12:37 PM, 01-Oct-2023
अब नौचंदी के साधारण कोच में सीट मिलना होगा मुश्किल
मेरठ से नौचंदी एक्सप्रेस के साधारण कोच में सफर करने वालों को रविवार से दिक्कत होगी। इसके पांचों साधारण कोच में सहारनपुर से यात्री सवार होकर आएंगे यानी अब पांच मिनट के अंदर साधारण कोच में सवार होना चुनौतीपूर्ण होगा।
नौचंदी एक्सप्रेस में शनिवार तक मेरठ सिटी स्टेशन से 17 कोच और सहारनपुर से छह कोच आते थे। जिसमें सहारनपुर से दो और मेरठ सिटी से तीन साधारण कोच होते थे। चूंकि मेरठ सिटी स्टेशन पर शाम सात बजे 17 खाली कोच खड़े हो जाते थे, इसलिए साधारण कोच में सवार होने में दिक्कत नहीं होती थी और आसानी से सीट मिल जाती थी, मगर रविवार से ऐसा नहीं होगा। सभी 23 कोच सहारनपुर से आएंगे और साधारण कोच में यात्री सवार होंगे।
रविवार को नौचंदी एक्सप्रेस नई समय सारिणी के तहत सहारनपुर स्टेशन से शाम 5:45 बजे रवाना होगी, जिसमें 23 कोच होंगे। यह ट्रेन से सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, मेरठ, शामली होते हुए प्रयागराज तक जाएगी। नई समय सारिणी के अनुसार मेरठ सिटी स्टेशन से सवार होने के लिए यात्रियों को सिर्फ पांच मिनट का समय मिलेगा, जो अभी तक करीब 30 मिनट था।
रद्द रही जालंधर-दिल्ली व इंदौर-अमृतसर एक्सप्रेस
पंजाब में किसानों के रेलवे ट्रैक पर धरना देने की वजह से शनिवार को जालंधर-दिल्ली और इंदौर-अमृतसर एक्सप्रेस रद्द रही। इन ट्रेनों का संचालन नहीं होने की वजह से यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
मेरठ सिटी स्टेशन पर नौचंदी के 16 कोच सात बजे प्लेटफार्म पर खड़े हो जाते थे, जिसमें तीन साधारण कोच होते थे। इस वजह से मेरठ सिटी से साधारण कोच में सफर करने वाले यात्रियों को आसानी से सीट मिल जाती थी। रविवार से सहारनपुर से आने वाली पूरी ट्रेन में यात्री सवार होंगे। मेरठ सिटी पर पांच मिनट का समय होगा। ऐसे में साधारण कोच में सफर करने वालों को सीट मिलने में थोड़ी दिक्कत होगी। - आरपी सिंह, स्टेशन अधीक्षक मेरठ सिटी स्टेशन