09:29 AM, 07-Mar-2023
11 मार्च से चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में किया जाएगा आयोजन, आएंगे उपराष्ट्रपति-मुख्यमंत्री
मेरठ के चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के नेताजी सुभाष चंद्र बोस प्रेक्षाग्रह में 11 मार्च से होने वाले तीन दिवसीय आयुर्वेद पर्व (महासम्मेलन) में देशभर के 300 से ज्यादा आयुर्वेदाचार्य जुटेंगे। इसका उद्घाटन करने के लिए देश के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आएंगे।
जिले के 8 कॉलेजों के यूजी और पीजी के 1200 से अधिक छात्र-छात्राएं भी इसमें शामिल होंगे। 13 मार्च को समापन कार्यक्रम में केंद्रीय आयुष मंत्री सर्बानंद सोनोवाल आएंगे। इसमें शामिल होने वाली 50 आयुर्वेदिक कंपनियों को पुरस्कृत भी किया जाएगा। प्रदेश महामंत्री डॉ. ब्रजभूषण शर्मा ने बताया कि आयुष मंत्रालय की तरफ से देशभर में हर साल पांच आयोजन होते हैं, यह चौथा आयोजन मेरठ में हो रहा है। महासम्मेलन में शनिवार को विशिष्ठ अतिथि पद्मश्री वैद्य राजेश कोटेजा रहेंगे, जो आयुष मंत्रालय में सचिव हैं। वैद्य मनोज नेसरी रहेंगे, जो आयुष मंत्रालय में सलाहकार हैं।
महायोगी गुरु गोरखनाथ आयुष विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर अखिलेश कुमार सिंह, राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री राजवैद्य देवेंद्र त्रिगुणा रहेंगे, जो पद्मश्री और पद्मभूषण हैं। राजस्थान की आयुर्वेद यूनिवर्सिटी जयपुर के वाइस चांसलर प्रोफेसर प्रदीप प्रजापति, गुजरात आयुर्वेद युनिवर्सिटी जाम नगर के वाइस चांसलर मुकुल पटेल, बीएचयू के प्रोफेसर मनोरंजन साहू भी सम्मेलन में शामिल होंगे। इस दौरान वैज्ञानिक गोष्ठियां होंगी। विशेषज्ञ छात्र-छात्राओं के सवालों के जवाब देंगे। दूसरे दिन रविवार को इसका उद्घाटन प्रदेश सरकार के आयुष मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर प्रसाद दयालु करेंगे। विशिष्ट अतिथि आयुर्वेद यूनिवर्सिटी उत्तराखंड के वाइस चांसलर सुनील जोशी रहेंगे। इनके अलावा शाल्य तंत्र विशेषज्ञ प्रोफेसर बीआर त्रिपाठी और यूनानी विशेषज्ञ डॉ. मुनीर अजमत दिल्ली से आएंगे। सोमवार को वैज्ञानिक सत्र होगा, जिसमें नादियाद आयुर्वेद विश्वविद्यालय गुजरात के प्रोफेसर एसएन गुप्ता, अखिल भारतीय आयुर्वेद शिक्षण संस्थान के डीन प्रोफेसर महेश व्यास आएंगे। इनके अलावा रुड़की से यूनानी विशेषज्ञ डॉ. मति उल्ला आएंगे। शाल्य तंत्र विशेषज्ञ आग से चिकित्सा करेंगे। गर्दन, घुटनों आदि बीमारियों का तुरंत इलाज करके दिखाएंगे।