मेरठ में पूर्व मंत्री याकूब कुरैशी, उनकी पत्नी संजीदा बेगम और दोनों बेटे इमरान, फिरोज को मुंडाली पुलिस ने नोटिस भेजकर 31.77 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्तीकरण की जानकारी दी है। पुलिस ने संपत्ति जब्तीकरण की कार्रवाई के लिए एसआईटी गठित की है, जिसमें मुंडाली, खरखौदा और कोतवाली पुलिस शामिल है। बुधवार से जब्तीकरण की कार्रवाई शुरू होगी। पुलिस ने याकूब की कोठी, जमीन व मर्सिडीज सहित 32 गाड़ियों की जानकारी जुटा ली है, जिन्हें पहले चरण में जब्त करना है। इसके बाद स्कूल, अस्पताल सहित अन्य सामान को जब्त किया जाएगा।
पुलिस ने 31 मार्च 2022 को याकूब की फैक्टरी में छापा मारकर 10 कर्मचारियों को गिरफ्तार किया था, जहां अवैध तरीके से मीट पैकिंग का काम चल रहा था। इस मामले में पुलिस ने याकूब, उनकी पत्नी और दोनों बेटों सहित 17 लोगों को नामजद किया गया। मजबूत घेराबंदी के लिए पुलिस ने नवंबर 2022 में गैंगस्टर का मुकदमा लिखा, जिसकी विवेचना इंस्पेक्टर मुंडाली कर रहे है।
डीएम के आदेश पर गैंगस्टर 14 (ए) के तहत याकूब, संजीदा बेगम, इमरान और फिरोज की 31.77 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्तीकरण की कार्रवाई होगी। इसके बाद एसएसपी ने जब्तीकरण की कार्रवाई के लिए एसआईटी गठित कर दी। एसआईटी की नोडल अधिकारी सीओ किठौर रूपाली राय चौधरी को बनाया गया है।
कोठी, भवन और भूमि खाली करें याकूब परिवार
एसएसपी रोहित सिंह सजवाण का कहना है कि सोनभद्र जेल में बंद याकूब कुरैशी को नोटिस तामिल करा दिया है। इसमें कहा गया कि याकूब परिवार कोठी, भवन, भूमि को खाली करें और जब्तीकरण के लिए गाड़ियों पुलिस को सुपुर्द करें।
याकूब से मुलाकात करने सोनभद्र रवाना दोनों बेटे
कार्रवाई से पहले पुलिस ने याकूब के दोनों बेटे इमरान, फिरोज की जानकारी जुटाई। पता चला कि इमरान और फिरोज याकूब से मुलाकात के लिए सोनभद्र रवाना हो गए।
यह भी पढ़ें: चैत्र नवरात्र 2023: नाव पर सवार होकर आएंगी मां दुर्गा, देवी मंदिरों में आदिशक्ति मां भगवती की पूजा आज से शुरू