11:27 AM, 26-Jun-2024
भाजपा सांसद अरुण गोविल ने संस्कृत में ली शपथ, कहा जय श्रीराम तो सपा सांसद बोले जय अवधेश
मेरठ-हापुड़ लोकसभा के नवनिर्वाचित सांसद अरुण गोविल ने मंगलवार को लोकसभा में संस्कृत में शपथ ली। जब उन्होंने संस्कृत में शपथ ली तो लोकसभा में जय श्री राम के जयकारे गूंजने लगे। उन्होंने भी जय श्रीराम और जय भारत का नारा लगाा। अरुण गोविल के जय श्रीराम बोलते ही सदन में मौजूद समाजवादी पार्टी के सांसद जय अवधेश-जय अवधेश का नारा लगाने लगे।
लोकसभा के नवनिर्वाचित सदस्यों के शपथ समारोह में भारत की भाषायी विविधता की झलक देखने को मिली। अधिकतर सदस्यों ने हिंदी में शपथ ली तो कई सदस्यों ने संस्कृत, असमिया, मैथिली, तेलुगू तथा पंजाबी एवं अन्य भारतीय भाषाओं में शपथ ली। मेरठ से पहली बार भाजपा के सांसद निर्वाचित हुए अरुण गोविल ने लोकसभा की सदस्यता की शपथ संस्कृत भाषा में ली।
गोविल टेलीविजन के मशहूर धारावाहिक रामायण में श्रीराम का किरदार निभा चुके हैं। चार जून को मतगणना वाले दिन अरुण गोविल कई बार समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी सुनीता वर्मा से पीछे हो गए थे। दोनों के बीच कांटे की टक्कर रही थी। आखिर में अरुण गोविल 10,585 मतों से चुनाव जीते थे। कई चरणों की मतगणना के बाद अरुण गोविल कई बार पीछे भी रहे थे।