फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

G20 Summit 2022 Live: कल से द्विपक्षीय बैठकों का सिलसिला, कई देशों के नेताओं से मुलाकात करेंगे पीएम मोदी

Tue, 15 Nov 2022 10:36 PM IST
प्रांजुल श्रीवास्तव वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, बाली

खास बातें

2022 G20 Summit Venue Nusa Dua, Bali, Indonesia Live: इंडोनेशिया में आज से शुरू हुए रहे जी-20 शिखर सम्मेलन में शिरकत करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को बाली पहुंचे। इस सम्मेलन में कई देशों के राष्ट्राध्यक्ष शामिल हुए। इस दौरान पीएम मोदी 20 से ज्यादा बैठकों में हिस्सा लेंगे, जिनमें खाद्य, सुरक्षा, ऊर्जा, यूक्रेन संकट जैसे कई अहम मुद्दों पर चर्चा होगी। पीएम मोदी आज बाली में भारतीय समुदाय के कार्यक्रम में भी पहुंचे। 
विज्ञापन
PM Modi in G20 Summit - फोटो : ANI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

10:34 PM, 15-Nov-2022

ऋषि सुनक बोले, ब्रिटेन की अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा को लगा झटका

ब्रिटिश प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने मंगलवार को कहा कि ब्रिटेन की अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा को इस साल थोड़ा झटका लगा है। जी20 शिखर सम्मेलन से इतर बीबीसी के साथ एक साक्षात्कार में सुनक ने कहा कि बढ़ती महंगाई और ब्रिटेन के सार्वजनिक ऋण को कम करने के लिए गुरुवार के ऑटम स्टेटमेंट में कर वृद्धि और खर्च में कटौती की जरूरत थी। लेकिन उन्होंने वादा किया कि फैसले निष्पक्ष तरीके से लिए जाएंगे और सभी को कर्ज के स्तर में कमी से फायदा होगा। उन्होंने बीबीसी को बताया कि जाहिर तौर पर हाल ही में हुई कुछ चीजों की वजह से हमारी अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा को थोड़ी चोट पहुंची है।

उन्होंने कहा, भले ही स्थिति कठिन है, हम ऐसे निर्णय करेंगे जो सब कुछ संतुलित करते हों। लोग देख सकते हैं कि हमने जो दृष्टिकोण अपनाया है वह उचित है। हमारे सामने नंबर एक चुनौती मुद्रास्फीति है। यह महत्वपूर्ण है कि हम उस पर पकड़ बनाएं। यह महत्वपूर्ण है कि हम दरों में वृद्धि को सीमित करें। 
  

09:30 PM, 15-Nov-2022

कल कई देशों के साथ द्विपक्षीय नेताओं के साथ बैठक करेंगे मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल 16 नवंबर को बाली, इंडोनेशिया में जी 20 शिखर सम्मेलन में इंडोनेशिया, स्पेन, फ्रांस, सिंगापुर, जर्मनी, इटली, ऑस्ट्रेलिया और यूनाइटेड किंगडम के साथ द्विपक्षीय बैठकें करेंगे।

 

09:06 PM, 15-Nov-2022

जी-20 के बयान में रूस की आक्रामकता की कड़ी निंदा

जी-20 की ओर से मंगलवार को जारी बयान में कहा गया कि रूस की आक्रामकता की कड़ी निंदा करता है और यूक्रेन के क्षेत्र से अपनी पूर्ण और बिना शर्त वापसी की मांग करता है। जी-20 के मसौदे में यह भी कहा गया है कि रूस के खिलाफ स्थिति और प्रतिबंधों पर अलग-अलग देशों के अलग-अलग विचार हैं। यह भी कहा गया कि G-20 सुरक्षा मुद्दों को हल करने का मंच नहीं है। शिखर सम्मेलन में जेलेंस्की के रूस को जी-20 से कूटनीतिक और आर्थिक रूप से अलग-थलग करने के लिए राजी करने की कोशिश में अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन भी शामिल हो गए। इस दौरान वैश्विक वित्तीय दृष्टिकोण में खटास के बावजूद कई देशों के संकल्प का परीक्षण किया गया।
 

विज्ञापन
06:43 PM, 15-Nov-2022

पीएम मोदी और शी जिनपिंग ने एक-दूसरे का अभिवादन किया

बाली जी-20 शिखर सम्मेलन में पीएम मोदी और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने रात्रिभोज के दौरान मुलाकात की और एक दूसरे का हालाचाल जाना। हालांकि दोनों के बीच आधिकारिक बैठक का कोई कार्यक्रम तय नहीं है। 

06:34 PM, 15-Nov-2022

पीएम मोदी कल इन देशों के साथ करेंगे द्विपक्षीय बैठक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल 16 नवंबर को बाली, इंडोनेशिया में G20 शिखर सम्मेलन में इंडोनेशिया, स्पेन, फ्रांस, सिंगापुर, जर्मनी, इटली, ऑस्ट्रेलिया और यूनाइटेड किंगडम के साथ द्विपक्षीय बैठकें करेंगे।
 

विज्ञापन
05:27 PM, 15-Nov-2022

मोदी जी एक सच्चे नेता, मुझे उनसे प्रेरणा मिलती है...

मोदी जी एक सच्चे नेता हैं, मुझे उनसे बहुत प्रेरणा मिलती है। मेरे लिए यह बहुत ही भावनात्मक अहसास था जब उन्होंने मेरे द्वारा किए गए अच्छे काम के लिए तीन बार मेरा नाम लिया। मेरा मानना है कि काम बड़ा नहीं बल्कि ईमानदार होना चाहिए: पद्मश्री पुरस्कार विजेता अगुस इंद्र उदयन

04:45 PM, 15-Nov-2022

मोदी बोले, प्रधानमंत्री ऋषि सुनक को देखकर खुशी हुई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया, "ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक को देखकर खुशी हुई। आने वाले समय में साथ काम करने के लिए उत्सुक हूं।"


 

04:42 PM, 15-Nov-2022

भारत-इंडोनेशिया के बीच जीवंत संबंध

विदेश मंत्रालय ने ट्वीट किया- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इंडोनेशिया के बाली में भारतीय प्रवासियों और भारत के दोस्तों की एक सभा को संबोधित किया। प्रधानमंत्री ने भारत और इंडोनेशिया के बीच घनिष्ठ सांस्कृतिक और सभ्यतागत संबंधों और हमारे जीवंत संबंधों को गहरा करने में प्रवासियों की भूमिका पर प्रकाश डाला। 

04:33 PM, 15-Nov-2022

जी-20 शिखर सम्मेलन के लिए जुटे दिग्गज नेता

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन और इंडोनेशिया के राष्ट्रपति जोको विडोडो बाली में जी-20 शिखर सम्मेलन के दौरान बातचीत करते हुए। 


 

03:45 PM, 15-Nov-2022

इंडोनेशिया से भारत बहुत कुछ सीख सकता है

कुछ महीने पहले 15 अगस्त को भारत ने आजादी के 75 साल पूरे किए। इंडोनेशिया का स्वतंत्रता दिवस भारत के दो दिन बाद आता है, 17 अगस्त को। लेकिन इंडोनेशिया सौभाग्यशाली था कि उसे भारत से दो वर्ष पूर्व ही स्वतंत्रता प्राप्त हो गई। इंडोनेशिया से भारत बहुत कुछ सीख सकता है: प्रधानमंत्री
 

03:36 PM, 15-Nov-2022

भारत-इंडोनेशिया 90 नॉटिकल मील दूर नहीं बल्कि करीब

पीएम ने कहा, उस साल जब मैं जकार्ता आया था, मैंने कहा था कि भारत और इंडोनेशिया 90 नॉटिकल मील दूर हो सकते हैं, लेकिन वास्तव में, हम 90 नॉटिकल मील दूर नहीं हैं, बल्कि 90 नॉटिकल मील करीब हैं।  

03:34 PM, 15-Nov-2022

प्रधानमंत्री ने कहा, भारत और इंडोनेशिया के बीच संबंध अच्छे और कठिन दोनों समय में मजबूत रहे हैं। 2018 में जब इंडोनेशिया भूकंप से प्रभावित था, हमने तुरंत ऑपरेशन समुद्र मैत्री शुरू किया था।  


03:32 PM, 15-Nov-2022

ओडिशा में कई वर्षों के बाद बाली जात्रा महोत्सव

पीएम ने कहा, जब इंडोनेशिया के लोग इस साल की बाली जात्रा की तस्वीरें इंटरनेट पर देखेंगे तो उन्हें गर्व और खुशी होगी। कोविड के कारण उत्पन्न होने वाली समस्याओं से कुछ बाधाएं उत्पन्न हुई थीं। ओडिशा में कई वर्षों के बाद बाली जात्रा महोत्सव बड़े पैमाने पर मनाया जा रहा है। 
 

03:31 PM, 15-Nov-2022

पीएम बोले, भारत-इंडोनेशिया व्यापार संबंधों का जश्न

बाली में भारतीय समुदाय के कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, हम यहां से 1500 किमी दूर भारत के कटक में इंडोनेशियाई परंपराओं के गीत गाते हैं, बाली यात्रा महोत्सव चल रहा है- बाली जात्रा। यह महोत्सव हजारों साल पुराने भारत-इंडोनेशिया व्यापार संबंधों का जश्न मना रहा है।  
 

03:27 PM, 15-Nov-2022

लोगों ने "मोदी, मोदी" का नारा बुलंद किया 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बाली, इंडोनेशिया में भारतीय समुदाय के कार्यक्रम में सभी को बधाई दी। लोगों ने "मोदी, मोदी" का नारा बुलंद किया। 

03:26 PM, 15-Nov-2022

भारतीय समुदाय के कार्यक्रम में पहुंचे पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इंडोनेशिया के बाली में कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे, जहां भारतीय समुदाय का कार्यक्रम आयोजित किया गया है। यहां उन्होंने पारंपरिक इंडोनेशियाई संगीत वाद्ययंत्रों में भी हाथ आजमाया। 

03:23 PM, 15-Nov-2022

अमेरिका, यूरोपीय देशों और जापान ने किए निवेश समझौते

अमेरिका, यूरोपीय देशों और जापान ने इंडोनेशिया के साथ 20 बिलियन अमेरिकी डॉलर के निवेश सौदे पर हस्ताक्षर किए, ताकि वह स्वच्छ ऊर्जा में तेजी ला सके।  

 

03:16 PM, 15-Nov-2022

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इंडोनेशिया के बाली में भारतीय समुदाय के कार्यक्रम में लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। इस दौरान PM ने कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि बाली आने के बाद हर भारतीय को एक अलग ही अनुभूति होती है और मैं भी वही महसूस कर रहा हूं। जिस जगह के साथ भारत का हजारों वर्षों का रिश्ता रहा हो, जिसके बारे में सुनते रहते हो। पीढ़ी दर पीढ़ी उस परंपरा को आगे बढ़ाया पर कभी ओझल नहीं होने दिया।

03:00 PM, 15-Nov-2022

पीएम मोदी-बाइडन के बीच हुई वार्ता 

भारतीय विदेश मंत्रालय ने बताया, पीएम मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन के बीच महत्वपूर्ण वार्ता हुई। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच भारत-अमेरिका की रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने पर व्यापाक चर्चा हुई। विदेश मंत्रालय ने बताया, अमेरिका ने क्वाड, I2U2, जैसे संगठनों में भारतीय सहयोग के लिए सराहना भी की। 

02:35 PM, 15-Nov-2022

विश्व के नेताओं से मिले प्रधानमंत्री मोदी

01:41 PM, 15-Nov-2022

वर्ल्ड बैंक के अध्यक्ष से मिले पीएम मोदी

जी-20 समिट के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ल्ड बैंक के अध्यक्ष डेविड मालपास से मुलाकात की। पीएमओ की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, इस दौरान दोनों के बीच एक सार्थक चर्चा हुई। 

11:56 AM, 15-Nov-2022

भारतीय समुदाय को संबोधित करेंगे पीएम मोदी

इंडोनेशिया के बाली में जी-20 शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारतीय समुदाय को संबोधित करेंगे। पीएम मोदी के कार्यक्रम के लिए आयोजन स्थल पर तैयारियां जोरो पर हैं। 

11:30 AM, 15-Nov-2022

ब्रिटिश पीएम सुनक से मिले प्रधानमंत्री मोदी

जी-20 शिखर वार्ता के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ब्रिटेन के पीएम ऋषि सुनक से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच काफी देर तक वार्ता हुई। बता दें, सुनक ने हाल ही में ब्रिटेन के प्रधानमंत्री की कुर्सी संभाली है। 

11:11 AM, 15-Nov-2022

पीएम मोदी व नीदरलैंड के पीएम के बीच बातचीत

जी-20 शिखर सम्मेलन के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नीदरलैंड के पीएम मार्क रूट के साथ बातचीत की। इस दौरान उन्होंने कहा, बहुपक्षीय शिखर सम्मेलन वैश्विक नेताओं के लिए विविध मुद्दों पर विचारों के आदान-प्रदान करने के अद्भुत अवसर है। 

10:00 AM, 15-Nov-2022

पीएम मोदी व बाइडन के बीच स्पष्ट दोस्ती- जेड तरार

भारत-अमेरिका संबंध पर अमेरिकी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता जेड तरार ने कहा, प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति बाइडन के बीच अच्छी और स्पष्ट दोस्ती है। दुनिया के कई ऐसे विषय हैं, जहां दोनों देश आमने-सामने नहीं दिखते, लेकिन इससे हमारे रिश्ते पर कोई असर नहीं पड़ता। हर देश अपनी-अपनी रणनीति के मुताबिक चलता है, सबसे बड़ी बात यह है कि हम रूस पर दबाव बना रहे हैं, अपने मित्र राष्ट्रों पर नहीं। 

09:33 AM, 15-Nov-2022

पांच बैंकों ने सीमा पार लेनदेन समझौते पर किए हस्ताक्षर

जी-20 शिखर सम्मेलन के दौरान बैंक इंडोनेशिया, बैंक नेगारा मलेशिया, बैंगको सेंट्रल एनजी फिलिपींस, सिंगापुर का मौद्रिक प्राधिकरण और बैंक ऑफ थाईलैंड ने सीमा पार भुगतान पर सहयोग के लिए समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। एक बयान में कहा गया कि यह समझौता ज्ञापन सीमा पार व्यापार, निवेश, वित्तीय मदद, पर्यटन जैसी अन्य आर्थिक गतिविधियों की सुविधा प्रदान करता है। इसके साथ ही यह सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों के लिए यह विशेष रूप से फायदेमंद है। 

09:05 AM, 15-Nov-2022

दुनिया के विकास के लिए भारत महत्वपूर्ण- पीएम मोदी

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, वैश्विक विकास के लिए भारत की ऊर्जा सुरक्षा महत्वपूर्ण है। क्योंकि, भारत दुनिया की सबसे तेजी से उभरती हुई अर्थव्यवस्था है। उन्होंने कहा, हमें ऊर्जा की आपूर्ति पर किसी भी प्रतिबंध को बढ़ावा नहीं देना चाहिए और ऊर्जा बाजार में स्थिरता सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने कहा, 2030 तक हमारी आधी बिजली अक्षय स्रोतों से पैदा होगी। आगे कहा, भारत में स्थायी खाद्य सुरक्षा के लिए हम प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दे रहे हैं और बाजरा जैसे पौष्टिक और पारंपरिक खाद्यान्नों को फिर से लोकप्रिय बना रहे हैं। बाजरा वैश्विक कुपोषण और भूख को भी दूर कर सकता है।

08:59 AM, 15-Nov-2022

खाद्य संकट का समाधान दुनिया के पास नहीं- पीएम मोदी

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, आज की खाद की कमी कल का खाद्य संकट है, जिसका समाधान दुनिया के पास नहीं होगा। हमें खाद और खाद्यान्न दोनों की आपूर्ति श्रृंखला को स्थिर और सुनिश्चित बनाए रखने के लिए आपसी समझौता करना चाहिए। पीएम ने कहा, मैंने हमेशा कहा है कि हमें यूक्रेन में युद्धविराम और कूटनीति के रास्ते पर लौटने का रास्ता खोजना होगा। पिछली सदी में द्वितीय विश्व युद्ध ने दुनिया में कहर बरपाया था जिसके बाद उस समय के नेताओं ने शांति का रास्ता अपनाने का गंभीर प्रयास किया। अब हमारी बारी है। 

08:44 AM, 15-Nov-2022

यूक्रेन युद्ध ने दुनिया में मचाई तबाही- पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जी-20 शिखर सम्मेलन ने के दौरान फूड एनर्जी सिक्योरिटी सत्र में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि कोरोना और यूक्रेन युद्ध के कारण दुनिया की सप्लाई चेन प्रभावित हुई है। इससे दुनिया में तबाही फैल गई है। उन्होंने कहा कि यूएन जैसी संस्थाएं इन मुद्दों पर विफल रही हैं। इसलिए हम सभी को मिलकर यूक्रेन युद्ध रोकने का रास्ता निकालना होगा। 

08:31 AM, 15-Nov-2022

दुनिया की निगाहें हमारी बैठक पर 

जी-20 शिखर सम्मेलन के दौरान इंडोनेशिया के राष्ट्रपति जोको विडोडो ने कहा, हमने विश्व व्यवस्था और अंतरराष्ट्रीय कानूनों को देखा है। आज दुनिया की नजरें हमारी बैठक पर हैं। मेरी नजर में जी-20 को जरूर सफल होना चाहिए। विडोडो ने कहा, जी-20 के अध्यक्ष के रूप में, इंडोनेशिया ने मतभेदों को खत्म करने के लिए काफी प्रयास किया, लेकिन सफलता तभी प्राप्त की जा सकती है जब हम सभी मतभेदों को दूर करने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध हों, जिससे दुनिया के लिए यहफायदेमंद हो सके। 

08:24 AM, 15-Nov-2022

NSA अजीत डोभाल व विदेश मंत्री जयशंकर भी मौजूद 

बाली में जी-20 शिखर सम्मेलन के दौरान एनएसए अजीत डोभाल व विदेश मंत्री एस जयशंकर व जी-20 शेरपा भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ बाली में मौजूद हैं। 

08:21 AM, 15-Nov-2022

फ्रांस के राष्ट्रपति का विडोडो ने किया स्वागत 

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों भी इंडोनिशिया के बाली पहुंचे। इस दौरान राष्ट्रपति जोको विडोडो ने उनका स्वागत किया। 

08:19 AM, 15-Nov-2022

पुतिन ने सम्मेलन से बनाई दूरी 

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने जी-20 शिखर सम्मेलन से दूरी बना ली है। हालांकि, उन्होंने इस बैठक में भाग लेने के लिए रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव को अपने प्रतिनिधि के रूप में भेजा है। 

08:16 AM, 15-Nov-2022

जिनपिंग भी पहुंचे बाली 

चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग जी-20 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए बाली पहुंच चुके हैं। इस सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व जिनपिंग के बीच बातचीत की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। 

08:13 AM, 15-Nov-2022

इंडोनेशिया के राष्ट्रपति ने किया पीएम मोदी का स्वागत 

जी-20 सम्मेलन में भाग लेने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बाली के अपूर्व केम्पिंस्की होटल पहुंच चुके हैं। यहां इंडोनेशिया के राष्ट्रपति जोको विडोडो ने उनका स्वागत किया। 

08:02 AM, 15-Nov-2022

G20 Summit 2022 Live: कल से द्विपक्षीय बैठकों का सिलसिला, कई देशों के नेताओं से मुलाकात करेंगे पीएम मोदी

इंडोनेशिया में आज से शुरू हो रहे जी-20 शिखर सम्मेलन में शिरकत करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को बाली पहुंच गए। वह आज शिखर सम्मेलन के तहत होने वाली बैठकों में प्रतिभाग करेंगे। इस सम्मेलन में कई देशों के राष्ट्राध्यक्ष शामिल हो रहे हैं। इस दौरान खाद्य, सुरक्षा, ऊर्जा, यूक्रेन संकट जैसे कई अहम मुद्दों पर चर्चा होगी। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें