फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Meerut News Live: मेरठ में युवक की गोली मारकर हत्या, बागपत में युवक ने मां को उतारा मौत के घाट

Sat, 04 Feb 2023 07:36 PM IST
Dimple Sirohi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ

खास बातें

मेरठ विकास प्राधिकरण को अब एमडीए नहीं मेडा कहा जाएगा। जल्द ही इसका लोगों भी बदला हुआ नजर आएगा। पढ़ें मेरठ और आसपास के जिलों की ताजा खबरें।
विज्ञापन
जांच करती पुलिस। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

07:21 PM, 04-Feb-2023

वकीलों की अनावश्यक हड़ताल पर लग सकता है विराम

मुजफ्फरनगर में डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन ने अदालतों में अनावश्यक हड़ताल पर विराम लगाने की पहल की है। कार्यकारिणी ने इस प्रस्ताव पर आम सभा के सदस्यों ने गुप्त मतदान कराने का निर्णय लिया है। गुप्त मतदान के लिए वरिष्ठ अधिवक्ताओं की चार सदस्यीय कमेटी गठित की गई।

शनिवार को फैंथम हॉल में कार्यकारिणी की बैठक आयोजित की गई। अध्यक्ष अनिल जिंदल और महासचिव जितेंद्र कुमार ने बताया कि बार काउंसिल ऑफ इंडिया, बार काउंसिंल उत्तर प्रदेश एवं सर्वोच्च और उच्च न्यायालय के निर्देशों एवं नवीनतम न्यायिक निर्णयों के अनुपालन में अनावश्यक हड़ताल नहीं किए जाने पर विचार किया गया। शोक सभा के समय को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। वर्तमान में अधिवक्ता साथियों के निधन पर सुबह 10.30 पर शोक सभा के बाद न्यायिक कार्यों से विरत रहने का निर्णय लिया जाता है। इस प्रक्रिया से न्यायिक कार्य पूर्णतः बाधित होता है और अधिवक्ताओं और वादकारियों को व्यावहारिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। 

उच्च न्यायालय के प्रशासनिक आदेशों में शोक सभा का समय दोपहर बाद 3.30 बजे निर्धारित किया गया है। लंबे विचार विमर्श के बाद मीटिंग में सर्व सम्मति से निर्णय हुआ कि अधिवक्ता अथवा न्यायिक कार्यों से संबंधित महानुभाव के निधन पर जिला बार एसोसिऐशन द्वारा दोपहर 2.30 बजे शोक सभा का समय निश्चित किया जाए और उसके बाद पूर्ण कार्यबंदी रखी जाए। 

इस प्रस्ताव को आम सदस्यों द्वारा गुप्त मतदान कराकर अनुमोदन कराने का फैसला लिया गया। यदि मतदान में प्रस्ताव बहुमत से पारित नहीं होता तो शोक सभा का समय सुबह 10.30 ही रहेगा। कार्यकारिणी ने वरिष्ठ अधिवक्ता नासिर अली, शिव राज त्यागी, श्रीगोपाल माहेश्वरी और उदयवीर पोरिया को नियुक्त किया है। कमेटी फरवरी के दूसरे सप्ताह में तारीख तय कर गुप्त मतदान संपन्न कराना सुनिश्वित करेगी।

07:03 PM, 04-Feb-2023

मेरठ में सरूरपुर क्षेत्र के डाहर गांव में 28 वर्षीय संदीप पुत्र मुंशी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक युवक तीन दिन से लापता था। तीन दिन से पीड़ित परिजन पुलिस के पीछे-पीछे घूम रहे थे।

वहीं शनिवार को शव मिलते ही अक्रोशित भीड़ ने मेरठ-करनाल हाईवे पर जाम लगा दिया। हालांकि सूचना पर पहुंचे सीओ बृजेश सिंह ने भीड़ को समझाकर जाम खुलवाया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।

06:06 PM, 04-Feb-2023

बागपत जनपद के तुगाना में एक युवक ने अपनी मां की गर्दन पर चाकू से वार कर हत्या कर दी। आरोपी युवक मानसिक रूप से कमजोर बताया जा रहा है। घटना की जानकारी लगने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

विज्ञापन
05:14 PM, 04-Feb-2023

सड़क हादसे में युवक की मौत, भाई घायल

सहारनपुर के नकुड़ में लाईब्रेरी से पढ़कर अपने गांव जा रहे स्कूटी सवार दो भाइयों को अज्ञात वाहन ने टक्कर मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। दोनों की गंभीर हालत देखते हुए चिकित्सकों ने सीएचसी से पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। वहां उपचार के दौरान एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरे की हालत नाजुक बनी हुई है। युवक की मौत की सूचना पर परिवार में कोहराम मचा है।

जानकारी के अनुसार गांव जुड्डी निवासी दो सगे भाई अक्षय उर्फ नीकू व आशीष पुत्र चरण सिंह नकुड़ स्थित एक लाईब्रेरी में पढ़ने के बाद स्कूटी पर सवार होकर अपने गांव जा रहे थे। नकुड़ शाहजहांपुर मार्ग पर स्थित एक पेट्रोल पंप के पास पहुंचे तो तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने स्कूटी में टक्कर मार दी। इसमें दोनों भाई गंभीर घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पुलिस ने घायलों को सीएचसी पहुंचाया। वहां से चिकित्सकों ने दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजन दोनों को पीजीआई चंडीगढ़ ले गए।

कोतवाल राजेंद्र प्रसाद वशिष्ठ ने बताया कि बड़े भाई अक्षय उर्फ नीकू (21) की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि आशीष की हालत चिंताजनक बनी हुई है। युवक की मौत की सूचना पर परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

05:08 PM, 04-Feb-2023

बॉक्सिंग में हर्षिका राणा ने कांस्य पदक जीता 

सहारनपुर जनपद के बड़गांव में शिमलाना एमपीएम इंटर कॉलेज की छात्रा हर्षिका राणा ने 5वें खेलो इंडिया यूथ गेम्स में कांस्य पदक जीतकर प्रदेश व जिले का मान बढ़ाया है। हर्षिका को कॉलेज प्रशासन ने बधाई दी है।

भोपाल के तात्या टोपे स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित 5वें खेलो इंडिया यूथ गेम्स के बॉक्सिंग प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश महिला टीम में 66 किलोग्राम भार वर्ग में एमपीएम इंटर कॉलेज शिमलाना की कक्षा 11 की छात्रा हर्षिका राणा पुत्री विक्रम सिंह ने पंजाब की वार्षिका वर्तिया को स्प्लिट डिसीजन में 4-1 से शानदार बोर्ड का प्रदर्शन करते हुए अपनी बाउट जीतकर कांस्य पदक पर कब्जा किया।

वहीं पदक जीतने पर कॉलेज प्रशासन सहित टीम मैनेजर प्रवेश कुमार, प्रशिक्षक रुखसार बानो, वुमन टीम मैनेजर आर्यन कुमार, प्रशिक्षक अभिषेक कुमार ने हर्षिका राणा को बधाई देकर उसके उज्जवल भविष्य की कामना की है।

विज्ञापन
02:54 PM, 04-Feb-2023

मेरठ में शनिवार दोपहर एनएच 58 पर एक रोडवेज बस ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दो की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिए हैं।

02:38 PM, 04-Feb-2023
ऊर्जा मंत्री सोमेंद्र तोमर - फोटो : अमर उजाला

प्रदेश संगठन महामंत्री की बहन की आरिष्टि में पहुंचे ऊर्जा मंत्री सहित कई जनप्रतिनिधि 

प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह सैनी की बहन आदेश (65) की आरिष्टि कार्यक्रम में कई दिग्गजों ने पहुंच कर पुष्पांजलि अर्पित कीI क्षेत्र के गांव हाजीपुर में प्रदेश के संगठन महामंत्री धर्मपाल सैनी की बहन आदेश देवी का 27 जनवरी को निधन हो गया थाI शनिवार को गांव में ही तेहरवीं का कार्यक्रम आयोजित हुआ। तेहरवीं कार्यक्रम में ऊर्जा मंत्री सोमेंद्र तोमर, पूर्व सांसद सर्वेश ठाकुर, पूर्व सांसद यशवंत सिंह, पूर्व विधायक विक्रम सैनी, भाजपा जिलाध्यक्ष सुभाष बाल्मीकि आदि ने पुष्पांजलि अर्पित की |

02:33 PM, 04-Feb-2023
उमेश मिश्रा जिलाधिकारी बिजनौर - फोटो : अमर उजाला

बिजनौर में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित तहसील समाधान दिवस में सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता के गैरहाजिर रहने पर जिलाधिकारी जमकर बिफरे। उन्होंने अधिशासी अभियंता का तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण मांगते हुए 1 दिन के वेतन काटने की भी चेतावनी दी।

दरअसल, तहसील समाधान दिवस में सिंचाई विभाग परिसर मे गिराऊ हालत में खड़े यूकेलिप्टस के पेड़ों को जनहित में अभी तक ना कटवाए जाने तथा नहर में व्याप्त गंदगी की सफाई न किए जाने की हुई शिकायत के बाद जब जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता को याद किया तो वह गैरहाजिर मिले। उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता को ना केवल मोबाइल पर जमकर हड़काया बल्कि तत्काल पेड़ों की नीलामी कराकर कटवाने तथा नहर की सफाई कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने नगर पालिका के सफाई निरीक्षक को भी इस माह के भीतर कूड़ा निस्तारण प्लांट को चालू कराने के कड़े निर्देश दिए उन्होंने कहा कि यदि एक माह के भीतर कूड़ा निस्तारण केंद्र चालू नहीं हुआ तो पालिका से रिकवरी कराई जाएगी। उन्होंने बीडीओ कोतवाली को क्षेत्र में कई नई गौशाला बनवाने तथा चयनित चार गौशालाओं का काम शीघ्र पूरा करने के कड़े निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता को भी कावड़ मार्ग तुरंत दुरुस्त करने के निर्देश दिए। इस मौके पर उप जिला अधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह, पुलिस क्षेत्राधिकारी संग्राम सिंह सहित सभी विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

02:11 PM, 04-Feb-2023

नकली प्रोटीन बनाने के तीन आरोपी जेल भेजे

मेरठ के लिसाड़ीगेट पुलिस ने नकली प्रोटीन बनाने के मामले में तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया। उन्हें जेल भेज दिया गया। बृहस्पतिवार को पुलिस टीम ने इस्लामाबाद स्थित रहमतपुरा निवासी वजाहत राणा के मकान पर दबिश देकर नामचीन कंपनी के नाम पर नकली फूड सप्लीमेंट और प्रोटीन बनाने की फैक्टरी का खुलासा किया था। पुलिस ने इशान और श्यामनगर निवासी अयान राणा को भी गिरफ्तार किया था। अयान ने नकली प्रोटीन बेचने वाले कई अन्य दुकानदारों के नाम उजगार किए हैं। पुलिस का कहना है कि अयान को रिमांड पर लेकर अन्य जगहों पर जांच कराई जाएगी।

वजाहत राणा ने बताया कि तीन साल से नकली प्रोटीन तैयार कर रहे थे। पुलिस को देखकर कुछ साथी फरार हो गए थे। वहीं, आरोपी अयान राणा ने बताया कि शहर की अधिकतर दुकानों पर माल सप्लाई होता रहा है। सीओ अमित कुमार राय  ने बताया कि फरार साथियों की तलाश जारी है। 

02:08 PM, 04-Feb-2023
बच्चे की बरमदगी की मांग करते परिजन - फोटो : अमर उजाला

घर से कोंचिग करने गया छात्र लापता,परिजनों ने अपहरण की जताई आशंका

बड़ौत में घर से शुक्रवार को ट्यूशन पढ़ने के लिए गया कक्षा 9  का छात्र संदिग्ध परिस्थिति में लापता हो गया, लेकिन काफी तलाश के जाने के बाद भी छात्र का कहीं पता नहीं चल सका शनिवार को परिजनों ने अपहरण की आंशका जताते हुए छात्र की बरामदगी की मांग की। 

लोगों ने बताया कि नगर की नई बस्ती निवासी राशिद मलिक का बेटा हारून (14) नगर के एक स्कूल में कक्षा 9 का छात्र है। बताया कि वह शुक्रवार  की दोपहर करीब ढाई बजे नई बस्ती अपने घर से ट्यूशन पढ़ने के लिए बड़का रोड पर गया था। लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने सभी जगह तलाश किया, लेकिन कुछ भी पता नहीं चल सका।
शनिवार को लापता छात्र के परिजनों व मोहल्ले वासियों ने हाथ की बरामदगी की मांग की। उधर इंस्पेक्टर एनएस सिरोही ने बताया कि इस मामले में लापता छात्र के पिता राशिद ने तहरीर दी थी, जिसके आधार पर एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।  

02:04 PM, 04-Feb-2023
आदित्य कुमार - फोटो : अमर उजाला

दिल्ली राज्य तीरंदाजी संघ की ओर से 27 जनवरी से  एक फरवरी 2023 तक दिल्ली में संपन्न हुई राज्यस्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में बिजनौर के धामपुर क्षेत्र के ग्राम ठाट जट के आदित्य कुमार पुत्र मास्टर गजेंद्र कुमार ने कांस्य पदक जीतकर गांव व जिले का नाम रोशन किया। आदित्य कुमार जवाहरलाल नेहरु स्टेडियम दिल्ली राज्य से एक उत्कृष्ट खिलाडी होने के साथ-साथ एस पी कॉलेज चांदपुर से परास्नातक के छात्र हैं।

शुक्रवार शाम घर लौटने पर ग्रामीण व परिजनों ने आदित्य कुमार का हर्षोल्लास के साथ स्वागत किया। आदित्य ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने चाचा  अनिल कुमार राणा को दिया। जिनके सफल प्रयास से आज वह तीरंदाजी के क्षेत्र में एक शानदार खिलाड़ी हैं। आदित्य का सपना ओलंपिक में पदक जीतकर गांव, जिले व देश का नाम बढ़ाना है। उन्होंने तीरंदाजी का प्रशिक्षण, कोच ओलंपियन सत्यदेव प्रसाद से प्राप्त किया।

01:03 PM, 04-Feb-2023

बदर अली सहित 12 लोगों पर जानलेवा हमले का केस दर्ज

मेरठ में सपा नेता बदर अली, उनके भाई शादाब सहित 12 लोगों पर जानलेवा हमले, बलवा और जान से मारने की धमकी की धारा में देहलीगेट थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। शादाब और पीड़ित शमीम का देहलीगेट पुलिस ने दो दिन पहले शांति भंग में चालान किया था। पीड़ित ने एसएसपी से शिकायत की, तब रिपोर्ट दर्ज कराई गई।

दिल्ली रोड स्थित फैज-ए-आम इंटर कॉलेज परिसर में सपा नेता बदर अली 31 जनवरी को कुछ लोगों के साथ बैठक कर रहे थे। जानकारी पर ईरा गार्डन निवासी शमीम वहां पर पहुंचे और बैठक को नियमों के विपरीत बताकर वीडियो बनाने लगे। इस पर बदर अली, उनके भाई सहित अन्य लोगों ने शमीम को पीट दिया। बाद में पुलिस ने शादाब और शमीम का शांति भंग में चालान कर दिया था। शुक्रवार को शमीम एसएसपी ऑफिस पहुंचे और घटना के बारे में बताया। शमीम और बदर युवा सेवा समिति में थे। 

अब बदर, उनके भाई शादाब, साथी दानिश सैफी, शमशाद, वकार, दानिश, साजिद, इरशाद, मीजान, सलमान कुरैशी, वसीम अलवी और मुदस्सिर चौहान के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि अब पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई करेगी। इसमें यह भी देखा जा रहा है कि पहले से चल रही दोनों पक्षों की तनातनी के कारण तो यह मामला नहीं हुआ है। 

01:03 PM, 04-Feb-2023

पलायन कर गए परिवार की घर वापसी कराई
मेरठ के फलावदा में राशन विक्रेता के भ्रष्टाचार का विरोध करने पर परिवार को जान से मार देने की धमकी से डरे मोहित तोमर ने कस्बा छोड़ दिया था। शुक्रवार को कुछ समाजसेवियों ने मोहित की घर वापसी कराई। भ्रष्टाचार का विरोध करने पर कस्बा निवासी मोहित तोमर को लगातार हत्या की धमकी मिल रही थी। इससे परेशान होकर मोहित परिवार सहित कस्बे से पलायन कर गया था। मोहित ने बताया कि राशन डीलर तथा कस्बे के दबंग लोग लगातार धमकी दे रहे थे। उसने अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन किसी ने संज्ञान नहीं लिया। समाजसेवी सैयद ईसा ने बताया कि घर छोड़कर देहरादून में मजदूरी के लिए भटक रहे मोहित की घर वापसी कराई गई है। दबंगों के खिलाफ अधिकारियों से मिलकर कार्रवाई कराई जाएगी। 

पुलिस ने तीन तलाक का आरोपी पकड़ा
लिसाड़ीगेट पुलिस ने तीन तलाक और दहेज उत्पीड़न के मामले में वांछित लक्खीपुरा निवासी इस्माइल को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ पत्नी नूरजहां ने केस दर्ज कराया था। शुक्रवार को पुलिस ने न्यायालय में उसे पेश किया। यहां से उसे जेल भेज दिया है।  

12:59 PM, 04-Feb-2023

घर में घुसकर अधिवक्ता के पुत्र को पीटा

मेरठ के सिविल लाइन क्षेत्र के मोहनपुरी में लेनदेन के विवाद में एक अधिवक्ता के बेटे को तीन युवकों ने घर में घुसकर पीट दिया। वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। बाद में पुलिस ने एक किशोर को हिरासत में ले लिया। बाद में पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों में समझौता हो गया। फूलबाग कॉलोनी निवासी किशोर ने बताया कि अधिवक्ता के बेटे पर उनके कुछ रुपये थे। शुक्रवार दोपहर फोन पर रुपये लौटाने की बात कही गई थी। आरोप था कि अधिवक्ता के बेटे ने अभद्रता की और दो साथियों के साथ उनके घर पहुंचा। इसके बाद मारपीट की गई। इस मामले में कई अधिवक्ता थाने पहुंचे और हमलावर किशोरों के खिलाफ तहरीर देने लगे। दूसरा पक्ष भी थाने पहुंच गया। काफी गहमागहमी के बाद दोनों पक्षों में समझौता हो गया। 

बाइक सवार बदमाशों ने होटलकर्मी से मोबाइल लूटा
लिसाड़ीगेट के श्यामनगर में पैदल जा रहे आमिर से बाइक सवार बदमाश मोबाइल लूटकर फरार हो गए। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी। पीड़ित मूल रूप से बंगाल का रहने वाला है। वह श्यामनगर में होटल पर नौकरी करता है। लिसाड़ीगेट थाना प्रभारी कुलदीप सिंह का कहना है कि लूट का केस दर्ज किया जा रहा है। बदमाशों की तलाश की जा रही है।  

पिता से विवाद के बाद युवक ने मकान में आग लगाई
लिसाड़ीगेट के श्यामनगर निवासी आस मोहम्मद परिवार सहित किराये के मकान में रहता है। इन दिनों उसका बेटे जुनैद के साथ विवाद चल रहा है। पुलिस के मुताबिक बाप-बेटे में शुक्रवार दोपहर फिर से कहासुनी हुई। इसके बाद जुनैद ने मकान में आग लगा दी। इससे अफरातफरी मच गई। बाद में दमकल की टीम ने आग को बुझाया। आग से हजारों रुपये का नुकसान बताया जा रहा है। थाना प्रभारी कुलदीप के मुताबिक पिता-पुत्र में विवाद के बाद यह घटना हुई है। जांच कराई जा रही है।  

12:22 PM, 04-Feb-2023

बढ़ गया प्रदूषण का स्तर तापमान में मामूली गिरावट

मौसम में बदलाव के चलते दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। जबकि, प्रदूषण का स्तर बढ़कर 200 के पार पहुंच गया है।  शनिवार को सुबह के समय कोहरा दिखेगा। दिन में हवा की गति थोड़ी कम रहेगी। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में फरवरी की शुरुआत में मौसम में काफी बदलाव देखने को मिल रहा है। दिन में निकल रही धूप के चलते मौसम बदल रहा है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 22.6 डिग्री व न्यूनतम तापमान 10.3 डिग्री दर्ज किया गया। 

दिनभर तेज धूप निकली। लोगों ने ठंड से राहत महसूस की। सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि विवि के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही का कहना है कि अगले पांच दिन पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में मौसम शुष्क व साफ रहने का अनुमान है। तराई क्षेत्र में आने वाले जिलों में सुबह कोहरा छाए रहने व दिन में धूप खिली रहने की संभावना है।

एयर क्वालिटी इंडेक्स में हुई बढ़ोतरी 
शहर में हवा की गति कम होते ही एयर क्वालिटी इंडेक्स में भी बढ़ोतरी दर्ज होने लगी है। शुक्रवार को शहर का एक्यूआई स्तर 206 दर्ज किया गया। जबकि, पल्लवपुरम में सबसे अधिक 225 दर्ज किया गया। जयभीनगर में 190, गंगानगर में 187 दर्ज किया गया। पिछले तीन-चार दिन से कम चल रहा एयर क्वालिटी इंडेक्स शुक्रवार को फिर से बढ़ गया।

11:16 AM, 04-Feb-2023

लिसाड़ी गेट के नासिर सैफी के मोबाइल से खुल सकती चाइल्ड पोर्नोग्राफी सामग्री की पोल

सीबीआई ने बाल यौन शोषण से जुड़ी सामग्री को ऑनलाइन प्रसारित करने को लेकर मेरठ के लिसाड़ी गेट  क्षेत्र में रहने वाले एक शख्स के खिलाफ कार्रवाई हुई है। अधिकारियों ने कहा कि इंटरपोल के माध्यम से तुर्की से प्राप्त जानकारी के आधार पर यह कार्रवाई की गई है।

आरोपी की पहचान मेरठ के लिसाड़ीगेट निवासी निसार के रूप में हुई है। बताया गया कि वह कथित तौर पर टेक्स्ट के रूप में और डिजिटल इमेज बनाने के लिए व्हाट्सएप का उपयोग कर रहा था। इसके माध्यम से ही उसने बाल यौन शोषण सामग्री का प्रसार किया। बताया गया कि सीबीआई को तुर्की से उसकी गतिविधियों के बारे में जानकारी लगी।  

मेरठ के लिसाडीगेट थानाक्षेत्र के नासिर सैफी के मोबाइल से चाइल्ड पोर्नोग्राफी सामग्री की ऑनलाइन बिक्री की पोल खुल सकती है। सीबीआई की टीम नासिर के मोबाइल को लेकर चली गई है। आरोप है कि मोबाइल में काफी डाटा था। जिसको डिलीट कर दिया गया। डाटा को रिकवर कराने के लिए टीम लगी हुई है।

याकूब कुरैशी की वीडियो कांफ्रेंसिंग से हुई पेशी
सोनभद्र जेल में बंद पूर्व मंत्री याकूब कुरैशी की शुक्रवार दोपहर वीडियो कांफ्रेंसिंग से पेशी करा गई, जिसके बाद याकूब को कार्टूनिस्ट प्रकरण में आरोपी बनाया गया है। अब विवेचक सोनभद्र जेल में जाकर बयान दर्ज करेंगे। पुलिस का कहना है कि कार्टूनिस्ट के मामले में आरोपी के खिलाफ चार्जशीट लगाने के लिए शासन से अनुमति लेने के लिए लखनऊ केस डायरी भेज दी है।
2006 में मोहम्मद पैगंबर पर कार्टून बनाने पर डेनमार्क कार्टूनिस्ट का सिर कलम करने वाले को 51 लाख की घोषणा करने पर याकूब कुरैशी के खिलाफ प्रदेश में तीन मुकदमे दर्ज हुए थे। एक मुकदमा दौराला थाने में था। घटनास्थल दिल्ली रोड स्थित फैज-ए-आम था, जिसके चलते यह मुकदमा देहलीगेट थाने में ट्रांसफर हो गया था। 
इससे पहले पुलिस कार्टूनिस्ट प्रकरण में याकूब कुरैशी के खिलाफ चार्जशीट दाखिल करती कि इस मामले की केस डायरी की गायब हो गई। याकूब कुरैशी के खिलाफ अवैध तरीके से मीट फैक्टरी चलाने का मुकदमा दर्ज हुआ तो पुलिस को कार्टूनिस्ट प्रकरण के मुकदमे की याद आई। 
तत्कालीन एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने दोबारा से कार्टूनिस्ट प्रकरण में चार्जशीट लगाने के लिए देहलीगेट पुलिस से दोबारा केस डायरी तैयार कराई। इंस्पेक्टर देहलीगेट ऋषिपाल सिंह और विवेचक गजेंद्र सिंह ने पुराना रिकॉर्ड खंगालकर केस डायरी तैयार की। याकूब का बी-वारंट भी कोर्ट से लिया गया था। 
शुक्रवार को कार्टूनिस्ट प्रकरण में सोनभद्र जेल में बंद याकूब कुरैशी की मेरठ कचहरी स्थित एसीजेएम-1 की कोर्ट में वीडियो कांफ्रेसिंग हुई। जिसके बाद कार्टूनिस्ट प्रकरण में कोर्ट ने याकूब को आरोपी बना लिया। सीओ कोतवाली अमित कुमार राय का कहना कि चार्जशीट भी जल्द दाखिल करेंगे। अब याकूब का जल्दी से जेल से बाहर आने का रास्ता मुश्किल हो गया है।

11:12 AM, 04-Feb-2023

भूपेंद्र, सुशील सहित 12 अपराधियों पर की जाएगी गैंगस्टर की कार्रवाई
कुख्यात भूपेंद्र बाफर, सुशील फौजी, विनय त्यागी, सारिक और सलमान सहित 12 अपराधियों पर गैंगस्टर का मुकदमा दर्ज करने की तैयारी पुलिस ने कर ली है। पुलिस ने इन अपराधियों का रिकॉर्ड खंगाला है। पुलिस के मुताबिक इन अपराधियों ने अवैध रूप से करोड़ों रुपये की संपत्ति अर्जित की है। जेल में रहने के बावजूद कौन से अपराधी गैंग चला रहे हैं, इनकी जानकारी जुटाई जा रही है।

आईजी रेंज प्रवीण कुमार ने दो दिन पहले ही एसएसपी रोहित सिंह सजवाण के साथ बैठक कर अपराधियों की संपत्ति जब्त करने के निर्देश दिए थे। उसके बाद एसएसपी ने कुख्यात भूपेंद्र बाफर, सुशील फौजी, विनय त्यागी, सारिक और सलमान सहित 12 अपराधियों की सूची बनाई है। इसमें विनय त्यागी को छोड़कर अन्य सभी आरोपी जेल में बंद हैं।

अपराधियों की संपत्ति का रिकॉर्ड खंगालने में जानी, रोहटा, कोतवाली और मेडिकल पुलिस को लगाया गया है। एसएसपी रोहित सिंह सजवाण का कहना कि कुख्यात अपराधियों पर शिकंजा कसा जा रहा है। इनके आपराधिक रिकार्ड खंगाले गए हैं। जेल से भी जानकारियां जुटाई गई हैं।

09:51 AM, 04-Feb-2023

Meerut News Live: मेरठ में युवक की गोली मारकर हत्या, बागपत में युवक ने मां को उतारा मौत के घाट

मेरठ विकास प्राधिकरण को अब एमडीए नहीं मेडा कहा जाएगा। यही नहीं प्राधिकरण का लोगो भी बदलेगा। उपाध्यक्ष ने मेडा नाम का प्रस्ताव और प्राधिकरण का नया लोगो मंडलायुक्त से पास भेज दिया है। मंडलायुक्त की स्वीकृति मिलते ही प्राधिकरण के सभी साइन बोर्ड बदल दिए जाएंगे।

अधिकारियों के अनुसार मेरठ विकास प्राधिकरण को संक्षेप में एमडीए बोलते हैं। यह शब्द लोगों की जुबान पर नहीं चढ़ पाता है, इसलिए बड़ा अटपटा उच्चारण होता है। जिसके चलते उपाध्यक्ष ने तय किया है कि मेरठ के अंग्रेजी शब्द एम के साथ ई जोड़ दिया जाए। ई को जोड़ने से उच्चारण मेडा हो जाएगा, जो लोगों की जुबान पर आसानी से चढ़ेगा। चूंकि रैपिड ट्रेन का संचालन होने से दिल्ली और नोएडा की दूरी कम हो जाएगी, इसलिए नोएडा की तर्ज पर एमडीए का नाम मेडा करना उचित होगा। उपाध्यक्ष के निर्देश पर टाउन प्लानर ने प्राधिकरण का नया आकर्षिक लोगो बनवाने के आदेश किए। उपाध्यक्ष के आदेश पर टाउन प्लानर से मेडा का नया लोगो बनवा लिया है। बुधवार को नया लोगो बनकर आया, जिसे उपाध्यक्ष ने स्वीकृति दे दी। बृहस्पतिवार को नया लोगो मंडलायुक्त से पास भेज दिया गया। एमडीए उपाध्यक्ष अभिषेक पांडेय ने बताया कि मेडा शब्द लोगों की जुबान पर आसानी से चढ़ेगा, इसलिए बदलाव किया जा रहा है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें