फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

West UP News Live: व्यापारी से मांगी 20 लाख की रंगदारी, दुष्कर्म के दोषी को 10 साल का कारावास

Thu, 21 Mar 2024 09:18 PM IST
Dimple Sirohi राजकुमार सैनी, अमर उजाला, मेरठ

खास बातें

मेरठ और आसपास की ताजा खबरें जानने के लिए बने रहें अमर उजाला के साथ। एक क्लिक में पढ़े छह जिलों से दिन भर का ताजा अपडेट।
विज्ञापन
पीड़ित व्यापारी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

09:10 PM, 21-Mar-2024

दुष्कर्म के दोषी को 10 साल का कारावास

मुजफ्फरनगर में नई मंडी क्षेत्र में किशोरी से दुष्कर्म के मामले में दोषी को 10 साल कारावास की सजा सुनाई गई। अपर जिला एवं सत्र न्यायालय/विशेष न्यायालय पॉक्सो कोर्ट संख्या-2 के पीठासीन अधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने फैसला सुनाया।

सहायक शासकीय अधिवक्ता दीपक गौतम और विनय अरोरा ने बताया कि 20 जुलाई 2016 को नई मंडी क्षेत्र से किशोरी संदिग्ध हालात में लापता हो गई थी। परिजनों ने सिखेड़ा क्षेत्र के इसरार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने पीड़िता को बरामद किया। अपर जिला एवं सत्र न्यायालय/विशेष न्यायालय पॉक्सो कोर्ट संख्या-2 ने प्रकरण की सुनवाई की। दुष्कर्म के दोषी इसरार को दस साल कारावास और 10 हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई गई।

04:44 PM, 21-Mar-2024

प्रेमिका के पति की गोली मारकर हत्या करने वाले मुजरिम को आजीवन कारावास

शामली के कैराना में प्रेमिका से शादी करने पर प्रेमी द्वारा भरे बाजार उसके पति की गोली मारकर हत्या करने के मामले में दोष सिद्ध पाए जाने पर अपर जिला सत्र न्यायाधीश (एससी एसटी) रेशमा चौधरी ने मुजरिम चांदमिया निवासी जलालाबाद को आजीवन कठोर कारावास और 12 हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई। अर्थदंड अदा नहीं करने पर चाह माह का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा।

04:41 PM, 21-Mar-2024

पानीपत-खटीमा हाईवे पर हादसे में दुकानदार की मौत

बिजनौर जनपद के तितावी में पानीपत-खटीमा हाईवे पर तितावी अंडरपास के निकट हादसे में बाइक सवार दुकानदार की मौत हो गई। हादसे से अमीरनगर गांव में गम का माहौल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।

अमीरनगर गांव निवासी संजय कुमार (28) जूते-चप्पलों की दुकान चलाता था। बुधवार रात दुकान बंद कर वह तितावी स्थित पेट्रोल पंप पहुंचा। यहां से देर रात पानीपत-खटीमा हाईवे होते हुए अपने गांव लौट रहा था। तितावी अंडरपास के निकट अज्ञात वाहन की टक्कर से वह गंभीर घायल हो गया। राहगीरों की सूचना पर पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया। मेरठ में उपचार के दौरान बृहस्पतिवार को दुकानदार की मौत हो गई। गांव में गम का माहौल है। तीन महीने पहले दुकानदार की पत्नी की मौत हो गई थी।

विज्ञापन
03:19 PM, 21-Mar-2024

मेरठ में एसएसपी आवास के पास गुरुवार दोपहर कार सवार बदमाशों ने एमआर पर हमला कर गंभीर घायल कर दिया। इस दौरान कई राउंड फायरिंग भी की। जिससे मौके पर भगदड़ मच गई। हमलावर मौके से फरार हो गए। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल का दूसरी कंपनी के एमआर से विवाद बताया जा रहा है। 
 
भावनपुर क्षेत्र के पचगांव पट्टी निवासी शलभ ठाकुर दवा कंपनी में एमआर है। गुरुवार दोपहर वह एसएसपी आवास के पास कुटिया पर कुछ साथियों के साथ मौजूद था। तभी कार में आए लोगों ने उस पर हमला कर दिया। लाठी-डंडे और बेसबॉल के बैट से उसे बुरी तरह पीटा।
 
घटना से मौके पर अफरातफरी मच गई। किसी ने घटना की वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल भी कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर हथियार लहराते हुए फरार हो गए। एमआर के सिर में गंभीर चोट आई है। पुलिस हमलावरों की तलाश में दबिश दे रही है।

12:55 PM, 21-Mar-2024

कंकरखेड़ा में कपड़ा व्यापारी से मांगी 20 लाख की रंगदारी

कंकरखेड़ा में गुरुवार सुबह कपड़ा व्यापारी से दो युवकों ने 20 लाख की रंगदारी मांग ली। मामले की जानकारी होने के बाद कपड़ा व्यापारी के होश उड़ गए। पीड़ित का कपड़ा व्यापारी ने थाने पर तहरीर देते हुए कार्रवाई की मांग की। तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

सरधना रोड स्थित नगलाताशी गांव निवासी साहिल पुत्र जागीर सैफी ने थाने पर तहरीर देते हुए की उसकी सरधना रोड पर फैशन विला के नाम से कपड़े की दुकान है। बृहस्पतिवार सुबह वह दुकान खोलने के लिए पहुंचा। दुकान का शटर उठाते ही एक लेटर उसे फर्श पर पड़ा मिला। जिस पर कपड़ा व्यापारी से 20 लाख की रंगदारी मांगी गई।
 
वहीं रंगदारी नहीं देने पर पीड़ित व्यापारी और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी। लेटर को पढ़ने के बाद व्यापारी के होश उड़ गए। पीड़ित व्यापारी ने परिजनों को मामले से अवगत कराया। जिसके बाद पीड़ित व्यापारी थाने पहुंचा और आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस तहरीर के आधार पर मामले की जांच में जुट गई है।
 
थाना प्रभारी विष्णु कौशिक का कहना है की तहरीर मिल गई है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

विज्ञापन
10:56 AM, 21-Mar-2024

पुलिसकर्मी बनकर चालक को सामान लेने भेजा, फिर ई रिक्शा लेकर भागा बदमाश

बागपत शहर में खुद को पुलिस वाला बताकर एक नकाबपोश बदमाश ने चालक को दुकान पर सामान लेने भेज दिया। जिसके बाद बदमाश ई रिक्शा लेकर भाग गया। बुजुर्ग ई रिक्शा चालक ने इधर उधर तलाश भी किया लेकिन कुछ पता नहीं चल सका।

सिसाना गांव के रहने वाले मदन ने बताया कि वह ई रिक्शा चलाकर अपने परिवार का गुजर बशर करता है। बताया कि बुधवार शाम करीब सात बजे बाजार में एक नकाबपोश युवक उसकी ई रिक्शा में बैठ गया। जिसने खुद को पुलिस वाला होना बताया और कोतवाली जाने की बात कहने लगा।

आरोप लगाया कि रास्ते से ही उसे शराब के ठेके पर लेकर चला गया और फिर मेरठ रोड पर ले जाकर दुकान से पनीर मंगवाने के लिए भेज दिया। वापस आया तो उसकी ई रिक्शा नहीं मिली। मदन ने बताया कि एक दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में पूरी घटना कैद हो गई। इस मामले में कोतवाली पुलिस मामले की जांच में जुट गई।

09:29 AM, 21-Mar-2024

बिजनौर में गुलदार व बारहसिंघा का शव मिला

बिजनौर जनपद के पैजनिया क्षेत्र के ग्राम सेलपुरा बमनौला में तालाब के किनारे गुलदार का शव मिला। पास में आधा खाया बारहसिंघा का शव भी मिला। संघर्ष में मौत की संभावना जताई जा रही है।

08:40 AM, 21-Mar-2024
अस्पताल में भर्ती युवक - फोटो : अमर उजाला

बागपत में युवक ने थाने में निगला जहरीला पदार्थ, हालत गंभीर

उत्तर प्रदेश के बागपत जनपद में पुलिस थाने में उस वक्त हड़कंप मच गया जब यहां एक युवक ने कस्टडी में जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। युवक की हालत बिगड़ता देख उसे तरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसकी गंभीर हालत देखते हुए मेरठ रेफर कर दिया गया। बताया गया कि युवक को लूट के मामले में पुलिस पूछताछ के लिए पकड़कर लाई थी। 

08:33 AM, 21-Mar-2024

कर्ज में डूबे किसान ने फंदा लगाकर की आत्महत्या

सहारनपुर के गांव रसूलपुर पापड़ेकी में कर्ज में डूबे किसान ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। किसान ने एक बैंक से लोन लिया था, जिसे वह चुका नहीं पा रहा था। बैंक कर्मचारियों ने उसके साथ अभद्रता की और घसीटते हुए कार तक ले गए। इससे आहत होकर किसान ने घातक कदम उठाया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। मृतक के बेटे ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।

थाना गागलहेड़ी क्षेत्र के गांव रसूलपुर पापड़ेकी निवासी विनोद कुमार (50) ने 2016 में किसान क्रेडिट कार्ड पर 2.80 लाख रुपये का लोन लिया था। किसान की आर्थिक स्थिति ठीक न होने की वजह से वह किश्त नहीं दे पा रहा था। विनोद के बेटे राजेश कुमार ने बताया कि मंगलवार को बैंक के चार कर्मचारी उनके गांव पहुंचे। आरोप है कि पिता को घर से जबरदस्ती घसीटते हुए लाए गाड़ी में बैठाकर ले जाने लगे। ग्रामीणों ने किसी तरह मामला शांत कराया।

परिजनों के मुताबिक इसके बाद से विनोद मानसिक तनाव में आ गए। रात में खाना भी नहीं खाया। बुधवार सुबह साढ़े पांच बजे विनोद कुमार अपने घर से निकल गया। गांव में ही रामपाल के खेत में जाकर मफलर से पेड़ पर फंदा लगाया और उसपर लटककर आत्महत्या कर ली। मृतक के बेटे ने थाना गागलहेड़ी में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक का कहना है कि जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।

08:29 AM, 21-Mar-2024

भूल से खाने-पीने पर नहीं टूटेगा रोजा: उलमा कर रहे रोजेदारों के सवालों का समाधान

देवबंद में जमीयत दावतुल मुसलीमीन के संरक्षक व प्रसिद्ध आलिम-ए-दीन मौलना कारी इस्हाक गोरा ने बुधवार को हेल्पलाइन पर रोजेदारों के सवालों के जवाब देकर उनकी शंकाओं को दूर किया।

कारी इस्हाक गोरा ने कहा कि भूखा-प्यासा रहने के साथ जिस्म के हर हिस्से का रोजा होता है। आंख, ज़ुबान और कानों का भी रोजा होता है। आंखों का रोजा है कि बुरी चीजों को न देखें। कान का रोजा है बुरी बात न सुने। ज़ुबान का रोजा यह है कि गलत बात न बोले। रोजेदारों को चाहिए वह शरीयत के उसूलों के साथ रोजा रखे।

सवाल: मुजफ्फरनगर के कस्बा पुरकाजी निवासी मोहम्मद ईसा ने पूछा कि कमजोरी के कारण उन्हें भूलने की आदत है। उन्होंने रोजे की हालत में भूल से दो बार पानी पी लिया, उसके बाद एक बिस्कुट भी खा लिया। अब ऐसी सूरत में रोजा रहेगा या नहीं?

जवाब: शरीयत के अनुसार रोजे की हालत में किसी व्यक्ति ने भूल से पानी पी लिया या कुछ खा लिया तो रोजा ख़त्म नहीं होगा। शरीयत में यह भी आया है कि अगर रोजेदार ने भूल से कई बार खाया पिया है तो भी उसका रोजा सलामत रहेगा। 

08:27 AM, 21-Mar-2024

सबसे गर्म रहा बुधवार, मार्च में पारा 32 के पार

बुधवार को मार्च में पारा पहली बार 32 के पार पहुंच गया। दिन और रात गर्म रहे हैं, दिन में मौसम के तेवर तल्ख होते जा रहे हैं। मौसम वैज्ञानिकों की माने तो अभी होली से पहले तापमान में बढ़ोतरी के आसार बने हुए हैं।

इस बार होली पर भी तापमान सामान्य से ऊपर रहने के आसार हैं और मौसम गर्म बना रहेगा। बुधवार का दिन भी मार्च माह में सबसे गर्म रहा। यहां तापमान तेजी से बढ़ते हुए 32 डिग्री के ऊपर दर्ज किया गया, जो इस सीजन मेें सबसे ज्यादा रहा है। मौसम कार्यालय पर दिन का अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री व रात का न्यूनतम तापमान 13.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

बुधवार को मेरठ का एयर क्वालिटी इंडेक्स 119 दर्ज किया गया। शहर में जयभीमनगर 90, गंगानगर 137, पल्लवपुरम 131, दिल्ली रोड 145, बेगमुपल 155 दर्ज किया गया। बुधवार को सबसे ज्यादा बेगमपुल क्षेत्र प्रदूषित रहा है।

सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विवि के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही का कहना है कि पिछले पांच दिन में दिन का तापमान 4.3 डिग्री बढ़ा है। दिन और रात के तापमान सामान्य से ऊपर चल रहे हैं और मौसम का मिजाज गर्म बना हुआ है। अभी आगामी दिनों में भी मौसम ऐसे ही बना रहेगा।

08:26 AM, 21-Mar-2024

सपा के दावेदार लखनऊ में, प्रत्याशी आज मेरठ में करेंगे बैठक

मेरठ-हापुड़ लोकसभा से सपा-कांग्रेस गठबंधन के प्रत्याशी सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता भानु प्रताप सिंह आज मेरठ आएंगे। वह पहले कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे और इसके बाद मीडिया से भी मुखातिब होंगे। वहीं, दूसरी तरफ सपा के दावेदार टिकट के लिए जोर आजमाइश कर रहे हैं और लखनऊ में ही डटे हैं।

यहां से सरधना विधायक अतुल प्रधान और हस्तिनापुर के पूर्व विधायक योगेश वर्मा प्रमुख दावेदारों में हैं। अब दावा किया जा रहा सपा हाईकमान की नजर भाजपा के टिकट पर है। भाजपा ने अभी तक टिकट घोषित नहीं किया है। इसके अलावा सपा प्रत्याशी भानु प्रताप सिंह का एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह धार्मिक स्थलों की जगह स्कूल-कॉलेज और लाइब्रेरी बनाने की बातें कह रहे हैं।

08:03 AM, 21-Mar-2024

West UP News Live: व्यापारी से मांगी 20 लाख की रंगदारी, दुष्कर्म के दोषी को 10 साल का कारावास

मेरठ के रक्षापुरम में बुधवार को पिटबुल नस्ल के कुत्ते ने पड़ोसी के घर में घुसकर युवक पर हमला कर दिया। इसकी जानकारी लगते ही नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने कुत्ते को पकड़ लिया।

प्रभारी नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर हरपाल सिंह ने बताया कि अनिल नाम का युवक अपने मकान पर अकेले थे। इसी दौरान पड़ोसी का पिटबुल नस्ल का कुत्ता उनके घर में घुस गया और अनिल के पैर में काट लिया। चीख पुकार सुनकर आसपास के लोगों की भीड़ लग गई।

पिटबुल को देखकर उसके पास जाने की हिम्मत कोई नहीं जुटा पा रहा था। इसकी जानकारी लगते ही नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और पिटबुल को पकड़ लिया। पिटबुल को एनिमल बर्थ सेंटर पर भेजा गया है। जहां पर उसको एंटी रेबीज का इंजेक्शन और उसकी नसबंदी कराई जाएगी।
 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें