फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

PM Modi Varanasi: हजारों करोड़ की सौगात के बाद चुनाव की बात, पीएम मोदी ने भाजपा नेताओं संग की टिफिन बैठक

Sat, 08 Jul 2023 12:34 AM IST
उत्पल कांत न्यूज डेस्क, अमर उजाला, वाराणसी

खास बातें

PM Modi Varanasi visit Today News Live : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय दौरे वाराणसी पहुंचे। वाजिदपुर में जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने बीते नौ वर्षों में हुए विकास कार्यों को गिनाया। साथ ही पूर्व की सरकारों पर जमकर निशाना साधा। पीएम ने कहा कि गरीब मां का बेटा मोदी गरीबों का अपमान नहीं सहेगा।  प्रधानमंत्री ने जनता को 12 हजार करोड़ रुपये की सौगात भी दी। देर शाम बरेका में भाजपा नेताओं के साथ टिफिन बैठक में शामिल हुए। 
विज्ञापन
वाराणसी में पीएम मोदी की जनसभा - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

10:59 PM, 07-Jul-2023

काशी विश्वनाथ धाम जा सकते हैं पीएम मोदी

बरेका में आयोजित टिफिन बैठक में 120 लोगों को शामिल होना था। बैठक में 118 पहुंचे। वाराणसी के 63 पार्षद, महानगर के सभी पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष के अलावा तीन विधायक और दो मंत्री शामिल हुए। पीएम मोदी बरेका गेस्ट हाउस में रात्रि विश्राम करेंगे। चर्चा है कि शनिवार अलसुबह दर्शन-पूजन के लिए बाबा कालभैरव और विश्वनाथ मंदिर जा सकते हैं।  

09:32 PM, 07-Jul-2023

भाजपा नेताओं संग पीएम मोदी ने की टिफिन बैठक

बरेका गेस्ट हाउस में पीएम मोदी ने काशी क्षेत्र के भाजपा नेताओं के साथ टिफिन बैठक में हिस्सा लिया। इस दौरान पीएम मोदी ने लोकसभा चुनाव 2024 की तैयारियों को लेकर कई बातें कहीं। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे। 

08:28 PM, 07-Jul-2023

बरेका पहुंचे पीएम मोदी, थोड़ी देर में करेंगे टिफिन

वाजिदपुर में जनसभा को संबोधित करने का बाद पीएम मोदी बरेका (बनारस रेल इंजन कारखाना) पहुंच गए हैं। यहां वो रात्रि विश्राम करेंगे। इससे पहले भाजपा नेताओं के साथ टिफिन बैठक में हिस्सा लेंगे। मिशन-2024 को लेकर मंत्र देंगे। वाजिदपुर से बरेका तक पीएम मोदी की झलक पाने के लिए लोग जगह-जगह सड़क किनारे जमा रहे। जहां से भी काफिला गुजरता वहां मोदी-मोदी की गूंज सुनाई दे रही थी। 
ये भी पढ़ें: PM मोदी का कांग्रेस पर हमला, 2014 से पहले मात्र 19 शताब्दी ट्रेन, हमने नौ साल में 25 वंदे भारत चलाई

विज्ञापन
07:35 PM, 07-Jul-2023

टिफिन बैठक के लिए बरेका रवाना हुए पीएम

जनसभा को संबोधित करने के बाद पीएम मोदी वाजिदपुर से बरेका के लिए रवाना हुए। बरेका में पीएम मोदी काशी क्षेत्र के भाजपा नेताओं के साथ टिफिन बैठक करेंगे। लोकसभा चुनाव 2024 के लिए जीत का मंत्र देंगे। रात्रि विश्राम बरेका गेस्ट हाउस में करेंगे। 

07:35 PM, 07-Jul-2023

आपलोग ऐसे ही बनारस को संभाले रहिए

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि बीते 9 वर्षों में काशी की कनेक्टिविटी को भी बेहतर करने के लिए अभूतपूर्व काम हुआ है। यहां जो विकास कार्य हो रहे हैं, वो रोजगार के अनेकों नए अवसर भी बना रहे हैं। संबोधन के अंत में पीएम ने कहा कि आपलोग ऐसे ही बनारस को संभाले रहिए, बाबा के आशीर्वाद से वाराणसी की तेज विकास की यात्रा चलती रहेगी।

विज्ञापन
07:28 PM, 07-Jul-2023

वंदे भारत ट्रेन पूरे देश में सुपरहिट

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पहले बैंक तक पहुंच भी सिर्फ अमीर लोगों तक ही होती थी। गरीबों के लिए तो ये माना जाता था कि पैसा ही नहीं है तो बैंक खाते का क्या करेंगे। बीते 9 वर्षों में इस सोच को भी भाजपा सरकार ने बदल दिया है। शताब्दी ट्रेन और वंदे भारत ट्रेन की तुलना कर एक बार फिर से उन्होंने पहले की सरकारों पर निशाना साधा। कहा कि वंदे भारत ट्रेन पूरे देश में सुपरहिट ही। देश के कोने-कोने से इसे चलाने की मांग हो रही है।  पीएम मोदी ने कहा कि जी-20 सम्मेलन में आए अतिथियों का काशीवासियों ने जिस तरह से स्वागत किया उसकी चर्चा पूरी दुनिया में है। 

07:21 PM, 07-Jul-2023

अब ना ही कोई भेदभाव और ना ही कोई भ्रष्टाचार

पीएम मोदी ने कहा कि जिन दलों ने अतीत में भ्रष्ट और नाकाम सरकारें चलाईं, वे आज लाभार्थी का नाम सुनकर तिलमिला जाते हैं। आजादी के इतने साल बाद लोकतंत्र का लाभ अब सही मायने में, सही लोगों तक पहुंचा है। पहले लोकतंत्र के नाम पर गिने-चुने लोगों के हित साधे जाते थे, गरीबों की कोई पूछ नहीं थी। भाजपा सरकार में लाभार्थी वर्ग सच्चे सामाजिक न्याय और सच्चे सेक्युलरिज्म का उदाहरण बन गया है। जिन लोगों ने देश पर दशकों तक राज किया, उनके शासन के मूल में भी बेइमानी रही है। जब ऐसा होता है तो चाहे कितना भी धन इकट्ठा हो तो कम ही पड़ता है। 2014 से पहले भ्रष्टाचारियों की ऐसी ही सरकारें चलती थी। आज कमीशन लेने वालों की दुकान बंद, दलाली खाने वालों की दुकान बंद, घोटाले करने वालों की दुकान बंद...यानी अब ना ही कोई भेदभाव और ना ही कोई भ्रष्टाचार।

07:20 PM, 07-Jul-2023

गरीब का स्वाभिमान भाजपा सरकार की गारंटी

पीएम मोदी ने कहा कि गरीब का स्वाभिमान भाजपा सरकार की गारंटी है। उन्होंने कहा कि गरीब मां का बेटा मोदी गरीबों का अपमान नहीं सहेगा। कहा कि पहले की सरकारों ने गरीबों, रेहड़ी-पटरी लगाने वालों के लिए कुछ नहीं किया। आज जब गरीबों के लिए कुछ हो रहा है तो उन्हें दर्द होता है। यहां यूपी में भी करोड़ों लाभार्थियों ने मुद्रा योजना का लाभ उठाकर अपना काम शुरू किया है। इसमें सबसे अधिक लाभ गरीब, दलित, पिछड़े, आदिवासी और अल्पसंख्यक परिवार से जुड़े साथियों और महिला उद्यमियों को हुआ है। यही तो सामाजिक न्याय है, जिसकी गारंटी भाजपा सरकार दे रही है।

07:16 PM, 07-Jul-2023

पीएम मोदी बोले- हमने जो संकल्प लिया, आज उसका विस्तार

पीएम मोदी ने कहा कि आज काशी सहित उत्तर प्रदेश को लगभग 12 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उपहार मिला है। हमने जो काशी की आत्मा को बनाए रखते हुए नूतन काया का संकल्प लिया है, यह उसका विस्तार है। इनमें रेल, रोड, पानी, शिक्षा, पर्यटन से जुड़े प्रोजेक्ट्स हैं। घाटों से जुड़े प्रोजेक्ट्स हैं। इन विकास कार्यों के लिए आप सभी को बहुत-बहुत बधाई।

07:10 PM, 07-Jul-2023

पीएम मोदी ने विपक्ष पर साधा निशाना

पीएम मोदी ने कहा कि अतीत में भ्रष्ट और नाकाम सरकार चलाने वाले लोग आज जब लाभार्थी नाम सुनते हैं तो बिलबिला जाते हैं। लोकतंत्र का असल मतलब आज समझ में आ रहा है। 

07:08 PM, 07-Jul-2023

बनारस का साथ हो तो जीवन धन्य हो जाता है

पीएम मोदी ने कहा कि सावन की शुरुआत हो, बाबा विश्वनाथ व मां गंगा का आशीर्वाद हो और बनारस का साथ हो तो जीवन धन्य हो जाता है। 

07:01 PM, 07-Jul-2023

हर-हर महादेव के साथ पीएम मोदी ने जनसभा की शुरुआत

भारत माता की जय, हर-हर महादेव, माता अन्नपूर्णा के जयकारे के साथ पीएम मोदी ने जनसभा की शुरुआत की। पीएम ने सभी को सावन की शुभकामनाएं दी। कहा कि सावन की शुरुआत में बनारस का साथ हो तो जीवन धन्य हो जाता है। उन्होंने कहा कि जे काशी आई उ अब खाली हाथ ना जाई। 

06:57 PM, 07-Jul-2023

स्वनिधि रोजगार योजना के डेढ़ लाख लाभार्थियों के अकाउंट में पैसे ट्रांसफर

पीएम मोदी ने प्रधानमंत्री स्वनिध रोजगार योजना के तहत डेढ़ लाख लाभार्थियों को निधि का पैसा आवंटित किया। कुछ लाभार्थियों को पीएम मोदी ने मंच पर चेक सौंपा। डेढ़ लाख लाभार्थियों को डिजिटल ट्रांसफर के माध्यम से स्वनिधि का पैसा ट्रांसफर किया।

06:53 PM, 07-Jul-2023

जनता को हजारों करोड़ की सौगात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाराणसी के साथ पूर्वांचल की 12,110 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाएं जनता को समर्पित किया। इसमें वाराणसी को और संवारने के साथ ही सुविधाओं से जुड़ी कई परियोजनाएं शामिल हैं। पीएम मोदी ने बटन दबाकर परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।

06:37 PM, 07-Jul-2023

सीएम योगी ने किया पीएम का स्वागत

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सावन के पावन माह में काशी आगमन पर पीएम मोदी का स्वागत किया। सीएम ने कहा कि 2014 में वाराणसी से संसद चुने जाने के बाद प्रधानमंत्री ने यहां की काया बदल दी। बनारस को नया पहचान दी। बीते नौ साल में हर मामले में काशी और समृद्ध हुई है। काशी विश्वनाथ धाम के निर्माण से नई पहचान बनी है।  काशी विश्वनाथ धाम के निर्माण से नई पहचान बनी है। संस्कृति और समृद्धि का नया रूप काशी में देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि विकास और विरासत की जिस परंपरा की शुरुआत 2014 में पीएम ने वाराणसी से प्रारंभ किया, आज उसकी एक नई कड़ी को जोड़ने के लिए काशी की धरा पर पधारे हैं। पीएम मोदी को हर समय काशी की समृद्धि के लिए चिंता होती है। चिंता और चिंतन ही हम लोगों को आगे बढ़ा रही है। 

06:18 PM, 07-Jul-2023

थोड़ी देर में शुरू होगी पीएम मोदी की जनसभा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का काफिला वाजिदपुर पहुंचा। जनसभा स्थल पर पीएम मोदी ने सबसे पहले सरकारी योजनाओं के 20 लाभार्थियों से बातचीत की। उनका कुशलक्षेम पूछा। इसके बाद मणिकर्णिका घाट के मॉडल का अवलोकन किया।इस दौरान सीएम योगी भी मौजूद रहे। थोड़ी देर में पीएम मोदी जनसभा को संबोधित करेंगे। पीएम को सुनने के लिए भारी भीड़ उमड़ी है।

06:01 PM, 07-Jul-2023

12 हजार करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास-लोकार्पण

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वाजिदपुर में जनसभा को संबोधित करेंगे। लोकसभा चुनाव से पहले देश की जनता को साधेंगे। इस दौरान वाराणसी समेत पूर्वांचल को 12,110 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं की सौगात देंगे। जनकल्याणकारी योजना के लाभार्थियों से संवाद भी करेंगे। इसके लिए वाराणसी सहित आसपास के जिलों से 14 हजार लाभार्थी बुलाए गए हैं। कुछ लाभार्थियों को मंच पर बुलाकर योजनाओं का लाभ दिया जाएगा। जनसभा के बाद प्रधानमंत्री शहर आएंगे और मंडुवाडीह में भाजपा की टिफिन बैठक में हिस्सा लेंगे।

05:48 PM, 07-Jul-2023

सावन के सुहाने मौसम के बीच वाराणसी पहुंचे पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हवाई सेना के विमान से गोरखपुर से चलकर वाराणसी के बाबतपुर एयरपोर्ट पर 05:45 बजे पहुंचे। एयरपोर्ट पर प्रधानमंत्री की अगवानी राज्यपाल आनंदी बेन पटेल व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने की। पीएम मोदी का काफिला वाजिदपुर में आयोजित जनसभा स्थल के लिए रवाना हुआ। कार्यक्रम स्थल पर दोनों डिप्टी सीएम समेत कई मंत्री और विधायक मौजूद हैं। 

05:44 PM, 07-Jul-2023

भाजपा पदाधिकारियों के साथ टिफिन बैठक करेंगे प्रधानमंत्री

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी  वाजिदपुरा में जनसभा के बाद बरेका आएंगे। भाजपा पदाधिकारियों के साथ टिफिन बैठक करेंगे। बैठक में 300 पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होंगे। इसमें पीएम मोदी 2024 के लोकसभा चुनाव की तैयारियों पर चर्चा करेंगे। इसमें बूथ और पन्ना प्रमुखों को भी शामिल किया जाएगा। 

05:19 PM, 07-Jul-2023

पहले शिलान्यास, अब लोकार्पण

प्रधानमंत्री ने सिपेट करसड़ा के वोकेशनल ट्रेनिंग सेंटर की नींव रखी थी। पहले शिलान्यास किया था। अब लोकार्पण करने आ रहे हैं। इसके जरिये अभ्यर्थियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। कौशल विकास करके उन्हें रोजगार योग्य बनाया जाएगा। सिपेट परिसर में ही 13.78 करोड़ रुपये छात्रावास बन रहा है। इसका शिलान्यास भी होगा।

04:56 PM, 07-Jul-2023

गोरखपुर से वाराणसी रवाना हुए पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गोरखपुर से वाराणसी के लिए रवाना हो चुके हैं। उनके साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद हैं। बाबतपुर एयरपोर्ट से पीएम मोदी का काफिला वाजिदपुर में आयोजित जनसभा स्थल के लिए रवाना होगा। कार्यक्रम स्थल पर दोनों डिप्टी सीएम समेत कई मंत्री और विधायक मौजूद हैं। 

04:41 PM, 07-Jul-2023

बारिश के कारण परेशानी

पीएम मोदी के आगमन से पहले वाराणसी में बारिश शुरू हो गई है। वाजिदपुर स्थित जनसभा स्थल पर भीड़ जुटी है। पूरा परिसर वाटर प्रूफ है। जर्मन हैंगर से कवर है इसलिए इसके अंदर कोई परेशानी नहीं है।

03:51 PM, 07-Jul-2023

विकास की सौगात देने के साथ चुनावी शंखनाद करेंगे पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वाराणसी के साथ पूर्वांचल की 12,110 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाएं जनता को समर्पित करेंगे। साथ ही जनसभा करके मिशन 2024 का आगाज करेंगे। भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता व जनप्रतिनिधियों के साथ टिफिन बैठक करके उनका जोश बढ़ाएंगे। प्रधानमंत्री शहर का निरीक्षण करने भी निकल सकते हैं। इसकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रधानमंत्री की अगवानी के लिए काशी सजकर तैयार है। वाजिदपुर जनसभा स्थल पर भीड़ जुटने लगी है। 

03:50 PM, 07-Jul-2023

वाराणसी से मिशन 2024 का आगाज

केंद्र सरकार के नौ वर्ष पूरे होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी काशी से मिशन-2024 का आगाज करेंगे। काशी, पूर्वांचल व यूपी के साथ ही देश की जनता को साधेंगे। काशी प्रधानमंत्री का संसदीय क्षेत्र भी है, इसलिए दौरे को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भाजपा नेताओं का कहना है कि केंद्र की सत्ता का रास्ता यूपी से होकर जाता है। लाेकसभा की 80 सीटें हैं। काशी का संदेश हर क्षेत्र में जाता है। प्रधानमंत्री जो कुछ कहते हैं, उसका फायदा मिलता है। इसे ध्यान में रखकर ही प्रधानमंत्री मोदी ने लोकसभा चुनाव के प्रचार का आगाज काशी से करने का फैसला किया है।

03:50 PM, 07-Jul-2023

पीएम के स्वागत में होगी पुष्पवर्षा

प्रधानमंत्री के भव्य स्वागत की तैयारी है। एयरपोर्ट से बरेका गेस्ट हाउस पर जगह-जगह भाजपा कार्यकर्ता और शहरवासी पीएम मोदी के काशी आगमन पर पुष्पवर्षा करेंगे। घंटा, घड़ियाल बजाकर काशी के सांसद का स्वागत करेंगे। शंखनाद भी होगा।

03:45 PM, 07-Jul-2023

PM Modi Varanasi: हजारों करोड़ की सौगात के बाद चुनाव की बात, पीएम मोदी ने भाजपा नेताओं संग की टिफिन बैठक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अब से कुछ ही देर बाद दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचने वाले हैं। पीएम मोदी का ये दौरा काफी खास है। प्रधानमंत्री वाराणसी की जनता को 12 हजार करोड़ रुपये की सौगात देंगे। नौ वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 41वीं बार वाराणसी के दौरे पर आ रहे हैं। प्रधानमंत्री की अगवानी राज्यपाल आनंदी बेन पटेल व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। पीएम मोदी सड़क मार्ग से हरहुआ के वाजिदपुर जाकर जनसभा को संबोधित करेंगे। लोकसभा चुनाव से पहले देश की जनता को साधेंगे। प्रधानमंत्री जनकल्याणकारी योजना के लाभार्थियों से संवाद भी करेंगे। इसके लिए वाराणसी सहित आसपास के जिलों से 14 हजार लाभार्थी बुलाए गए हैं। जनसभा के बाद प्रधानमंत्री शहर आएंगे और मंडुवाडीह में भाजपा की टिफिन बैठक में हिस्सा लेंगे। भाजपा नेताओं का कहना है कि इस बैठक में आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारियों पर चर्चा होगी। 

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें