फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

PM Modi Varanasi Visit: पीएम ने भोजपुरी में शुरू किया संबोधन, 'मोदी की गारंटी वाली गाड़ी सुपरहिट हो गई'

Mon, 18 Dec 2023 04:26 PM IST
शाहरुख खान अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी

खास बातें

PM Modi in Varanasi News Live Updates: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी काशी दौरे के दूसरे दिन आज प्रदेश की जनता को 19, 150 करोड़ की 37 परियोजनाओं की सौगात दी। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाराणसी के उमराहा में नवनिर्मित स्वर्वेद महामंदिर का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने अपील की है कि मेड इन इंडिया प्रोडक्ट का इस्तेमाल करें। लोकल फॉर वोकल को बढ़ावा दें। लोग डिजिटल लेन-देन को बढ़ावा दें।
विज्ञापन
विज्ञापन

लाइव अपडेट

03:12 PM, 18-Dec-2023

आज काशी समेत सारा देश विकसित भारत के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है। विकसित भारत संकल्प यात्रा' हजारों गांवों, हजारों शहरों में पहुंच चुकी है। करोड़ों लोग इस यात्रा से जुड़ रहे हैं। इस यात्रा में जो गाड़ी चल रही है, उसको देशवासी मोदी की गारंटी वाली गाड़ी कहते हैं। आस्था और आध्यात्म के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में काशी का गौरव दिन-प्रतिदिन बुलंद होता जा रहा है। हमारा प्रयास है कि भारत सरकार ने गरीब कल्याण की, जन-कल्याण की जो भी योजनाएं बनाई हैं, उनसे कोई भी लाभार्थी वंचित न रहे। इसलिए मोदी की गारंटी वाली गाड़ी एकदम सुपरहिट हो गई है। जिन्हें योजनाओं का लाभ मिला है, उन्हें ये विश्वास हुआ है कि उनका जीवन अब और बेहतर होगा। विकसित भारत के लिए देश की नारीशक्ति, युवा शक्ति, किसान और हर गरीब का विकास होना बहुत जरुरी है। आधुनिक कनेक्टिविटी और सुंदरीकरण से क्या बदलाव आता है, ये हम काशी में देख रहे हैं। आस्था और अध्यात्म के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में काशी का गौरव दिन-प्रतिदिन बुलंद होता जा रहा है। आज बनारस रेल इंजन कारखाने में निर्मित 10 हजारवें इंजन का भी संचालन हुआ है। ये Make in India, Make for the world के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को सशक्त करता है।

02:58 PM, 18-Dec-2023
पीएम मोदी - फोटो : संवाद

विकसित भारत संकल्प यात्रा एक चलता फिरता विश्वविद्यालय है। इन दो दिनों में मैंने बहुत सीखा। आज की परियोजनाओं से काशी के विकास को गति मिलोगी। मैंने लाल किले से कहा था। हमें कम से कम 15 शहरों में घूमना चाहिए। मुझे खुशी है जो पहले विदेश घूमने जाते थे वो आज अपना देश घूम रहे हैं। पर्यटन बढ़ता है तो विकास बढ़ता है।  पर्यटन बढ़ने से काशी के लोगों की आय बढ़ गई है। इसके लिए सरकार लगातार काम कर रही है। 
जो बाहर से आता है उसे कैसे पता होगा कि ये मलईयो का मौसम है। गौदोलिया की चाट और रामनगर की लस्सी की जानकारी भी आज काशी वेबसाइट पर मिल जाती है।  

02:43 PM, 18-Dec-2023

प्रधानमंत्री ने वाराणसी से चार नई ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। पीएम ने अपने संबोधन में कहा, काशी के सब लोगन के हमार प्रणाम बा। का कहल जाला बनारस में..जिया राजा बनारस। पीएम ने कहा मुझे आपसे शिकायत है। इस बार देव दीपावली पर मैं यहां नहीं था लेकिन आप लोगों ने इस बार रिकॉर्ड तोड़ दिया। काशीवासियों ने जो काम दिखाया है, दुनिया जब उसका गौरवगान करती है तो सबसे ज्यादा खुशी मुझे होती है। जब काशी का विकास होता है तो यूपी का विकास होता। जब यूपी का विकास होता है तब देश का विकास होता है। इसी भाव के साथ आज भी यहां करीब 20 हजार करोड़ रुपये के विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण हुआ है। 
 

विज्ञापन
02:26 PM, 18-Dec-2023

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जनसभा में स्वागत करते हुए कहा कि ये नया भारत मोदी की गारंटी का है। देश के अंदर ये परिवर्तन विश्वास का परिवर्तन है। ये नया भारत मोदी की गारंटी का है। उन्होने लोगो से इस विकसित भारत संकल्प यात्रा को आगे बढ़ाने की अपील करते हुए कहा कि हम 2047 में भारत को विकसित भारत बनाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशवासी नए भारत की अनुभूति कर रहे हैं। 140 करोड़ देशवासियों का विश्वास बढ़ा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विशेष रूप से जोर देते हुए कहा कि देश में पहली बार गरीब किसी सरकार का एजेंडा बने हैं। बिना किसी भेदभाव के। यह मोदी की गारंटी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लाभार्थियों से सीधा संवाद करने की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि पहली बार देश का कोई प्रधानमंत्री समाज के अंतिम पंक्ति में बैठे लोगों के साथ मिल-बैठकर सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन व उसके प्रगति की जानकारी ले रहे हैं। इतना ही नहीं लोगों के हितों के लिए आगे और क्या किया जा सकता है उसकी भी चर्चा प्रधानमंत्री सीधे लोगों से कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह परिवर्तन लोगो के विश्वास का है। मुख्यमंत्री ने विकसित भारत संकल्प यात्रा के अंतर्गत मोदी गारंटी वाली गाड़ी की चर्चा करते हुए कहा कि यह भी लोग पहली बार देख रहे हैं कि लाभार्थियों से सीधा संवाद स्थापित किया जा रहा है। सरकारी योजनाओं के प्रगति व उसे प्राप्त करने की बाबत संपूर्ण जानकारी लाभार्थियों से सीधे प्राप्त किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोगों ने पिछले 09 वर्षों में बदलते काशी को देखा है।
    सेवापुरी के बरकी में सीएम योगी ने संबोधन दिया। सीएम ने कहा, देश के अंदर ये परिवर्तन विश्वास का परिवर्तन है। ये नया भारत मोदी की गारंटी का है। मेरा सबसे अनुरोध है कि इस विकसित भारत संकल्प यात्रा को आगे बढ़ाएं। हम 2047 में भारत को विकसित भारत बनाएंगे।  काशी में आपने नयी काशी को देखा है। नए कलेवर के साथ लोग काशी देख रहे हैं। पीएम आज खुद 19 हजार करोड़ की सौगात देने आए हैं। 
देश में पिछले साढ़े 9 साल में जो परिवर्तन देखने को मिला है वह विश्वास का परिवर्तन है। यह नया भारत पीएम मोदी की गारंटी का भारत है, यह नया भारत बिना भेदभाव के योजनाओं का लाभ हर नागरिक को देने की गारंटी देता है और यही पीएम मोदी की गारंटी है।

02:14 PM, 18-Dec-2023

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के ग्रामीण क्षेत्र सेवापुरी में विकसित भारत संकल्प यात्रा में भाग लिया। यहां महिलाओं से बातचीत की। इस दौरान पीएम ने एक महिला से कहा इतना अच्छा भाषण देती हो कहीं से चुनाव लड़ोगी? 
 
 

विज्ञापन
02:10 PM, 18-Dec-2023

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सेवापुरी में विकासशील भारत संकल्प यात्रा के तहत काशी संसद खेल प्रतियोगिता 2023 के प्रतिभागियों के लाइव खेल कार्यक्रम देखे। नरेंद्र मोदी ने सेवापुरी में विकासशील भारत संकल्प यात्रा के तहत काशी संसद खेल प्रतियोगिता 2023 के तहत आयोजित खेलों के विजेताओं के साथ बातचीत की।
 

01:51 PM, 18-Dec-2023
जनसभा में इस तरह से भी आए लोग - फोटो : संवाद

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सीएम योगी आदित्यनाथ वाराणसी के बरकी पहुंच गए हैं। यहां जनसभा को संबोधित करेंगे। जनसभा में लोगों का आना सुबह से ही शुरू हो गया था। 

12:49 PM, 18-Dec-2023

पीएम मोदी ने स्वर्वेद महामंदिर के उद्घाटन के बाद संबोधन दिया उसके बाद बरकी जनसभा के लिए रवाना हुए। बरकी में पीएम मोदी की जनसभा है जहां लोगों का जुटना शुरू हो गया है। 

12:33 PM, 18-Dec-2023

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "भारत एक ऐसा राष्ट्र है जो सदियों तक विश्व के लिए आर्थिक समृद्धि और भौतिक विकास का उदाहरण रहा है...भारत ने कभी भौतिक उन्नति को भौगोलिक विस्तार और शोषण का माध्यम नहीं बनने दिया। भौतिक प्रगति के लिए भी हमने आध्यात्मिक और मानवीय प्रतीकों की रचना की। 

12:23 PM, 18-Dec-2023

पीएम मोदी ने अपील की है कि मेड इन इंडिया प्रोडक्ट का इस्तेमाल करें। लोकल फॉर वोकल को बढ़ावा दें। लोग डिजिटल लेन-देन को बढ़ावा दें। पहले देश घूमें, फिर विदेश जाने की सोचें। एक गरीब परिवार की मदद जरूर करें।

12:21 PM, 18-Dec-2023

गुलामी के कालखंड में अत्याचार हुआ: पीएम

उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति को निशाना बनाया गया। देश अपनी विरासत पर गर्व करना भूल गया था। अब समय का चक्र बदल गया है। देश अब गुलामी की सोच से मुक्त हो रहा है। गुलामी के कालखंड में अत्याचार हुआ। देश आधुनिकता में भी तेजी से बढ़ रहा है। 

12:18 PM, 18-Dec-2023

'हम काशी के विकास के लिए काम कर रहे हैं'

पीएम मोदी ने कहा कि योग और खेल को जीवन का हिस्सा बनाएं। फिटनेस को जीवन का हिसा बनाएं। हम काशी के विकास के लिए काम कर रहे हैं। आज हमारे तीर्थों का विकास हो रहा है। कुछ हफ्तों में राम मंदिर का निर्माण पूरा हो जाएगा।

12:15 PM, 18-Dec-2023

'वाराणसी में सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है'

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि सरकार, समाज और संतगण, सब साथ मिलकर काशी के कायाकल्प के लिए काम कर रहे हैं। काशी का मतलब स्वच्छता और बदलाव है। पानी की बूंद-बूंद बचाना जरूरी है। वाराणसी में सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है। 

12:06 PM, 18-Dec-2023

'हमने काशी जैसे जीवंत सांस्कृतिक केंद्रों का आशीर्वाद लिया'

पीएम मोदी ने कहा कि भारत ने कभी भौतिक उन्नति को भौगोलिक विस्तार और शोषण का माध्यम नहीं बनने दिया। भौतिक प्रगति के लिए भी हमने आध्यात्मिक और मानवीय प्रतीकों की रचना की। हमने काशी जैसे जीवंत सांस्कृतिक केंद्रों का आशीर्वाद लिया।

12:05 PM, 18-Dec-2023

दिव्य संदेश चित्रों के जरिये उकेरे: पीएम

पीएम मोदी ने कहा कि स्वर्वेद मंदिर भारत के सामाजिक और आध्यात्मिक सामर्थ्य का एक आधुनिक प्रतीक है। इसकी दीवारों पर स्वर्वेद को बड़ी सुंदरता के साथ अंकित किया गया है। वेद, उपनिषद, रामायण, गीता और महाभारत आदि ग्रन्थों के दिव्य संदेश भी इसमें चित्रों के जरिये उकेरे गए हैं। इसलिए ये मंदिर एक तरह से अध्यात्म, इतिहास और संस्कृति का जीवंत उदाहरण है।

12:02 PM, 18-Dec-2023

'आज स्वर्वेद मंदिर बनकर तैयार होना, इसी ईश्वरीय प्रेरणा का उदाहरण'

पीएम मोदी ने कहा कि संतों के सानिध्य में काशी के लोगों ने मिलकर विकास और नवनिर्माण के कितने ही नए कीर्तिमान गढ़े हैं।  सरकार, समाज और संतगण सब साथ मिलकर काशी के कायाकल्प के लिए कार्य कर रहे हैं। पीएम मोदी ने कहा कि आज स्वर्वेद मंदिर बनकर तैयार होना, इसी ईश्वरीय प्रेरणा का उदाहरण है। ये महामंदिर महृषि सदाफल देव जी की शिक्षाओं और उनके उपदेशों का प्रतीक है।  इस मंदिर की दिव्यता जितना आकर्षित करती है, इसकी भव्यता हमे उतना ही अचंभित भी करती है

11:57 AM, 18-Dec-2023

'इस महायज्ञ की हर एक आहूति से विकसित भारत का संकल्प और सशक्त होगा'

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि इस पावन अवसर पर यहां 25 हज़ार कुंडीय स्वर्वेद ज्ञान महायज्ञ का आयोजन हो रहा है। मुझे खुशी और विश्वास है कि इस महायज्ञ की हर एक आहूति से विकसित भारत का संकल्प और सशक्त होगा।
 

11:56 AM, 18-Dec-2023

;विरासत और विकास की पटरी पर आज भारत तेज गति से आगे बढ़ रहा है'

स्वर्वेद महामंदिर के उद्घाटन के बाद पीएम नरेन्द्र मोदी ने अपने संबोधन की शुरुआत दोहे के साथ की। इस दौरान उन्होंने कहा कि हर बार की तरह इस बार का भी काशी प्रवास सुखद रहा। उन्होंने कहा कि विरासत और विकास की पटरी पर आज भारत तेज गति से आगे बढ़ रहा है। काशी में स्वर्वेद मंदिर के लोकार्पण में शामिल होना मेरे लिए सौभाग्य की बात है।

11:50 AM, 18-Dec-2023

अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण हो रहा है: योगी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी में कहा कि आज हर भारतीय गौरव महसूस कर रहा है क्योंकि अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण हो रहा है।
 

11:02 AM, 18-Dec-2023

सात मंजिला स्वर्वेद महामंदिर का उद्घाटन

पीएम मोदी ने 180 फीट ऊंचे सात मंजिला स्वर्वेद महामंदिर का उद्घाटन किया। यह मंदिर दुनिया का सबसे अनोखा मंदिर है। स्वर्वेद महामंदिर की संगमरमरी दीवारों पर स्वर्वेद के चार हजार दोहे लिखे हैं। 19 साल तक लगातार छह सौ कारीगर, दो सौ मजदूर और 15 इंजीनियर की मेहनत आज महामंदिर के पूर्ण स्वरूप में साकार हो चुकी है। हालांकि मंदिर का प्रथम तल ही आम लोगों के लिए खुलेगा और इसे पूरी तरह शुरू होने में दो साल का समय और लगेगा। इसे आज से पीएम नरेंद्र मोदी ने आम जनता को समर्पित किया।

10:41 AM, 18-Dec-2023

पीएम नरेंद्र मोदी उमरहा पहुंचे

पीएम नरेंद्र मोदी उमरहा पहुंच गए हैं। वे स्वर्वेद महामंदिर में यज्ञ के समापन में शामिल होने के बाद करीब 11:30 बजे एक सार्वजनिक समारोह में इसका उद्घाटन करेंगे। 

10:13 AM, 18-Dec-2023

वंदे भारत को हरी झंडी

पीएम मोदी वाराणसी को नई दिल्ली से जोड़ने वाली दूसरी वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। उत्तर रेलवे द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है कि वाराणसी और नई दिल्ली के बीच दूसरी वंदे भारत ट्रेन, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार दोपहर 2:15 बजे हरी झंडी दिखाएंगे, भगवा रंग की है। इसमें कई विशेषताएं हैं। रेल मंत्रालय के एक सूत्र ने बताया कि यह भगवा रंग की दूसरी वंदे भारत ट्रेन है जिसे रेल मंत्रालय देश में लॉन्च करने जा रहा है।

10:01 AM, 18-Dec-2023

10,903 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित यह खंड

दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन से न्यू भाऊपुर जंक्शन खंड का उद्घाटन ईस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। 10,903 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित यह खंड दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर स्थित है जो उत्तर प्रदेश के चंदौली, मिर्ज़ापुर, प्रयागराज, कौशांबी, फ़तेहपुर, कानपुर नगर और कानपुर देहात जैसे जिलों से होकर गुजरता है। यह गलियारा झारखंड और पश्चिम बंगाल के कोयला क्षेत्रों, जैसे ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड, सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड, भारत कोकिंग कोल लिमिटेड और नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड को उत्तरी भारत के बिजली संयंत्रों से जोड़ता है।

09:43 AM, 18-Dec-2023

ईस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर के खंड का लोकार्पण

लॉजिस्टिक्स क्षेत्र को मजबूत करने की सरकार की प्रतिबद्धता के अनुरूप प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज ईस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (डीएफसी) के नए दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन से न्यू भाऊपुर जंक्शन तक 402 किमी लंबे खंड को समर्पित करेंगे।

09:30 AM, 18-Dec-2023

बाबा काल भैरव मंदिर में सीएम योगी ने किए दर्शन पूजन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाबा काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजा अर्चना की। बाबा काल भैरव मंदिर में भी सीएम ने दर्शन पूजन किए। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान साथ में रहे। काशी विश्वनाथ मंदिर में केशव मौर्य ने दर्शन पूजन किए।

09:23 AM, 18-Dec-2023

10:45 बजे प्रधानमंत्री स्वर्वेद महामंदिर जाएंगे पीएम मोदी

सुबह करीब 10:45 बजे प्रधानमंत्री स्वर्वेद महामंदिर जाएंगे। यहां यज्ञ के समापन में शामिल होने के बाद करीब 11:30 बजे एक सार्वजनिक समारोह में इसका उद्घाटन करेंगे। दोपहर करीब 1 बजे सेवापुरी के बरकी गांव में प्रधानमंत्री विकसित भारत संकल्प यात्रा में भाग लेंगे। यहां जनसभा को संबोधित करने से पहले वे 19,150 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। 

09:05 AM, 18-Dec-2023

विकसित भारत संकल्प यात्रा में भाग लेंगे पीएम

पीएम अपने संसदीय क्षेत्र के ग्रामीण इलाके सेवापुरी में विकसित भारत संकल्प यात्रा में भाग लेंगे। काशी सांसद खेल प्रतियोगिता 2023 के प्रतिभागियों के कुछ लाइव खेल कार्यक्रमों को देखने के बाद, वह कार्यक्रम के विजेताओं के साथ बातचीत भी करेंगे। कार्यक्रम के दौरान वह विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से भी बातचीत करेंगे।

08:58 AM, 18-Dec-2023

PM Modi Varanasi Visit: पीएम ने भोजपुरी मे शुरू किया संबोधन, बोले-मोदी की गारंटी वाली गाड़ी सुपरहिट हो गई

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी काशी दौरे के दूसरे दिन आज प्रदेश की जनता को 19, 150 करोड़ की 37 परियोजनाओं की सौगात देंगे। इसी के साथ पीएम मिशन-2024 का शंखनाद करते हुए बरकी में जनसभा को संबोधित करेंगे। वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार की सुबह कालभैरव मंदिर में दर्शन किए। फिर, काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे। पीएम मोदी सर्वेद मंदिर का उद्घाटन करेंगे। पीएम मोदी के आने को लेकर सर्वेद मंदिर के बाहर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें