भाजपा का कंट्रोल रूम रखेगा हर विधानसभा की मतगणना पर नजर
यूपी विधानसभा चुनाव की मतगणना के दिन 10 मार्च को भाजपा प्रदेश मुख्यालय में स्थापित कंट्रोल रूम से प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र की मतगणना पर नजर रखी जाएगी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह खुद कंट्रोल रूम की कमान संभालेंगे। मतगणना के लिए हर जिले के समन्वयक का वर्चुअल प्रशिक्षण किया जाएगा। जिला समन्वयक जिले के मतगणना एजेंटों को प्रशिक्षण देंगे। पार्टी ने सभी प्रत्याशियों और जिलाध्यक्षों को मतगणना एजेंट नियुक्त कर उनका प्रशिक्षण कराने की जिम्मेदारी दी है। मतगणना एजेंट को पोस्टल बैलेट की मतगणना पर गंभीरता से नजर रखने, ईवीएम के मतों की गणना रखने सहित अन्य बारीकियां समझाई जाएंगी। मतगणना के लिए जिला कार्यालयों में भी कंट्रोल रूम बनाया जाएगा। जिलाध्यक्ष सहित अन्य पदाधिकारी मतगणना के दौरान वहां मौजूद रहेंगे। किसी भी प्रकार की परेशानी आने पर तत्काल प्रदेश मुख्यालय को सूचित किया जाएगा।
सपा को ईवीएम हैक होने का डर
यूपी में 10 मार्च को मतगणना की जाएगी। इसके लिए प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस बीच समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने मुख्य चुनाव आयुक्त को पत्र लिखकर मतगणना केंद्रों के पास मोबाइल जैमर लगाने की मांग की है। जिससे कि ईवीएम हैकिंग की किसी भी संभावना को टाला जा सके। पटेल ने मुख्य चुनाव आयुक्त को भेजे गए पत्र में लिखा है कि प्रदेश में 10 मार्च को सुबह आठ बजे विधानसभा चुनाव की मतगणना शुरू हो जाएगी। मतगणना स्थल के आसपास मोबाईल फोन के अत्यधिक दुरूपयोग होने और किसी प्रकार की हैकिंग होने की आशंका व्यक्त की जा रही है। अत: सपा की मांग है कि सभी मतगणना स्थल के निकट मोबाईल जैमर लगाया जाए जिससे कि निष्पक्ष तरीके से मतगणना हो सके।
UP Election: सपा मुखिया ने महिला दिवस की बधाई दी
मतदान खत्म होने और तमाम चैनलों के एग्जिट पोल जारी होने के बाद अखिलेश यादव का आज पहला बयान सामने आया है। अखिलेश यादव ने ट्वीट कर अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की बधाई दी। उन्होंने लिखा, 'अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई! नारी सशक्त, सबल और सुरक्षित रहे यही हम सबका संकल्प होना चाहिए और प्रतिबद्ध प्रयास भी। ‘नव-नारी’ का युग दस्तक दे रहा है…।'
एग्जिट पोल में सपा सरकार बताने वाले सर्वे में किस पार्टी को किस क्षेत्र में कितनी सीटें?
13 अलग-अलग न्यूज चैनलों और एजेंसियों ने सोमवार को उत्तर प्रदेश चुनाव के लिए एग्जिट पोल जारी किए थे। इनमें से 11 सर्वे रिपोर्ट का अनुमान है कि सूबे में फिर से भाजपा सरकार बन सकती है। दो एग्जिट पोल में समाजवादी पार्टी गठबंधन की सरकार बनने का अनुमान जताया गया है। इनमें देशबंधु और 4-पीएम का एग्जिट पोल शामिल है। देशबंधु ने यूपी को चार अलग-अलग क्षेत्रों में बांटकर भी आंकड़े जारी किए हैं। इसमें बुंदेलखंड, मध्य यूपी, पूर्वी यूपी और पश्चिमी यूपी शमिल हैं। पढ़िए पूरी खबर...
आखिर क्यों अखिलेश कर रहे 300 से ज्यादा सीटें जीतने का दावा?
यूपी के लिए 14 अलग-अलग न्यूज चैनलों और एजेंसियों ने सोमवार को एग्जिट पोल जारी किए। इनमें से 11 सर्वे का अनुमान है कि सूबे में फिर से भाजपा सरकार बन सकती है। तीन एग्जिट पोल में कहा गया कि समाजवादी पार्टी गठबंधन की सरकार बनने जा रही है। इनमें देशबंधु, आत्मसाक्षी ग्रुप और 4-पीएम का एग्जिट पोल शामिल है। हालांकि, किसी भी एग्जिट पोल में सपा गठबंधन तीन सौ सीटें जीतता नहीं दिख रहा है। उधर, तमाम एग्जिट पोल के विपरीत समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने अपना अलग दावा ठोक दिया। अखिलेश ने कहा, 'यूपी में समाजवादी पार्टी गठबंधन को 300 से ज्यादा सीटें मिलेंगी।' अखिलेश की ये आस हवा में नहीं है। इसके पीछे कई कारण हैं, जिनको आधार मानकर सपा प्रमुख तमाम चैनलों के एग्जिट पोल को खारिज करके सपा सरकार बनाने का दावा कर रहे हैं। पढ़िए पूरी खबर...
डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा बोले- सपा ने ढपोरशंखी घोषणाएं कीं
समाजवादी पार्टी ने सिर्फ ढपोरशंखी घोषणाएं की थी। आम जनता समाजवादी पार्टी के ढपोरशंख को समझ गई थी। इसीलिए उसने खुलकर भाजपा को वोट किया। इस बार तो भाजपा को समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी के समर्थकों ने भी जमकर वोट किया है। सपा- बसपा ने आपसी गठबंधन से एक बार चुनाव लड़ा। फिर सपा और कांग्रेस ने गठबंधन से चुनाव लड़ा। इस बार झंडे सब के अलग थे लेकिन मिले हुए सब थे। जनता समझ गई और झूठे लोगों को एक बार फिर से सत्ता से बाहर ही बिठाने का जनादेश देने का मन बना लिया। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनावों के बाद आए एग्जिट पोल के रुझानों पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री डॉक्टर दिनेश शर्मा ने आशीष तिवारी से विस्तार से बातचीत की।
UP Election 2022: पहले पोस्टल और ईटीपीबीएस वोट गिने जाएंगे फिर ईवीएम की बारी
मतगणना के लिए तैयारियां तेज हो गई हैं। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर यूनिवर्सिटी में 10 मार्च को जिले की सभी नौ विधानसभा क्षेत्रों के मतों की गिनती होगी। पहले पोस्टल और इलेक्ट्रानिकली ट्रांसमिटेड पोस्टल बैलेट्स (ईटीपीबीएस) के मतों की गिनती होगी। फिर ईवीएम के मत गिने जाएंगे। सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित ई-डिस्ट्रिक्ट में ईटीपीबीएस की गिनती के लिए सभी आरओ-एआरओ को प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान उन्हें बरती जाने वाले बारीकियां भी बताई गईं। मंगलवार को पोस्टल बैलेट की गिनती के लिए तैनात कार्मिकों का प्रशिक्षण होगा।
UP Election 2022: शिवपाल सिंह यादव ने एग्जिट पोल को बताया भ्रामक
सपा नेता शिवपाल सिंह यादव ने यूपी चुनाव को लेकर आए विभिन्न चैनलों के एग्जिट पोल को भ्रामक बताया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि एग्ज़िट पोल्स द्वारा दिखाई जा रही तस्वीर आभासी, भ्रामक और अविश्वसनीय है। जनता इसके पीछे की मंशा को बहुत अच्छे से समझ रही है। समाजवादी गठबंधन पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने जा रहा रहा है। प्रत्याशी व कार्यकर्ता मतगणना तक सतर्क व सक्रिय रहें। निश्चय ही सफलता आपकी राह देख रही है।
सपा प्रदेश अध्यक्ष ने मुख्य चुनाव आयुक्त को लिखा पत्र
सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने मुख्य चुनाव आयुक्त को पत्र भेजकर मतदान के दौरान ईवीएम में कई तरह की खामियां होने का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि फतेहपुर में सभी छह विधानसभा क्षेत्रों में मतदान होने के बाद बची रिजर्व और अतिरिक्त ईवीएम व वीवीपैट मशीनों का रिकॉर्ड नहीं दिया जा रहा है। शेष ईवीएम वीवीपैट मशीनें किसी स्ट्रांग रूम में राजीतिक दलों व प्रत्याशियों के सामने सील भी नहीं की गई। इससे दुरुपयोग की आशंका है। इसी तरह बस्ती में स्ट्रांग रूम के पास प्रत्याशियों के नाम की पर्चियां फेंके व जलाए जाने, फॉर्म 17 ग की प्रतियां फेंके जाने और ईवीएम के सील टैग बड़ी संख्या में फेंके व जलाए जाने की शिकायत मिली है।
इन 11 गांवों के लोगों ने अंतिम बार विधानसभा चुनाव में दिया वोट
इसी साल कनहर बांध के पूरा होते ही इन 11 गांव के सभी ग्रामीणों को अपना पुराना आशियाना छोड़ना होगा। उनके लिए अलग से विस्थापित क्षेत्र बसाया जा रहा है, जहां उनका नया पता और नई पहचान होगी। पढ़िए पूरी खबर...
आरएलडी मुखिया ने एग्जिट पोल पर उठाए सवाल
राष्ट्रीय लोकदल के मुखिया जयंत चौधरी ने एग्जिट पोल पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा, जब तक ईवीएम नहीं खुलता तब तक किसी को भी रिजल्ट नहीं मालूम चल सकता। जयंत ने कहा, एग्जिट पोल का एक प्रॉसेस होता है। मैंने तो एक भी पोलिंग बूथ पर किसी भी एग्जिट पोल वाले को नहीं देखा। पता नहीं, ये लोग कहां से डेटा लाते हैं। ये केवल उनकी सोच है, मैं इससे सहमत नहीं हूं। ये मनोवैज्ञानिक दबाव बनाने का एक तरीका है।
अखिलेश यादव का अलग एग्जिट पोल
उत्तर प्रदेश में फिर से योगी आदित्यनाथ सरकार बना सकते हैं। न्यूज चैनलों और एजेंसियों के एग्जिट पोल में ये दावे किए गए हैं। 11 अलग-अलग एजेंसियों की सर्वे में दावा किया गया है कि भाजपा गठबंधन को 210 से 326 सीटें मिल सकती हैं। सिर्फ एक एग्जिट पोल में सपा को पूर्ण बहुमत मिलने का अनुमान जताया गया है। जिस वक्त न्यूज चैनल ये सर्वे रिपोर्ट प्रसारित कर रहे थे, उसी वक्त समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने ट्वीट कर अपना अलग एग्जिट पोल जारी कर दिया। पढ़िए पूरी खबर...
अखिलेश यादव का अलग एग्जिट पोल
उत्तर प्रदेश में फिर से योगी आदित्यनाथ सरकार बना सकते हैं। न्यूज चैनलों और एजेंसियों के एग्जिट पोल में ये दावे किए गए हैं। 11 अलग-अलग एजेंसियों की सर्वे में दावा किया गया है कि भाजपा गठबंधन को 210 से 326 सीटें मिल सकती हैं। सिर्फ एक एग्जिट पोल में सपा को पूर्ण बहुमत मिलने का अनुमान जताया गया है। जिस वक्त न्यूज चैनल ये सर्वे रिपोर्ट प्रसारित कर रहे थे, उसी वक्त समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने ट्वीट कर अपना अलग एग्जिट पोल जारी कर दिया। पढ़िए पूरी खबर...
सपा विधायक नाहिद हसन की जमानत पर नहीं हो सका फैसला
उत्तर प्रदेश के शामली जनपद में गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में जेल में बंद सपा विधायक नाहिद हसन पर अमानत में ख्यानत के दूसरे मुकदमे में भी जमानत के लिए फैसला नहीं हो सका। वर्ष 2019 में झिंझाना थाना क्षेत्र के गांव खेड़ा खुशनाम निवासी महिला शाहजहां ने कैराना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिसमें गांव भूरा निवासी नवाब पर आरोप लगाया था कि नवाब ने उसके पति की गाड़ी किराए पर ली थी और किराए के 1.80 लाख रुपये नहीं दिए। आरोप था कि नवाब ने उसके पति की गाड़ी सपा विधायक नाहिद हसन के पुराने धान के सैलर में छिपाकर रखी थी। नाहिद ने उसके पति को फोन पर धमकी दी थी। पुलिस ने नाहिद हसन व भूरा निवासी नवाब के खिलाफ अमानत में ख्यानत करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया था।
UP Election Result : कल सुप्रीम कोर्ट में होगी सुनवाई
विधानसभा चुनाव की मतगणना में अधिक वीवीपैट (VVPAT) पर्चियों के ईवीएम (EVM) से मिलान की मांग पर कल सुप्रीम कोर्ट सुनवाई करेगा। याचिकाकर्ता ने मतगणना की शुरुआत में ही वीवीपैट मिलान की भी मांग की है। इसपर कोर्ट ने कहा- परसों मतगणना है। देखना होगा अब कोई आदेश दिया जा सकता है या नहीं?
UP Chunav Result: योगी पर ओवैसी का पलटवार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मुसलमानों को लेकर दिए बयान पर एआईएमआईएम प्रमुख ओवैसी ने पलटवार किया है। योगी ने कहा था, 'मुसलमान मुझसे और मैं उनसे प्यार करता हूं।'
अब ओवैसी ने पलटवार करते हुए कहा, 'जिस तरह समंदर के दो किनारे नहीं मिल सकते उसी तरह मज़लूम और ज़ालिम एक नहीं हो सकते। योगी का प्यार चुनावी रैलियों के मंच से क्यूं नहीं दिखाई दिया? ये कैसा प्यार है जिसका इज़हार चुनाव के बाद ही होता है? ग्रामीण आवास योजना के तहत 2019 से अब तक एक भी मुसलमान को घर क्यूं नहीं मिला? पीएमजेवीके के तहत अल्पसंख्यक इलाकों में एक रुपया भी क्यूं खर्च नहीं किया? वाजपेयी, आडवाणी, मोदी और अब योगी; पहले सब ज़हर उगलते हैं, लेकिन प्रधानमंत्री की कुर्सी का ख़्वाब देखना हो तो मजबूरन प्यार-मोहब्बत की बात करने लगते है।'
सीएम योगी ने दिया बड़ा बयान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को एक टीवी इंटरव्यू में मुसलमानों को लेकर कहा, 'मेरा वही रिश्ता है, मुझसे उनका जैसा व्यवहार है, मेरा उनके साथ वही व्यवहार है। वह मुझसे प्यार करते हैं, मैं उनसे प्यार करता हूं।'
प्रियंका बोलीं, हम रिजल्ट का इंतजार करेंगे
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने एग्जिट पोल को लेकर कहा कि हम जितनी मेहनत से लड़ सकते थे, लड़े हैं। अब हम रिजल्ट का इंतजार करेंगे।
UP Election: केशव का अखिलेश पर पलटवार
अखिलेश यादव के 300 सीटें जीतने का दावा करने पर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने पलटवार किया है। केशव ने ट्वीट किया, '400 सीट जीत का दावा करने वाले अखिलेश यादव जी मतगणना के पहले ही 300 पर आ गए। 10 मार्च को गठबंधन के साथ 100 भी नहीं जीत पायेंगे। प्रचंड बहुमत की भाजपा सरकार फिर बनेगी। मोदी जी योगी जी के नेतृत्व में गरीब कल्याण की योजना, भाजपा का मज़बूत संगठन, पिछड़ों/दलितों के समर्थन से फिर जीतेंगे।'
UP Election Result: सपा प्रमुख का बड़ा दावा
समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने बड़ा दावा किया है। अखिलेश ने कहा, 'जनता इस बार डबल इंजन सरकार की पटरियां उखाड़ने के लिए तैयार है। सपा गठबंधन को 300 सीटें मिलनी तय है।'
अखिलेश ने एक अन्य ट्वीट में कहा, 'सातवें और निर्णायक चरण में सपा-गठबंधन की जीत को बहुमत से बहुत आगे ले जाने के लिए सभी मतदाताओं और विशेषकर युवाओं का बहुत-बहुत आभार! हम सरकार बना रहे हैं।'