फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Meerut News Live: ज्वेलरी शो का आगाज, बिजनौर में 2.8 डिग्री पहुंचा तापमान, शामली में युवक ने मांगी इच्छामृत्यु

Sun, 08 Jan 2023 05:07 PM IST
Dimple Sirohi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ

खास बातें

पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में शनिवार की रात अभी तक की सबसे ठंडी रात रही। जिले में तापमान 2 डिग्री तक पहुंच गया है। वहीं मुजफ्फरनगर में भाकियू ने 28 जनवरी से अनिश्चितकालीन धरने का एलान कर दिया है।
विज्ञापन
26,900 हीरों से जड़ी अंगूठी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

05:00 PM, 08-Jan-2023

भैंसा-बुग्गी से टकराए बाइक सवार, एक की मौत

सहारनपुर से नकुड़ आ रहे बाइक सवार भैंसा-बुग्गी से टकरा गए। हादसे में एक युवक की मौत हो गई। जबकि एक महिला सहित तीन लोग घायल हो गए। शनिवार रात्रि करीब 8 बजे सिरसका गांव निवासी गुरदीप पुत्र अमीरचंद बाइक पर अपनी मां व छोटे भाई शिवकुमार के साथ सहारनपुर से नकुड़ की तरफ आ रहा था। बताया जाता है कि गांव पिलखनी के समीप बनी पुलिया पर गुरदीप की बाइक  भैंसा-बुग्गी से टकराकर उसके नीचे घुस गई। दुर्घटना में 21 वर्षीय गुरदीप की मौत हो गयी। जबकि झोटा बुग्गी चालक सुरेन्द्र पुत्र रंजीत निवासी पिलखना, मृतक की मां व भाई शिवकुमार घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां पर चिकित्सकों ने बुग्गी चालक सुरेंद्र की गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जबकि मृतक के भाई व मां को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया। गुरदीप की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। कोतवाल राजेंद्र प्रसाद वशिष्ठ ने बताया कि पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

नीलगाय से टकराकर युवक घायल
गंगोह-शेरमऊ रोड पर बाइक पर जा रहे दो युवक अचानक सड़क पार कर रही नीलगाय से टकरा कर घायल हो गए। कस्बे के मौहल्ल्ला बनजारान निवासी आदिल व नयागांव निवासी जीशान बाइक से अपने काम जा रहे थे। अचानक केल्विन स्कूल के पास उनके सामने नीलगाय आ गयी। जिससे दोनो युवक टक्कर लगने से नीचे गिरके घायल हो गए। घायलों को सीएचसी ले जाया गया। जहां से गंभीर हालत देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों युवकों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

04:40 PM, 08-Jan-2023

सहकारिता ने साहूकारों से दिलाई मुक्ति,आत्मनिर्भर भारत का सपना होगा साकार: डॉ. उदय जोशी

हस्तिनापुर  के प्राचीन दिगंबर जैन बड़े मंदिर के अयोध्यापुरी धनुष मंडप में आयोजित सहकार कार्यसमिति के दो दिवसीय कार्यक्रम के अंतिम दिन राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. उदय जोशी ने दिग्गजों ने संबोधित करते हुए कहा कि सहकारिता जन-जन से जुड़कर आत्मनिर्भर भारत का सपना साकार करेगी।

अयोध्यापुरी धनुष मंडप में आयोजित सहकारिता कार्यसमिति के प्रदेश स्तरीय बैठक में दूसरे और अंतिम दिन सहकार भारती के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. उदय जोशी ने कहा कि सहकारिता क्षेत्र का महत्व भविष्य में निरंतर और बढ़ने ही वाला है। किसानों की आय दोगुनी करने का सपना सहकारिता के माध्यम से ही साकार होने वाला है। केंद्र सरकार इस दिशा में भरसक प्रयास कर रही है। केंद्र और राज्य सरकार के स्तर पर पैक्स और सहकारी समितियों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है।

बड़ी संख्या में किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ) बनाए जा रहे हैं। इससे किसान और बागवान स्वावलम्बी बनने की और अग्रसर हैं। गांव-गांव में स्वयं सहायता समूहों की स्थापना होने से महिलाओं में आत्मनिर्भरता आ रही है। राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. उदय जोशी ने कहा कि सहकार भारती के कार्यकर्ताओं में आत्मनिर्भरता और स्वावलंबन का भाव सशक्त हो, इसलिए हमें हरसंभव प्रयास करने की आवश्यकता है। सहकारिता क्षेत्र समाज की सेवा का शाश्वत संकल्प है, इस संकल्प को सहकार भारती पूरा करेगी। अंत्योदय और एकात्म मानववाद का सपना भी सहकारिता के माध्यम से ही साकार होगा। सहकारिता के माध्यम से स्वदेशी, आत्मनिर्भरता और व्यक्ति स्वावलंबन का लक्ष्य भी पूरा होगा।

कहा कि किसानों की आय दोगुनी करने के लिए किसानों को भी सहकार भारती से जोड़ने के लिए अभियान चलाना होगा। उन्होंने कार्यसमिति के समापन पर भविष्य की दिशा तय करने का लक्ष्य दिया। आने वाले समय सहकारिता और सहकार भारती का है। देश भर में अलग-अलग सहकारी संस्थाएं बहुत अच्छा काम कर रही हैं, इनको एक सूत्र में, एक विचार में और एक ध्येय में पिरोने का काम सिर्फ सहकार भारती ही कर सकती है। डॉ. उदय जोशी ने कहा कि सहकार भारती के सामने कहीं कोई प्रतियोगिता अथवा चुनौती नहीं है। क्षमता निर्माण के साथ-साथ सहयोग का भाव अंतस में धारण करना हमारा दायित्व भी होना चाहिए। सच्चे मन से जो सहकारिता से जुड़ेगा, उसका कल्याण तो सुनिश्चित होना ही है। सहकार भारती से जुड़ने के बाद स्वयं की चिंता खत्म हो जाती है।

03:34 PM, 08-Jan-2023
विनेश पाल का स्वागत करते कार्यकर्ता - फोटो : अमर उजाला

बसपा की मंडल स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में पहुंचे विनेश पाल

मेरठ के परतापुर में वीनस गार्डन में बसपा की मंडल स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में विनेश पाल व कैंट प्रत्याशी अमित शर्मा पहुंचे। यहां पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत किया गया। 

विज्ञापन
01:01 PM, 08-Jan-2023

शामली में धोखाधड़ी व कब्जे से तंग युवक ने मांगी इच्छा मृत्यु

शामली के कैराना में एक युवक ने तीन भाइयों पर पिता से धोखाधड़ी कर भूमि की रजिस्ट्री कराने तथा भूमि पर अवैध कब्जा करने का आरोप लगाया है। इसी से परेशान होकर युवक ने इच्छामृत्यु मांगी है।
तहसील क्षेत्र के गांव बामनौली निवासी कंवर सैन ने शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान एडीएम को शिकायती प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उनकी गांव में कृषि भूमि स्थित है। आरोप है कि तीन भाइयों ने उसके पिता पाल्ला से धोखाधड़ी करते हुए कृषि भूमि की रजिस्ट्री करा ली है तथा 431 वर्ग गज भूमि पर अवैध कब्जा कर रखा है। इस संबंध में वह कई बार प्रार्थना पत्र दे चुका है। लेखपाल पर मिलीभगत का आरोप है। कहा कि इसी वजह से कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। वह परेशान हैं और आरोपी पक्ष से जान का खतरा जताया गया है। पीड़ित ने प्रशासन से इच्छामृत्यु की मांग की है।

11:56 AM, 08-Jan-2023
हीरे की अंगूठी - फोटो : अमर उजाला

मेरठ में आज से ज्वैलरी शो का आगाज, दिखेगी विकास की झलक

वर्ष 2023 के आगाज के साथ ही मेरठ बुलियन ट्रेडर्स एसोसिएशन के मेरठ ज्वेलरी शो का तृतीय संस्करण रविवार से शुरू हुआ। यह आज से दस जनवरी तक बाईपास स्थित बिग बाइट रिजॉर्ट में आयोजित हो रहा है। ज्वेलरी शो में केवल रजिस्ट्रेशन और पास के जरिये कड़े सुरक्षा इंतजामों से गुजरने के बाद प्रवेश मिलेगा। इसमें समस्त भारत से सराफा व्यापारी एवं मेरठ बुलियन ट्रेडर्स एसोसिएशन द्वारा आमंत्रित अतिथि एवं व्यापारी, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी ही प्रवेश पा सकेंगे।

देश के सभी शहरों के डिजाइन होंगे प्रदर्शित
ज्वेलरी शो में देश के सभी शहरों के डिजाइनों को एक ही स्टॉल पर प्रदर्शित किया जाएगा। भारी और हल्के वजन वाले आभूषणों में मंदिर डिजाइन, कन्हैया डिजाइन, जैन मंदिर डिजाइन, एनीवर्सरी डिजाइन प्रदर्शित किए जाएंगे। - अंकुर जैन, अरहंत ज्वैलर्स, सदर।

 26,900 हीरे की अंगूठी रहेगी आकर्षण
 रैपिड ट्रेन, हाईवे, जी 20 सम्मिट के चित्रों के बीच 26900 हीरों से बनी अंगूठी प्रदर्शित की जाएगी। टेंपल ज्वेलरी सभी के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगी। - विपुल अग्रवाल, डेजलिंग डायमंड। 

विज्ञापन
10:54 AM, 08-Jan-2023

चार साल की उम्र में वान्या ने 5 मिनट में पढ़े 817 शब्द, बनाया रिकॉर्ड

मेरठ में मोदीपुरम के विजडम ग्लोबल स्कूल पल्लवपुरम शाखा की छात्रा वान्या गौतम ने इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स 2022 में अपना नाम दर्ज कराकर शहर का नाम रोशन किया है। चार वर्ष की छात्रा ने 5 मिनट में 817 शब्द पढ़कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। जिस पर वान्या गौतम का नाम इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्डस में दर्ज किया गया। इससे पहले वान्या विश्व के सभी देशों के नाम उनके राष्ट्रीय ध्वज को देखकर बताने वाली व विभिन्न देशों के राजनीतिक मानचित्र के आधार पर उस देश का नाम बताने वाली सबसे कम उम्र की छात्रा रह चुकी है। इस उपलब्धि के लिए उसने एशिया बुक ऑफ रिकॉर्डस तथा इंटरनेशनल बुक ऑफ रिकॉर्डस में भी स्थान प्राप्त किया है। वान्या ने परिवार के साथ-साथ विद्यालय व शहर का नाम भी रोशन किया। स्कूल प्रधानाचार्या डॉ. बलजीत कौर सेठी, स्कूल मैनेजिंग डायरेक्टर अमर अहलावत ने वान्या के अभिभावकों को बधाई दी। साथ ही छात्रा के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।  

09:37 AM, 08-Jan-2023
भाकियू प्रवक्ता राकेश टिकैत - फोटो : अमर उजाला

मुजफ्फरनगर के खतौली में भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत ने कहा कि जो व्यक्ति किसानों की आवाज उठाता है, उस पर मुकदमे दर्ज कर जेल भेज दिया जाता है। गन्ने का भाव घोषित नहीं किया गया। सिंचाई के फ्री बिजली देने की बात हुई थी, लेकिन सरकार ट्यूबवैलों पर मीटर लगा रही है। मीटर से फ्री बिजली कैसे मिलेगी। पुलिस-प्रशासन के रवैये के खिलाफ 28 जनवरी से जीआईसी के मैदान पर अनिश्चितकालीन धरना दिया जाएगा।

तहसील में आहूत की गई पंचायत में टिकैत ने कहा कि मौजूदा समय में खेती किसान के लिए घाटे का सौदा साबित होती जा रही है । खेती में आय बढ़ने की जगह खर्च लगातार बढ़ता जा रहा है, जिसे वहन करने की क्षमता अब किसान की नहीं रही। परिवार के पालन-पोषण से लेकर बच्चों की शिक्षा पर इसका बुरा असर पड़ा है।

09:24 AM, 08-Jan-2023

Meerut News Live: ज्वेलरी शो का आगाज, बिजनौर में 2.8 डिग्री पहुंचा तापमान, शामली में युवक ने मांगी इच्छामृत्यु

सर्दी का सितम जारी है। बिजनौर में शुक्रवार की रात अब तक की सबसे ठंडी रात रही। शनिवार को दिन भर लोगों की कंपकंपी छूटती रही। दिनभर सूरज कोहरे की चादर ओढ़े रहा। दोपहर बाद कुछ देर के लिए सूर्यदेव ने दर्शन जरूर दिए, लेकिन धूप बेजान रही। मौसम विभाग के मुताबिक न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

ठंड बढ़ने से लोगों की कंपकंपी छूटती रही। ठंड से बचने के लिए लोगों ने अलाव, हीटर, अंगीठी का सहारा लिया, लेकिन ठंड का असर कम नहीं हुआ। बच्चो और बुजुर्गों के लिए ठंड सबसे ज्यादा खतरनाक है। तापमान में गिरावट देखने को मिल रही है। शीतलहर चलने से ठंड बढ़ गई है। शनिवार को सुबह के समय कोहरा बारिश की तरह बरसा, लोग धूप के लिए तरस गए। शाम करीब चार बजे धूप निकली, मगर ठंड से राहत नहीं मिली। लोग गर्म कपड़े पहनकर अपने घरों से बाहर निकले। जबकि बच्चे और बुजुर्ग घरों में कैद रहे। नगीना स्थित कृषि वैद्यशाला के प्रेषक सतीश कुमार का कहना है कि शीतलहर चलने से अभी ठंड बढ़ेगी। मौसम खराब होने की संभावना है। अगले एक सप्ताह तक कोहरा भी छाया रहेगा।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें