फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Meerut News Live: बिजनौर में SBI शाखा में आग लगने से कागजात जलकर राख, सहारनपुर में गोकशी पर हंगामा

Sun, 18 Jun 2023 05:08 PM IST
Dimple Sirohi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ

खास बातें

बिजनौर जनपद के चांदपुर में भारतीय स्टेट बैंक की एक शाखा रविवार सुबह अचानक आग लग गई। वहीं सहारनपुर में एक फार्म हाउस में गोकशी का मामला सामने आने पर हंगामा हो गया।
विज्ञापन
बैंक की शाखा में लगी आग - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

05:05 PM, 18-Jun-2023

ई-रिक्शा नहीं हटाने पर सिपाही ने मारा डंडा, चालक हुआ लहूलुहान

शनिवार रात हापुड़ रोड स्थित तिरंगा गेट पर नौचंदी मेले से आने वाले लोगों को ई-रिक्शा चालक बैठा रहे थे। इसके चलते ही सड़क पर जाम की स्थिति बन गई थी। तभी मेले में ड्यूटी कर रहा सिपाही पहुंच गया और चालकों से ई-रिक्शा हटाने के लिए कहा। इस पर चालक आदिल निवासी फतेहउल्लापुर लिसाड़ी गेट से विवाद हो गया।

आरोप है कि सिपाही ने उसके सिर पर डंडा मार दिया, जिससे वह लहूलुहान हो गया। आसपास के अन्य ई-रिक्शा चालक एकत्र हो गए और हंगामा करने लगे। इस पर सिपाही वहां से खिसक गया। विवाद की सूचना पर अन्य पुलिसकर्मी पहुंचे और मामले को शांत किया। पीड़ित ने थाने में शिकायत करने की बात कही है।

02:06 PM, 18-Jun-2023

महिला आर्मी डॉक्टर की कार में लगी आग

मेरठ में टोल प्लाजा पर रविवार को एक कार में अचानक आग लग गई। मौके पर एकत्रित हुए टोल कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया। साथ ही कार सवार महिला आर्मी डॉक्टर व उनके परिवार को सुरक्षित बाहर निकाला। 

रुड़की से आगरा जाते समय टोल प्लाजा की लाइन नंबर 7 में एक गाड़ी पहुंची। अचानक गाड़ी में आग लग गई  मौके पर सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत अग्नि यंत्रों की सहायता से आग पर काबू पा लिया।  कार में बैठी महिला आर्मी  डॉक्टर, उनके पति व बच्चों को कर्मियों ने बाहर निकाला। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया।  

मौके पर पहुंचे सुरक्षा अधिकारी मनिंदर विहान ने देखा तो कार के चारों टायर जाम हो गए थे। उन्होंने कार को टोल से हटाकर साइड में किया। बताया कि इसके बाद आर्मी डॉक्टर व उनके परिवार को ऑफिस में बैठाया। साथ ही शोरूम पर सूचना करके दूसरी गाड़ी मंगवाई। आग लगने के दौरान वहां मौजूद अन्य वाहन चालकों में अफरा तफरी का माहौल उत्पन हो गया।

11:35 AM, 18-Jun-2023

छेड़छाड़ के विरोध पर भाई को पीटा, फायरिंग

मेरठ के लिसाड़ीगेट में शुक्रवार आधी रात मकान के गेट पर खड़ी युवती के साथ बाइक सवार युवकों ने छेड़छाड़ कर दी। युवती के भाई ने विरोध किया तो उसे पीटा गया। आरोपियों ने फायरिंग की और कुछ लोगों को आता देखकर पथराव करते हुए फरार हो गए।

पुलिस के मुताबिक इत्तेफाक नगर में शुक्रवार देर रात घर के दरवाजे पर युवती खड़ी थी। इसी दौरान बाइक पर पहुंचे मनचलों ने उसके साथ छेड़छाड़ कर दी। युवती के भाई ने विरोध किया तो उसे पीटना शुरू कर दिया। बहन और भाई ने शोर मचाया तो आरोपियों ने फायरिंग कर दी। शोरशराबा सुनकर आसपास के लोग पहुंचे। उन्हें आता देखकर आरोपी बाइक छोड़कर फरार हो गए।

बाद में गुस्साई भीड़ ने आरोपियों की बाइक में तोड़फोड़ कर दी और पुलिस को सूचना दी। पुलिस को बताया गया कि कुछ समय पूर्व भी आरोपियों ने युवती के साथ छेड़छाड़ की थी, लेकिन तब आरोपियों ने माफी मांग ली थी। थाना प्रभारी संजय वर्मा का कहना है कि मामले में केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें: Big Boss OTT: ओटीटी प्लेटफार्म पर शुरू हो रहे बिग बॉस में मेरठ की फलक नाज आएंगी नजर

विज्ञापन
11:32 AM, 18-Jun-2023

देवी-देवताओं पर टिप्पणी के विरोध में किया प्रदर्शन

इंस्टाग्राम पर देवी-देवताओं पर अभद्र टिप्पणी के मामले में आरोपी पर कमजोर कार्रवाई करने के विरोध में भाजपा नेताओं ने एसएसपी कार्यालय पर प्रदर्शन किया। भाजपा नेताओं का आरोप था कि आरोपी का दूसरा साथी भी पकड़ा जाना चाहिए। जो आरोपी कमजोर धाराओं में पुलिस ने दो दिन के लिए जेल भेजा था, उस पर भी कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए। 

एसएसपी कार्यालय पहुंचे निपुल चंदेल और विशाल कन्नौजिया ने बताया कि लालकुर्ती घोसी मोहल्ले में रहने वाले अरमान की सुनार की दुकान चलाता है। आरोप है कि 11 जून को अरमान ने इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया पर देवी-देवताओं पर अभद्र टिप्पणी कर दी। इसके बाद आरोपी अरमान को पकड़वा दिया गया था। उसके साथी फैज ने भी हिंदू युवतियों के बारे में अभद्र टिप्पणी की थी। फैज फरार है।

भाजपा समर्थकों ने कहा कि कमजोर विवेचना के कारण दो दिन में ही आरोपी की जमानत हो गई। उन्होंने आरोपी पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की मांग की। पुलिस अधिकारियों ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इस मामले की जांच अब सीओ कैंट से कराने के लिए भी कहा गया। 

11:31 AM, 18-Jun-2023

सात दिन पहले लापता युवती पति  के घर मिली

मेरठ के टीपीनगर थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी निवासी युवती 11 जून को लापता हो गई थी। शनिवार को पुलिस ने युवती को रेलवे रोड निवासी उसके पति के घर से बरामद कर लिया। पुलिस ने युवती को बरामद कर पूछताछ करने के बाद पति के सुपुर्द कर दिया है।

थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी निवासी युवती 11 जून को बिना बताए घर से चली गई थी। परिजनों ने टीपीनगर थाने में युवती की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। शनिवार को पुलिस ने युवती को रेलवे रोड स्थित एक मोहल्ले से बरामद कर लिया। थाना प्रभारी संत शरण सिंह ने बताया कि युवती अपने प्रेमी से शादी करने के बाद उसके घर रह रही थी। थाने में युवती के परिजनों को बुलाकर पूछताछ की तो युवती ने पति के साथ ही रहने की बात कही। जिसके बाद पुलिस ने युवती को उसके पति के सुपुर्द कर दिया।

विज्ञापन
11:30 AM, 18-Jun-2023

पॉक्सो में नामजद अधिवक्ता रमेश चंद गुप्ता फरार

ऑफिस में काम करने वाली नाबालिग किशोरी को नशीला पदार्थ देकर वीडियो बनाने और यौन शोषण करने के आरोपी अधिवक्ता रमेश चंद गुप्ता पॉक्सो में नामजद होने के बाद घर से फरार हो गए। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। वहीं, दो अन्य भाजपा नेताओं पर लगे आरोपों की पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। एसएसपी रोहित सिंह सजवाण का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। 

11:21 AM, 18-Jun-2023

फार्म हाउस में गोकशी, ग्रामीणों का हंगामा

सहारनपुर कोतवाली मिर्जापुर के गांव नागलमाफी में बीती रात्रि एक फार्म हाउस में कटे हुए गोवंश व पका हुआ मांस मिलने पर हंगामा हो गया। यहां ग्रामीणों की भीड़ मौके पर पहुंची और पुलिस को सूचना दी। पुलिस गौकशी करने के तीन आरोपियों को पकड़कर थाने ले आई।

घटनाक्रम के अनुसार शुक्रवार को गौतम पुत्र सोम के घर से एक गोवंश पशुशाला गायब हो गई थी, जिसको सभी ग्रामीण मिलकर ढूंढ रहे थे। शनिवार को शाम के समय जंगल में जानवर चराने वाले चरवाहों ने गोवंश का कटा हुआ मुंह देखा। उसने ग्रामीणों ने इसकी सूचना गांव में दी, गोवंश मालिक गौतम ने गोवंश के कटे हुए गोवंश को पहचान लिया।

ग्रामीणों की भीड़ एकत्रित होकर वहीं पास में यशपाल के फार्म पर पहुंच गई, जहां पर उन्हें पका गोमांस मिला। ग्रामीणों ने मौके पर जमकर हंगामा किया और गौकशी के आरोपियों को  पकड़कर मिर्जापुर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस गौकशी के तीनों आरोपियों को थाने ले आई।

11:11 AM, 18-Jun-2023

Meerut News Live: बिजनौर में SBI शाखा में आग लगने से कागजात जलकर राख, सहारनपुर में गोकशी पर हंगामा

बिजनौर जनपद के चांदपुर में रामलीला मैदान रोड स्थित भारतीय स्टेट बैंक की शाखा में आग लग गई। आग लगने से बैंक के अंदर रखे जरूरी कागजात, कंप्यूटर, फर्नीचर आदि जल गए। चांदपुर फायर स्टेशन की गाड़ी व नगर पालिका पानी का टैंकर आग बुझाने के प्रयास में लगे हैं।

रविवार सुबह रामलीला रोड स्थित भारतीय स्टेट बैंक शाखा से धुआं उठते देख पास के लोगों ने बैंक के कर्मचारी को फोन कर बैंक से धुआं निकलने की जानकारी दी। कर्मचारी ने इसकी सूचना बैंक प्रबंधक को दी। आग लगने की सूचना पर पहुंची चांदपुर फायर स्टेशन की गाड़ी आग बुझाने में जुट गई।

मौके पर सीओ शिवम सिंह, प्रभारी निरीक्षक उदल प्रताप सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है। नुकसान का सही अंदाजा अभी नहीं लग पाया। फायर स्टेशन के कर्मचारी आग बुझाने में लगे हुए हैं। आग की सूचना से मौके पर लोगों की भाई भीड़ जुट गई।

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें