फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bangladesh Unrest: राष्ट्रपति बोले- खालिदा जिया की रिहाई के बाद अंतरिम सरकार का गठन; US ने एलान का स्वागत किया

Tue, 06 Aug 2024 03:15 AM IST
कीर्तिवर्धन मिश्र वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, ढाका

खास बातें

Bangladesh Protests LIVE news and updates: बांग्लादेश में सरकार विरोधी प्रदर्शनों के बीच भड़की हिंसा अब उग्र हो चुकी है। इस बीच बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना ने अपने पद से इस्तीफे दे चुकी हैं। वहीं इसके बाद देश के सेना प्रमुख ने कहा है कि वो सभी से बातचीत करके देश में अंतरिम सरकार बनवाएंगे।  यहां पढ़ें सभी अपडेट्स...
विज्ञापन
बांग्लादेश में हिंसक प्रदर्शन - LIve - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

01:35 AM, 06-Aug-2024

आवामी लीग ने कहा- हिंसक प्रदर्शन के पीछे BNP की रणनीति

बांग्लादेश में तख्तापलट से पहले सत्तारूढ़ रही आवामी लीग पार्टी ने आरोप लगाया है कि देशव्यापी हिंसक प्रदर्शन के पीछे बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) का हाथ है। आवामी लीग के मुताबिक आरक्षण पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद भी प्रधानमंत्री शेख हसीना के इस्तीफे की मांग दिखाती है कि विरोध-प्रदर्शनों के पीछे असल में छात्र नहीं, देश के मुख्य विपक्षी राजनीतिक दल- बीएनपी और प्रतिबंधित संगठन- जमात-ए-इस्लामी की रणनीति है। इनका मकसद किसी भी तरह से देश की सत्ता हासिल करना है। प्रशासन भी लगातार छात्र शाखाओं पर हिंसा भड़काने के आरोप लगाता रहा है।

01:04 AM, 06-Aug-2024

पश्चिम बंगाल के राज्यपाल ने दिया आश्वासन, कहा- बांग्लादेश से लगी भारतीय सीमा सुरक्षित है

पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने बांग्लादेश में अशांति के मद्देनजर उपजी चिंताओं के बीच कहा, पड़ोसी मुल्क से लगी भारतीय सीमा सुरक्षित है। लोगों को किसी भी अफवाह पर ध्यान नहीं देना चाहिए। बोस ने एक 'निगरानी समिति' भी गठित की है, जो भ्रामक सूचनाओं पर लोगों को जानकारी देने के लिए चौबीसों घंटे उपलब्ध रहेगी। उन्होंने कहा, अफवाह और भ्रामक सूचना फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।'

बीएसएफ की सभी यूनिट 'हाई अलर्ट' पर
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल की कुल 2,217 किलोमीटर सीमा बांग्लादेश के साथ लगती है। हालात की संवेदनशीलता को देखते हुए सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के सूत्रों ने बताया कि पड़ोसी देश में उथल-पुथल के मद्देनजर भारत-बांग्लादेश की कुल 4,096 किलोमीटर लंबी सीमा पर तैनात बीएसएफ की सभी यूनिट को 'हाई अलर्ट' पर रखा गया है। बीएसएफ के एक अधिकारी ने कहा, अप्रिय घटना से बचने के लिए सतर्कता बढ़ाई गई है। बीएसएफ के कार्यवाहक महानिदेशक दलजीत सिंह चौधरी ने उत्तर 24 परगना जिले और सुंदरबन नदी क्षेत्र के सीमावर्ती क्षेत्रों का दौरा किया और तैयारियों की समीक्षा की।

12:40 AM, 06-Aug-2024

भारत ने निर्यात रोका, रेल-वायु संपर्क भी काटा

बांग्लादेश में अस्थिर हालात को देखते हुए भारत ने माल का निर्यात रोक दिया है। ढाका व अन्य शहरों के लिए रेल और वायु संपर्क भी बंद कर दिया गया है। भारत ने अपने नागरिकों को बांग्लादेश की यात्रा टालने की सलाह दी है।

विज्ञापन
12:20 AM, 06-Aug-2024

बांग्लादेश की अस्थिरता के बीच UN ने की शांति की अपील

बांग्लादेश में देशव्यापी आंदोलन के कारण राजनीतिक अस्थिरता का माहौल है। देश के राष्ट्रपति ने कहा है कि संसद भंग कर अंतरिम सरकार बनाई जाएगी। इसी बीच संयुक्त राष्ट्र (UN) ने कहा, 'हम बांग्लादेश में शांति और संयम बनाए रखने की अपील करते हैं।' संयुक्त राष्ट्र के उप प्रवक्ता फरहान हक ने कहा कि UN सभी पक्षों से शांतिपूर्ण सभा और अभिव्यक्ति के अधिकार का सम्मान करने की अपील करता है। उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र बांग्लादेश में मौजूद सुरक्षा बलों से राजधानी ढाका और देश के अन्य शहरों में आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील करता है।

11:55 PM, 05-Aug-2024

ब्रिटेन बोला- लोकतंत्र बहाल करने के लिए बांग्लादेश में 'त्वरित कार्रवाई' जरूरी; नेपाल सीमा पर सुरक्षा बढ़ाई गई

बांग्लादेश के मौजूदा हालात पर चिंता जताते हुए ब्रिटेन ने कहा कि देश में लोकतंत्र बहाल करने के लिए 'त्वरित कार्रवाई' करनी होगी। सोमवार को प्रधानमंत्री केअर स्टार्मर के प्रवक्ता ने कहा कि हिंसा की घटनाओं से पीएम बेहद दुखी हैं। ब्रिटेन को उम्मीद है कि लोकतंत्र बहाली के लिए त्वरित कार्रवाई होगी। साथ ही बांग्लादेश में आम जनता की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम भी तेजी से उठाए जाएंगे। दूसरी तरफ, नेपाल ने बांग्लादेश के नागरिकों की संभावित घुसपैठ की आशंका के चलते भारत से लगती अपनी सीमा पर सुरक्षा बढ़ा दी है।

विज्ञापन
11:22 PM, 05-Aug-2024

अमेरिका ने अंतरिम सरकार की घोषणा का स्वागत किया

अमेरिका ने बांग्लादेश में सत्ता परिवर्तन पर सधी प्रतिक्रिया दी है। विदेश विभाग के प्रवक्ता मैथ्यू मिलर ने दैनिक प्रेस ब्रीफिंग में मीडिया से कहा, हम बांग्लादेश के हालात पर करीबी निगाह बनाए हुए हैं। हमने शेख हसीना के इस्तीफे की घोषणा और देश छोड़कर जाने की खबर देखी है। अमेरिका बांग्लादेश के लोगों के साथ खड़ा है। हम सभी पक्षों से हिंसा से दूरी बनाने की अपील करते हैं। पिछले सप्ताहों में कई जानें गई हैं और हम आने वाले समय में शांति बनाए रखने का अनुरोध करते हैं। मिलर ने कहा, अमेरिका बांग्लादेश में अंतरिम सरकार के गठन की घोषणा का स्वागत करता है और हम चाहते हैं सत्ता का हस्तांतरण वहां के कानून के अनुसार हो।

नई सरकार के गठन में जनता की कितनी भूमिका
उन्होंने कहा कि 'हमारी संवेदनाएं उन लोगों के साथ हैं जो पिछले कुछ हफ़्तों में हुई हिंसा में घायल हुए हैं। अब अमेरिका हिंसा को समाप्त करने और जवाबदेही तय करने पर ध्यान केंद्रित कर रहा है। अंतरिम सरकार के बारे में सभी निर्णय लोकतांत्रिक सिद्धांतों, कानून के शासन और बांग्लादेशी लोगों की इच्छा के सम्मान में किए जाने चाहिए।

अमेरिका आर्थिक सहयोग जारी रखेगा
बांग्लादेश को अमेरिकी वित्तीय सहायता के संबंध में विदेश विभाग के प्रवक्ता मैथ्यू मिलर ने कहा, वित्त वर्ष 2023 में अमेरिका ने बांग्लादेश को द्विपक्षीय आर्थिक विकास और स्वास्थ्य सहायता के लिए 212 मिलियन डॉलर से अधिक प्रदान किए। हम सहयोग जारी रखना चाहेंगे, क्योंकि ये अमेरिका-बांग्लादेश संबंधों के लिए महत्वपूर्ण है। अमेरिका ने अगस्त 2017 से रोहिंग्या शरणार्थियों के सहयोग के लिए लगभग 2 बिलियन डॉलर की मानवीय सहायता प्रदान की थी।

हिंसा की पारदर्शी जांच के पक्ष में है अमेरिका
बांग्लादेश में पिछले कुछ हफ़्तों में हुई हिंसा के संबंध में अमेरिका पूरी और पारदर्शी जांच चाहता है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता मैथ्यू मिलर ने ये बात कही। तख्तापलट के बाद सैन्य हुकूमत का समर्थन करने के सवाल पर उन्होंने कहा, 'बांग्लादेशी लोगों की लोकतांत्रिक आकांक्षाओं पर ध्यान केंद्रित किया जाना महत्वपूर्ण है। यह देश की जनता ही तय करेगी कि उन्हें किस तरह की लोकतांत्रिक सरकार चाहिए।'

11:01 PM, 05-Aug-2024

बांग्लादेश से एक और बड़ी खबर सामने आ रही है, जानकारी के मुताबिक अब प्रदर्शनकारियों ने देश के चीफ ऑफ जस्टिस के घर में घुसकर तोड़-फोड़ की है। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने कार, फर्नीचर के साथ घर का सारा समान लूट ले गए हैं।

10:19 PM, 05-Aug-2024

जेल से रिहा होंगी खालिदा जिया, राष्ट्रपति ने दिया आदेश

बांग्लादेश में प्रधानमंत्री पद से शेख हसीना के इस्तीफा और देश छोड़ने के बाद राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन ने विपक्षी नेता खालिदा जिया को रिहा करने का आदेश दिया है। खालिदा जिया विपक्षी बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) की प्रमुख हैं और 1991-96 और 2001-06 के दौरान दो बार प्रधानमंत्री रह चुकी हैं।

09:04 PM, 05-Aug-2024

पीएम मोदी की अध्यक्षता में सुरक्षा पर कैबिनेट समिति की बैठक

बांग्लादेश में उथल-पुथल के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में सुरक्षा पर कैबिनेट समिति की बैठक हुई है। जिसमें विदेश मंत्री एस. जयशंकर प्रधानमंत्री मोदी के पड़ोसी देश के हालात पर जानकारी दी है।

08:36 PM, 05-Aug-2024

टिपरा मोथा सुप्रीमो को गृह मंत्री ने दिलाया भरोसा- घुसपैठ नहीं होने दी जाएगी

टिपरा मोथा सुप्रीमो प्रद्योत किशोर माणिक्य देबबर्मा ने सोमवार को कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उन्हें भरोसा दिलाया है कि बांग्लादेश से घुसपैठ नहीं होने दी जाएगी। आदिवासी आधारित पार्टी टिपरा मोथा त्रिपुरा में सत्तारूढ़ भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन का घटक है। इस मामले में देबबर्मा ने एक फेसबुक पोस्ट में कहा, कि माननीय गृह मंत्री अमित शाह से बात की, जिन्होंने सभी को भरोसा दिलाया है कि भारत की सीमाएं अच्छी तरह सुरक्षित हैं और किसी भी तरह की अवैध घुसपैठ की अनुमति नहीं दी जाएगी। वह स्थिति पर नजर रख रहे हैं और उन्होंने हमारे बलों को सीमाओं पर सतर्क रहने को कहा है।

08:33 PM, 05-Aug-2024

प्रदर्शनकारी नेताओं की अपील- शांति से करें आंदोलन

बांग्लादेश के प्रदर्शनकारी नेताओं ने सोमवार को छात्रों से यह सुनिश्चित करने का आह्वान किया कि प्रधानमंत्री शेख हसीना के पद से हटने के बाद देश में पैदा हुए हालात में किसी को भी लूटने का मौका न मिले, और उनसे अपनी मांगें होने तक शांतिपूर्ण तरीके से विरोध करने का आग्रह किया। बता दें कि बांग्लादेश में छात्रों का विरोध पिछले महीने एक विवादास्पद नौकरी कोटा योजना के खिलाफ शुरू हुआ था और बाद में यह सरकार विरोधी आंदोलन के रूप में बदल गया। इससे पहले दिन में सेना प्रमुख जनरल वकार-उज-जमान ने घोषणा की कि हसीना ने इस्तीफा दे दिया है और एक अंतरिम सरकार का गठन किया जा रहा है। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से हिंसा बंद करने का आग्रह किया और सभी लोगों के लिए 'न्याय' की कसम खाई।

08:30 PM, 05-Aug-2024

ढाका जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट कोलकाता डायवर्ट

बांग्लादेश में हिंसा के कारण और सोमवार को ढाका में हवाई अड्डा बंद होने के बाद चेन्नई से ढाका जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट को कोलकाता डायवर्ट किया गया। एक अधिकारी ने मामले में बताया कि फ्लाइट शाम 4.56 बजे कोलकाता उतरी और ईंधन भरने के बाद चेन्नई के लिए रवाना हुई। एक अन्य अधिकारी के अनुसार, दोपहर में ढाका एयरपोर्ट से कोलकाता एयरपोर्ट को संदेश मिला कि यह 10.30 बजे तक बंद रहेगा। वहीं भारतीय एयरपोर्ट प्राधिकरण (एएआई) के एक अधिकारी ने बताया कि ढाका में हिंसा के कारण 81 यात्रियों को लेकर उड़ान संख्या 6ई 1113 को कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट डायवर्ट किया गया।

08:25 PM, 05-Aug-2024

बांग्लादेश के साथ लगे मेघालय सीमा के पास नाइट कर्फ्यू

वहीं बांग्लादेश में हिंसा को लेकर मेघालय में अलर्ट के साथ बांग्लादेश के साथ लगे सीमा के पास नाइट कर्फ्यू लगाया गया है। मेघालय के उपमुख्यमंत्री ने राज्य में अलर्ट की जानकारी दी है।

07:40 PM, 05-Aug-2024

शेख हसीना से NSA अजीत डोभाल ने की मुलाकात

भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना से मुलाकात की है। जानकारी के मुताबिक राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल शेख हसीना के आने से पहले ही एयरबेस पर पहुंच गए थे। लगभग दो घंटे एयरफोर्स स्टेशन पर रहे। उन्होंने एयरबेस पर शेख हसीना को रिसीव किया था, इस दौरान उनके साथ वरिष्ठ सैन्य अधिकारी भी हिंडन एयरबेस पर मौजूद थे। सूत्रों के मुताबिक भारतीय वायुसेना और अन्य सुरक्षा एजेंसियां उन्हें सुरक्षा मुहैया करा रही हैं और उन्हें सुरक्षित स्थान पर ले जाया जा रहा है।

07:25 PM, 05-Aug-2024

इंडिगो एयरलाइंस ने भी ढाका के लिए रद्द की उड़ानें

बांग्लादेश में राजनीतिक स्थिति को देखते हुए इंडिगो एयरलाइंस ने यात्रियों के लिए सलाह जारी किया है। एक ट्वीट में इंडिगो एयरलाइंस ने कहा कि, ढाका में चल रही स्थिति को देखते हुए, कल के लिए निर्धारित सभी उड़ानें से रद्द कर दी गई हैं। आपको असुविधा और व्यवधान के लिए हमें खेद है।
 

07:19 PM, 05-Aug-2024

ढाका में सड़कों पर उतर आए लोग

बांग्लादेश में हिंसा भड़कने के बाद ढाका में लोग सड़कों पर उतर आए हैं। बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना सी-130 ट्रांसपोर्ट विमान से भारत के गाजियाबाद में हिंडन एयर बेस पर उतरीं। बांग्लादेश के सेना प्रमुख के अनुसार, उन्होंने प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है और अंतरिम सरकार देश को चलाएगी।

07:16 PM, 05-Aug-2024

सभी राजनीतिक दल सरकार के साथ एकजुट होंगे- कार्ति चिदंबरम

बांग्लादेश में राजनीतिक संकट पर कांग्रेस सांसद कार्ति पी. चिदंबरम ने कहा, हमें देखना होगा कि मौजूदा स्थिति हमारी सीमा सुरक्षा को कैसे प्रभावित करेगी। अगर बांग्लादेश में कोई भारतीय नागरिक है तो हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि वे सभी सुरक्षित हैं। हमें यह भी सुनिश्चित करना है कि बांग्लादेश से हमारी सीमा में शरणार्थियों की आमद न हो। सभी राजनीतिक दल भारत सरकार के पीछे एकजुट होंगे ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि हमारे हित सर्वोपरि हैं।

07:13 PM, 05-Aug-2024

बांग्लादेश में स्थिति संवेदनशील- कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी

वहीं बांग्लादेश में राजनीतिक संकट पर कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने कहा, बांग्लादेश में स्थिति संवेदनशील है। यह एक उभरती हुई स्थिति है। मुझे उम्मीद है कि सरकार कल संसद के दोनों सदनों में बांग्लादेश की स्थिति पर एक बयान देगी।

07:09 PM, 05-Aug-2024

राहुल गांधी ने विदेश मंत्री से बांग्लादेश के हालात पर की चर्चा

कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने लोकसभा में विदेश मंत्री एस. जयशंकर से मुलाकात की। जानकारी के मुताबिक दोनों नेताओं के बीच बांग्लादेश के हालात पर चर्चा हुई है।

06:54 PM, 05-Aug-2024

उत्तर 24 परगना में हाई अलर्ट लागू

वहीं पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना में बांग्लादेश अंतर्राष्ट्रीय पेट्रापोल सीमा पर हाई अलर्ट लागू किया गया।

06:51 PM, 05-Aug-2024

असम के करीमगंज में BSF ने बढ़ाई चौकसी

सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने बांग्लादेश में हिंसक विरोध प्रदर्शन और राजनीतिक उथल-पुथल के मद्देनजर असम के करीमगंज में भारत-बांग्लादेश सीमा पर हाई अलर्ट जारी किया है।

06:50 PM, 05-Aug-2024

यह बहुत चिंताजनक है- कांग्रेस सांसद शशि थरूर

कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने बांग्लादेश संकट पर कहा कि, यह बहुत चिंताजनक है। 1 जुलाई से जब संकट शुरू हुआ है, तब से लगभग 300 लोगों की जान जा चुकी है और यह हम सभी के लिए पहले से ही गंभीर चिंता का विषय है। बांग्लादेश हमारा पड़ोसी देश है, वहां के लोग हमारे अपने भाई-बहन हैं। वहां जो कुछ भी होता है, उसका हमारे पड़ोस पर भी बहुत गहरा असर पड़ता है। बांग्लादेश तीन तरफ से भारत से घिरा हुआ है, इसलिए यह एक महत्वपूर्ण चिंता का विषय है।

06:45 PM, 05-Aug-2024

विदेश मंत्री ने पीएम को दी बांग्लादेश की मौजूदा स्थिति की जानकारी

बांग्लादेश में हिंसा के बाद प्रधानमंत्री शेख हसीना के इस्तीफे और देश छोड़ने की घटनाओं के साथ बांग्लादेश की मौजूदा स्थिति के बारे में विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जानकारी दी है।

06:40 PM, 05-Aug-2024

बांग्लादेश में ग्रामीणफोन के 3G, 4G नेटवर्क बहाल

नॉर्वे की टेलीनॉर के अनुसार, बांग्लादेश की दूरसंचार कंपनी ग्रामीणफोन ने 3जी और 4जी नेटवर्क बहाल कर दिए हैं, जिससे लोगों को पूरे देश में मोबाइल इंटरनेट सेवाओं का उपयोग करने की सुविधा मिल गई है। टेलीनॉर ने एक ईमेल बयान में कहा कि ग्रामीणफोन ने सरकार से मोबाइल इंटरनेट सेवाओं की तत्काल और पूर्ण बहाली के लिए अपील की थी। कंपनी ने कहा कि हाल ही में राजनीतिक उथल-पुथल के दौरान मोबाइल इंटरनेट सेवाएं बंद होने के बावजूद वॉयस और एसएमएस कनेक्टिविटी को बनाए रखा गया था।

06:35 PM, 05-Aug-2024

बीजीबी के संपर्क में है बीएसएफ

इधर बांग्लादेश में पैदा हुए हालात को लेकर बीएसएफ के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, बीएसएफ मौजूदा स्थिति को लेकर बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश के साथ लगातार संपर्क में है। फिलहाल सीमा पर स्थिति सामान्य है। बांग्लादेश में कर्फ्यू के कारण भारत-बांग्लादेश सीमा पर एकीकृत जांच चौकियों (आईसीपी) पर यातायात की आवाजाही पर प्रतिबंध है।

06:32 PM, 05-Aug-2024

बांग्लादेश में बेरोजगारी की वजह से हुई हिंसा- सीपीआई (एम) नेता

वहीं बांग्लादेश में हिंसक विरोध प्रदर्शनों और राजनीतिक संकट पर सीपीआई (एम) नेता वी शिवदासन ने कहा कि, बांग्लादेश में यह घटना मूल रूप से आर्थिक संकट का नतीजा है। बेरोजगारी बढ़ रही है और छात्र नौकरियों के लिए संघर्ष कर रहे हैं। हालांकि, सरकार ने युवाओं को नौकरी नहीं दी है। इसके अलावा, सरकार की तानाशाही कार्यशैली ने भी एक और कारण दिया है।
 

06:18 PM, 05-Aug-2024

भारतीय वायु सीमा ने लड़ाकू विमानों ने रखी निगरानी

बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना भारत पहुंच गईं हैं। वहीं जानकारी के मुताबिक जब बांग्लादेशी सी-130 विमान के भारतीय वायु सीमा में प्रवेश किया, उसके तुरंत बाद भारतीय वायुसेना के कुछ लड़ाकू विमान हवा में उड़ गए और कुछ समय तक उस पर नजर रखी। भारतीय वायुसेना और भारतीय सेना किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए तैयार थी। बता दें कि बांग्लादेशी सी-130 विमान को भारतीय वायुसेना के सी-17 और सी-130जे सुपर हरक्यूलिस विमान हैंगर के पास पार्क किया जाएगा।

06:12 PM, 05-Aug-2024

एयर इंडिया ने बांग्लादेश जाने वाली फ्लाइटें की रद्द

वहीं बांग्लादेश में मौजूदा स्थिति को लेकर एयर इंडिया ने ट्वीट किया, जिसमें लिखा- बांग्लादेश में उभरती स्थिति को देखते हुए, हमने ढाका से आने-जाने वाली अपनी उड़ानों को तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया है। हम लगातार स्थिति पर नजर रख रहे हैं और ढाका से आने-जाने के लिए कन्फर्म बुकिंग वाले अपने यात्रियों को सहायता प्रदान कर रहे हैं, जिसमें संशोधित कार्यक्रम और रद्दीकरण शुल्क पर एक बार की छूट शामिल है। हमारे मेहमानों और चालक दल की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। अधिक जानकारी के लिए, कृपया हमारे 24/7 संपर्क केंद्र पर 011-69329333 / 011-69329999 पर कॉल करें।

06:04 PM, 05-Aug-2024

6 घंटे के लिए बंद रहेगा ढाका अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा

बांग्लादेश सेना ने कहा कि शेख हसीना के बांग्लादेश की प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा देने और सोमवार को अपनी बहन शेख रेहाना के साथ देश छोड़कर जाने के बाद, राजधानी ढाका में अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा अगले छह घंटे के लिए बंद रहेगा।

05:58 PM, 05-Aug-2024

भारत पहुंचीं शेख हसीना, हिंडन एयरबेस पर लैंड हुआ विमान

बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना का विमान गाजियाबाद के हिंडन एयरबेस में लैंड हुआ है। जानकारी के मुताबिक बांग्लादेश वायुसेना के विमान से भारत पहुंचीं शेख हसीना को भारतीय वायु सेवा के उच्च अधिकारियों ने उन्हें एयरबेस पर रिसीव किया है। सूत्रों के अनुसार शेख हसीना के साथ उनकी बहन भी मौजूद हैं। दोनों के साथ कुछ सामान भी है।

05:36 PM, 05-Aug-2024

देश वापस लौट रहे हैं बांग्लादेशी नागरिक

पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी में भारत-बांग्लादेश सीमा पर फुलबारी में आईसीपी से कई बांग्लादेशी नागरिकों को अपने देश में लौटते देखा जा सकता है।

05:23 PM, 05-Aug-2024

भारत ने बांग्लादेश के साथ सभी रेल सेवाएं निलंबित की

भारतीय रेलवे के प्रवक्ता के अनुसार बांग्लादेश में हाल ही में हुए हिंसक घटनाक्रमों के मद्देनजर भारत ने बांग्लादेश के साथ सभी रेल सेवाएं निलंबित कर दी हैं। भारतीय रेलवे के अनुसार 19 जुलाई से 6 अगस्त तक बांग्लादेश जाने वाली कोलकाता-ढाका-कोलकाता मैत्री एक्सप्रेस ट्रेन समेत सभी ट्रेन सेवाएं रद्द कर दी गई थीं।

05:17 PM, 05-Aug-2024

उपद्रवियों ने मीरपुर, जत्राबारी पुलिस थानों पर हमले की कोशिश की

ढाका में उपद्रवियों के एक समूह ने मीरपुर और जत्राबारी पुलिस थानों पर हमला करने की कोशिश की है। मीरपुर 2 इलाके में, पुलिस बॉक्स में तोड़फोड़ करने की कोशिश कर रही भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को गोलियां चलाते देखा गया। इस दौरान पुलिस उपद्रवियों से अपील किया कि, वो सभी कृपया घर लौट जाएं। पुलिस आपके साथ है। जानकारी के मुताबिक कई पुलिसकर्मी जत्राबारी थाने में भी फंसे हुए हैं।

05:14 PM, 05-Aug-2024

गणभवन, संसद भवन में हजारों की संख्या में घुसे लोग 

बांग्लादेश में जारी हिंसा के बीच हजारों लोग प्रधानमंत्री के आधिकारिक निवास गणभवन में घुस गए हैं, क्योंकि उन्हें खबर मिली है कि शेख हसीना सोमवार को दोपहर करीब 2:30 बजे बंगभवन से सैन्य हेलीकॉप्टर से रवाना हुईं, उनके साथ उनकी छोटी बहन शेख रेहाना भी थीं। इस बीच, सूत्रों के अनुसार, वे शेख हसीना और शेख रेहाना भारत में सुरक्षित स्थान पर पहुंच गई हैं। जानकारी के मुताबिक शेख हसीना देश छोड़ने से पहले एक भाषण रिकॉर्ड करना चाहती थी, लेकिन उन्हें ऐसा करने का मौका नहीं मिला।

05:11 PM, 05-Aug-2024

प्रदर्शनकारियों ने धनमंडी में गृह मंत्री के कार्यालय में की तोड़फोड़

बांग्लादेश में सोमवार को प्रदर्शनकारियों ने धनमंडी में मौजूद गृह मंत्री असदुजमन खान के कार्यालय में जमकर तोड़फोड़ की है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हजारों की संख्या में प्रदर्शनकारी प्रवेश द्वार तोड़कर मंत्री के आवास में घुस आए। इस दौरान घर के अंदर से धुआं निकल रहा था और परिसर में तोड़फोड़ हो रही थी।

05:07 PM, 05-Aug-2024

ढाका में प्रदर्शनकारियों ने कई जगहों पर की आगजनी 

ढाका में बंगबंधु स्मारक संग्रहालय और आवामी लीग के कार्यालयों में आग लगा दी गई है। जानकारी के अनुसार सोमवार दोपहर को प्रदर्शनकारियों ने ढाका में कई प्रमुख जगहों पर आग लगा दी, जिसमें धनमंडी 32 में मौजूद बंगबंधु भवन भी शामिल है, जिसे बंगबंधु स्मारक संग्रहालय के नाम से भी जाना जाता है। इसके अलावा, धनमंडी 3/ए मौजूद आवामी लीग के अध्यक्ष के कार्यालय में भी प्रदर्शनकारियों ने आग लगा दी है।

04:59 PM, 05-Aug-2024

केंद्र जो भी फैसला लेगी, हम उसका समर्थन करेंगे- ममता

बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना के इस्तीफा देने और वहां अंतरिम सरकार बनाने के बाद पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने कहा कि, मैं बंगाल के लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करती हूं। किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें। यह दो देशों के बीच का मामला है, केंद्र सरकार जो भी फैसला लेगी, हम उसका समर्थन करेंगे।

04:58 PM, 05-Aug-2024

शांति बनाए रखें और उकसावे से बचें- ममता बनर्जी

इधर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पड़ोसी बांग्लादेश के घटनाक्रम के मद्देनजर सभी से पश्चिम बंगाल में शांति बनाए रखने और उकसावे से बचने का आग्रह किया है।

04:56 PM, 05-Aug-2024

दिल्ली में बांग्लादेश उच्चायोग की सुरक्षा बढ़ाई गई

वहीं सेना की तरफ से बांग्लादेश पर नियंत्रण और प्रधानमंत्री हसीना के देश छोड़ने के मद्देनजर दिल्ली के चाणक्यपुरी में मौजूद बांग्लादेश उच्चायोग की सुरक्षा बढ़ा दी गई।

04:52 PM, 05-Aug-2024

बांग्लादेश में 7 अगस्त तक बंद रहेगा LIC का कार्यालय

बांग्लादेश में हिंसा के बीच एलआईसी ने सोमवार को कहा कि बांग्लादेश में उसका कार्यालय 7 अगस्त तक बंद रहेगा। जानकारी के अनुसार, बांग्लादेश के कई हिस्सों में सुरक्षा बलों और सरकार विरोधी प्रदर्शनकारियों के बीच पिछले दो दिनों में हुई भीषण झड़पों में 100 से अधिक लोग मारे गए। वहीं एलआईसी ने एक नियामक फाइलिंग में कहा, बांग्लादेश में मौजूदा सामाजिक-राजनीतिक स्थिति के कारण एलआईसी ऑफ बांग्लादेश लिमिटेड का कार्यालय 5 अगस्त, 2024 से 7 अगस्त, 2024 की के दौरान बंद रहेगा। एलआईसी ने कहा कि बांग्लादेश सरकार ने 5 अगस्त, 2024 से 7 अगस्त, 2024 तक 3 दिनों के लिए कर्फ्यू घोषित किया है। वहीं बीएसई पर एलआईसी का शेयर पिछले बंद भाव से 6.10 प्रतिशत गिरकर 1,110 रुपये पर बंद हुआ है।

04:47 PM, 05-Aug-2024

लंदन जा रहीं हैं शेख हसीना- सूत्र

बांग्लादेश में भड़की हिंसा के बीच प्रधानमंत्री के पद से इस्तीफा देने वाली शेख हसीना, लंदन के लिए रवाना हो रही है। सूत्रों के मुताबिक शेख हसीना ने सोमवार को इस्तीफा दिया और देश छोड़ दिया। अब वह लंदन के लिए रवाना हो रही हैं।

04:35 PM, 05-Aug-2024

यह बहुत दुखद घटना है- प्रियंका चतुर्वेदी, नेता, शिवसेना (यूबीटी)

वहीं बांग्लादेश में राजनीतिक संकट पर शिवसेना (यूबीटी) की नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि- यह बहुत दुखद घटना है, खासकर यह देखते हुए कि बांग्लादेश विकास की ओर बढ़ रहा था और अब अराजकता की ओर बढ़ रहा है। निकटतम पड़ोसी के रूप में, भारत को अपने रणनीतिक हितों के बारे में चिंतित होना चाहिए क्योंकि शेख हसीना एक स्थिर सरकार की पेशकश कर रही थीं और बांग्लादेश के साथ हमारे लंबे समय से संबंध हैं। मुझे उम्मीद है कि विदेश मंत्री और प्रधानमंत्री यह सुनिश्चित करेंगे कि बांग्लादेश में भारतीयों के हितों की रक्षा की जाए और किसी भी तरह से समझौता न किया जाए।

04:32 PM, 05-Aug-2024

हमारे देश के कुछ हिस्सों में बढ़ सकती है अस्थिरता- पूर्व विदेश सचिव

बांग्लादेश में राजनीतिक संकट और भारत पर इसके संभावित प्रभाव पर, पूर्व विदेश सचिव और बांग्लादेश में पूर्व राजदूत, हर्षवर्धन श्रृंगला ने कहा कि एक अस्थिर बांग्लादेश हमारे देश के कुछ हिस्सों में अस्थिरता को बढ़ा सकता है। इसलिए एक शांतिपूर्ण, समृद्ध, स्थिर बांग्लादेश भारत के लिए सबसे अच्छा है। यह बहुत महत्वपूर्ण है कि हम सभी संबंधित पक्षों के साथ मिलकर काम करें।
 

04:16 PM, 05-Aug-2024

प्रधानमंत्री आवास में घुसे प्रदर्शनकारी

बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना के देश छोड़ने के बाद स्थिति और बदहाल है, एक समाचार पत्र की रिपोर्ट के अनुसार, प्रदर्शनकारियों ने आज अपराह्न लगभग 3:00 बजे गोनो भवन के द्वार खोल दिए और प्रधानमंत्री आवास के परिसर में प्रवेश कर गए।

04:07 PM, 05-Aug-2024

इस्तीफे के बाद बांग्लादेश छोड़कर त्रिपुरा गईं शेख हसीना- रिपोर्ट

बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना ने सोमवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया और देश छोड़ दिया। उनकी सरकार के खिलाफ बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन हुए हैं जिसमें पिछले दो दिनों में 106 से अधिक लोगों की जान चली गई। वहीं एक समाचार एजेंसी के अनुसार शेख हसीना त्रिपुरा के अगरतला के लिए हेलीकॉप्टर से रवाना हुईं। हालांकि, विदेश मंत्रालय या अगरतला में स्थानीय अधिकारियों ने इसकी पुष्टि करने से इनकार कर दिया है। त्रिपुरा के गृह सचिव पीके. चक्रवर्ती ने कहा, हमारे पास ऐसी कोई जानकारी नहीं है। जानकारी के मुताबिक शेख हसीना और उनकी छोटी बहन शेख रेहाना हेलीकॉप्टर से देश छोड़कर चली गईं। जिसके कुछ घंटों बाद, सैकड़ों प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री के आधिकारिक आवास पर धावा बोल दिया। बांग्लादेश के संस्थापक शेख मुजीबुर रहमान की बेटी शेख हसीना 2009 से बांग्लादेश में शासन कर रही थीं। वह लगातार चौथी बार और कुल मिलाकर पांचवीं बार प्रधानमंत्री चुनी गईं थी।


वहीं देश में स्थिति अस्थिर और अनिश्चित होने के कारण, बांग्लादेशी सेना प्रमुख ने सोमवार को राष्ट्र को संबोधित किया। इससे पहले बांग्लादेश सरकार ने पहले इंटरनेट को पूरी तरह से बंद करने का आदेश दिया था, क्योंकि प्रदर्शनकारियों ने आम जनता से ढाका तक मार्च में शामिल होने के लिए कहा था। हालांकि, एक सरकारी एजेंसी ने सोमवार को लगभग 1:15 बजे ब्रॉडबैंड इंटरनेट शुरू करने का आदेश दिया है
 

03:56 PM, 05-Aug-2024

भारत-बांग्लादेश सीमा पर 'हाई अलर्ट'

वहीं बीएसएफ के महानिदेशक (कार्यवाहक) दलजीत सिंह चौधरी और वरिष्ठ अधिकारी भारत-बांग्लादेश सीमा सुरक्षा की समीक्षा के लिए कोलकाता पहुंच गए हैं। जानकारी के मुताबिक बीएसएफ ने पड़ोसी देश में हिंसक घटनाक्रम के मद्देनजर भारत-बांग्लादेश सीमा के 4,096 किलोमीटर क्षेत्र में सभी इकाइयों को 'हाई अलर्ट' जारी किया है।

03:54 PM, 05-Aug-2024

शेख हसीना ने देश छोड़ा और इस्तीफा दिया- सेना

बांग्लादेश के एक सैन्य अधिकारी ने बताया कि प्रधानमंत्री शेख हसीना ने बढ़ते अशांति के बीच इस्तीफा दे दिया और बांग्लादेश छोड़ दिया। इसके साथ ही उनकी 15 साल की सत्ता समाप्त हो गई।

03:45 PM, 05-Aug-2024

सेना और पुलिस गोली न चलाएं- बांग्लादेश सेना प्रमुख

बांग्लादेश के सेना प्रमुख वकर-उज-जमान ने कहा कि उन्होंने सेना और पुलिस दोनों से कोई गोली न चलाने को कहा है।

03:30 PM, 05-Aug-2024

सेना ने की प्रेस कॉन्फ्रेंस

इस पूरे घटनाक्रम को लेकर सेना ने भी प्रेस कॉन्फ्रेंस की। सेना ने कहा कि हिंसा से देश को नुकसान हुआ है। हालांकि, सेना देश के हालात को पूरी तरह संभाल लेगी। सेना ने देश में अंतरिम सरकार के गठन के साथ शांति स्थापित करने की भी बात कही। प्रदर्शनकारियों से कानून अपने हाथ में न लेने की अपील भी की गई। 

03:27 PM, 05-Aug-2024

बांग्लादेश में मुजीब-उर-रहमान की मूर्ति से तोड़फोड़

ढाका में प्रदर्शनकारियों ने बांग्लादेश के संस्थापक और शेख हसीना के पिता शेख मुजीब-उर-रहमान की मूर्ति के साथ तोड़फोड़ कर दी। स्थानीय न्यूज चैनलों ने इससे जुड़े वीडियो भी प्रसारित किए। 

03:17 PM, 05-Aug-2024

बांग्लादेश की प्रधानमंत्री ने देश में जारी हिंसक प्रदर्शनों के बीच इस्तीफा दे दिया है। बांग्लादेश के उच्चायोग के एक अधिकारी ने न्यूज एजेंसी रॉयटर्स से इसकी पुष्टि की है। साथ ही यह भी कहा गया है कि वह आज ही भारत पहुंच सकती हैं।

03:13 PM, 05-Aug-2024

शेख हसीना के आधिकारिक आवास में घुसे हजारों लोग

बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना के देश छोड़ने की खबरों के बीच सामने आया है कि हजारों लोग प्रधानमंत्री के आधिकारिक आवास में घुस गए हैं। बांग्लादेश के मीडिया समूह प्रथम अलो ने इसकी जानकारी दी है।

03:12 PM, 05-Aug-2024

कानून मंत्री बोले- मुझे नहीं पता क्या हो रहा है

इस पूरे घटनाक्रम के बीच बांग्लादेश के कानून मंत्री अनीसुल हक ने कहा कि स्थिति काफी गंभीर हो गई है। मुझे खुद नहीं पता कि क्या हो रहा है।

03:09 PM, 05-Aug-2024

Bangladesh Unrest: राष्ट्रपति बोले- खालिदा जिया की रिहाई के बाद अंतरिम सरकार का गठन; US ने एलान का स्वागत किया

Bangladesh Protests LIVE news and updates: बांग्लादेश में सरकार विरोधी प्रदर्शनों के बीच भड़की हिंसा अब उग्र हो चुकी है। इस बीच बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना के देश छोड़कर निकलने की खबरे हैं। बताया गया है कि बांग्लादेशी पीएम अपने पद से इस्तीफा भी दे सकती हैं। कुछ ही देर में बांग्लादेश के सेना प्रमुख इस पूरे घटनाक्रम पर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सकते हैं। 

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें