फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पाकिस्तान में सियासी संकट Live: कार्यवाहक प्रधानमंत्री होंगे इमरान खान, संसद भंग पर कल सुनवाई करेगी सुप्रीम कोर्ट

Sun, 03 Apr 2022 10:54 PM IST
प्रांजुल श्रीवास्तव वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, इस्लामाबाद

खास बातें

पाकिस्तान में रविवार को प्रधानमंत्री इमरान खान के नेतृत्व वाली सरकार के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव को बिना मतदान के ही खारिज कर दिया गया। नेशनल असेंबली के डिप्टी स्पीकर कासिम खान सूरी ने पाकिस्तानी संविधान के अनुच्छेद 5 का हवाला देते हुए इस अविश्वास प्रस्ताव को बिना वोटिंग के ही खारिज कर दिया। उधर, इमरान खान की सिफारिश के बाद पाकिस्तान के राष्ट्रपति ने ससंद भंग कर दी। देश में अगले आम चुनाव 90 दिन के अंदर होंगे। वहीं, इसके खिलाफ विपक्षी नेताओं ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है, जहां सुनवाई कल तक के लिए स्थगित कर दी गई है। उधर, पाकिस्तान सरकार की ओर से एक अधिसूचना जारी हो गई है कि इमरान खान अब आधिकारिक रूप से प्रधानमंत्री नहीं हैं।
विज्ञापन
पाकिस्तानी संसद भंग, सुप्रीम कोर्ट पहुंचा मामला - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन

लाइव अपडेट

10:51 PM, 03-Apr-2022

प्रधानमंत्री पद से हटाए गए इमरान खान 

पाकिस्तान के कैबिनेट सचिवालय की ओर से जारी एक अधिसूचना के अनुसार इमरान खान को देश के प्रधानमंत्री पद से आधिकारिक रूप से हटा दिया गया है। हालांकि, कार्यवाहक प्रधानमंत्री की नियुक्ति होने तक इमरान खान की यह पद संभालेंगे। इससे पहले पाकिस्तान सरकार में पूर्व मंत्री शेख रशीद ने दावा किया था कि इमरान अभी 15 दिन प्रधानमंत्री बने रहेंगे।

09:10 PM, 03-Apr-2022

15 दिन और प्रधानमंत्री बने रहेंगे इमरान: शेख रशीद

पाकिस्तान के पूर्व आंतरिक मंत्री शेख रसीद ने कहा है कि प्रधानमंत्री इमरान खान अगले 15 दिन सत्ता में रहेंगे। देश के पूर्व सुरक्षा प्रमुख रशीद ने कहा कि इमरान खान ने जब संसद के निचले सदन को भंग करने और चुनाव कराने की सिफारिश की थी, उसके बाद मैं उनके मिला था। उन्होंने कहा कि मुझे लगता है कि इमरान खान 15 और दिन प्रधानमंत्री बने रहेंगे। मैं लगातार यह कह रहा था कि राजनीतिक संकट के बीच चुनाव के साथ आगे बढ़ना ही सही रास्ता है। 

08:17 PM, 03-Apr-2022

पीडीएम की प्रतिक्रिया देख हैरत में हूं: इमरान खान

प्रधानमंत्री इमरान खान ने एक ट्वीट में कहा है कि मैं आम चुनाव के लिए हमारे आह्वान को लेकर पीडीएम (पीपुल्स डेमोक्रेटिक मूवमेंट) की प्रतिक्रिया देखकर हैरत में हूं। वो इस बारे में गला फाड़ कर चिल्ला रहे थे कि कैसे हमारी सरकार असफल रही है और हमने लोगों का समर्थन खो दिया है, तो अब चुनाव से डर क्यों लग रहा है? उन्होंने सवाल उठाया कि क्या यह पीडीएम के लिए बेहतर नहीं है कि वह सत्ता परिवर्तन के लिए एक विदेशी साजिश का हिस्सा बनने के स्थान पर चुनाव को स्वीकार कर ले?

विज्ञापन
06:59 PM, 03-Apr-2022

सुप्रीम कोर्ट ने कल तक के लिए स्थगित की सुनवाई

सुप्रीम कोर्ट ने पाकिस्तान की नेशनल असेंबली को भंग करने पर सुनवाई कल यानी चार अप्रैल तक के लिए स्थगित कर दी है। पाकिस्तान की मीडिया के हवाले से यह जानकारी सामने आ रही है। मुख्य न्यायाधीश ने राजनीतिक दलों से यह कहते हुए शांति और व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है कि रमजान का महीना चल रहा है और सभी लोग रोजा रख रहे हैं।

06:25 PM, 03-Apr-2022

इमरान खान ने संविधान को कुचला: नवाज शरीफ

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने कहा है कि इमरान खान ने देश के संविधान को कुचलने का काम किया है। उन्होंने कहा कि आज सत्ता के नशे में चूर एक व्यक्ति ने संविधान को कुचल दिया। इमरान खान, जिन्होंने अपने अहम को देश से पहले रखा, और साजिश में शामिल सभी लोग देशद्रोही हैं।

विज्ञापन
05:54 PM, 03-Apr-2022

संसद भंग को लेकर जल्द शुरू होगी सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई

पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट में संसद भंग को लेकर याचिकाओं पर जल्द ही सुनवाई होगी। मुख्य न्यायाधीश सुप्रीम कोर्ट पहुंच चुके हैं। पाकिस्तान के विपक्षी दलों ने संसद भंग किए जाने और प्रधानमंत्री इमरान खान के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव को खारिज किए जाने के फैसले के खिलाफ अपील की है।

05:35 PM, 03-Apr-2022

विपक्ष समझ नहीं पा रहा कि संसद में क्या हुआ: इमरान

अपने खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव खारिज होने और संसद भंग होने के बाद प्रधानमंत्री इमरान खान ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि विपक्ष अभी भी समझ नहीं पाया है कि संसद में आज क्या हुआ।  

05:11 PM, 03-Apr-2022

जनता के सामने आने से डर क्यों रहे हैं विपक्षी नेता: फवाद चौधरी

पाकिस्तान के सूचना एवं प्रसारण मंत्री फवाद चौधरी ने देश के विपक्षी दलों को निशाने पर लेते हुए कहा है कि वो जनता के सामने आने में डर क्यों रहे हैं। चौधरी ने कहा कि राजनीतिक दल कभी भी चुनाव से नहीं भागते हैं। राजनीतिक दलों की असली ताकत जनता होती है। उन्होंने कहा, 'वे लोगों के सामने आने में क्यों डर रहे हैं और आंसू क्यों बहा रहे हैं।' चौधरी ने यह भी कहा कि डिप्टी स्पीकर का फैसला अंतिम है और इसे किसी भी अदालत में चुनौती नहीं दी जा सकती है।

04:44 PM, 03-Apr-2022

देश के संविधान पर हमला हुआ है: बिलावल भुट्टो

पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) के अध्यक्ष बिलावल भुट्टो जरदारी ने कहा है कि देश के संविधान पर बड़ा हमला हुआ है। हम सुप्रीम कोर्ट से उम्मीद करते हैं वह वह इसे ठीक करेगा।

04:35 PM, 03-Apr-2022

इमरान ने पाकिस्तान को अराजकता की ओर धकेला: शहबाज शरीफ

पाकिस्तान के विपक्षी नेता शहबाज शरीफ ने एक ट्वीट में लिखा है कि इमरान खान ने पाकिस्तान को अराजकता की ओर धकेला है। उन्होंने लिखा, यह देशद्रोह से कम नहीं है। संविधान का जो उल्लंघन किया है उसके गंभीर परिणाम होंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि सुप्रीम कोर्ट संविधान को लेकर अपनी भूमिका ईमानदारी से निभाएगा।

04:22 PM, 03-Apr-2022

इमरान खान ने अपना वादा पूरा किया: कुरैशी 

पाकिस्तान में सत्ताधारी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) पार्टी के नेता शाह महमूद कुरैशी ने कहा है कि प्रधानमंत्री इमरान खान ने अपना वह वादा पूरा किया है जिसमें उन्होंने देश को चौंकाने की बात कही थी। अब हम चुनाव की तैयारी करेंगे और भारी बहुमत के साथ जीत हासिल करते चोर, लुटेरों और गद्दारों को पाकिस्तान से बाहर करेंगे।

04:10 PM, 03-Apr-2022

पाकिस्तानी संसद के बाहर इमरान के समर्थन में नारेबाजी

पाकिस्तान में संसद भंग किए जाने के बाद राजधानी में संसद के बाहर खूब नारेबाजी हुई। यहां 'इमरान खान पाकिस्तान को बचाएंगे' और 'जो भी अमेरिका का दोस्त है वह गद्दार है' जैसे नारे लगाए गए।
 

04:01 PM, 03-Apr-2022

मोहम्मद सरवर को पंजाब के गवर्नर पद से हटाया

पाकिस्तान के राष्ट्रपति आरिफ अल्वी ने मोहम्मद सरवार को पंजाब प्रांत के गवर्नर के पद से हटाने के फैसले को अनुमति दे दी है। उनके स्थान पर अब उमर सरफराज चीमा को नया गवर्नर बनाया गया है। पाकिस्तानी मीडिया के अनुसार सरवर को हटाने का फैसला पीएमएल-क्यू के नेता चौधरी परवेज इलाही के अनुरोध पर लिया गया है। 

03:44 PM, 03-Apr-2022

विपक्ष की याचिकाओं को लेकर सुप्रीम कोर्ट पहुंचे मुख्य न्यायाधीश

पाकिस्तान के विपक्षी नेताओं ने देश की संसद भंग करने के खिलाफ याचिकाएं दायर की हैं। इन याचिकाओं की समीक्षा करने के लिए देश के मुख्य न्यायाधीश सुप्रीम कोर्ट पहुंच गए हैं। समाचार एजेंसी एएनआई ने पाकिस्तानी मीडिया के हवाले से यह जानकारी दी है। सुप्रीम कोर्ट ने देश की राष्ट्रीय असेंबली को भंद करने के मामले पर स्वत: संज्ञान लिया है। 

03:30 PM, 03-Apr-2022

'आज के घटनाक्रम में सेना की भूमिका नहीं'

पाकिस्तान की इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस के महानिदेश बाबर इफ्तिखार ने संसद भंग होने को लेकर कहा है कि आज जो भी हुआ है उसमें सेना की कोई भूमिका नहीं है।

02:56 PM, 03-Apr-2022

सेना ने कहा हमारा कोई लेना-देना नहीं 

पाकिस्तान में चल रहे सियासी घटनाक्रम के बीच सेना की ओर से बयान जारी किया गया है। सेना ने कहा कि, राजनीतिक प्रक्रिया से हमारा कोई लेना-देना नहीं है। हम इन सब से दूर हैं। 

02:48 PM, 03-Apr-2022

विपक्ष ने अयाज सादिक को बनाया स्पीकर

अविश्वास प्रस्ताव खारिज होने के बाद पाकिस्तान में विपक्षी पार्टियों ने संसद पर कब्जा जमा लिया है। विपक्ष की ओर से अयाज सादिक को नेशनल असेंबली का अध्यक्ष बनाया गया है। इसकी कुछ तस्वीरें भी सामने आईं, जिसमें सादिक अध्यक्ष की कुर्सी पर बैठे नजर आए। 

02:11 PM, 03-Apr-2022

सुप्रीम कोर्ट ने लिया स्वतः संज्ञान

अविश्वास प्रस्ताव को खारिज किए जाने का मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंच चुका है। सुप्रीम कोर्ट ने मामले को स्वतः संज्ञान लिया है। 

01:45 PM, 03-Apr-2022

राष्ट्रपति ने भंग की संसद

इमरान खान की सिफारिश के बाद पाकिस्तान के राष्ट्रपति ने ससंद को भंग कर दिया है। दरअसल, इमरान खान ने राष्ट्र के नाम संबोधन में संसद भंग करने की सिफारिश की थी। इसके आधे घंटे बाद ही राष्ट्रपति ने अपना फैसला सुना दिया। 
 

01:36 PM, 03-Apr-2022

90 दिन के अंदर होंगे चुनाव

पाकिस्तान के सूचना प्रसारण मंत्रालय की ओर से कहा गया है कि, पाकिस्तान में अगले आम चुनाव 90 दिन के अंदर होंगे। 

01:31 PM, 03-Apr-2022

सुप्रीम कोर्ट जाने की तैयारी में विपक्ष 

अविश्वास प्रस्ताव खारिज होने के बाद विपक्ष सुप्रीम कोर्ट जाने की तैयारी कर रहा है। विपक्ष ने सुप्रीम कोर्ट से संविधान बचाने की गुहार लगाई है। विपक्षी सांसद संसद के सामने ही धरने पर बैठ गए हैं। 

01:07 PM, 03-Apr-2022

इमरान ने की संसद भंग करने की सिफारिश

पाक संसद में अविश्वास प्रस्ताव के खारिज होने के बाद इमरान खान देश को संबोधित कर रहे हैं। उन्होंने राष्ट्रपति से संसद भंग करने की सिफारिश की है। उन्होंने कहा कि, मुल्क के खिलाफ इतनी बड़ी साजिश की जा रही थी। वह साजिश आज फेल हो गई है। उन्होंने कहा कि, मैं अपनी कौम को कहता हूं कि वह चुनाव की तैयारी करें। 

 

12:57 PM, 03-Apr-2022

इमरान के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव खारिज 

पाकिस्तान में इमरान खान के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव को खारिज कर दिया गया है। वहीं संसद को भी 25 अप्रैल तक स्थगित कर दिया गया है। 
 

12:50 PM, 03-Apr-2022

संसद की कार्यवाही शुरू

इमरान खान की सरकार के खिलाफ पेश अविश्वास प्रस्ताव पर संसद की कार्यवाही शुरू हो गई है। मंत्री फवाद चौधरी संसद को संबोधित कर रहे हैं। 

12:38 PM, 03-Apr-2022

नवाज शरीफ पहुंच सकते हैं पाकिस्तान

सियासी घटनाक्रम के बीच दावा किया जा रहा है कि नवाज शरीफ भी पाकिस्तान पहुंच रहे हैं। जियो न्यूज के मुताबिक, ईद-उल-फितर के बाद नवाज शरीफ लाहौर के बजाय इस्लामाबाद या पेशावर आएंगे। यहां से उन्हें एक बड़े जुलूस के साथ लाहौर लाया जाएगा। 

12:30 PM, 03-Apr-2022

पीएमएल-एन के लोगों पर दया आती है- फवाद हुसैन, पाक मंत्री

पाकिस्तान सरकार में मंत्री चौधरी फवाद हुसैन ने कहा कि, मुझे पीएमएल-एल के लोगों पर दया आती है। वह एक ऐसा परिवार है, जिसमें पिता कहता है कि वह पीएम बनना चाहता है, बेटा सीएम बनने की मांग करता है। उन्हें शर्म आनी चाहिए। पाकिस्तान के लोग उनसे नफरत करते हैं। 

12:10 PM, 03-Apr-2022

नेशनल असेंबली में अब तक पहुंचे 198 सांसद 

अविश्वास प्रस्ताव पर वोटिंग के लिए नेशनल असेंबली में अब तक 198 सांसद पहुंच चुके हैं। इसमें 22 सांसद पीटीआई के हैं। वहीं 176 सांसद विपक्ष के हैं। कयास लगाए जा रहे हैं कि इमरान खान असेंबली की कार्यवाही में शामिल नहीं होंगे। 

12:05 PM, 03-Apr-2022

उमर सरफराज चीमा पंजाब प्रांत के नए गवर्नर

पाकिस्तान के सियासी घटनाक्रम के बीच पंजाब प्रांत के गवर्नर को सुबह हटा दिया गया था। इसके बाद वहां पर नए गवर्नर उमर सरफराज चीमा की नियुक्ति की गई है। 

11:58 AM, 03-Apr-2022

अच्छे दिन आने वाले हैं- मरियम नवाज 

अविश्वास प्रस्ताव पर वोटिंग से पहले पीएमएल-एन नेता मरियम नवाज ने कहा कि, अच्छे दिन आने वाले हैं। पार्टी की ओर से 174 सांसदों की सूची भी जारी की गई है, जो विपक्ष के समर्थन में हैं।  

11:53 AM, 03-Apr-2022

विपक्ष के पास 174 सांसद

पीएमएल-एन नेता मरियम औरंगजेब ने दावा किया है कि, विपक्ष के पास 174 सांसद हैं। सरकार बनाने के लिए 172 सांसदों की जरूरत है। 

11:32 AM, 03-Apr-2022

नेशनल असेंबली के स्पीकर को हटाने का प्रस्ताव पेश

अविश्वास प्रस्ताव पर नेशनल असेंबली के सत्र से पहले स्पीकर को हटाने का प्रस्ताव पेश किया गया है। यह प्रस्ताव विपक्ष के सदस्य द्वारा पेश किया गया है। उन्होंने पाकिस्तान की नेशनल असेंबली के अध्यक्ष असद कैसर को हटाने की मांग की है। 

11:28 AM, 03-Apr-2022

इमरान खान की हो सकती है गिरफ्तारी

अविश्वास प्रस्ताव पर मतदान से पहले पाकिस्तान के गृहमंत्री शेख रशीद खान का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने कहा है कि, प्रधानमंत्री इमरान खान को गिरफ्तार किया जा सकता है। 

10:04 AM, 03-Apr-2022

पाकिस्तान सरकार ने पंजाब के गवर्नर को हटाया 

अविश्वास प्रस्ताव पर वोटिंग से पहले पाकिस्तान सरकार ने पंजाब प्रांत के गवर्नर को हटा दिया है। सरकार ने बताया कि, नए राज्यपाल की घोषणा बाद में की जाएगी। फिलहाल डिप्टी स्पीकर कार्यवाहक राज्यपाल का कार्यभार संभालेंगे। 

09:51 AM, 03-Apr-2022

असद कैसर करेंगे सत्र की अध्यक्षता

पाकिस्तान में नेशनल असेंबली की कार्यवाही थोड़ी देर बाद शुरू हो जाएगी। जानकारी के मुताबिक, इमरान खान के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव के लिए सत्र की अध्यक्षता नेशनल असेंबली के अध्यक्ष असद कैसर करेंगे। 

09:35 AM, 03-Apr-2022

इमरान को याद आए इमाम हुसैन

अविश्वास प्रस्ताव से पहले इमरान खान ने एक बार फिर से धार्मिक कार्ड चला है। इमरान खान ने ट्वीट किया कि, कर्बला में इमाम हुसैन, उनके परिवार और अनुयायियों ने सच और झूठ के बीच अंतर दिखाने के लिए अपना जीवन लगा दिया था। आज हम झूठ और देशद्रोह के खिलाफ सच्चाई और देशभक्ति के लिए लड़ रहे हैं। 

09:27 AM, 03-Apr-2022

इमरान के घर के बाहर रेंजर तैनात

अविश्वास प्रस्ताव से पहले इमरान खान ने लोगों से प्रदर्शन का आह्वान किया है। रिपोर्ट्स का दावा है कि, इस दौरान पाकिस्तान में हिंसा भड़क सकती है। इसके मद्देनजर इमरान खान के घर के बाहर रेंजर तैनात किए गए हैं। इस्लामाबाद में धारा 144 लागू कर दी गई है। 

09:08 AM, 03-Apr-2022

विधायकों से इमरान ने किया नेशनल असेंबली में जाने का आग्रह 

रेडियो पाकिस्तान के मुताबिक, अविश्वास प्रस्ताव पर वोटिंग से पहले इमरान खान ने अपनी पार्टी तहरीक-ए-इंसाफ के विधायकों से नेशनल असेंबली में जाने का आग्रह किया है।

08:52 AM, 03-Apr-2022

लंदन में नवाज शरीफ पर हमले की कोशिश

पाकिस्तान में चल रहे सियासी संकट के बीच नवाज शरीफ पर पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) पार्टी के एक कार्यकर्ता ने लंदन में हमला किया है। यह हमला पाकिस्तान की इमरान खान की सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर वोटिंग से ठीक एक दिन पहले शनिवार को हुआ। हमले की जानकारी पाकिस्तान के एक पत्रकार ने दी है। उन्होंने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

08:28 AM, 03-Apr-2022

पाकिस्तान में सियासी संकट Live: कार्यवाहक प्रधानमंत्री होंगे इमरान खान, संसद भंग पर कल सुनवाई करेगी सुप्रीम कोर्ट

पाकिस्तान की संसद में प्रधानमंत्री इमरान खान के खिलाफ विपक्ष के अविश्वास प्रस्ताव पर मतदान आज होना है। इमरान ने शनिवार को लोगों से रविवार को देशभर में प्रदर्शन का आह्वान किया है। उन्होंने अविश्वास प्रस्ताव लाने वाले विपक्ष को ‘गद्दार’ करार देते हुए लोगों से रविवार को सड़कों पर उतरने को कहा। पाक की नेशनल असेंबली में रविवार सुबह 11.30 बजे अविश्वास प्रस्ताव पर कार्यवाही शुरू होगी। माना जा रहा है कि इस पर हंगामे के बाद वोटिंग भी आज ही हो सकती है। अविश्वास प्रस्ताव से जुड़ी हर छोटी और बड़ी जानकारी यहां पढ़िए...

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें