फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Meerut News Live: पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव एक को आएंगे मेरठ, बिजनौर में कार व बाइक की भिड़ंत, एक की मौत

Wed, 22 Feb 2023 05:29 PM IST
Dimple Sirohi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ

खास बातें

पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव एक मार्च को मेरठ आएंगे। यहां वह शहर विधायक रफीक अंसारी की बेटी की शादी में शिरकत करेंगे। बिजनौर में आज दोपहर हुए हादसे में एक युवक की मौत हो गई। पढ़ें अन्य जिलों की ताजा खबरें।
विज्ञापन
अखिलेश यादव - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

05:18 PM, 22-Feb-2023

मुजफ्फरनगर में फिर गरमाया मामला: ब्लॉक प्रमुख पाल्लो देवी के कार्यालय का ताला तोड़ा, नेम प्लेट भी उखाड़ी

मुजफ्फरनगर जनपद में बुढ़ाना की ब्लॉक प्रमुख पाल्लो देवी के वित्तीय अधिकार सीज होने के बाद मामला फिर गरमा गया है। आरोप है कि भाजपा के कुछ कार्यकर्ताओं ने बुधवार को उनके कार्यालय का ताला तोड़ दिया और नेम प्लेट भी उखाड़ दी।

05:17 PM, 22-Feb-2023

सैय्यद शहजादी बोलीं- दाढ़ी कटवाने पर निष्कासन की शिकायत मिलने पर करेंगे कार्रवाई

बागपत में राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग की सदस्य कुमारी सैय्यद शहजादी ने कहा कि दारुल उलूम देवबंद के छात्रों के दाढ़ी कटवाने पर निष्कासन करने के फैसले के बारे में पता चला है। इस मामले में हम सीधे तौर पर कुछ नहीं कह सकते, लेकिन किसी को निष्कासित करने की शिकायत मिलने पर जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। 

03:52 PM, 22-Feb-2023

एलआईसी के विकास अधिकारी का एटीएम बदलकर एक लाख 70 हजार निकाले

बागपत जनपद में एलआईसी के विकास अधिकारी का एटीएम कार्ड बदलकर एक युवक ने 70 हजार रुपये निकाल लिए। जिसमें पीड़ित ने कोतवाली में शिकायत कर कार्रवाई की मांग की। 

बड़ौत के रहने वाले अर्जुन कुमार पुत्र विजयपाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह एलआईसी में विकास अधिकारी पद पर तैनात है। दो दिन पहले वह बागपत के कैनरा बैंक के अंतिम में नकदी निकालने के लिए गया था। तभी एटीएम से रुपये नही निकाले जाने के कारण वहां खड़े एक युवक ने रुपये निकालने की बात कही और उसका एटीएम बदल दिया। जिसके बाद उसके बैंक खाते से 70 हजार रुपये निकाल लिए। इसके अलावा एक लाख रुपये ट्रांसफर कराए। फोन पर मैसेज आने पर उसे रुपये निकालने की जानकारी हुई। इस मामले में कोतवाली प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जिसकी जांच शुरू कर दी गयी है और जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

विज्ञापन
03:44 PM, 22-Feb-2023

गन्ने के खेत में सो गया मासूम, अपहरण का मच गया शोर

मुजफ्फरनगर जनपद के जानसठ क्षेत्र के राजपुर कलां गांव के जंगल में मासूम खेलते-खेलते गन्ने के खेत में सो गया। परिजनों ने तलाश की तो मासूम नहीं मिला। इस दौरान उसके अपहरण का शोर मच गया। ग्रामीणों ने एकत्र होकर तलाश की तो वह गन्ने के खेत में सोते हुए मिल गया, जिससे परिजनों ने राहत की सांस ली।

राजपुर कलां गांव में  किसान के यहां सोनभद्र निवासी गुल्लू और उसकी पत्नी गन्ना छिलाई का कार्य करते हैं। उनका चार वर्षीय पुत्र अक्षित खेलते-खेलते गन्ने की पुली और पत्ती के बीच जाकर लेट गया। कुछ देर बाद बच्चा दिखाई नहीं दिया, तो परिजन उसे तलाश करने लगे। इस दौरान बच्चे के अपहरण का शोर मच गया। करीब आधे घंटे बाद मासूम गन्ने की पुली के बीच में लेटा मिला। इस दौरान पुलिस भी तलाश करते हुए पहुंच गई। बच्चे के सकुशल बरामद होने पर परिजनों और पुलिस ने राहत की सांस ली। 

02:52 PM, 22-Feb-2023
क्षतिग्रस्त कार - फोटो : अमर उजाला

नजीबाबाद-पूर्वी गंग नहर पर कार-बाइक की भिड़ंत, एक की मौत

बिजनौर जनपद के नजीबाबाद में पूर्वी गंग नहर पर बाइक और कार की भिड़ंत हो गई, जिसमें बाइक सवार व्यक्ति की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। नजीबाबाद की पूर्वी गंग नहर पर हरिद्वार दिशा से चांदपुर के गांव हदपुर निवासी रजनी शर्मा अपने परिवार के साथ कार से नजीबाबाद की ओर आ रहे थे। गुलालवाली के पास पहुंचने पर उनकी कार की भिड़ंत नजीबाबाद दिशा से जा रही एक बाइक से हो गई।
 
हादसे में मंडावली के गांव जटपुरा बोंडा निवासी बाइक सवार टीकम सिंह (45) पुत्र कलवा सिंह की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिजनौर भेज दिया। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है, कार चालक पुलिस की हिरासत में है।

विज्ञापन
02:35 PM, 22-Feb-2023

मनचले से परेशान छात्रा ने परीक्षा छोड़ी

मेरठ के जानी थाना क्षेत्र के एक गांव की छात्रा ने मनचले से परेशान होकर 10वीं की परीक्षा छोड़ दी। यही नहीं मनचले ने जब छात्रा को घर से उठाने की धमकी दी तो परिजनों ने अन्य गांव में रहना शुरू कर दिया। मंगलवार को छात्रा परिजनों के साथ एसएसपी रोहित सिंह सजवाण के पास पहुंची और शिकायत देकर मनचले के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई।

छात्रा की मां ने बताया कि उनकी बेटी कक्षा 10वीं में पढ़ती है। 27 जनवरी को वह घर में अकेली थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला एक युवक उनके घर में घुस आया था और बेटी के साथ दुष्कर्म करने की कोशिश की थी। उन लोगों ने युवक के खिलाफ जानी थाने में मुकदमा दर्ज करा दिया था। थाना पुलिस ने जब उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की तो वह लोग उन पर मुकदमा वापस लेने के लिए दबाव बनाने लगे। इसके चलते उन्होंने अपना गांव छोड़कर अन्य गांव में रहना शुरू कर दिया। पीड़िता ने बताया कि सोमवार को उनकी बेटी बागपत में परीक्षा देने पहुंची थी। आरोप है कि इसी दौरान तीन नकाबपोश युवक आए और उनकी बेटी को बीच रास्ते में रोक लिया। उन्होंने धमकी दी कि यदि उसने मुकदमा वापस नहीं लिया तो वह उसे परीक्षा केंद्र से ही उठाकर ले जाएंगे। 

इसके बाद दहशत में आई छात्रा घर में कैद हो गई और परीक्षा देने से भी मना कर दिया। पीड़ित परिवार ने थाना पुलिस पर आरोपी से मिलीभगत होने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई नहीं करने की बात कही। एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने एसपी देहात अनिरुद्ध को मामले की जांच देते हुए कार्रवाई कराने के निर्देश दिए है।

01:43 PM, 22-Feb-2023
मेरठ पुलिस - फोटो : अमर उजाला

कंकरखेड़ा पुलिस ने वांछित भूमाफिया को भेजा जेल

कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र में भू माफिया अखिलेश गोयल ने करोड़ों रुपए की सरकारी जमीन बेच दी थी। जिसके बाद लेखपाल की तहरीर पर पुलिस ने सिविल लाइन थाना व कंकरखेड़ा थाने में जांच पड़ताल के बाद मुकदमा दर्ज कर दिया था। पुलिस तभी से आरोपी की तलाश में जुट गई थी। आरोपी पुलिस के हत्थे नहीं चल रहा था।

कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र की सरधना रोड पर सेंट्रल बैंक के नाम से कॉलोनी बनी हुई है। लगभग दो महीने पूर्व लेखपाल महेश पाल ने थाने पर तहरीर देते हुए बताया था कि भू माफिया अखिलेश गोयल पुत्र तीर्थ पाल गोयल निवासी ए-420 डिफेंस एनक्लेव व उसके साथियों ने करोड़ों रुपए की सरकारी जमीन बेच दी है। जिसके बाद एमडीए व नगर निगम की टीम ने मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी थी। जांच पड़ताल के बाद टीम ने सरकारी जमीन बेचने की पुष्टि की थी।

पुलिस ने लगभग 30 लोगों पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दिया था। मुकदमा दर्ज करने के बाद से ही पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई थी। पुलिस ने दो आरोपियों को पूर्व में जेल भेज दिया है।

मंगलवार शाम पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी भू माफिया दिल्ली भागने की तैयारी कर रहा है। जिसके बाद पुलिस ने घेराबंदी शुरू कर दी। पुलिस को देखकर आरोपी ने भागने का प्रयास किया। लेकिन पुलिस ने पीछा कर आरोपी को धर दबोचा। पुलिस आरोपी को पकड़कर थाने ले आई। बुधवार को पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।

12:28 PM, 22-Feb-2023

सहारनपुर में सड़क हादसे में युवक की मौत, साथी घायल

सहारानपुर जनपद में गंगोह कोतवाली क्षेत्र के गांव बन्दाहेड़ी निवासी विशाल (19) पुत्र धर्मेंद्र की गंगोह सहारनपुर मार्ग पर ट्रक की चपेट में आकर मौत हो गई, जबकि उसका साथी विक्की घायल हो गया। दोनों छात्र अग्निवीर की तैयारी के लिए सुबह दौड़ लगा रहे थे। इसी दौरान एक ट्रक ने उन्हें चपेट में लेकर कुचल दिया। हादसे के बाद चालक ट्रक सहित फरार हो गया।

11:14 AM, 22-Feb-2023

ये होंगी बीच रास्ते से वापस
-14511-12 प्रयागराज-सहारनपुर नौचंदी एक्सप्रेस 26 फरवरी से 28 फरवरी तक मेरठ सिटी तक चलेगी। यह ट्रेन सहारनपुर-मेरठ के बीच में रद्द रहेगी।
-14508-07 फाजिल्का-दिल्ली एक्सप्रेस 27 से एक मार्च तक अंबाला तक चलेगी।
-14331-32 दिल्ली-कालका एक्सप्रेस 26 फरवरी से एक मार्च तक बीच रास्ते से वापस होगी।

इनका बदला मार्ग
-12688 चंडीगढ़-मदुरै एक्सप्रेस 24 फरवरी को अंबाला, पानीपत, नई दिल्ली-निजामुद्दीन के रास्ते डायवर्ट किया जाएगा।
-14317 इंदौर-देहरादून एक्सप्रेस 26 फरवरी को शामली, टपरी के रास्ते से चलेगी।
-12903 मुंबई सेंट्रल-अमृतसर गोल्डन टेंपल एक्सप्रेस 26 फरवरी से 27 फरवरी तक निजामुद्दीन, नई दिल्ली, पानीपत, अंबाला के रास्ते होकर चलेगी।
-22460 योग नगरी ऋषिकेश-कोचुवेली एक्सप्रेस 27 फरवरी को अंबाला, पानीपत, नई दिल्ली, निजामुद्दीन के रास्ते चलाया जाएगा।

11:14 AM, 22-Feb-2023

आठ दिन प्रभावित रहेगा 11 ट्रेनों का संचालन

अंबाला मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक विरेंद्र कादयान ने बताया कि पहले चरण में 23 फरवरी से 26 फरवरी तक देवबंद-रुड़की नई लाइन पर प्री-नॉन इंटरलॉकिंग और देवबंद रेलवे स्टेशन पर कॉमन लूप लाइन पर काम किया जाएगा। दूसरा चरण 27 फरवरी से दो मार्च तक देवबंद स्टेशन पर नॉन इंटरलॉकिंग का काम चलेगा। ट्रेनें निरस्त होने, बीच रास्ते से वापस जाने और बदले रास्ते से चलने के कारण यात्रियों की परेशानी बढ़ेगी।

ये ट्रेनें रहेंगी निरस्त
-20412-11 सहारनपुर-दिल्ली सुपरफास्ट एक्सप्रेस 23 फरवरी से दो मार्च तक
-14682-81 जालंधर-नई दिल्ली इंटरसिटी एक्सप्रेस (सुपर) 27 से 28 फरवरी तक
-14522-21 अंबाला-दिल्ली एक्सप्रेस 27 फरवरी से एक मार्च तक
-04460-59  सहारनपुर-दिल्ली 27 फरवरी से 28 फरवरी तक 

11:11 AM, 22-Feb-2023

Meerut News Live: पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव एक को आएंगे मेरठ, बिजनौर में कार व बाइक की भिड़ंत, एक की मौत

पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव एक मार्च को मेरठ आएंगे। यहां वह शहर विधायक रफीक अंसारी की बेटी की शादी में शिरकत करेंगे। शादी बाईपास रोड स्थित एक होटल में होगी। इससे पहले अखिलेश यादव पिछले साल विधानसभा चुनाव की तैयारियों की मद्देनजर रालोद मुखिया चौधरी जयंत सिंह के साथ आए थे। सपा के निवर्तमान जिलाध्यक्ष राजपाल सिंह ने बताया कि मंगलवार को उनकी सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष से मुलाकात हुई थी। उन्होंने एक मार्च को शादी में आने की पुष्टि की। 

दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ-सहारनपुर सेक्शन पर देवबंद-रुड़की नई लाइन और देवबंद स्टेशन पर नॉन इंटरलॉकिंग का काम होगा। इसके लिए रेलवे ने 23 फरवरी से दो मार्च तक ब्लॉक लिया है। जिस वजह से सहारनपुर-दिल्ली सुपरफास्ट, जालंधर इंटरसिटी एक्सप्रेस (सुपर) सहित चार ट्रेनें निरस्त रहेगी। तीन ट्रेनों को बीच रास्ते और चार ट्रेनों को बदले हुए रास्ते से चलाया जाएगा। नौचंदी का भी संचालन 26 से 28 फरवरी तक मेरठ से होगा। यह ट्रेन तीन दिन सहारनपुर नहीं आएगी।

यह भी पढ़ें: WEDDING PHOTOS: मेरठ की बहू बनीं दिव्या काकरान, सचिन संग लिए फेरे, आशीर्वाद देने पहुंचे दिग्गज नेता और बृजभूषण

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें