फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Meerut News Live: चंद्रशेखर पर हमले का असली सच, 4 हमलावर अरेस्ट, बागपत में गोवंश ने किसान को मारी टक्कर, मौत

Sun, 02 Jul 2023 06:35 PM IST
कपिल kapil अमर उजाला ब्यूरो, मेरठ

खास बातें

Meerut News Live : हाईवे पर एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें दो दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों मृतक छात्र बताए जा रहे हैं। यहां पढ़िए वेस्ट का पल-पल का अपडेट-
विज्ञापन
चंद्रशेखर - फोटो : amr ujala
विज्ञापन

लाइव अपडेट

06:18 PM, 02-Jul-2023

बागपत में गोवंश ने किसान को मारी टक्कर, मौत 

बागपत में छपरौली क्षेत्र के जागोस गांव में अपने खेत से अपने घर आ रहे किसान विकास शर्मा (42) पुत्र जगपाल शर्मा को आवारा निराश्रित गोवंश ने टक्कर मार दी, जिसमें विकास शर्मा खेत में गिर गया। वहीं, आनन-फानन विकास शर्मा को उपचार के लिए अस्पताल में ले जाया गया। जहां विकास को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। विकास की मौत की खबर सुनकर परिवार में कोहराम मच गया। विकास की पत्नी पूनम का रो-रोकर बुरा हाल है। विकास के पिता जगपाल को भी किसी तरह लोगों ने संभाला। विकास के दो पुत्र यस व वंश को किसी तरह परिजनों ने संभाला। अस्पताल में यह दोनों बच्चे बेहोश होकर गिर गए। होश आने के बाद दोनों बच्चों को परिजन कर लाए। जगपाल शर्मा के आवास पर रिश्तेदारों व ग्राम वासियों का तांता लगा हुआ है।

06:16 PM, 02-Jul-2023

शामली में 

 

 


02:25 PM, 02-Jul-2023

बार-बार बीएड परीक्षा स्थगित होने पर छात्रों में आक्रोश

सीसीएसयू द्वारा बीएड परिक्षाओं की तिथियों में लगातार बदलाव किए जाने से छात्रों में गुस्सा है। वहीं, गुस्साए छात्रों ने रविवार को गढ़ रोड पर भैंस के सामने बीन बजाकर विरोध किया। छात्रों का कहना है कि विवि प्रशासन बीएड परीक्षाओं की लगातार तिथि बदल रहा है। इससे दूर जिलों में रहने वाले छात्रों को काफी दिक्कत हो रही है। तिथि तय नहीं कर पाने से हजारों छात्र परेशान है। शुक्रवार को विवि प्रशासन ने तय तिथि पर परीक्षा कराने का दावा किया, जिसकी वजह से वाराणसी, गोरखपुर, बलिया, इलाहाबाद, लखनऊ आदि जिलों के छात्र रिजर्वेशन करवा कर घरों से चल दिए। इसी बीच रास्ते में पता चला कि परीक्षा फिर स्थगित कर दी है। इससे स्पष्ट है कि विवि उचित फैसला लेने में अक्षम है। छात्र नेता विनीत चपराना व पूर्व महामंत्री अंकित अधाना के साथ कई छात्रों ने भैंस के आगे बीन बजाकर विवि प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए। इस दौरान छात्र अमन राणा, अभिषेक गुर्जर, आशू गोस्वामी, दिवाकर सैनी, गौरव पाल, विनय सैनी, रजत ठाकुर आदि मौजूद रहे।

विज्ञापन
02:19 PM, 02-Jul-2023

सतेंद्र सोलंकी का बागपत में स्वागत

पूर्व विधायक सतेंद्र सोलंकी जेल से रिहा होने के बाद रविवार को अपने गांव जीवाना गुलियान पहुंचे। इस दौरान ग्रामीणों व परिवार के सदस्यों ने स्वागत किया। बताया गया कि सतेंद्र सोलंकी इंद्रपाल ढाका हत्याकांड में जेल में उम्रकैद की सजा काट रहे थे। दिल्ली में कोर्ट ने तीन दिन पहले ही उन्हें इस केस में बरी किया है।

01:36 PM, 02-Jul-2023

सरधना रोड पर हो रहा गड्ढा बना युवक के लिए काल

मेरठ में दौराला-सरधना मार्ग पर आर्गेनिक फैक्टरी के सामने रविवार सुबह हादसा हो गया। बताया गया कि दौराला- सरधना मार्ग पर हो रहे गहरे गड्ढे में बाइक का पहिया पड़ने से दो युवक घायल हो गए। उपचार के दौरान शामली जिले के ताना गांव निवासी 24 वर्षीय साहिल की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। 

विज्ञापन
01:33 PM, 02-Jul-2023

बिजली कटौती के खिलाफ आप ने निकाला लालटेन जुलूस
 
मेरठ में आम आदमी पार्टी के यूपी प्रभारी व सांसद संजय सिंह के आह्वान पर रविवार को प्रदेश के सभी जिलों में बिजली कटौती को लेकर लालटेन जुलूस निकाला गया। इसी क्रम में आम आदमी पार्टी ने मेरठ में जिलाध्यक्ष अंकुश चौधरी के नेतृत्व में भारी संख्या में कार्यकर्ताओं के साथ सदर घंटाघर से सदर बाजार, आबूलेन फवारा चौक होते हुए सदर घंटाघर पुलिस चौकी तक लालटेन जुलूस निकाला। इस दौरान अघोषित बिजली कटौती पर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। जिला अध्यक्ष अंकुश चौधरी ने कहा कि प्रदेश में बिजली की अघोषित कटौती हो रही है। जनता बिजली कटौती से का सामना कर रही है। पूरे प्रदेश में बिजली कटौती का संकट लोग झेल रहे हैं। गर्मी की वजह से अस्पतालों में लोग भर्ती हो रहे हैं और मौतें हो रही हैं।

01:30 PM, 02-Jul-2023

पुलिस की पिटाई से युवक की मौत का आरोप, ग्रामीणों ने रोड जाम कर किया हंगामा

बागपत में रटौल के एक युवक को पुलिस जुए के मामले में पूछताछ के लिए चौकी पहुंची थी। परिजनों का आरोप है कि युवक की जमकर पिटाई की गई और घायल अवस्था में परिजनों को सौंप दिया। जहां उपचार के लिए ले जाते समय युवक की मौत हो गई। इसके बाद परिजनों व ग्रामीणों ने रटौल बस स्टेंड पर युवक का शव रखकर जमकर हंगामा किया। इस दौरान उनकी पुलिस से झड़प भी हुई। ग्रामीणों ने आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने और आला अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग की।

01:29 PM, 02-Jul-2023

बिजनौर में हादसा, एक महिला की मौत

बीमार मरीज को देखकर बिजनौर से अपने गांव सलेमपुर गघेली लौट रही दंपत्ति की बाइक ट्रक से टकरा गई। बाइक टकराने के बाद ट्रक का पहिया महिला सुनीता के ऊपर से उतर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसका पति देवेंद्र उर्फ ठाकुर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना वीकेआईटी स्कूल के पास की है। घायल को जिला अस्पताल भेजा गया है, जबकि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

01:23 PM, 02-Jul-2023

अवैध खनन में पकड़ी जेसीबी व डंपर

बिजनौर जनपद के नूरपुर में उप जिलाधिकारी चांदपुर रितु रानी के निर्देशन में अवैध खनन के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार की रात को पुलिस ने गांव अब्दुल्लापुर दहाना के जंगल में छापा मारकर अवैध खनन में लिप्त एक डंपर व जेसीबी को पकड़ लिया। इस दौरान वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने पकड़े गए वाहनों को दौलतपुर चौकी में खड़ा किया। थानाध्यक्ष संजय कुमार तोमर ने बताया कि पकडे़ गए वाहनों को सीज करने की कार्यवाही की जा रही है।

01:20 PM, 02-Jul-2023

गुलदार के हमले में घायल हुए वृद्ध करण सिंह

बिजनौर के मंडावर में आम के बाग में रखवाली कर रहे वृद्ध पर गुलदार ने हमला कर दिया। गुलदार के हमले से घायल हुए वृद्ध को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

गांव सीमला कला निवासी वृद्ध करण सिंह मंडावर दयालवाला मार्ग पर गांव देवीदासवाला के निकट आम के बाग की रखवाली करता है। शनिवार की शाम करण सिंह बाग से अपने घर खाना खाने जा रहा था। तभी गन्ने के खेत से निकलकर गुलदार ने उस पर हमला कर दिया। हमला होता देख वृद्ध ने शोर मचा दिया और शोर सुनकर गुलदार खेतों की ओर भाग गया। गुलदार के हमले में करण सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल अवस्था में करण सिंह को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

01:16 PM, 02-Jul-2023

सामने आया चंद्रशेखर पर हमले का असली सच

सहारनपुर में भीम आर्मी के संस्थापक और आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर पर हमला करने वाले चारों आरोपियों को कैमरे के सामने लाकर पुलिस ने वारदात का खुलासा कर दिया है। डीआईजी अजय साहनी ने बताया कि पकड़े गए चारों हमलावरों ने चंद्रशेखर द्वारा दिल्ली व अन्य स्थानों पर लगातार दिए बयान से आहत होकर हमला किया था। 

11:30 AM, 02-Jul-2023

उज्जैन में जैन मंदिर को तोड़ने के निर्णय का विरोध

बागपत जनपद के बड़ौत में नगर के कैनाल रोड स्थित श्री शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर में रविवार को जैन समाज की बैठक आयोजित की गई, जिसमें मध्य प्रदेश के उज्जैन में जैन समाज के प्राचीन मंदिर को तोड़ने के निर्णय को गलत ठहराया। साथ ही आगामी चार जुलाई तक मंदिर तोड़ने के निर्णय को वापस न लेने पर आंदोलन के लिए उज्जैन में कूच करने का निर्णय लिया गया। बैठक में निर्णय लिया गया कि यदि सरकार मंदिर को तोड़ने के निर्णय को वापस नहीं लेती तो आगामी चार जुलाई को जैन समाज के देशभर के श्रद्धालु उज्जैन में आंदोलन के लिए कूच कर देंगे।

11:26 AM, 02-Jul-2023

सीमा अंतिल ने एशियाई खेलों के लिए किया क्वालीफाई

सीमा अंतिल ने चक्का फेंक स्पर्धा में एशियन गेम्स के लिए कवालीफाई कर लिया है। उन्होंने शनिवार को कजाकिस्तान में आयोजित कोसानोव मेमोरियल एथलेटिक्स प्रतियोगिता में 57.35 मीटर के साथ थ्रो करते हुए रजत पदक अपने नाम किया। इस रजत पदक के साथ उन्होंने चक्का फेंक में एशियाई खेलों के लिए क्वालीफाई कर लिया।

11:15 AM, 02-Jul-2023

Meerut News Live: चंद्रशेखर पर हमले का असली सच, 4 हमलावर अरेस्ट, बागपत में गोवंश ने किसान को मारी टक्कर, मौत

मुजफ्फरनगर में नेशनल हाईवे-58 पर एक दर्दनाक हादसा हो गया। हादसे में बाइक सवार दो दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी लगने पर पुलिस मौके पहुंची और दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।

बताया गया कि मंसूरपुर थाना क्षेत्र के गांव जोहरा निवासी दीपक और शेखर महिंद्रा एजेंसी के पास सड़क क्रॉस कर रहे थे। इसी दौरान मुजफ्फरनगर की तरफ से मंसूरपुर की ओर आ रहे रोड़ी से भरे ट्रक ने बाइक सवार दोस्तों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयंकर थी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक दोनों छात्र बताए जा रहे हैं। वे गर्मी की छुट्टियों में मुजफ्फरनगर में किसी फैक्टरी में काम कर रहे थे।

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें