फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Meerut News Live: मेरठ में तेंदुए से दहशत, मारपीट में घायल CISF के जवान ने तोड़ा दम, परिवार में मचा कोहराम

Wed, 28 Dec 2022 12:10 AM IST
Dimple Sirohi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ

खास बातें

पश्चिमी यूपी में मेरठ समेत सभी जिलों में सर्दी का सितम लगातार बढ़ रहा है। वहीं तापमान 5 डिग्री तक पहुंच गया है। उधर, मेरठ में तेंदुए के होने से लोगों में दहशत है। कैंट क्षेत्र में तेंदुआ सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है।
विज्ञापन
विज्ञापन

लाइव अपडेट

12:08 AM, 28-Dec-2022

मारपीट में घायल CISF के जवान ने तोड़ा दम, परिवार में मचा कोहराम

मेरठ के कंकरखेड़ा में रविवार को क्रिसमस पार्टी के दौरान तीन हमलावरों ने सीआईएसफ के जवान पर जानलेवा हमला कर दिया था। हमले में युवक सिर में चोट लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया था। घायल युवक को परिजनों ने पास के एक अस्पताल में भर्ती कराया था। जिसके बाद चिकित्सकों ने युवक को दूसरे अस्पताल के लिए रेफर कर दिया था। मंगलवार देर शाम युवक ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या में मुकदमा दर्ज कर दिया।

पल्लवपुरम थाना क्षेत्र के सुपरटेक फ्लैट नंबर-10 निवासी टिंकू यादव पुत्र जगबीर सिंह यादव ने सोमवार देर शाम थाने पर तहरीर देते हुए बताया था कि उसका बड़ा भाई 32 वर्षीय विपिन यादव कंकरखेड़ा के कासमपुर निवासी अपने दोस्त आकाश के घर पर क्रिसमस की पार्टी में गया था। विपिन सीआईएसफ में सिपाही के पद पर भर्ती हुआ था। 

बताया गया कि युवक की शादी लगभग चार वर्ष पूर्व सवीता से हुई थी। शादी के बाद दोनों के एक बेटी हुई। परिजनों के अनुसार युवक रविवार को अपने दोस्त आकाश के घर क्रिसमस की पार्टी में शामिल होने के लिए गया था। जहां पर उसका पार्टी में शामिल सोनू तोमर व रोबिन निवासी साधु नगर से किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था। पार्टी में शामिल अन्य लोगों ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत कर दिया था। 

परिजनों का आरोप है कि विपिन पार्टी खत्म कर वापस घर के लिए निकल रहा था। इसी बीच पीछे से आए आकाश, रोबिन व सोनू ने युवक पर धारदार हथियार से हमला कर दिया था। हमले में युवक सिर में चोट लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया था। जिसके बाद तीनों हमलावर युवक को लेकर अस्पताल पहुंचे और युवक का उपचार कराया। आरोपी घायल युवक को लेकर वापस अपने घर ले आए थे।

वहीं सोमवार को युवक घायल अवस्था में अपने घर पहुंचा और परिजनों को मामले की जानकारी दी। परिजनों ने घायल युवक को कैलाशी अस्पताल में भर्ती कराया। परिजन युवक को लेकर सुभारती अस्पताल पहुंचे। जहां मंगलवार शाम युवक ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या में मुकदमा दर्ज कर दिया। 
कंकरखेड़ा थाना प्रभारी उत्तम सिंह राठौर का कहना है कि तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया गया है। मृतक युवक के शव का पंचनामा भर दिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द आरोपी पुलिस हिरासत में होंगे।

10:01 PM, 27-Dec-2022

भाजपा प्रत्याशियों ने एक-दूसरे पर लगाया पोस्टर फाड़ने का आरोप

मेरठ के कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशियों ने आगामी सभासद के चुनाव को लेकर एक-दूसरे के पोस्टर फाड़ दिए हैं। जिसके बाद दोनों पक्षों में जमकर हंगामा हो गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाया और थाने पर पहुंच गए। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ थाने में तहरीर दी है।

कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के एक वार्ड में मंगलवार देर शाम भाजपा प्रत्याशी एक-दूसरे पर आरोप लगाते हुए आमने-सामने आ गए। एक पक्ष का आरोप है कि दूसरे पक्ष ने गांव में लगे उसके पोस्टर को फाड़ दिया और उसके पोस्टर पर कीचड़ लगा दिया। जानकारी होने पर एक पक्ष शिकायत लेकर आरोपी पक्ष के पास पहुंचा। जहां दोनों पक्षों में जमकर कहासुनी हुई। कुछ देर में ही मामला बढ़ता चला गया। 

इसके बाद सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं दोनों पक्ष थाने पहुंचे। दोनों पक्षों ने थाने में एक-दूसरे पर आरोप लगाते हुए हंगामा किया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ थाने पर तहरीर दी। कंकरखेड़ा पुलिस का कहना है कि तहरीर मिल गई है। मामले की जांच पड़ताल के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

08:40 PM, 27-Dec-2022

टीईटी पेपर आउट मामला: पुलिस के हत्थे चढ़ा इनामी आरोपी
बागपत के बड़ौत में टीईटी 2021 में पेपर आउट कराने के मामले में फरार चल रहे दस हजार के इनामी फिरोज को पुलिस ने मंगलवार को बावली से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा। 

सीओ युवराज ने बताया कि गत 28 नवंबर 2021 को प्रदेश में टीईटी (शिक्षक पात्रता परीक्षा) का पेपर था। शामली में एसटीएफ ने तीन युवकों को गिरफ्तार कर उनके पास से एक ओरिजनल, नौ फोटो स्टेट कॉपी और चार प्रवेश पत्र बरामद किए थे। एक आरोपी फरार हो गया था। इस मामले में एसटीएफ मेरठ ने बागपत के बड़ौत के गांव छछरपुर निवासी दुकानदार राहुल चौधरी को गिरफ्तार किया था। उसके दो साथी किरठल निवासी फिरोज पुत्र सुलेमान और मुजफ्फरनगर के गांव शाह डब्बर निवासी बबलू उर्फ बलराम पुत्र किरणपाल फरार हो गए थे। तभी पुलिस ने फिरोज पर दस हजार का इनाम घोषित कर दिया था। 

मंगलवार को कोतवाली पुलिस को सूचना मिली की वह बावली गांव में है और कहीं भागने की फिराक में है। पुलिस ने फिरोज को बावली के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा।

विज्ञापन
08:03 PM, 27-Dec-2022

मेरठ में अब टू एचक्यू सिग्नल रेजिमेंट में तेंदुआ देखा गया है। तेंदुए के देखे जाने से शहर के लोगों में दहशत फैली हुई है। 

06:35 PM, 27-Dec-2022

मेरठ के बाद सहारनपुर में भी ठंड के चलते स्कूलों की छुट्टी कर दी गई है। सहारनपुर में शीतलहर व बढ़ती ठंड को देखते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा कक्षा एक से कक्षा आठ तक के स्कूलों में 31 दिसंबर तक अवकाश घोषित किया गया है।

विज्ञापन
05:52 PM, 27-Dec-2022

डंपर से कुचल कर व्यक्ति की मौत

साढौली कदीम में खनन से भरे डंपर की चपेट में आने से स्कूटी सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टर्माटम के लिए भिजवा दिया।

मंगलवार को थाना चिलकाना के गांव दौलतपुर निवासी रमजान उर्फ नानू ( 45) अपने पुत्र जुनैद के साथ स्कूटी से किसी काम से फतेहपुर टांडा गए थे। वहीं वापस लौटते समय जैसे ही वह कोतवाली बेहट के गांव घघरौली के निकट पहुंचे तो पीछे से आ रहे खनिज से भरे डंपर की चपेट में आ गए। इस दौरान डंपर से कुचले जाने से रमजान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि जुनैद गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को ग्रामीणों ने सीएससी साढौली कदीम भिजवाया।

सूचना मिलने पर पहुंची कोतवाली बेहट पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। एसडीएम बेहट दीपक कुमार व नायब तहसीलदार संजय कुमार ने घटनास्थल पर पहुंच पुलिस की मदद से मार्ग पर आवागमन चालू कराया। उधर, क्षेत्रीय ग्रामीणों ने खनन से भरे वाहनों को दिन के समय में न चलाए जाने की मांग की है।

04:59 PM, 27-Dec-2022

मुजफ्फरनगर में आठ साल से हत्या में फरार 25 हजार का इनामी गिरफ्तार

मुजफ्फरनगर के नई मंडी कोतवाली पुलिस ने आठ साल पहले बिजनौर के डिप्टी सीएमओ डाक्टर सुरेश जौहरी की हत्या में फरार 25 हजार के इनामी आरोपी को एक तमंचे के साथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने डाक्टर पर गोली चलाई थी। उसके तीन साथियों को पुलिस पहले गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।

03:46 PM, 27-Dec-2022
मृतक का फाइल फोटो - फोटो : अमर उजाला

पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर पति को दी खौफनाक मौत

मेरठ के भावनपुर थाना क्षेत्र के गांव किनानगर निवासी अनिल पुत्र करण सिंह कि उसी की पत्नी पूनम व प्रेमी भांजे राहुल पुत्र मनोज गांव अमहेडा निवासी ने सोमवार की रात गला घोट कर हत्या कर दी जिसके बाद अगले रोज शव का अंतिम संस्कार कर दिया था। वहीं अंतिम संस्कार के बाद जब परिजनों ने राहुल से मृतक अनिल की मौत के कारण के बारे में सख्ती से पूछताछ की तो वह टूट गया और उसने मृतक की पत्नी के साथ अवैध संबंध के चलते अनिल की हत्या करना कबूल किया। सूचना पर भावनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी राहुल व मृतक की पत्नी पूनम को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। हालांकि अभी तक परिजनों की तरफ से कोई तहरीर नहीं दी गई है। वहीं इस संबंध में सीओ सदर देहात ने बताया तहरीर आने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

03:21 PM, 27-Dec-2022

अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत

मुजफ्फरनगर के छपार क्षेत्र में अज्ञात वाहन की टक्कर से सोमवार रात दिल्ली-देहरादून हाईवे पर बाइक सवार युवक की मौत हो गई । मृतक की शिनाख्त अब्दुलपुर गाव निवासी होशी (40) के रूप में हुई है। मृतक राना चौक स्थित फैक्टरी में नौकरी करता था।

सोमवार देर रात रामपुर तिराहा चौकी प्रभारी विनीत मलिक पुलिसकर्मियों के साथ हाईवे पर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान गांव सिसौना के पास सड़क पर एक व्यक्ति लहुलूहान हालत में पड़ा मिला। पुलिस ने उसे उठाकर उपचार के लिए मुजफ्फरनगर चिकित्सालय में भर्ती कराया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मंगलवार को पुरकाजी क्षेत्र के गांव अब्दुलपुर के ग्रामीण पुलिस चौकी पहुंचे ओर जानकारी की। ग्रामीणों ने मृतक की शिनाख्त होशी पुत्र चरण सिंह के रुप में की है। उसके परिजनों ने बताया कि वह राना चौक स्थित एक फैक्टरी में नौकरी करता था। बाइक पर सवार होकर घर लौट रहा था, इस दौरान किसी वाहन ने टक्कर मार दी थी।

02:02 PM, 27-Dec-2022

मॉक ड्रिल कर कोरोना से निपटने की तैयारियों को परखा

सहारनपुर में कोरोना से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए महिला अस्पताल में मॉक ड्रिल की गई। कोरोना के मरीज को भर्ती कर इंतजामों को परखा गया। जिला महिला अस्पताल में सुबह करीब साढ़े दस बजे एंबुलेंस डमी के रूप में कोरोना मरीज को लेकर पहुंची। मरीज को स्ट्रेचर पर लेटाकर तुरंत ऑक्सीजन दी गई।

मरीज को पांच मिनट के भीतर कोरोना के लिए बनाए गए पीकू वार्ड में भर्ती कराया गया। सीएमएस डॉक्टर रतनपाल सिंह सुमन ने बताया कि मरीज के रूप में रविकांत को कोरोना संक्रमित बनाया गया। मरीज को प्राथमिक उपचार पंकज कुमार ने दिया। मरीज का बीपी, ऑक्सीजन लेवल, हार्ट बीट आदि की जांच की गई। जिला महिला अस्पताल के साथ जिले के 14 स्वास्थ्य केंद्रों पर भी मॉक ड्रिल चल रही है।

01:55 PM, 27-Dec-2022

बागतप में होमगार्ड के भाई के मकान का दरवाजा तोड़कर चुराई भैंस

बागपत के बसा टीकरी गांव में सोमवार देर रात किसान अपने परिवार के साथ मकान में सोया हुआ था। जिसके मकान के बाहर का दरवाजा तोड़कर चोरों ने चार पशु चोरी कर ले गए। सुबह होने पर किसान को चोरी की जानकारी हुई। जिसके बाद पुलिस उनकी तलाश में जुट गई और डॉग स्क्वायड तक को तलाश में लगाया गया।

बसा टीकरी गांव के रहने किसान रणजीत पुत्र धर्मपाल ने बताया कि सोमवार की रात अपने परिवार के साथ मकान में सोया हुआ था। जिसके बाहर वाले कमरे में एक भैंस, दो कटिया समेत चार पशु बंधे हुए थे। बताया कि मंगलवार की सुबह छह बजे उठा तो मकान का बाहर वाला दरवाजा टूटा हुआ और चारो पशु चोरी मिले। रणजीत ने बताया कि पशुओं से ही उसकी आजीविका चल रही थी। उन्होंने बताया कि पहले भी पशु चोरी की घटना हो चुकी है।  पशु चोरी की घटना पर ग्रामीणों ने आक्रोश जताया। पीड़ित किसान ने कोतवाली पुलिस से कार्रवाई की मांग की। 
 
नलकूपों पर रोजाना हो रही चोरी
ठंड शुरू होते ही चोरों का गिरोह सक्रिय है। जिसके चलते खेतो में नलकूपों के ताले तोड़कर विद्युत उपकरण चोरी किये जा रहे है। जिससे किसानों को खेतो की सिंचाई करने परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

यह भी पढ़ें: Meerut: शहर में तेंदुआ दिखने से दहशत में लोग, अकेले न निकलें बाहर, दिखे तो इन नंबरों पर वन विभाग को दें सूचना

01:10 PM, 27-Dec-2022

सहारनपुर से आएंगे नोडल अधिकारी ने आज मुजफ्फरनगर में जिला महिला अस्पताल, बेगराजपुर मेडिकल कॉलेज, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बुढ़ाना, भोपा, सिसौली और फलौदा में कोरोना संक्रमण से बचाव की तैयारियों के लिए मॉक ड्रिल किया। 

11:08 AM, 27-Dec-2022

मेरठ में तेंदुए से शहरवासियों में दहशत है। काफी कोशिशों के बावजूद वन विभाग के जाल में तेंदुआ नहीं फंस रहा है। पिछले दो माह से तेंदुआ आरवीसी क्षेत्र में घूम रहा है। ऐसे में वह शहर के किसी भी इलाके में प्रवेश कर सकता है।

तेंदुए की तलाश में छावनी छेत्र में चला सर्च ऑपरेशन, दुकानें कराई बंद
वन विभाग की ओर से सोमवार की रात छावनी छेत्र में तेंदुए की तलाश में सर्च ऑपरेशन चलाया गया। कई जगहों पर आरवीसी सेंटर, ग़ांधी बाघ, माल रोड के पास कई जगहों पर सर्च ऑपरेशन चला। डीएफओ राजेश कुमार ने बताया कि सोमवार शाम 7.30 के आसपास स्थानीय राहगीर गौरव सिंह  द्वारा तेंदुए जैसा वन्यजीव को देखें जाने की सूचना वन विभाग एवं पुलिस कंट्रोल रूम को दी गई। जिस पर तुरंत पुलिस एवं वन विभाग की टीम द्वारा स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर के तहत  वहां कांबिंग एवं सर्च ऑपरेशन चलाया गया। साथ ही आसपास ऐतिहातन क्या करें क्या नहीं इस बारे में भी स्थानीय लोगों को अवगत कराया गया। किसी भी सूचना को जल्द से जल्द स्टाफ से सांझा करने हेतु भी बोला गया।
कृपया डरें नहीं पर एहतियात के तौर पर अकेले सुनसान इलाके में न जाएं। अगर कोई भी वन्यजीव जैसा जानवर दिखाई दे तो तुरंत सूचना पुलिस कंट्रोल रूम या वन विभाग कर्मचारियों को सांझा करें।किसी भी वीडियो फोटो या सूचना को बिना जांचे शेयर न करें।

10:30 AM, 27-Dec-2022
Police - फोटो : Amar ujala

बिजनौर में सड़क हादसे में दो की मौत

बिजनौर में नजीबाबाद-कोटद्वार मार्ग पर दो बाइक सवारों  मोहम्मद आमिर और सलमान को ट्रक ने कुचला। घटनास्थल पर दोनों की मौत। सीओ गजेंद्र पाल सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे।  नजीबाबाद के मुगलूशाह निवासी दोनों मृतक मजदूरी करने बड़िया जा रहे थे । घने कोहरे के बीच हुआ हादसा। ट्रक बाइक को लगभग 150 मीटर खींच कर ले गया।
घटनास्थल पर ट्रक छोड़कर चालक भाग गया । दोनों शवों और ट्रक को पुलिस ने कब्जे में लिया। 

शहीद लोकेश सहरावत की अस्थियां गंगा में विसर्जित
मुजफ्फरनगर। सिक्किम के हादसे में शहीद हुए युसूफपुर के सेना नायक लोकेश सहरावत की अस्थियां गंगा में विसर्जित कर दी गई। परिजन सुबह शुकतीर्थ पहुंचे और अस्थी विसर्जन किया। गुरुवार को हादसे में सैनिक शहीद हो गया था, रविवार को सेना नायक का गांव के निजी भूमि पर अंतिम संस्कार किया गया था।
 
लोकेश 2013 में जबलपुर से 25 ग्रेनेडियर में खेल कोटे से भर्ती हुआ था।  लोकेश किसान उदयवीर का इकलौता बेटा था जिससे पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। नायक लोकेश की लगभग ढाई वर्ष पूर्व तनु के साथ शादी हुई थी। उनके कोई संतान नहीं है। बड़ी बहन रश्मि शादीशुदा है। 

09:34 AM, 27-Dec-2022
तनुज ठाकुर - फोटो : Amar ujala

आगरा एक्सप्रेस वे पर हुए सड़क हादसे में मेरठ के लावड़ नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी सुधीर कुमार के साथ लिपिक असलम की भी मौत हो गई। असलम पर नगर पंचायत हर्रा व खिवाई के लिपिक का अतिरिक्त चार्ज था। हर्रा व खिवाई नगर पंचायत में लिपिक की मौत की सूचना लगते ही साथी कर्मचारियों में मायूसी छा गई। वहीं, अधिशासी अधिकारी सुधीर कुमार ने भी पूर्व में नगर पंचायत हर्रा में अधिशासी अधिकारी के पद पर अतिरिक चार्ज संभाला था। कुछ समय पूर्व ही उन्हें हर्रा से हटाकर सिवालखास नगर पंचायत की जिम्मेदारी दी गई थी।

08:41 AM, 27-Dec-2022

Meerut News Live: मेरठ में तेंदुए से दहशत, मारपीट में घायल CISF के जवान ने तोड़ा दम, परिवार में मचा कोहराम

इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ खंडपीठ ने यूपी के निकाय चुनाव में ओबीसी आरक्षण को लेकर फैसला दे दिया है। वहीं फैसले को लेकर मेरठ से पूर्व विधायक और मेयर पति योगेश वर्मा का कहना है कि नगर निकाय चुनाव के संबंध में आए निर्णय का वह स्वागत करते हैं। यह सही हुआ है। मेरठ में मेयर की सीट नियम अनुसार एससी होनी चाहिए थी और अब इसका रास्ता साफ हो गया है।

आगरा में हुए सड़क हादसे में मेरठ के तीन लोगों की मौत
आगरा एक्सप्रेस-वे पर हुए भीषण सड़क हादसे में लावड़ नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी सुधीर सिंह, लिपिक असलम और एक अन्य अनुज ठाकुर की मौत हो गई। मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

कोहरे व शीतलहर से जनजीवन प्रभावित
कोहरे व शीतलहर से लोगों की हालत खराब हो गई है। सोमवार को जिले का न्यूनतम तापमान पांच डिग्री तक पहुंच गया है। कोहरे के कारण हाईवे पर वाहनों की रफ्तार थम गई। हाईवे पर वाहन रेंगते हुए नजर आए। नगर के मुख्य मार्गों और बाजारों में भी लोग कम दिखे। नगर में जगह-जगह अलाव जलाए गए। सोमवार को जिले का न्यूनतम तापमान 5 डिग्री तो अधिकतम 16 डिग्री रिकाॅर्ड किया गया।

सर्दी का सितम लगातार बढ़ता जा रहा है। सर्दी से लोगों का बुरा हाल है। कोहरा और ठंडी हवा चलने से लोग दिनभर कांपते रहे। लोगों ने सर्दी में घरों से निकलने से परहेज किया। लोग जरूरी काम के लिए ही घरों से बाहर निकले। सर्दी बढ़ने के कारण नगर के बाजार भी देरी से खुले। बाजारों में लोगों की आवाजाही भी काफी कम रही।

नगर के कोर्ट रोड, गांधी बाजार, बड़ा बाजार और शौकत मार्केट में सुबह के समय इक्का-दुक्का लोग ही दिखाई दिए। दिन चढ़ने पर बाजारों में लोगों की भीड़ बढ़नी शुरू हुई, मगर शाम होते ही गायब हो गई। दोपहर में लगभग दो बजे थोड़ी देर के लिए हल्की धूप खिली, मगर जल्दी ही गायब हो गई। शाम होते-होत ठंड का सितम बढ़ना शुरू हुआ और लोग फिर से घरों में कैद होने के लिए मजबूर हो गए। सुबह दिल्ली-सहारनपुर और मेरठ-बागपत हाईवे पर वाहनों की दिन में भी लाइट जली रही। हाईवे पर वाहन रेंगते हुए नजर आए। सर्दी से बचाव के लिए नगर के कोर्ट रोड, सिसाना रोड, होलिका चौक, पांडव रोड, पुराना कस्बा और तहसील में अलाव जलाए गए। बाजारों में दुकानदार अपनी दुकानों के बाहर अलाव जलाते हुए मिले।

स्कूल में जलवाया अलाव
सर्दी से बचाव के लिए सोमवार को गेटवे इंटरनेशनल स्कूल में बच्चों के लिए अलाव जलवाया गया। स्कूल के प्रधानाचार्य अमित चौहान ने बताया कि सर्दी अधिक बढ़ने पर स्कूल पहुंचे छात्रों को कक्षा में भेजने से पहले अलाव की व्यवस्था कराई गई।

कक्षा एक से 12वीं तक के स्कूलों की सात जनवरी तक छुट्टी
कड़ाके की ठंड को देखते हुए प्रशासन ने कक्षा एक से 12वीं तक के सभी सरकारी व गैर सरकारी विद्यालयों में सात जनवरी तक अवकाश घोषित कर दिया है। निर्देशों का पालन न करने पर स्कूल संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जिला विद्यालय निरीक्षक रवींद्र सिंह ने बताया कि कड़ाके की सर्दी को देखते हुए डीएम राजकमल के निर्देश पर 12वीं तक के विद्यालयों में अवकाश घोषित दिया गया है। जिन विद्यालयों में बोर्ड परीक्षा की तैयारी चल रही है, ऐसे विद्यालय मंगलवार को बुधवार को खुले रहेंगे, जबकि 29 दिसंबर से इन विद्यालयों में भी अवकाश रहेगा। उन्होंने बताया कि आदेशों का पालन न करने वाले स्कूल संचालकों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
 मेरठ में भी एक जनवरी तक स्कूलों में अवकाश रहेगा।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें