मतदान से पहले मिठाई-साड़ी बांटते पकड़े गए प्रत्याशी, मुकदमा दर्ज
निकाय चुनाव में मतदाताओं को रिझाने के लिए मिठाई का डिब्बा, सूट और साड़ी बांटने वाले सदस्य पद के दो प्रत्याशियों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मिठाई, साड़ी व सूट बांटने वाले चार युवकों को हिरासत में लिया है। उनके कब्जे से सामान बरामद किया गया है।
बुढ़ाना के निकाय चुनाव में कई प्रत्याशी मतदाताओं को रिझाने व अपने पक्ष में मतदान करवाने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं। मंगलवार को देर रात के समय वार्ड नंबर पांच के आम आदमी पार्टी के सदस्य पद के प्रत्याशी इमरान के पक्ष में झाडू व मिठाई का डिब्बा बांटने का वीडियो वायरल हुआ। वहीं, बुधवार को दोपहर के समय वार्ड नंबर चार के सदस्य पद के निर्दलीय प्रत्याशी मुकेश शर्मा की ओर से चार समर्थकों के साथ मिठाई का डिब्बा, साड़ी व सूट बांटने की सूचना पुलिस को मिली। इंस्पेक्टर बृजेश कुमार शर्मा ने बताया कि सूचना के आधार पर उन्होंने मौके से अंकुर, ऋषभ, प्रवीण व डब्बू को हिरासत में लिया। उनके कब्जे से पुलिस ने मिठाई के डिब्बे, सूट व साड़ी बरामद की। पुलिस ने चारों युवकों सहित निर्दलीय प्रत्याशी मुकेश शर्मा के खिलाफ अपराध पंजीकृत किया।