फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

West UP News Live: मेरठ में पूर्व कांग्रेस जिला अध्यक्ष अशोक त्यागी का निधन, दौड़ी शोक की लहर

Fri, 17 Nov 2023 12:10 AM IST
कपिल kapil अमर उजाला ब्यूरो, मेरठ

खास बातें

West UP News : तीन दिन से लापता युवक की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। उधर, घटना की जानकारी लगने पर पुलिस पहुंची और जांच शुरू कर दी। यहां पढ़िए वेस्ट यूपी का पल-पल का अपडेट-
विज्ञापन
अशोक त्यागी - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन

लाइव अपडेट

12:10 AM, 17-Nov-2023

मुख्य अभियंता के आश्वासन पर आंदोलन स्थगित

उत्तर प्रदेश पीडब्ल्यूडी नियमित वर्कचार्ज कर्मचारी संघ लोक निर्माण विभाग ने मुख्य अभियंता के आश्वासन के बाद आंदोलन स्थगित कर दिया है। जनपद अध्यक्ष एहसान अली तथा सचिव दिनेश चंद्र जोशी ने बताया कि शासन ने ग्रेड पे 2400 को मंजूरी दी थी, जिसे नहीं माना जा रहा था। इसके खिलाफ 20 नवंबर से चरणबद्ध आंदोलन का ऐलान किया गया था। उन्होंने कहा कि बृहस्पतिवार को मुख्य अभियंता ने आश्वासन दिया जिसके बाद आंदोलन स्थगित कर दिया गया है। 

12:09 AM, 17-Nov-2023

नगर पंचायत तक संगठन को करेगी मजबूत बसपा

लोकसभा चुनाव के मद्देनजर बसपा अपना संगठन ढांचा मजबूत कर रही है। बृहस्पतिवार को फूलबाग कॉलोनी पर पार्टी कार्यालय पर जिले के पदाधिकारी की बैठक हुई। इसमें बसपा सुप्रीमो मायावती के निर्देशानुसार संगठन को नगर पंचायत स्तर तक बनने पर विचार विमर्श हुआ।

मंडल प्रभारी शाहजहां सैफी एडवोकेट ने गांव चलो अभियान के अंतर्गत सेक्टर स्तर पर चल रहे कैडर बैठकों की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि प्रत्येक जिलों पर नगर पंचायत व नगर निगम की कमेटी का गठन शीघ्र किया जाएगा। सभी नगर पंचायत और नगर निगम के कार्यकर्ताओं को बुलाया गया, जिसमें नगर पंचायत और नगर निगम की कमेटियों के गठन पर विचार-विमर्श हुआ। साथ ही जल्द मंडल स्तर बैठक में नगर निकाय कमेटी के गठन कर घोषणा पर सहमति बनी। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष जयपाल सिंह पाल ने की। जिला प्रभारी क्रांति प्रसाद, रामकुमार, ओमपाल खादर, हेमंत प्रधान, पिंटू लोहिया, राजकुमार आदि मौजूद रहे। 

12:07 AM, 17-Nov-2023

किसानों से वार्ता जारी, जल्द शुरू होगी इनर रिंग रोड

मेरठ में गढ़ रोड को हापुड़ रोड से जोड़ने के लिए आवास एवं विकास परिषद तथा मेरठ विकास प्राधिकरण ने काली नदी के पास 45 मीटर चौड़ी सड़क का निर्माण किया है। कुछ किसानों के विरोध के कारण बीच में मार्ग अवरुद्ध है। आवास विकास के अधीक्षण अभियंता राजीव कुमार ने बताया कि चरणबद्ध तरीके से किसानों से वार्ता की जा रही है। इस माह के अंत तक आवागमन शुरू होने की संभावना है। इससे जागृति विहार एक्सटेंशन की भी कनेक्टिविटी दोनों मार्गों से हो जाएगी। 

विज्ञापन
12:06 AM, 17-Nov-2023

पूरे नवंबर सभी ट्रेन फुल, मुंबई, अहमदाबाद के लिए नहीं कोई सीट

दीपावली के त्योहार पूरे हो चुके हैं, छठ पर्व शुरू हो गया है। ऐसे में त्योहार के बाद कुछ लोग नौकरी पर लौट रहे हैं तो कुछ छुट्टी पर घर जा रहे हैं।इसलिए ट्रेनों के आरक्षण फुल हैं। मुंबई, अहमदाबाद, चेन्नई आदि लंबी दूरी की तमाम ट्रेनों में नवंबर के अंत तक कोई सीट नहीं है। बिना आरक्षित सीट के सफर दुश्वारियों भरा हो रहा है। तत्काल में भी टिकट नहीं मिल पा रहा है। योगा एक्सप्रेस, बांदा एक्सप्रेस, स्वर्ण मंदिर एक्सप्रेस, छत्तीसगढ़ में स्लीपर श्रेणी में प्रतीक्षा सूची 300 से ऊपर पहुंच गई है।

मेरठ से होकर गुजरने वाली तमाम ट्रेन फुल होकर चल रही हैं। पहले से ही आरक्षित यात्रियों के अलावा सामान्य श्रेणी की बोगियां भी यात्रियों से खचाखच चल रही है। रेलवे की ओर से जो दिवाली और छठ पर्व स्पेशल ट्रेन चलाई गई है, वो यहां से नहीं गुजरती। यहां से होकर जाने वाली ट्रेनों में बोगियां भी नहीं बढ़ाई गई।

ऐसे में दिवाली के त्योहार के बाद घर से काम पर लौटने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ट्रेनों में कोई आरक्षण फिलहाल नहीं मिल पा रहा है। अमृतसर से मुंबई के बीच चलने वाली स्वर्ण मंदिर एक्सप्रेस में तृतीय श्रेणी एसी में प्रतीक्षा सूची 83 तक और स्लीपर श्रेणी में सूची 302 तक पहुंच गई है।

देहरादून-ब्रांदा एक्सप्रेस में थर्ड एसी में 87 और स्लीपर श्रेणी में 305 तक वेटिंग चल रही है। ऋषिकेश से अहमदाबाद तक चलने वाली योगा एक्सप्रेस में स्लीपर में 301 और थर्ड एसी में 139 तक वेटिंग है। नौचंदी एक्सप्रेस में स्लीपर में 102 वेटिंग और थर्ड एसी में 44 आरएसी है। संगम एक्सप्रेस में 26 नवंबर तक 41 वेटिंग है।

12:06 AM, 17-Nov-2023

शादी का झांसा देकर पांच साल तक दुष्कर्म

लालकुर्ती क्षेत्र की रहने वाली एक युवती ने अपने पड़ोस में रहने वाले युवक पर पांच साल तक शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। प्रेमी ने तीन बार उसका गर्भपात भी करा दिया। अब शादी की बात करने पर परिवार के साथ मिलकर उसके साथ मारपीट की और धक्के देकर घर से बाहर निकाल दिया।

बृहस्पतिवार को एसएसपी ऑफिस पहुंची पीड़िता ने बताया कि उसका अपने पड़ोस में रहने वाले युवक से पिछले पांच साल से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। आरोप है कि शादी का झांसा देकर युवक अक्सर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता था। वह तीन बार गर्भवती हुई लेकिन प्रेमी ने हर बार उसका गर्भपात करा दिया। आरोप है कि अब प्रेमी के घर वालों ने दोनों की शादी कराने से इन्कार कर दिया। बुधवार को प्रेमी भी शादी के वादे से मुकर गया। जब वह उसके घर पहुंची तो आरोपी और उसके परिवार ने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर भगा दिया। एसएसपी ने जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

विज्ञापन
09:32 PM, 16-Nov-2023
अशोक त्यागी - फोटो : Amar Ujala

मेरठ में  पूर्व ब्लॉक प्रमुख व माछरा डिग्री कालेज व इंटर कालेज के मैनेजर पूर्व मेरठ कांग्रेस जिला अध्यक्ष अशोक त्यागी का गुरुवार को निधन हो गया। उनके निधन की  सूचना मिलने के बाद उनके परिजनों के बीच व समर्थकों के बीच शोक की लहर दौड़ गई। पूर्व विधायक सत्यवीर त्यागी भी परिजनों को सांत्वना देने के लिए उनके आवास पर पहुंचे।

04:13 PM, 16-Nov-2023

बागपत में मुठभेड़: पुलिस के हत्थे चढ़े दो आरोपी

बागपत के रटौल में चैकिंग के दौरान पुलिस टीम पर फायर करने वाले दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से एक तमंचा और एक कारतूस बरामद किया है।

04:13 PM, 16-Nov-2023

दो दरोगा भाइयों के घरों पर बोला धावा, नगदी-जेवरात चुरा ले गए चोर

बिजनौर के स्योहारा में दो सगे भाइयों के घरों को चोरों ने निशाना बनाते हुए नगदी सहित लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। बताया गया कि दोनों भाई किसी कार्यक्रम में रामपुर गए हुए थे। वहीं, सूचना मिलने के बाद पीड़ित भाइयों ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। सीओ धामपुर ने मौके का निरीक्षण कर पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

04:11 PM, 16-Nov-2023

ब्रिज से सेल्फी लेते समय 70 फीट नीचे गिरा युवक, मौके पर मौत

सहारनपुर जनपद के नागल में बृहस्पतिवार को एक हादसा हो गया। अपने मामा के यहां शादी समारोह में आए एक युवक की गांव लाखनौर स्थित बाइपास हाईवे के ब्रिज से सेल्फी लेते समय नीचे गिरकर मौके पर ही मौत हो गई। उधर, घटना की जानकारी लगने पर परिजन मौके पर पहुंचे। 

02:08 PM, 16-Nov-2023

मेरठ में हादसा, युवक की मौत

मेरठ में नेशनल हाइवे-119 स्थित मवाना रोड पर अज्ञात वाहन की टक्कर से स्कूटी सवार युवक की मौत हो गई। इंचौली थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। उधर, परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। परिजनों के मुताबिक, इसी महीने पिता की हर्ट अटैक से मौत हुई थी।

12:58 PM, 16-Nov-2023

ट्रेन से गिरकर युवक की मौत

सहारनपुर में बृहस्पतिवार की सुबह करीब आठ बजे नागल क्षेत्र में बडोली रेलवे लाइन पुल के नीचे ट्रेन से गिरने पर एक युवक की मौत हो गई। आसपास खेतों में काम कर रहे लोगों की सूचना पर पहुंची आरपीएफ और नागल थाना पुलिस ने शव की जांच पड़ताल की। उसके पास से पहचान का कोई साक्ष्य नहीं मिला। आरपीएफ के उप-निरीक्षक साजिद अली ने बताया कि युवक की उम्र करीब 22 वर्ष है। युवक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। युवक मुस्लिम है। पंचनामा भरकर शव मोर्चरी के लिए भेज दिया गया है। नागल थानाध्यक्ष कुसुम भाटी ने बताया कि युवक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

10:50 AM, 16-Nov-2023

West UP News Live: मेरठ में पूर्व कांग्रेस जिला अध्यक्ष अशोक त्यागी का निधन, दौड़ी शोक की लहर

तीन दिन से गायब युवक का शव पेड़ से लटका मिला 
मुजफ्फरनगर में भोपा थाना क्षेत्र के गांव योगेंद्र नगर से पिछले तीन दिन से गायब अमित (30) का शव गांव खोला के जंगल में एक पेड़ से लटका मिला। संदिग्ध हालात में गायब हुए युवक को परिजन तलाश कर रहे थे। वहीं, सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच की। उधर, शव लटके होने की जानकारी मिलते ही आसपास के सैंकड़ों लोग मौके पर एकत्र हो गए। ग्रामीणों ने पुलिस से वारदात के खुलासे की मांग की है।

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें