11:04 AM, 29-Mar-2023
Meerut News Live: पैन को आधार से लिंक कराने की तारीख बढ़ी, गैर इरादतन हत्या में दोषियों को 10-10 साल की सजा
एक अप्रैल से शुरू नए वित्तीय वर्ष में आपको प्रभावित करने वाले कई बदलाव होने जा रहे हैं, जिनके लिए सभी को तैयार रहना होगा। शेयर बाजार, आयकर, निवेश, बीमा सहित कुछ अन्य सेवाओं के लिए नियम बदल रहे हैं।
सराफा कारोबारी अब हॉलमार्क अल्फान्यूमेरिक यूनीक आईडेंटिफिकेशन (एचयूआईडी) अंकित आभूषणों की ही बिक्री करेंगे। बीएस-6 मानकों के साथ वाहन महंगे मिलेंगे। हालांकि पैन कार्ड को आधार लिंक कराने के लिए अब 31 मार्च की जगह 30 जून तक का समय मिलने से राहत भी मिली है।
दिव्यांगों के लिए अनिवार्य यूडीआईडी
दिव्यांगों के लिए सरकार की ओर से 17 योजनाएं चलाई जा रही हैं। योजनाओं का लाभ लेेने को दिव्यांगों के लिए यूडीआईडी (यूनीक डिसएबिलिटी आईडी) अनिवार्य कर दिया गया है। जिन लोगों के पास यूडीआईडी नहीं है, उन्हें दिव्यांगता प्रमाण पत्र के साथ यूडीआईडी नामांकन संख्या देनी होगी।
उच्च प्रीमियम बीमा पर लगेगा कर
बजट 2023 की घोषणा के तहत बीमा का सालाना प्रीमियर पांच लाख से ज्यादा है तो उससे होने वाली कमाई पर टैक्स लगेगा। इक्विटी में कम निवेश करने वाले डेट म्यूचुअल फंड को लांग टर्म टैक्स का लाभ नहीं दिया जाएगा। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ने एक अप्रैल से नकद इक्विटी और फ्यूचर एंड ऑप्शंस सेगमेंट में लेनदेन शुल्क में छह प्रतिशत की वृद्धि को वापस लेने का निर्णय लिया गया है।
एलपीजी के दामों में होगा संशोधन
पहली तारीख को पेट्रोलियम कंपनियां तेल और गैस के दामों में संशोधन करती हैं। एक अप्रैल से एलपीजी, सीएनजी, पीएनजी के दामों में फेरबदल किया जाएगा।
वाहन की बढ़ी लागत का बोझ खरीदारों पर
बीएस-6 के दूसरे फेज के साथ वाहनों को बनाने की लागत बढ़ गई है। अगर एक अप्रैल के बाद गाड़ी खरीदने की प्लानिंग कर रहे हैं तो आपकी जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा।
पुराने हॉलमार्क वाले आभूषणों की नहीं होगी बिक्री
अब से सोने के उन्हीं आभूषणों की बिक्री होगी, जिन पर एचयूआईडी के छह अंकों की संख्या अंकित होगी। पुराने हॉलमार्क वाले आभूषणों की बिक्री दुकानदार नहीं कर पाएंगे। इसके साथ ही गोल्ड कन्वर्जन पर कैपिटल गेन टैक्स नहीं लगेगा।