11:58 AM, 02-Feb-2023
दुष्कर्म पीड़िता पर समझौते का दबाव बना रहे आरोपी
मेरठ में जल शक्ति राज्यमंत्री दिनेश खटीक के हस्तक्षेप के बाद भी परीक्षितगढ़ पुलिस सामूहिक दुष्कर्म के आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। जबकि आरोपी पीड़िता पर समझौते का दबाव बना रहे हैं। बुधवार को पीड़िता ग्रामीणों के साथ एसएसपी ऑफिस पहुंची।
एसएसपी ने दो दिन में आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है। परीक्षितगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक ने बताया कि 31 अगस्त को गांव के रहने वाले संप्रदाय विशेष के युवकों ने उसकी बहन का अपहरण कर सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया था। यही नहीं, आरोपियों ने बहन का जबरन धर्म परिवर्तन कराते हुए आधार कार्ड में नाम भी बदलवा दिया था। पुलिस ने चार महीने बाद उसकी बहन को बरामद किया था और एक आरोपी सद्दाम को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। अन्य आरोपी अभी तक फरार चल रहे हैं। पीड़िता के भाई ने बताया कि उसकी बहन तीन माह की गर्भवती है और आरोपी उन पर समझौते का दबाव बना रहे हैं। एसएसपी ने पीड़िता को न्याय दिलाने का आश्वासन दिया है और आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कराने की बात कही।