फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Priyanka Gandhi Visit Varanasi: प्रियंका गांधी बोलीं- देश में सिर्फ दो तरह के लोग सुरक्षित, भाजपा के साथ वाले और बड़े उद्योगपति

Sun, 10 Oct 2021 04:22 PM IST
शाहरुख खान अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी

खास बातें

Priyanka Gandhi in Varanasi: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी पहुंची। काशी विश्वनाथ मंदिर और मां कूष्मांडा के दरबार में हाजिरी लगाने के बाद किसान न्याय रैली को संबोधित किया। केंद्र और प्रदेश सरकार पर जबरदस्त हमला बोला। 
विज्ञापन
जनसभा को संबोधित करतीं प्रियंका गांधी - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

लाइव अपडेट

04:18 PM, 10-Oct-2021

प्रियंका गांधी दिल्ली रवाना

जगतपुर इंटर कॉलेज से प्रियंका गांधी वाराणसी एयरपोर्ट पहुंची। यहां पहले से कई कांग्रेस नेता मौजूद थे। सभी वाराणसी से दिल्ली के लिए रवाना हो गए। 

03:41 PM, 10-Oct-2021

गृह राज्यमंत्री के इस्तीफे तक लड़ते रहेंगे

प्रियंका गांधी ने कहा कि सौ रुपए का पेट्रोल, 90 रुपए डीजल, एक हजार का सिलेंडर मिल रहा है। बेरोजगारी चरम पर है। शहरों को साफ करने वालों के प्रति अपशब्द कहे सीएम ने। जनता दुखी और त्रस्त है। आप इन परेशानियों से गुजर रहे हैं संघर्ष कर रहे हैं वहीं पीएम के खरबपति मित्र रोजाना हजारों करोड़ कमा रहे हैं। कोरोना काल में रोजगार बंद हुआ लेकिन सरकार ने राहत नहीं दी।  देश के हवाई अड्डे, रेलवे अपने मित्रों को सौंप दिए। पीएम ने अपने लिए दो हवाई जहाज खरीदे।  एक हवाई जहाज आठ हजार करोड़ का और देश की एयर इंडिया को 18 हजार करोड़ में बेच दिया। कहा कि देश नष्ट हो रहा है, इसको पहचानिए। सच्चाई बोलने से क्यों डर रहे हैं। चुनाव की नहीं अब देश की बात है।

यह देश भाजपा के पदाधिकारी और प्रधानमंत्री की जागीर नहीं है, आपका देश है। जागरूक और समझदार नहीं बनेंगे तो ना खुद को बचा पाएंगे और न देश को। आपकी मेहनत ने इस देश को बनाया है। आपको आतंकवादी कहने वालों को न्याय देने के लिए विवश कीजिए।  मुझे जेल में डाल दीजिए, जब तक गृह राज्यमंत्री इस्तीफा नहीं देगा हम लड़ते रहेंगे। अपने अंतर्मन में झांकिए, एक सवाल पूछिए क्या इन सात सालों में आपके जीवन में तरक्की आई, विकास आपके दरवाजे पर आया। अगर सवालों का जवाब नहीं है तो आइए मेरे साथ कंधे से कंधा मिलाकर सरकार को बदलिए। भाषण के अंत में प्रियंका ने नवरात्र की शुभकामानएं दीं। 

03:20 PM, 10-Oct-2021

किसानों से नहीं मिले पीएम और सीएम

प्रियंका गांधी ने कहा कि लखीमपुर में किसानों से मिलने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री अभी तक नहीं गए। दुनिया के कोने-कोने तक प्रधानमंत्री घूम सकते हैं। देश-देश भ्रमण कर सकते हैं लेकिन अपने देश के किसानों से भेंट करने नहीं जा सकते। किसानों को वो आंदोलनजीवी और पता नहीं क्या-क्या कहते हैं। प्रियंका ने कहा कि हम डरेंगे नहीं। आइए हमारे साथ ..हम मुंहतोड़ जवाब देंगे। देश को बचाने के लिए बदलाव जरूरी है। भाषण के अंत में प्रियंका ने नवरात्र की शुभकामनाएं दी। इमरान प्रतापगढ़ी ने आभार व्यक्त करते हुए शेरो-शायरी की। 

विज्ञापन
03:08 PM, 10-Oct-2021

क्या विकास का रथ आपके द्वार पहुंचा है: प्रियंका

प्रियंका गांधी ने कहा कि भाजपा सरकार के आने के बाद क्या आपकी जिंदगी में कोई बदलाव आया है। क्या विकास का रथ आपके द्वार पहुंचा है। अपने आप से पूछिए कि भाजपा सरकार में आपका कितना विकास हुआ है। अगर नहीं किया है तो आइए हमार साथ बदलाव जरूरी है।
 

03:06 PM, 10-Oct-2021

देश में कोई भी सुरक्षित नहीं है: प्रियंका

प्रियंका गांधी ने मोदी सरकार को घरते हुए कहा कि देश और प्रदेश त्रस्त है। किसी को भी मारा जा रहा है। देश में कोई भी सुरक्षित नहीं है। सुरक्षित हैं तो मोदी जी और उनके खरबपति दोस्त। किसनों के पास पैसा नहीं और मोदी जी दो-दो विमान खरीद रहे हैं। केंद्र सरकार ने सिर्छ छलावा किया है।

विज्ञापन
03:05 PM, 10-Oct-2021

महंगाई के मुद्दे पर प्रियंका गांधी ने सरकार को घेरा

प्रियंका गांधी ने महंगाई के मुद्दे पर सरकार को घेरा। कहा कि पेट्रोल  100 के पार चला गया। एलपीजी एक हजार के पार चला गया। बिजली का दाम तीन बार बढ़ा दिया। जिनके घर में बिजली नहीं उनके घर में भी बिजली का बिल आता है। ऐसे दिनों की किसी ने कल्पना नहीं की थी। केवल बड़े-बड़े पोस्टरों में दिखावा होता है।

03:03 PM, 10-Oct-2021

प्रियंका ने केंद्र सरकार पर बोला हमला

प्रियंका गांधी ने प्रदेश सरकार के बाद केंद्र सरकार पर हमला बोला। कृषि कानूनों को लेकर कहा कि मोदी जी ने कुछ देखा है? क्या उन्होंने देखा है कि प्रदेश के किसान किस हाल में हैं..क्या वो जानते हैं किसान किस मुश्किल का सामना कर रहे हैं, क्या मोदी जी ये जानते हैं कि आवारा पशु के कारण किसान भाई कितने परेशान हैं।
 

02:58 PM, 10-Oct-2021

सब परिवार ये कहते हैं कि हमें मुआवज़ा नहीं न्याय चाहिए: प्रियंका

वाराणसी में किसान न्याय रैली में कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि इस देश के गृह राज्य मंत्री के बेटे ने अपनी गाड़ी के नीचे 6 किसानों को निर्ममता से कुचल दिया और सब परिवार ये कहते हैं कि हमें मुआवज़ा नहीं न्याय चाहिए। लेकिन हमें न्याय दिलाने वाला इस सरकार में नहीं दिख रहा है। 
 

02:56 PM, 10-Oct-2021

प्रियंका गांधी ने सरकार पर हमला बोला

प्रियंका ने कहा कि लखीमपुर में मैं जब किसान नक्षत्र सिंह के घर गई तो परिवार ने बताया कि उनका बेटा बीएसएफ में दाखिल हुआ है। जब मैं रमन कश्यप पत्रकार के घर गई तो बताया गया कि उन्हें जीप के नीचे कुचला गया। क्योंकि वे सच का वीडियो बना रहे थे। मैं सरकार से पूछती हूं कि घटना का दोषी कौन है। 

02:51 PM, 10-Oct-2021

वो अपने मन से सेब के दाम तय कर रहे हैं: प्रियंका गांधी

कृषि कानूनों का जिक्र कर कहा कि मोदी जी के अरबपति मित्रों ने पिछले साल हिमाचल से सेब को 88 रुपये प्रतिकिलो खरीदे थे। लेकिन इस बार जब लागत महंगी है तो वही सेब 77 रुपये प्रति किलो खरीद रहे हैं। वो अपने मन से सेब के दाम तय कर रहे हैं। इससे किसानों का भला हुआ क्या?

02:49 PM, 10-Oct-2021

गृह राज्यमंत्री के बेटे ने किसानों को कुचल दिया: प्रियंका

प्रियंका गांधी ने सोनभद्र के उम्भाकांड का जिक्र कर कहा कि मैं अपने दिल की बात करने आई हूं। कहा कि वो नजारा आज तक नहीं भूली। लखीमपुर में भी ऐसा ही हुआ। गृह राज्यमंत्री के बेटे ने किसानों को कुचल दिया।  प्रियंका गांधी ने कहा कि मैंने लखीमपुर जाने की कोशिश की तो हर तरफ पुलिस की घेराबंदी थी। लेकिन अपराधी को पकड़ने के लिए कोई नहीं निकला।

02:42 PM, 10-Oct-2021

प्रियंका ने दुर्गा मंत्र से की जनसभा की शुरुआत

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बाद प्रियंका गांधी ने माइक संभाला। संबोधन में सबसे पहले देवी दुर्गा का आह्वान किया। मंत्रों का उच्चारण कर जयकारे लगाए। 

02:20 PM, 10-Oct-2021

अजय कुमार लल्लू लखीमपुर घटना पर बरसे

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा कि गिरफ्तारी से हम नहीं डरते। लखीमपुर घटना के बाद प्रियंका गांधी को योगी सरकार ने जबरदस्ती क्यों रोका। क्या पीड़ितों के साथ खड़ा होना गुनाह है। कहा कि प्रदेश सरकार के इस घमंड का जवाब जनता देगी। हाथरस, मैनपुरी, उन्नाव, गोरखपुर की घटनाओं का जिक्र कर योगी सरकार पर सवाल उठाए। कहा कि उत्तर प्रदेश में बदलाव की आंधी है, जिसका नाम प्रियंका गांधी है। 

02:04 PM, 10-Oct-2021

कांग्रेस नेताओं ने भरी हुंकार

किसान न्याय रैली के मंच से कांग्रेस नेताओं ने योगी सरकार के खिलाफ हुंकार भरी। प्रियंका गांधी के भाषण से पहले प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू, विधायक आराधाना मिश्रा, पूर्व सांसद राजेश मिश्रा, पूर्व विधायक अजय राय समेत कई अन्य नेताओं ने भाजपा सरकार पर हमला बोला। 

01:46 PM, 10-Oct-2021

मंच पर पहुंची प्रियंका गांधी

रोहनिया स्थित जगतपुर इंटर कॉलेज के मैदान में आयोजित किसान न्याय रैली को संबोधित करने के लिए प्रियंका गांधी पहुंच चुकी हैं। मंच पर उनके साथ भूपेश बघेल समेत कई नेता मौजूद हैं। रैली में मौजूद कार्यकर्ता लगातार नारेबाजी कर रहे हैं। 

01:36 PM, 10-Oct-2021

प्रियंका गांधी की जनसभा में उमड़ी भीड़ 

रोहनिया के जगतपुर पीजी कॉलेज मैदान में प्रियंका गांधी की जनसभा के लिए भारी भीड़ उमड़ी है। कई लोग लखीमपुर घटना की तस्वीर लेकर पहुंचे हैं। प्रियंका गांधी के आगमन का इंतजार हो रहा है।
 
 

01:34 PM, 10-Oct-2021

कांग्रेसियों में जमकर नोकझोंक 

कूष्मांडा मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश को लेकर कांग्रेसियों में जमकर नोकझोंक हुई।  सेंट्रल बार के अध्यक्ष अशोक उपाध्याय और विधायक को रोकने पर विवाद हुआ। इधर, दुर्गाकुंड के पास भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रियंका गांधी के खिलाफ नारे लगाए तो कांग्रेस के कार्यकार्ताओं ने विरोध जताया। इससे माहौल कुछ देर के लिए गर्म हो गया।

01:30 PM, 10-Oct-2021

रैली स्थल के लिए रवाना हुईं प्रियंका

मां कूष्मांडा मंदिर में दर्शन-पूजन करने बाद प्रियंका गांधी का काफिला लंका की ओर निकला। कार्यक्रम के मुताबिक, मालवीय प्रतिमा माल्यार्पण करना था लेकिन ऐसा नहीं हुआ। प्रियंका की सभा जगतपुर स्थित इंटर कॉलेज के खेल मैदान में है, जहां के लिए वो रवाना हो गईं हैं। 

01:10 PM, 10-Oct-2021

मां कुष्मांडा के दरबार में पहुंचीं प्रियंका

प्रियंका गांधी काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन पूजन के बाद मां कूष्मांडा के दरबार में पहुंच गई हैं। प्रियंका गांधी के आने के पहले दुर्गा मंदिर को खाली कराया गया। 

01:02 PM, 10-Oct-2021

कुछ देर में मां कूष्मांडा से आशीर्वाद लेंगी प्रियंका गांधी

प्रियंका गांधी बाबा दरबार से दर्शन पूजन करके निकल गई हैं। कुछ देर में प्रियंका गांधी मां कूष्मांडा से आशीर्वाद लेंगी। प्रियंका गांधी के आने के पहले दुर्गा मंदिर को खाली कराया जा रहा है।
 

12:52 PM, 10-Oct-2021

प्रियंका गांधी का वाराणसी दौरा, मंदिर दर्शन पर महंत ने उठाए सवाल

अखिल भारतीय संत समिति के राष्ट्रीय महामंत्री स्वामी जित्तेन्द्रानन्द ने प्रियंका गांधी के मंदिर आने पर सवाल उठाए हैं। प्रियंका गांधी के वाराणसी के मंदिरों में आने के कार्यक्रम पर स्वामी जितेन्द्रानन्द सरस्वती ने कहा कि आपके भाई राहुल गांधी मंदिर को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करते हैं, तब आप ही बताइए कि आप हमारे मंदिरों में क्या करने आ रही हैं। क्या हमारे मन्दिर जिनको हमलोग तीर्थ स्थल मानते हैं, आपके लिए प्रचार और पर्यटन का केंद्र हैं?

12:27 PM, 10-Oct-2021

काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंची प्रियंका

प्रियंका गांधी के दौरे की शुरुआत श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर से होगी। प्रियंका गांधी काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंची और पूजा अर्चना की। चौकाघाट से पीलीकोठी होते हुए काशी विश्वनाथ मंदिर तक प्रियंका गांधी के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर पुलिस रूट डायवर्जन में पुलिस जुटी है।


12:23 PM, 10-Oct-2021

एयरपोर्ट पर कांग्रेस नेताओं ने किया प्रियंका गांधी स्वागत

बाबतपुर एयरपोर्ट पर जुटे कांग्रेस नेताओं ने प्रियंका गांधी स्वागत किया। कांग्रेस महासचिव एयरपोर्ट से शहर के लिए रवाना हो गईं हैं। साथ में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी हैं। रैली को संबोधित करने वाराणसी पहुंची कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा जिले में लगभग छह घंटे रहेंगी। प्रियंका के आगमन को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जोश भरा है। 

 

11:59 AM, 10-Oct-2021

बाबा विश्वनाथ के दरबार में शीश नवाएंगी प्रियंका

किसान न्याय रैली से प्रियंका गांधी बनारस की आठों सीटों के साथ पूर्वांचल की 164 विधानसभा सीटों पर जातिगत समीकरणों को साधने की कोशिश करेंगी। रैली के पहले प्रियंका अपनी धार्मिक सियासी यात्रा भी करेंगी, जिसके तहत सबसे पहले वह बाबा विश्वनाथ के दरबार में शीश नवाएंगी और उसके बाद मां कुष्मांडा के दर्शन कर आदिशक्ति का आशीर्वाद लेंगी। इसके बाद प्रियंका जगतपुर मैदान में जनशक्ति का प्रदर्शन करेंगी।
 

11:49 AM, 10-Oct-2021

दुर्गाकुंड में मां कूष्मांडा का दर्शन करेंगी प्रियंका

प्रियंका इसकी शुरूआत श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर और दुर्गाकुंड में मां कूष्मांडा का दर्शन कर करेंगी। शारदीय नवरात्र के चौथे दिन देवी के इसी स्वरूप के दर्शन का विधान है। कांग्रेस की कोशिश है कि पूर्वांचल में भी नए कृषि कानून सशक्त मुद्दा बने। मोदी के गढ़ में शक्ति प्रदर्शन कर कांग्रेस देश-प्रदेश में यह संदेश देना चाहती है कि उसे कमजोर न समझा जाए। 

11:43 AM, 10-Oct-2021

जनसभा को करेंगी संबोधित

यह पहली मौका है जब लखीमपुर कांड और किसान आंदोलन को लेकर प्रियंका आवाज बुलंद करेंगी। लखीमपुर खीरी की घटना को लेकर सरकार को घरेने की भी कोशिश करेंगी। रोहनिया के जगतपुर इंटर कॉलेज मैदान में दोपहर एक बजे से आयोजित जनसभा को विधानसभा चुनाव अभियान का शंखनाद माना जा रहा है। 

11:37 AM, 10-Oct-2021

वाराणसी पहुंची प्रियंका गांधी

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी से यूपी विधानसभा चुनाव 2022 के प्रचार का बिगुल फूंकेंगी। दिल्ली से चल कर प्रियंका गांधी वाराणसी पहुंच चुकी हैं। साथ में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, दीपेंद्र हुडा भी पहुंचे हैं। बड़ी संख्या में कांग्रेस के नेताओं ने बाबातपुर एयरपोर्ट पर प्रियंका गांधी का स्वागत किया।

11:29 AM, 10-Oct-2021

वाराणसी में प्रियंका गांधी: कांग्रेस महासचिव बोलीं- देश में सिर्फ दो तरह के लोग सुरक्षित, भाजपा के साथ वाले और बड़े उद्योगपति

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में आज कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा की गर्जना सुनने को मिलेगी। यह यूपी में उनके चुनाव अभियान की शुरुआत भी है। कांग्रेस की कोशिश है कि पूर्वांचल में भी नए कृषि कानून सशक्त मुद्दा बने। मोदी के गढ़ में शक्ति प्रदर्शन कर कांग्रेस देश-प्रदेश में यह संदेश देना चाहती है कि उसे कमजोर न समझा जाए।

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें