08:57 AM, 01-Jun-2024
बागपत में मंदिर से मूर्तियां हटाईं, फिल्मी गानों पर डांस का आरोप
बागपत के चमरावल रोड पर महिला थाने के पास शिव ज्योति धाम मंदिर में शिव परिवार व हनुमान की मूर्ति हटाकर बाहर लगाने के विरोध में आरएसएस व भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ ही श्रद्धालुओं ने हंगामा किया। मंदिर में जागरण के नाम पर लड़कियों के साथ फिल्मी गानों पर डांस करने का आरोप भी लगाया गया, जिसका वीडियो वायरल हो रहा है।
मंदिर में शुक्रवार सुबह को पहुंचे लखमी चंद, कपिल बंसल, रविन्द्र, राहुल, युग, सागर, मोनू चौहान, कुसुम, सुमन, मुकेश, सरिता, अनीता, मिथलेश, पूजा आदि ने हंगामा कर दिया। उनका आरोप है कि मंदिर की देखरेख करने वाले व्यक्ति ने अंदर से शिव परिवार व हनुमान की मूर्ति को ड्रिल मशीन से हटाकर बाहर लगा दिया और इस तरह मूर्तियों को खंडित कर दिया। शिवलिंग के ऊपर दूसरे धर्म की मूर्ति को लगा दिया गया।
आरोप लगाया कि मंदिर में वर्ग विशेष के युवकों को रखा गया है जो महिलाओं को टीका लगाने के साथ ही प्रसाद देते हैं। श्रद्धालुओं ने हंगामा कर उसे भगा दिया। ऐसा करने वाले के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई। मंदिर की देखरेख करने वाले का कहना है कि सभी देवी देवता एक हैं। मंदिर बड़ा है, इसलिए कुछ देवी देवताओं की मूर्तियों को हटाकर बाहर लगवा दिया था। उसने मारपीट का आरोप भी लगाया।
मंदिर के अंदर रात में फिल्मी गीतों पर डांस का वीडियो वायरल
बागपत के शिव ज्योति धाम मंदिर में रात्रि में फिल्मी गीतों पर लड़कियों के साथ मंदिर की देखरेख करने वाले समेत अन्य कई का डांस करने का वीडियो वायरल हो रहा है। लोगों ने आरोप लगाया कि जागरण के नाम रात में डांस कराया जा रहा है। हालांकि यह वीडियो कुछ दिन पहले का बताया जा रहा है।
इस मामले में किसी तरह की शिकायत नहीं आई। अगर शिकायत आती है तो उसके आधार पर जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी। - हरीश भदौरिया, सीओ बागपत