कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र में 2 दिन पूर्व शोभापुर फ्लाईओवर से पहले हाईवे पर ऐसे ही एक जुगाड़ में जा रहे चार युवकों को उत्तराखंड बस ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी थी। जिसमें दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई थी। वही दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए थे। बावजूद इसके हाईवे पर धड़ल्ले से ऐसे जुगाड़ चल रहे हैं। मगर ट्रैफिक पुलिस ऐसे वाहनों को सीज नहीं कर रही है।
मेरठ के सूरजकुंड पर बाबा मनोहर नाथ मंदिर पर सोमवार सुबह फिर हंगामा हो गया। मंदिर में हरिद्वार से साधुओं का जत्था आया था और यहां यज्ञ हवन का प्रयास किया। इसकी जानकारी के बाद पुलिस प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने लाठी फटकार कर लोगों को खदेड़ दिया। आरोप है कि कुछ लोग जमीन पर कब्जा करने और यहां पर पूजा-पाठ बंद कराने की साजिश कर रहे हैं। एसएसपी रोहित सिंह सजवान ने बताया कि जमीन को लेकर दोनों पक्षों में विवाद है और मामला कोर्ट में विचाराधीन है। कोर्ट का फैसला आने तक प्रशासन की ओर से यहां रिसीवर नियुक्त किया गया है। कोर्ट के निर्णय के बाद ही आगे की कार्रवाई होगी। इसके बाद किसी तरह से सभी को समझा-बुझाकर वहां से भेजने की व्यवस्था की गई। इस दौरान मामूली हंगामा भी हुआ और पुलिस को सख्ती बरतनी पड़ी।
बिजनौर के नूरपुर थानाक्षेत्र में रविवार की शाम ग्राम हसनपुर का चौकीदार घायल अवस्था मे खेतों पर बेहोश पड़ा मिला। गंभीर हालत में उसे मुरादाबाद हायर सेंटर में भर्ती कराया गया है।
ग्राम हसनपुर निवासी जबर सिंह गांव का चौकीदार है। रविवार की शाम वह खेतों पर चारा काटने गया था। देर शाम तक वापस न आने पर परिजन उसे तलाश करने खेतों पर गए तो वह वहां बेहोशी की हालत पड़ा मिला। जबर सिंह के सिर में गहरी चोट लगी थी और वह खून से लथपथ था। परिजनों ने उसे उपचार के लिए मुरादाबाद के निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। जबर सिंह के पुत्र मोहित ने बताया कि उसके पिता का गांव के ही इंद्रपाल से झगड़ा हुआ था। इंद्रपाल ने ही उसके पिता पर जानलेवा हमला किया है। मोहित की तहरीर पर पुलिस ने इंद्रपाल के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
बंद मकान से 70 हजार की नकदी व जेवरात लेकर बदमाश फरार
नूरपुर थानाक्षेत्र के गांव अथाई अहीर में बंद मकान से 70 हजार की नकदी व जेवर सहित लाखों रुपए का सामान चोरी हो गया। पीड़िता ने मकान में निर्माण का काम कर रहे राज मिस्त्री पर चोरी का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है।
ग्राम अथाई अहीर निवासी बबीता शर्मा के अनुसार उसके मकान में निर्माण कार्य चल रहा है। गांव दरियापुर निवासी इमरान मकान में टाइल्स लगाने का काम कर रहा है। 25 जनवरी को वह मकान का ताला लगाकर देहरादून गई थी। वहां से वापस आई तो पता लगा कि अलमारी में रखे 70 हजार रुपए व कीमती जेवर गायब थे। आरोप है कि इमरान को पता था कि पैसे व सामान कहां रखा रहता है। उसने ही चोरी की घटना को अंजाम दिया है। पुलिस ने बबीता की तहरीर पर इमरान के विरुद्ध चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
परतापुर में रिठानी पीर के पास दीपक ज्वेलर्स के यहां सुरंग बनाकर चोरी करने वाले चुन्नु-मुन्नु गैंग का पुलिस को सुराग नहीं लगा है। आरोपी फरार चल रहे हैं। वहीं, दूसरी ओर कुछ ही दूरी पर हुई टेलीकाॅम की दुकान में चोरी करने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, दीपक ज्वेलर्स के यहां रविवार को उत्तर प्रदेश उपभोक्ता सहकारी संघ के चेयरमैन संजीव गोयल सिक्का पहुंचे और घटना के बारे में जानकारी ली। इस घटना का खुलासा करने के लिए पुलिस को निर्देश दिए।
तीन दिन पूर्व रिठानी पीर के पास अज्ञात बदमाशों ने 15 फीट लंबी सुरंग खोदकर दीपक लोधी ज्वेलर्स के यहां से लगभग 40 हजार रुपये कीमत का सामान चोरी कर लिया था।
खुलासा नहीं होने पर रविवार को रिठानी स्थित दीपक ज्वैलर्स के यहां संजीव गोयल सिक्का पहुंचे। रिठानी व्यापार संघ अध्यक्ष सुनील वर्मा ने बताया कि जिस दिन दीपक ज्वेलर्स के यहां चोरी हुई थी, उसी समय पूठा रोड पर एक टेलीकाॅम की दुकान में चोरी हुई थी। उस मामले में पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे के माध्यम से चोरों की पहचान की है। पुलिस ने कुछ युवकों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। संजीव गोयल सिक्का ने एसएसपी से फोन पर बात की और जल्द से जल्द चोरी की घटना का खुलासा करने व आरोपियों को जेल भेजने की बात कही।
परतापुर इंस्पेक्टर रामफल सिंह का कहना है कि टेलीकाम की दुकान में चोरी करने वाले चार युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जिनके कब्जे से चोरी का सामान भी बरामद किया है। पकड़े गए आरोपी नई बस्ती, शिवपुरम व रिठानी के रहने वाले हैं। जल्द पूरी घटना का खुलासा किया जाएगा। दीपक ज्वेलर्स के यहां हुई घटना का भी खुलासा किया जाएगा।
अलग-अलग बदमाशों ने की वारदात
पुलिस भले ही सराफा कारोबारी के यहां और मोबाइल की दुकान में चोरी करने वाले बदमाशों को एक मानकर चल रही हो, लेकिन बदमाश अलग-अलग भी हो सकते हैं। पुलिस पकड़े गए बदमाशों से पूछताछ कर रही है। अभी तक बदमाशों ने यह नहीं कबूला है कि सुरंग भी उन्होंने ही बनाई।
यूपी बोर्ड परीक्षाओं में अब हिन्दी में भी अंक बटोरना आसान रहेगा। दरअसल, हिन्दी में गणित की तरह स्कोरिंग रहेगी। यदि विद्यार्थी विषय विशेषज्ञों के सुझावों को दृष्टिगत रखते हुए तैयारी करें तो विशेष योग्यता अंक आसानी से आ सकते हैं।
राजकीय बालिका इंटर कॉलेज बिजनौर की प्रधानाचार्या एवं इंटर कक्षाओं को हिंदी विषय पढ़ाने वाली डाॅ. निर्मला शर्मा के अनुसार इंटर में हिंदी व सामान्य हिंदी दो पेपर होते हैं। पेपर 100 अंक का होता है। परीक्षा 30 प्रतिशत कम पाठ्यक्रम में से ही होगी। दोनों प्रश्नपत्र में गद्य, कथा काव्य और व्याकरण में कोर्स कम किया है। पेपर एनसीईआरटी आधारित होगा। बताया कि खंड व काव्य के इतिहास से संबंधित अतिलघु उत्तरीय प्रश्न होंगे। विद्यार्थी गद्य व काव्य के पाठ के लेखकों के नाम अच्छी तरह दोहराएं। क्योंकि अवतरणों में से ही लघु उत्तरीय व अति लघु उत्तरीय प्रश्न पूछे जाते हैं। दीर्घ प्रश्न नाटक, कथा व खंड काव्य से आएंगे। प्रश्नों का उत्तर 80 शब्दों में ही देना है। सारगर्भित भाषा लिखें।
पत्र लेखन में विषय वस्तु का सही चयन जरूरी
डॉ. निर्मला शर्मा के अनुसार इंटर सामान्य हिंदी के पेपर में पत्र लेखन आता है। टू दी प्वाइंट लिखने पर पूरे नंबर मिलते हैं। पत्र लेखन में प्रारंभ, अंत व विषय वस्तु के अंक अलग-अलग होते हैं। प्रश्न को समझकर विषय वस्तु का चयन करें। प्रश्न का जितना जवाब, जो जवाब मांगा गया हो उतना ही लिखें। अनावश्यक समय बर्बाद नहीं करें।
ये है परीक्षा के लिए जरूरी
- लेखक व कवियों की जीवनी भाषा, शैली व रचना सहित याद करें।
- व्याकरण के सूत्रों व नियमों को समझें, रटे नहीं।
- वर्तनी व सुलेख का ध्यान रखें।
- निबंध के शीर्षक को अच्छी तरह समझें, विषय वस्तु समझकर उत्तर लिखें।
- पेपर की तैयारी सवालों के लिए आवंटित अंकों में के अनुसार करें।
- व्याकरण सूत्रों को रोजाना दोहराएं।
- हिंदी विषय पढ़ाई की तारतम्यता परीक्षा तक बनाए रखें
- हिंदी का पेपर में समय प्रबंधन जरूरी है।
- बोर्ड द्वारा जारी विषय के माॅडल पेपर देखें।
- प्रश्न का जवाब देने में शब्द सीमा का ध्यान रखें।