बिजनौर के स्योहारा में प्रेमिका से उसके घर मिलने पहुंचे युवक को युवती के परिजनों ने कमरे में बंद कर बंधक बना लिया। हंगामा होने के बाद युवक को पुलिस को सौंप दिया। युवती ने युवक पर शादी का झांसा देकर एक साल तक शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगाया है। अब युवती निकाह करने की जिद पर अड़ी है।
थाना क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार की दोपहर नूरपुर क्षेत्र का एक युवक युवती के घर मिलने चला गया। परिजनों को जानकारी मिलने पर परिजनों ने युवक को कमरे में बंद कर दिया। घटना के बाद गांव में हंगामा शुरू हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को छुड़ाया। पुलिस युवक को पूछताछ के लिये थाने गई।
वहीं युवती ने युवक पर एक साल से शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगाते हुए निकाह करने को कहा। युवक ने युवती से शादी करने से इंकार कर दिया, जिसको लेकर थाने में भी काफी देर तक हंगामा हुआ।
युवती का आरोप है कि युवक उसको बार-बार ब्लैकमेल व जान से मारने की धमकी भी दे रहा है। थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव चौधरी का कहना है कि मामला प्रेम प्रसंग का प्रतीत हो रहा है। दोनों पक्षों में निकाह की बात चल रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सहारनपुर के युवक की चंडीगढ़ में सड़क दुर्घटना में मौत
गागलहेड़ी थाना क्षेत्र के गांव हरोड़ा निवासी अफजाल (36) पुत्र बोडा और नाटा पुत्र जिंदा चंडीगढ मीट प्लांट में काम करते थे। मंगलवार सुबह को दोनों अपने घर हरोड़ा आने के लिए बाइक से निकले थे। जैसे ही ये चंडीगढ से थोड़ा आगे निकले तो पीछे से इनकी बाइक में कार ने टक्कर मार दी। दुर्घटना में अफजाल की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि नाटा गंभीर रुप से घायल हो गया। पुलिस ने नाटा को पीजीआई चंडीगढ़ में भर्ती कराया है। अफजाल अपने घर में एक मात्र कमाने वाला था। मृतक अपने पीछे पत्नी और तीन छोटे बच्चे छोड़ गया है।
बिजनौर में युवती ने जहरीला पदार्थ पीकर की आत्महत्या, मौत से पहले बनाया वीडियो
किरतपुर थानाक्षेत्र के ग्राम मेमन सादात निवासी एक विवाहिता द्वारा विषैला पदार्थ पीकर आत्महत्या करने का मामला प्रकाश में आया है। विवाहिता ने वीडियो वायरल कर गांव निवासी एक युवक पर आरोप लगाया है कि वह आपत्तिजनक फोटो वायरल करने की धमकी देकर उत्पीड़न कर रहा था। पीड़िता ने मरने से पूर्व वजाहत रजा युवक पर आरोप लगाया है और कहा कि मेरे मरने का पूर्ण जिम्मेदार वजाहत रजा ही होगा। उक्त वीडियो सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रहा है।
बिजनौर : ईंख के खेत मे लगी भयंकर आग, गन्ना जलकर राख
बिजनौर में कोतवाली देहात के बरुकी क्षेत्र में एक किसान के ईंख के खेत में आग लगने से लाखों रुपए का गन्ना जलकर राख हो गया। बताया गया कि एचटी लाइन टूटकर गिरने से खेत में आग लग गई। इस दौरान किसान का 15 बीघा गन्ना जलकर राख हो गया।