परमाणु धमकियों के खिलाफ कड़ा संदेश दिया है। डीएमके सांसद कनिमोई ने कहा कि पाकिस्तान को लेकर कई गलत जानकारियां फैलाई जा रही हैं और बार-बार यह दोहराया जा रहा है कि वह एक परमाणु शक्ति है। उन्होंने कहा कि हमने सच साफ करने और यह बताने की कोशिश की कि असल में हुआ क्या है। भारत किसी भी परमाणु धमकी से डरने वाला नहीं है। हम अपनी अखंडता की रक्षा के लिए एकजुट होकर लड़ेंगे। भारत शांति का पक्षधर है।
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान को पूरी दुनिया से अलग-थलग करने का प्रयास जारी है। भारत के सांसदों और राजनयिकों का अलग-अलग दल विदेश में जाकर दहशतगर्दों को पनाह देने की नीति के साथ-साथ आतंकवाद के खिलाफ पाकिस्तान की सरकार और सेना के नरम तेवरों की पोल खोल रहा है। यूरोप दौरे पर गए विदेश मंत्री डॉ जयशंकर खुद पड़ोसी देश के सेना अध्यक्ष आसिम मुनीर को धार्मिक कट्टरपंथी और पहलगाम हमले की जड़ बता चुके हैं।
आतंकवाद के मुद्दे पर पाकिस्तान को बेनकाब करने रूस समेत कई अन्य देशों के दौरे पर गईं डीएमके सांसद कनिमोझी ने रूस में कई अहम बैठकें कीं। पूरी टीम के साथ एक प्रेस वार्ता के दौरान कनिमोझी ने कहा, हम अपना रुख स्पष्ट करने के लिए यहां आए हैं। इस प्रतिनिधिमंडल का रूस में होना बहुत महत्वपूर्ण है। रूस हमेशा से भारत के लिए एक बहुत ही महत्वपूर्ण रणनीतिक साझेदार रहा है। 80 वर्षों से हमारे बीच बहुत मजबूत द्विपक्षीय संबंध रहे हैं... हमें लगता है कि रूस से संपर्क करके अपनी स्थिति स्पष्ट करना और इस महत्वपूर्ण क्षण में उनका समर्थन मांगना बहुत महत्वपूर्ण है।
कनिमोझी ने कहा, हमने पहलगाम आतंकी हमले में 26 निर्दोष लोगों की जान गंवाई है... यह पहली बार नहीं है। अतीत में कई बार हमारे नागरिकों पर हमला किया गया है, हमारे सैन्य ठिकानों पर हमला किया गया है, और भारत ने हमेशा शांति की अपील की है। हमारे कई नेताओं, जिनमें वर्तमान प्रधानमंत्री भी शामिल हैं, उन्होंने पाकिस्तान के साथ हो रहे संघर्ष को हल करने और शांति बहाल करने के लिए ईमानदारी और गंभीरता से प्रयास किए हैं। हालांकि, आतंकवादियों को लेकर पाकिस्तान के रुख के कारण भारत अभी तक ऐसा नहीं कर पाया है।
कनिमोझी ने हालात की संवेदनशीलता की तरफ इशारा करते हुए कहा, आज हम रूस आए हैं, भारत के लोगों के संदेश के साथ-साथ सरकार भी आशा करती है कि दुनिया आतंकवादियों के खिलाफ हमारी लड़ाई में हमारा समर्थन करेगी। उन्होंने कहा, आतंकी हमले लगातार जारी हैं। दुनिया को इसे रोकने के लिए एकजुट होना ही होगा।