फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बड़ी खबरें: प्राचीन मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगी राज्यपाल, Congress ने पश्चिमी यूपी प्रभारियों में किया फेरबदल

Thu, 15 Dec 2022 11:52 PM IST
Dimple Sirohi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ/मुजफ्फरनगर

खास बातें

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल सीसीएसयू पहुंचीं। जहां उन्होंने मेधावी छात्र-छात्राओं को मेडल पहनाए। वहीं गंगानगर में डकैती के मामले में पुलिस ने कुख्यात सुशील गुर्जर के दो साथियों को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। मुजफ्फरनगर में आवारा सांड ने किसान की जान ले ली।
विज्ञापन
विज्ञापन

लाइव अपडेट

09:36 PM, 15-Dec-2022

गोल्डन टेंपल एक्सप्रेस पर फेंका पत्थर, दहशत में रहे यात्री
मुंबई सेंट्रल से अमृतसर जाने वाली गोल्डन टेंपल एक्सप्रेस पर पत्थर फेंककर मारा। इससे ट्रेन में सवार यात्री दहशत में आ गए। मामले की आरपीएफ जांच कर रही है।

घटना देवबंद रेलवे स्टेशन से निकलने पर हुई। बताया जाता है कि किसी व्यक्ति ने मुंबई सेंट्रल-अमृतसर गोल्डन टेंपल एक्सप्रेस पर पत्थर फेंका। कोच में तेजी से लगा तो उसमें सवार यात्री घबरा गए। पत्थर को चलती ट्रेन पर मारा गया। यात्रियों ने इसकी जानकारी ट्रेन में मौजूद जीआरपी को दी। हालांकि ट्रेन वहां नहीं रुकी और सहारनपुर आकर ही रुकी।

ट्रेन के गार्ड ने इस संबंध में रेलवे अधिकारियों को बताया। घटना की जानकारी मिलते ही आरपीएफ मौके पर पहुंची। मुजफ्फरनगर थाने के आरपीएफ इंस्पेक्टर ने बताया कि पत्थर फेंकने वाले की तलाश की जा रही है।

09:35 PM, 15-Dec-2022

दुष्कर्म के आरोपी शिक्षक को पकड़ने इस्लामनगर पहुंची दिल्ली पुलिस
दुष्कर्म के मामले में एक मदरसा शिक्षक को पकड़ने के लिए दिल्ली पुलिस ने कोतवाली रामपुर मनिहारान के गांव इस्लामनगर में दबिश दी, लेकिन वह नहीं मिला।

एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि दिल्ली में कोतवाली रामपुर मनिहारान क्षेत्र के गांव इस्लामनगर निवासी मोहम्मद इसरान के खिलाफ दिल्ली में दुष्कर्म का मामला दर्ज है, जो मदरसा शिक्षक है, जिसे पकड़ने के लिए दिल्ली पुलिस की टीम ने बुधवार की रात आरोपी के घर पर दबिश दी, लेकिन वह नहीं मिला।

इसके बाद टीम वापस लौट गई। बताया जा रहा है कि दिल्ली पुलिस मोहम्मद इसरान के एक परिवार के सदस्य को हिरासत में लेकर गई है। दिल्ली पुलिस ने कई जगहों पर आरोपी की तलाश में दबिश दी है।

09:34 PM, 15-Dec-2022

कृषि विवि में हुआ रिहर्सल, 15वां दीक्षांत समारोह आज 
सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विवि में 15वां दीक्षांत समारोह शुक्रवार को आयोजित किया जाएगा। बृहस्पतिवार समारोह को लेकर रिहर्सल हुआ। राज्यपाल वित्त नियंत्रक लक्ष्मी मिश्रा बनीं और मुख्य अतिथि निदेशक प्रसार पीके सिंह बने। इस मौके पर दीक्षोत्सव कार्यक्रम भी मनाया गया। 

दीक्षांत शोभायात्रा विवि के एनेक्सी से शुरू होकर बैंडबाजे के साथ गांधी भवन तक पहुंची। कुलपति डॉ. केके सिंह, रजिस्ट्रार डॉ. बीआर सिंह ने छात्र-छात्राओं को मेडल दिए।  वीसी ने छात्र-छात्राओं को दीक्षोत्सव कार्यक्रम को मनाने का उद्देश्य बताया। पूर्व में आयोजित प्रतियोगिता के विजेताओं को भी पुरस्कृत किया गया। काव्य लेखन में आशुतोष शर्मा प्रथम, निहारिका द्वितीय तथा जय शंकर तृतीय रहे। वाग्मिता प्रतियोगिता में शिवांगी सक्सेना प्रथम, मयंक सिंह द्वितीय और अनुष्का शर्मा तृतीय स्थान प्राप्त किया। चित्रकला प्रतियोगिता आशुतोष यादव प्रथम अंचल शर्मा द्वितीय, आयुष अहलावत तृतीय रहे। निबंध लेखन प्रतियोगिता में माही त्यागी ने प्रथम, सिद्धार्थ आर्य ने द्वितीय तथा निहारिका ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। एकल लोक नृत्य प्रतियोगिता में निहारिका प्रथम, प्रतिभा द्वितीय तथा श्रेया त्यागी तृतीय रही। समूह लोक नृत्य प्रतियोगिता में कृषि विवि के छात्र-छात्राएं प्रथम वेटनरी महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं द्वितीय स्थान पर रहे। कार्यक्रम में अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. विवेक धामा, डॉ. कमल खिलाड़ी, मीडिया प्रभारी डॉ. आरएस सेंगर, डॉ. वैशाली, डॉ. विनीता वर्मा, डॉ. देवाशीष राय, डॉ. आशुतोष त्रिपाठी, डॉ. जेेनी, डॉ. विनीता वर्मा का सहयोग रहा।

11 बजे कृषि विवि पहुंचेंगी राज्यपाल
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल शुक्रवार को सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि विवि में 11 बजे पहुंचेंगी। एक घंटा 54 मिनट तक वह विवि में रुकेंगी।

विज्ञापन
09:16 PM, 15-Dec-2022

जेईई मेन परीक्षा के आवेदन शुरू, 12 जनवरी को अंतिम तिथि 
जेईई मेन 2023 सेशन-1 के लिए ऑनलाइन आवेदन पत्र जमा होने शुक्रवार से आरंभ हो गए हैं। नेशनल टेंस्टिंग एजेंसी ने अधिकारिक तौर पर सूचना जारी कर दी है। सत्र 2023-24 में दो सेशन में परीक्षा होगी, जिसमें पहले सेशन की परीक्षा जनवरी 2023 एवं दूसरे सेशन की परीक्षा अप्रैल में आयोजित की जाएगी। सेशन-1 परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन पत्र 15 दिंसबर रात 9 बजे से 12 जनवरी रात 11.50 बजे तक जमा करे जा सकते हैं। जनवरी के दूसरे सप्ताह में परीक्षा शहर की घोषणा कर दी जाएगी। तीसरे सप्ताह में आवेदक एनटीए की अधिकारिक वेबसाइट से प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे।

बताया गया कि परीक्षा 24, 25, 27, 28, 29, 30 और 31 जनवरी को तमाम परीक्षा केंद्रो पर दो शिफ्ट में होगी। सेशन दो की जानकारी उसी समय दी जाएगी। एनटीए के क्षेत्रीय निदेशक एचएम राउत ने बताया कि परीक्षा संबंधित अन्य जानकारी के लिए अभ्यर्थी jeemain.nta.nic.in पर जाकर चेक करें।

07:46 PM, 15-Dec-2022

क्रेशर में खौलते गन्ने के रस में गिरकर चौकदार की मौत

कोतवाली देहात में थाना क्षेत्र के ग्राम करौंदा पच्दू में क्रेशर में खौलते रस में गिरकर चौकीदार गंभीर रूप से झुलस गया। जिसकी बिजनौर में उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

थाना कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव अलीपुर दामोदर उर्फ लल्लावाला निवासी सुमित कुमार (33 वर्ष) कोतवाली देहात-नहटौर मार्ग पर गांव करौंदा पच्दू के सामने स्थित एक क्रेशर में चौकीदार था। रात्रि में चौकीदार रस की भट्टी की तरफ चला गया। जहां पर वह अनियंत्रित होकर रस की कढ़ाई में गिर गया। जिससे वह बुरी तरह झुलस गया।

इसके बाद उपचार के लिए हायर सेंटर ले जाया गया, जहां पर गुरुवार को उपचार के दौरान सुमित की मौत हो गई। उसकी मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने मृतक के चाचा सतवीर सिंह की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक अपने पीछे पत्नी सरिता, दो लड़की और एक लड़के को रोता-बिलखता छोड़ गया है।

विज्ञापन
06:45 PM, 15-Dec-2022

कार की चपेट में आकर एक व्यक्ति की मौत, एक घायल

बिजनौर में चांदपुर-धनौरा मार्ग पर गांव बागड़पुर में शादी में आतिशबाजी छोड़ रहे व्यक्ति की कार की चपेट में आने से मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।

थाना हल्दौर के गांव अम्हेड़ा निवासी रमजानी पुत्र मुन्ने शाह बुधवार की रात्रि करीब साढ़े दस बजे चांदपुर थाने के गांव बागड़पुर में बैंकट हाल के बाहर आतिशबाजी कर रहे थे। मृतक के पुत्र मोहम्मद नासिर ने बताया कि चांदपुर की ओर से धनौरा की ओर जा रही कार ने सड़क किनारे खड़े उसके पिता को टक्कर मार दी। जिससे उनकी मौत हो गई। मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।

बताया गया कि गांव धनौरी निवासी सोबीर सिंह घायल हो गए। घायल को अस्पताल पहुंचाया। वहीं चालक कार लेकर फरार हो गया। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।

06:43 PM, 15-Dec-2022

बिजनौर के मंडावली क्षेत्र में बाइक सवारों पर गुलदार का हमला
अमरोहा निवासी प्रद्युन त्यागी अपनी बहन शीतल व कलवा त्यागी के साथ मंडावली थाना क्षेत्र के गांव रामनगर आए थे। बुधवार की देर शाम तीनों बाइक से वापस अमरोहा जा रहे थे। मौअज्जमपुर-मंडावली मार्ग पर गन्ने के खेत में घात लगाए बैठे गुलदार ने तीनों पर हमला कर दिया। गुलदार ने तीनों को पंजे मारकर घायल कर दिया। तीनों बाइक सवारों ने शोर मचाते हुए गुलदार का मुकाबला किया, जिससे गुलदार भाग गया। सूचना मिलने पर पहुंचे परिजनों ने तीनों को उपचार दिलाया। क्षेत्र में काफी समय से गुलदार देखे जाने से ग्रामीणों में दहशत है।

क्षेत्रवासियों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और गुलदार के आतंक से राहत दिलाने की मांग की है।

06:43 PM, 15-Dec-2022

गन्ने से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक में मारी टक्कर, महिला की मौत
मेरठ के दादरी गांव में बृहस्पतिवार को गन्ने से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक में टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार महिला की मौत हो गई। बाइक चला रहा महिला का भाई घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया है।

कुतोपुर थाना मीरापुर जिला मुजफ्फरनगर निवासी संजीदा (40) पत्नी फरमान बागपत के निवाडा में अपने मायके गई हुई थी। बृहस्पतिवार देर शाम संजीदा अपने भाई असद के साथ वापस अपनी ससुराल लौट रही थी। असद बाइक से अपनी बहन संजीदा को लेकर जा रहा था। जैसे ही बाइक दादरी गांव के सामने पहुंची तो गन्ने से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक में टक्कर मार दी। वहीं हादसे के दौरान संजीदा नीचे गिर गई और ट्रैक्टर के नीचे आ गई। जिस कारण संजीदा की मौके पर ही मौत हो गई। 

वहीं, महिला का भाई असद गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों ने मामले की जानकारी थाना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रैक्टर चालक को हिरासत में ले लिया। वहीं, जानकारी मिलने पर महिला के परिजन भी थाने पहुंच गए और पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर शव को परिजनों के सुपूर्द कर दिया। महिला के तीन बच्चे हैं। इस घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

06:39 PM, 15-Dec-2022

आखिरकार बड़कला रेंज में छोड़ा गया जंगल से रेसक्यू किया गया तेंदुआ

बागपत जनपद के बड़ौत में रंछाड़ गांव के जंगल से रेसक्यू किए गए तेंदुए को आखिरकार वन विभाग की टीम ने शिवालिक वन प्रभाग की बड़कला रेंज में सकुशल छोड़ दिया है। तेंदुए को छोड़ने से पहले संतनगर नर्सरी पर उसकी मेडिकल जांच कराई गई थी। उधर, तेंदुए को सकुशल छोड़ने पर वन विभाग की टीम ने खुशी जताई और एक-दूसरे को बधाइयां दीं।

05:34 PM, 15-Dec-2022

कांग्रेस ने पउप्र प्रभारियों में किया फेरबदल
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ब्रजलाल खाबरी ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष नसीमुद्दीन सिद्दीकी की संतुति पर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रभारियों के कार्य क्षेत्र में फेरबदल किया गया है। कांग्रेस प्रवक्ता हरिकिशन अंबेडकर ने बताया उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी महासचिव संजीव शर्मा को विदित चौधरी के स्थान पर मेरठ का प्रभारी महासचिव नियुक्त किया है।

बताया गया कि संजीव शर्मा के पास मेरठ के साथ जनपद हापुड़, व मुरादाबाद का भी प्रभार रहेगा। इस के साथ सचिवों के प्रभार में भी फेरबदल किया गया है। काफी समय से जिले व महानगर का प्रभारी सचिव का कार्यभार प्रदेश सचिव नसीम खान देख रहे थे, अब नसीम खान केवल महानगर के प्रभारी होंगे। जिले में अभी किसी प्रदेश सचिव की नियुक्ति नही की गई है।

संजीव शर्मा की नियुक्ति पर जिलाध्यक्ष अवनीश काजला व महानगर अध्यक्ष जाहिद अंसारी, प्रवक्ता हरिकिशन अंबेडकर सहित अन्य नेताओं ने खुशी जाहिर करते हुऐ प्रदेश अध्यक्ष ब्रजलाल खाबरी का आभार व्यक्त किया।

05:18 PM, 15-Dec-2022

सम्मेद शिखर बचाओ आंदोलन के समर्थन में उतरा जैन समाज
सहारनपुर के रामपुर मनिहारान में सम्मेद शिखर बचाओ आंदोलन के समर्थन में जैन समाज के लोगों ने तहसील मुख्यालय पर पहुंचकर राष्ट्रपति को संबोधित पांच सूत्रीय एक ज्ञापन एसडीएम को सौंपा।

05:10 PM, 15-Dec-2022

भाकियू की मासिक बैठक में सरकार पर लगाया वादा खिलाफी का आरोप

सहारनपुर के बेहट में भारतीय किसान यूनियन की मासिक बैठक में किसानों से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई। इसके बाद 14 सूत्रीय ज्ञापन तहसीलदार की मार्फत मुख्यमंत्री को भेजा गया।

बृहस्पतिवार को तहसील परिसर में आयोजित बैठक में बोलते हुए संगठन के जिला सचिव मोहम्मद आलिम ने कहा कि प्रदेश सरकार ने अपने चुनावी घोषणा पत्र में किसानों को सिंचाई के लिए मुफ्त बिजली देने का वायदा किया था, लेकिन सरकार ने अपना वायदा पूरा नहीं किया है।

उन्होंने बकाया गन्ना भुगतान जल्द किए जाने एवं गन्ना मूल्य 450 रुपये प्रति क्विंटल किए जाने की मांग की। तहसील अध्यक्ष सचिंद्र राणा ने कहा कि तहसील में तैनात कर्मचारियों द्वारा खतौनी के नवीनकरण में लापरवाही बरती जा रही है। अधिकारी इस मामले का संज्ञान लें। अन्यथा भाकियू धरना प्रदर्शन करेगी। बैठक के बाद आवारा पशुओं से निजात दिलाए जाने, रायेपुर से महमूदपुर नगली तक सड़क एवं पुल का निर्माण कराए जाने, विद्युत निगम के अधिकारियों द्वारा किसानों के शोषण पर रोक लगाए जाने, कलसिया-फतेहपुर मार्ग का चौड़ीकरण किए जाने, गांव नूरपुर भरावड में स्वीकृत हुए पुल का निर्माण शुरू कराने आदि 14 मांगों से संबंधित ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा गया।

05:06 PM, 15-Dec-2022

चंद्रशेखर का वजूद नहीं, दलितों ने विक्रम सैनी को सबक सिखाया : सत्य प्रकाश
बसपा के मुख्य जोन कोऑर्डिनेटर सत्य प्रकाश ने कहा कि विकास और जन हित के मुद्दों पर पार्टी निकाय चुनाव लड़ेगी। हर वार्ड पर उनकी पार्टी के प्रत्याशी मजबूती के साथ चुनाव लड़ेंगे। आसपा अध्यक्ष चंद्रशेखर का कोई वजूद नहीं है। खतौली उप चुनाव में दलितों ने विक्रम सैनी को सबक सिखाने के लिए हराया है। खबर विस्तार से पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें-

यह भी पढ़ें: मुजफ्फरनगर: BSP नेता बोले- चंद्रशेखर का कोई वजूद नहीं, दलितों ने विक्रम सैनी को सिखाया सबक

05:00 PM, 15-Dec-2022
ऐतिहासिक नगरी पहुंचीं राज्यपाल आनंदीबेन पटेल। - फोटो : अमर उजाला

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल अब ऐतिहासिक नगरी हस्तिनापुर के प्राचीन पांडेश्वर महादेव मंदिर पर पूजा-अर्चना के लिए पहुंचीं हैं।

04:34 PM, 15-Dec-2022
मेरठ में बनकर तैयार हुई पहली सबसे लंबी सुरंग - फोटो : अमर उजाला

मेरठ में 2 किमी लंबी सुरंग का निर्माण हुआ पूरा, NCRTC कर्मचारियों ने लहराया तिरंगा

दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ आरआरटीएस कॉरिडोर पर मेरठ की सबसे लंबी सुरंग को गुरुवार को सफल ब्रेकथ्रू हुआ। इस टनल का निर्माण कर रही सुदर्शन 8.1 (टनल बोरिंग मशीन) ने भैंसाली से मेरठ सेंट्रल स्टेशन फुटबॉल चौक के बीच लगभग 2 किमी लंबी सुरंग का सफलतापूर्वक निर्माण पूरा कर लिया।

पढ़ें पूरी खबर: Rapid Rail: मेरठ में 2 किमी लंबी सुरंग का निर्माण हुआ पूरा, NCRTC कर्मचारियों ने लहराया तिरंगा

02:56 PM, 15-Dec-2022

जल्द ही हस्तिनापुर पहुंचेंगी महामहिम राज्यपाल
ऐतिहासिक नगरी हस्तिनापुर के समीप पंच प्यारे भाई धर्म की जन्म स्थली सैफपुर कर्मचंदपुर में महामहिम के कार्यक्रम को लेकर सभी तैयारियों को पूर्ण कर लिया गया है। जल्द ही राज्यपाल आनंदीबेन पटेल यहां पर पहुंचकर कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगी।

02:13 PM, 15-Dec-2022

मेरठ में कक्षा दस की छात्रा ने खुद को गोली मारकर दी जान

मेरठ में कैंट स्थित दीवान स्कूल की 10वीं की छात्रा हर्षिता चौधरी (16) पुत्री प्रदीप चौधरी निवासी जागृति विहार ने खुद की कनपटी पर गोली मारकर जान दी है। हर्षिता के पिता प्रदीप चौधरी ट्रांसपोर्ट बताया गया। उनके घर में अवैध पिस्टल रखी हुई थी। जिससे हर्षिता ने गोली मारकर जान दी है।

पढ़ें पूरी खबर: MEERUT: दीवान स्कूल की 10 वीं की छात्रा ने पिस्टल से खुद को गोली मारकर दी जान

01:59 PM, 15-Dec-2022
हाजी याकूब - फोटो : अमर उजाला

हाजी याकूब के करीबी माने जाने वाले फारूख राणा ने फेसबुक पर पोस्ट की है। इसमें वह हाजी याकूब के साथ नजर आ रहा है। पोस्ट हाजी याकूब के साथ तस्वीर पोस्ट करते हुए उन्होंने लिखा है कि इंशा अल्लाह बसपा का मेरठ महापौर का उम्मीदवार इसी परिवार से होगा। बता दे कि अवैध मीट पैकेजिंग के मामले में हाजी याकूब कुरैशी फरार है। पुलिस हाजी याकूब की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। वहीं याकूब के बेटे फिरोज को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था।

01:21 PM, 15-Dec-2022

सहारनपुर में दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में सात घायल

सहारनपुर के नागल में दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में एक महिला व छात्रा समेत सात लोग घायल हो गए। घायलों को पुलिस ने सीएचसी भर्ती कराया जहां से चिकित्सकों ने तीन को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

जानकारी के अनुसार सुबह करीब 8 बजे गागलहेड़ी निवासी मुरसलीन पुत्र हमीद टेंपो मे सवारी लेकर नागल जा रहा था। जैसे ही वह खजूर वाला अंडरपास के निकट सर्विस रोड पर पहुंचा तो अचानक असंतुलित होकर उसका टेंपो पलट गया, जिसमें काजल पुत्री धर्मवीर एवं मोहनलाल पुत्र पितांबर निवासी खजूर वाला, आलम पुत्र इकराम निवासी बोहडूपुर घायल हो गए। मुरसलीन व काजल को जिला अस्पताल रेफर किया है।

दोपहर करीब 12 बजे मंगलौर निवासी रहमान पुत्र शकील अपने साथी सुनील पुत्र जनेश्वर के साथ बाइक द्वारा सिड़की की ओर आ रहे थे। जैसे ही वह बोहडूपुर पहुंचे तो सड़क किनारे जा रही बोहडूपुर निवासी अफसाना पत्नी नासिर को बाइक की टक्कर मार दी जिसमें तीनों घायल हो गए। अफसाना की गंभीर हालत देखते हुए चिकित्सा में जिला अस्पताल रेफर किया गया है। थाना प्रभारी निरीक्षक सुबे सिंह ने बताया कि अभी तक दोनों मामले में थाने में कोई तहरीर नहीं आई है।

01:15 PM, 15-Dec-2022
किसानों का धरना - फोटो : अमर उजाला

बिजनौर में राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन का कलेक्ट्रेट में धरना प्रदर्शन 

बिजनौर जनपद में राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन ने बिजली विभाग के अधिकारियों की गिरफ्तारी, बिलाई चीनी मिल का समस्त भुगतान कराने, गन्ना मूल्य घोषित करने, जर्जर तार बदलने बेसहारा पशुओं का प्रबंधन करने आदि की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन कर धरना दिया।  जिलाध्यक्ष विनोद कुमार बिट्टू मंडल प्रभारी गौरव सिंह के कहां कि किसानों का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। किसान को न्याय और उनका हक दिलाने के लिए संगठन हर कदम उठाने को तैयार है। बिजली अधिकारियों की गिरफ्तारी बकाया गन्ना मूल्य भुगतान आदि को लेकर आज किसानों ने कलेक्ट्रेट में धरना दिया। यह धरना प्रदर्शन मांगे पूरी होने तक जारी रहेगा।

01:07 PM, 15-Dec-2022

राज्यपाल की सुरक्षा को पहुंचे सैकड़ों पुलिसकर्मी

हस्तिनापुरक्षेत्र के गांव सैफपुर कर्मचंदपुर और प्राचीन पांडेश्वर महादेव मंदिर पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के कार्यक्रम को लेकर शासन-प्रशासन के सैंकड़ों अधिकारी कल शाम से ही कार्यक्रम स्थल पर डेरा डाले हुए हैं। सभी तैयारियों को पूरा किया जा रहा है। वहीं राज्यपाल की सुरक्षा को लेकर अभी तक कार्यक्रम स्थलों पर बाहर से सैकड़ों पुलिसकर्मी और अन्य सुरक्षा दस्ते पहुंच चुके हैं।

01:04 PM, 15-Dec-2022
पुलिस गिरफ्त में आरोपी - फोटो : अमर उजाला

मेरठ: लिसाड़ीगेट पुलिस ने ई-रिक्शा गिरोह पकड़ा, तीन अरोपी दबोचे

मेरठ के लिसाड़ीगेट पुलिस ने गुरुवार को ई-रिक्शा चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने तीन शातिर चोर समर गार्डन निवासी सुहैल वसीम अजीम को पकड़ा है। पुलिस टीम ने आरोपियों के पास से दो चोरी के ई-रिक्शा बरामद किया है। लिसाड़ी गेट थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि तीनों आरोपी पेशेवर अपराधी हैं। चोरी के रिक्शा कर दूसरे जिलों में ले जाकर बेच देते थे।

12:57 PM, 15-Dec-2022
मृतक किसान, ग्रामीणों ने बांधा सांड - फोटो : अमर उजाला

मुजफ्फरनगर में आवारा सांड ने ली किसान की जान

चरथावल के बिरालसी गांव निवासी किसान को आवारा गोवंश ने टक्कर मारकर उतारा मौत के घाट उतार दिया। किसान भोपाल (58) पुत्र शिवचरण गुरुवार सुबह घेर में आवारा सांड घुस गया। किसान ने उसे खदेड़ने का प्रयास किया लेकिन उसने अकारामक रुख अपनाते हुए हमला कर दिया। सांड ने किसान की छाती में कई बार सींग मारे। किसान के बेहोश हो जाने के बाद सांड वापस हुआ। गंभीर रूप से घायल किसान को परिजन मुजफ्फरनगर अस्पताल के लिए लेकर गए लेकिन उसने रास्ते में दम तोड दिया। भतीजे अरविंद की सूचना पर पुलिस द्वारा पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।

11:39 AM, 15-Dec-2022

बागपत में उपकेंद्र की मशीन फुंकी, 10 हजार घरों की बत्ती गुल

बागपत जनपद के अमीनगर सराय कस्बे के 132 केवीए के विद्युत केंद्र पर 33/11 के उपकेंद्र की बुधवार की रात फाल्ट से इनकमिंग मशीन में आग लग गई। जिससे  कस्बे और चार गांवों के दस हजार घरों की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। जिससे घरेलू उपभोक्ताओं सहित सिचाईं के लिए किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ा।  

यहां पढ़ें पूरी खबर: BAGHPAT: उपकेंद्र की मशीन फुंकी, एक कस्बे और चार गांवों के 10 हजार घरों की बत्ती गुल

11:25 AM, 15-Dec-2022

डकैती डालने वाले दो बदमाशों को पैर में गोली मारकर किया गिरफ्तार

मेरठ के गंगानगर में सपा नेता श्रवण चौधरी के घर डकैती डालने के मामले में पुलिस ने मुठभेड़ में दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के पैरों में गोली लगी है। पुलिस ने दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनसे पूछताछ जारी है। 

16 नवंबर को गंगा नगर स्थित अमन विहार में सपा नेता श्रवण चौधरी के मकान में बदमाशों ने डकैती की वारदात को अंजाम दिया था। इस वारदात को अंजाम देने वाला मुख्य आरोपी सुशील गुर्जर देहरादून पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उससे पूछताछ करने के बाद मेरठ पुलिस ने सुशील गुर्जर के अन्य दो साथियों को घेर लिया है। दोनों बदमाशों के पैर में मुठभेड़ के दौरान गोली लगी है। बताया गया है कि एक बदमाश विशाल निवासी रोहटा और दूसरा अमित निवासी खरखोदा है। पुलिस अभी दोनों बदमाशों से पूछताछ कर रही है कि कैसे-कैसे वारदात करने की प्लानिंग बनी थी। हालांकि देहरादून में पकड़े गए सुशील गुर्जर ने बताया था कि श्रवण के पुराने नौकर सुनील बंगाली से जेल में मुलाकात हुई थी। जिसके बाद में डकैती की योजना बनाते वारदात अंजाम दिया गया।

11:20 AM, 15-Dec-2022

अवैध निर्माण को रुकवाने और निर्माण सामग्री को जप्त करने की मांग

बिजनौर के धामपुर में एक व्यक्ति द्वारा रोडवेज बस डिपो के बाहर मोड़ पर सरकारी जमीन पर निर्माण को लेकर रोडवेज बस डिपो के अधिकारियों को कर्मचारियों में असंतोष है। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक पीएल पथरिया ने कर्मचारियों के साथ संबंधित जमीन पर पहुंचकर निरिक्षण किया। अधिकारियों ने निर्माण अविलंब रुकवाने और वहां पर रखी निर्माण सामग्री को हटाने की मांग की है। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक का कहना है कि धामपुर का रोडवेज बस डिपो आधुनिकीकरण कराने की प्रक्रिया प्रस्तावित है। निगम के अधिकारियों को प्रस्ताव भेजकर मंजूरी मांगी जा रही है। जैसे ही मंजूरी मिलती है। काम शुरू हो जाएगा।

आरोप है कि रोडवेज डिपो के बाहर सरकारी जमीन पर एक व्यक्ति अवैध रूप से निर्माण कर मार्ग को संकरा करने का प्रयास कर रहा है। जिससे बसों के आवागमन में न केवल भारी दिक्कत होगी बल्कि सड़क हादसों में भी वृद्धि होगी। बताया कि उनके द्वारा नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी सुभाष कुमार को अवगत करा दिया गया था। लेकिन उनके स्तर से कोई प्रभावी कार्यवाही अभी तक नहीं हो सकी है। जिसके कारण ऐसा लग रहा है कि जैसे आरोपी के साथ नगर पालिका के अधिकारियों की मिलीभगत है। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक अन्य कर्मचारियों ने उप जिलाधिकारी से मिलकर अवैध निर्माण को तत्काल प्रभाव से रुकवाने और वहां रखी निर्माण सामग्री को हटवाने की मांग की है। इस मौके पर परविंदर कुमार सिंह दीपू इंचार्ज लोकेंद्र सिंह चेतन सिंह राजकुमार सिंह करणवीर सिंह आदि शामिल रहे।

11:07 AM, 15-Dec-2022

बड़ी खबरें: प्राचीन मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगी राज्यपाल, Congress ने पश्चिमी यूपी प्रभारियों में किया फेरबदल

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल आज चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (CCSU) के 34वें दीक्षांत समारोह में छात्र-छात्राओं को मेडल देने पहुंचीं। यहां उन्होंने अपने हाथ से छात्र-छात्राओं को मेडल पहनाए। दीक्षांत समारोह में टॉपर्स स्वर्ण पदक पाने के लिए उत्साहित दिखे और मेडल पाकर सभी के चेहरे खिल गए। नेताजी सुभाष चंद्र बोस प्रेक्षागृह में आयोजित भव्य समारोह में कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल छात्र-छात्राओं को स्वर्ण पदक दिए।

समारोह में मुख्य अतिथि आईसीएसएसआर नई दिल्ली के अध्यक्ष पदमश्री डॉ. जेके बजाज ने छात्र छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा किभारतीय परंपरा में और भारतीय सभ्यता के मूलभूत साहित्य में दीक्षांत को बहुत महत्त्व दिया गया है। यह वह संधिवेला है। जब आप जीवन की एक अवस्था को पूर्ण कर दूसरी में प्रवेश करते हैं। ब्रह्मचर्याश्रम से गृहस्थाश्रम की ओर बढ़ते हैं। अब तक आप विद्यार्थी थे। अपने भरण एवं संरक्षण के लिये परिवार-समाज एवं राष्ट्र पर निर्भर थे। दीक्षांत के पश्चात् आप स्वयं जीविकोपार्जन करेंगे, अर्थोपार्जन करेंगे न केवल अपने अपितु परिवार समाज एवं राष्ट्र के भरण-पोषण में भी समर्थ बनेगे। अब तक आप अन्यों पर निर्भर थे। अब अन्य आप पर निर्भर होंगे। 

यहां पढ़ें पूरी खबर: MEERUT:  CCSU में बोले डॉ. जेके बजाज- दीक्षार्थियों पर परिवार-समाज-देश के भरण-संरक्षण का दायित्व

30 फीसदी मेडल पाने वाले बेटों को विशेष बधाई: राज्यपाल
दीक्षांत समारोह में लड़कियों को 70 फीसदी से ज्यादा मेडल मिलने पर कुलाधिपति आनंदी बेन पटेल ने कहा कि ये बहुत खुशी की बात है लेकिन जिन 30 फीसदी छात्रों ने पदक पाए हैं, उन्हें विशेष बधाई। उन्होंने कहा कि ये अवाॅर्ड इन्होंने नहीं लिए होते तो सारे मेडल ही बेटियां ले जातीं। उन्होनें कहा कि मैं अपेक्षा करती हूं कि अगली साल ये संख्या 50-50 रहे। उन्होंने कहा कि लेकिन कहीं ऐसा न हो जाए कि अगले साल लड़की 90 फीसदी और 10 फीसदी लड़के रह जाएं। 

यहां पढ़ें पूरी खबर: CCSU: पदक पाकर खिले टॉपर्स के चेहरे, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल बोलीं- आवाज नहीं उठाई तो बेटियां मरती रहेंगी

राज्यपाल को काले झंडे दिखाने पहुंचे अजय बैंसला, हंगामा
सीसीएसयू के दीक्षांत समारोह में राज्यपाल के पहुंचने से पहले छात्र नेता अक्षय बैंसला सहित कई छात्रों ने यूनिवर्सिटी के मुख्य द्वार पर काला झंडा दिखाकर हंगामा किया। इस दौरान हंगामा कर रहे छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की। सिक्योरिटी में खड़े सिपाहियों ने छात्रों को किसी तरह से रोका। बाद में मौके पर मौजूद पुलिस हंगामा कर रहे छात्रों को जीप में भरकर थाने ले गई।

131193 छात्र-छात्राओं को मिलीं डिग्री
दीक्षांत समारोह में 195 छात्र-छात्राओं को 228 स्वर्ण पदक-विशिष्ट योग्यता प्रमाण पत्र मिले। यूजी-पीजी के 131193 छात्र-छात्राओं को उपाधियां प्रदान की गईं। इनमें लड़कों की संख्या 43534 (33 फीसदी) और लड़कियों की संख्या 87659 (68.82 फीसदी) है। 234 छात्र-छात्राओं को पीएचडी की उपाधि मिलेंगी। एक कुलाधिपति स्वर्ण पदक, एक राष्ट्रपति शंकर दयाल शर्मा स्वर्ण पदक, दो चौधरी चरण सिंह स्मृति प्रतिभा पुरस्कार, 59 प्रायोजित स्वर्ण पदक, 165 कुलपति स्वर्ण पदक दिए जाएंगे। इनके अलावा वर्ष 2021 के प्रायोजित मेडल भी दिए गए। 44 छात्र-छात्राओं की पीएचडी उपाधि पर भी मुहर लगी।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें