इंस्पेक्टर पति के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर उसकी पत्नी कमिश्नरी स्थित चौधरी चरण सिंह पार्क में आजाद अधिकार सेना के बैनर तले धरने पर बैठ गई। महिला ने मेरठ पुलिस पर आरोपी पति को बचाने का आरोप लगाया है।
महिला ने आरोप है कि उसके पति के कई महिला पुलिसकर्मियों से अवैध संबंध हो गए थे। एक महिला हेड कांस्टेबल को अपने पुलिस लाइन स्थित सरकारी आवास पर लेकर आने लगा। विरोध करने पर करीब 6-7 माह पूर्व उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया। उसकी शिकायत पर एडीजी ने इंस्पेक्टर और महिला हैड कांस्टेबल का तबादला अलग-अलग जनपदों में कर दिया। इसके अलावा कोई कार्रवाई नहीं की गई।
पीड़िता ने सिविल लाइन थाने में इसकी शिकायत की। लेकिन पुलिस ने कार्रवाई करने की बजाय उसे टरका दिया। अब उसके पति ने तलाक के लिए कोर्ट में अर्जी डाल दी। पीड़िता का कहना है कि पति के खिलाफ यदि 10 दिन में कार्रवाई नहीं हुई ताे वह लखनऊ स्थित अभिसूचना मुख्यालय कार्यालय पर अनिश्चितकाली धरना-प्रदर्शन करेगी। संवाद
झांसी रेल मंडल में हेमतपुर-धौलपुर स्टेशन के बीच रेल ट्रैक धंसने की वजह से ट्रेनों का आवागमन प्रभावित है। इसके चलते मेरठ सिटी स्टेशन से गुजरने वाली ट्रेन संख्या 12172/71 लोकमान टर्मिनल सुपरफास्ट और ट्रेन संख्या 18238/37 अमृतसर-बिलासपुर-अमृतसर छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस मंगलवार से 30 सितंबर तक रद्द रहेंगी।
स्टेशन अधीक्षक आरपी सिंह ने बताया कि भारी बारिश की वजह से रेल ट्रैक धंस गया है, जिसके सुधारने का काम मंगलवार से शुरू होगा। इसके चलते दोनों ट्रेनों का संचालन 30 सितंबर तक रद्द रहेगा।