फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Meerut News Live: कल मेरठ आएंगे उप मुख्यमंत्री, देहात क्षेत्र में घर बनाना हुआ महंगा, ये है वजह

Sat, 01 Apr 2023 04:10 PM IST
Dimple Sirohi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ

खास बातें

मेरठ से सरधना में सलावा पर बना गंगनहर का पुल अचानक टूट गया। डस्ट से भरा
आधा ट्रक गंग नहर में गिर गया। चालक डूबने से बचा। वहीं कई गांवों का आवागमन प्रभावित हो गया है।
विज्ञापन
केशव प्रसाद मौर्य - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

04:08 PM, 01-Apr-2023

मेरठ देहात में अब मकान बनाना हो गया महंगा

मेरठ जिला पंचायत की बोर्ड बैठक में सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से 54.22 करोड़ रुपये का मूल बजट पास कर दिया इसके साथ-साथ जिला पंचायत की आय बढ़ाने के लिए देहात में जिला पंचायत द्वारा स्वीकृत होने वाले भवनों के मानचित्र की दरों में तीन गुना बढ़ोतरी की गई। इसके अलावा देहात में सड़कों के चौड़ीकरण भूगर्भ जल को दूषित करने के लिए डाले जा रहे फैक्टिरयों  के गंदे पानी से फेल रही कैंसर जैसी बीमारी। बंद पड़ी स्ट्रीट लाइट आदि की समस्याओं को प्राथमिकता पर उठाया गया।
 
इसके साथ-साथ जिला पंचायत सदस्यों ने बोर्ड बैठक में उपस्थित नहीं होने वाले अधिकारियों के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पास करके सभी का एक-एक दिन का वेतन काटे जाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को प्रस्ताव भेजने का भी निर्णय लिया गया। जिला पंचायत की मूल बजट बोर्ड बैठक में जिला पंचायत की आर्थिक स्थिति पर भी जिला पंचायत सदस्यों ने अपने अपने प्रस्ताव रखे। साथ ही कहा कि देहात में विकास न होने के कारण जिला पंचायत सदस्य अपने क्षेत्र की जनता को जवाब नहीं दे पा रहे हैं।
 
इसीलिए उन्होंने सांसद राजेंद्र अग्रवाल विधायक गुलाम मोहम्मद जिला पंचायत अध्यक्ष गौरव चौधरी से आग्रह किया कि वह शासन से जिला पंचायत की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए बजट की मांग करें, ताकि देहात में सड़क नाले आदि का विकास कराया जा सके। सदस्यों ने यह भी कहा कि जिला पंचायत का अस्तित्व खत्म होता जा रहा है, इसीलिए सरकार से अतिरिक्त बजट की मांग की जाए।

12:49 PM, 01-Apr-2023

दीवार के नीचे दबने से बच्चे की मौत

परीक्षितगढ़ क्षेत्र के एक गांव में बृहस्पतिवार शाम तेज आंधी के चलते आठ वर्षीय बच्चे की रास्ते की दीवार के नीचे दबने से मौके पर ही मौत हो गई। पीड़ित पिता ने थाने में तहरीर देते हुए शासन-प्रशासन से मदद की मांग की है। परिजनों ने बिना किसी पुलिस कार्रवाई के शव सुपुर्द-ए-खाक कर दिया।

गांव बहलोलपुर निवासी बबलू सैफी का आठ वर्षीय पुत्र आहिल सैफी कक्षा तीन का छात्र था। गुरुवार की शाम गांव की एक गली से आहिल अपने घर जा रहा था। वह मदन वाल्मीकि के घर के समीप पहुंचा तो तेज आंधी के कारण उसके मकान की दीवार आहिल के ऊपर गिर गई और वह उसके नीचे दब गया। बच्चे को दीवार के नीचे दबते देख आसपास के लोग उस और दौड़े और बमुश्किल बच्चे को बाहर निकाला, लेकिन तब तक बच्चे की मौत हो चुकी थी।

मौत की खबर मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया। पीड़ित पिता ने थाने में तहरीर देते हुए शासन-प्रशासन से मदद की मांग की है। मृतक तीन भाई बहन में सबसे बड़ा था। उसकी मौत से मां गुलिस्ता, बहन आलिया, भाई साहिल व अन्य का रो-रोकर बुरा हाल बना हुआ है। पीड़ित के आवास पर पहुंचकर ग्राम प्रधान डॉ. शिवदत्त, पूर्व प्रधान रविंद्र चौधरी, मा. कौशल अजय, सुशील कुमार, हकीम सैफी आदि ने शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी।

12:43 PM, 01-Apr-2023

मेडा में हाजिरी लगाकर गायब होने वालों की ली जाएगी लोकेशन

मेरठ विकास प्राधिकरण (मेडा) में अब कर्मचारियों की मनमानी नहीं चलेगी। सुबह आकर दिनभर अपने काम से बाहर रहने वाले कर्मचारियों की भी अब लोकेशन ली जाएगी। साथ ही  अब कर्मचारियों को छुट्टी के लिए उपाध्यक्ष और सचिव से अनुमति लेनी पड़ेगी। 

मेडा उपाध्यक्ष अभिषेक पांडे ने शुक्रवार को विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया। सुबह 10.30 बजे उपस्थिति महज 35 फीसदी ही मिली। सबसे ज्यादा अनुपस्थिति प्रवर्तन और नियोजन विभाग में मिले। पूछने पर खुलासा हुआ कि कर्मचारी अक्सर देरी से आते हैं। सुबह हाजिरी लगाकर निजी काम से निकल जाते हैं। जब पूछताछ होती है तो खुद को साइट पर बता दिया जाता है। वहीं कुछ कर्मचारी तो साथी कर्मचारियों द्वारा छुट्टी के लिए प्रार्थना पत्र भेज देते हैं।

उपाध्यक्ष ने कड़ी नाराजगी जताई। ऐसे ही अवर अभियंता से ऊपरी स्तर तक के अधिकारियों के अवकाश वह स्वयं स्वीकृत करेंगे। वहीं ऐसे कर्मचारी जो सुबह आकर फील्ड का बहाना बनाकर निकल जाते हैं। इन सभी का डाटा तैयार कराया जा रहा है। दिन में जोनल अधिकारी वीडियो कॉल करके उनसे लोकेशन लिया करेंगे।

विज्ञापन
12:43 PM, 01-Apr-2023

कॉरिडोर ट्रैक पर 100 की रफ्तार से दौड़ी मालगाड़ी

ईस्टर्न डेडिकेट फ्रेट कॉरिडोर (ईडीएफसी) पर शुक्रवार को 100 किमी. प्रतिघंटा की रफ्तार से मालगाड़ी दौड़ी। शाम को 4:35 बजे खुर्जा से मालगाड़ी चली थी, रात 9:35 पर खतौली पहुंच गई। ट्रायल सफल होने पर अधिकारियों ने खुशी जताई। 

न्यू खुर्जा से न्यू खतौली तक इंजीनियरों की टीमों को ईडीएफसी का गुरुवार रात अंतिम रूप से निरीक्षण करना था, जो बारिश की वजह से नहीं हो सका। चूंकि इंजीनियरों की टीम की तरफ से क्लीन चिट नहीं मिली, इसलिए सुबह आठ बजे से शुरू होने वाला ट्रायल शुरू नहीं हो सका। शुक्रवार को मौसम सामान्य होने पर ट्रैक का अंतिम निरीक्षण हुआ और इंजीनियरों की टीम ने क्लीन चिट दी, जिसकी वजह से शाम करीब साढ़े चार बजे न्यू खुर्जा से इंजन रफ्तार से दौड़ा, जो रात 8:15 बजे मेरठ से गुजरा। असिस्टेंट प्रोजेक्ट मैनेजर अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि ट्रायल के दौरान डीएफसी के मुख्य महाप्रबंधक अनिल कालरा, चीफ प्रोजेक्ट मैनेजर राकेश बाबू, कुलदीप सिंह, रेलवे के डाॅ. सागर चाहर मौजूद रहे। 

ट्रैक मजबूत और दमदार 
निर्माण कंपनी के प्रशासनिक हेड डाॅ. रमन चौधरी ने बताया कि पहले दिन ट्रायल के दौरान डीजल और इलेक्ट्रिक इंजन औसत स्पीड 103 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से दौड़े। यह नए ट्रैक के लिए शुभ संकेत है।  

12:42 PM, 01-Apr-2023

15 अप्रैल से सैलानी लेंगे गंगा सफारी का आनंद

मेरठ शहर के लोग 15 अप्रैल से हस्तिनापुर गंगा में घूम सकेंगे। इसके लिए वन विभाग की ओर से योजना तैयार कर ली गई है। अप्रैल में विभाग को दो बोट मुख्यालय से प्राप्त हो जाएंगी। इन बोट को गंगा में चलाया जाएगा। इसके लिए  स्टाफ की भी नियुक्ति की जाएगी। हस्तिनापुर क्षेत्र को पर्यटन क्षेत्र के लिए विकसित करने के लिए पर्यटन विभाग के साथ मिलकर वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। 

वन विभाग की ओर से हस्तिनापुर को पर्यटन क्षेत्र में बढ़ावा देने के लिए कई योजना चलाई जा रही हैं। विभाग जहां जैव विविधता पार्क और गंगा वन तैयार करने जा रहा हैं, इसी के साथ विभाग की ओर से अप्रैल में लोगों को गंगा दर्शन भी कराए जाएंगे। 

विभाग की ओर से लोगों को गंगा सफारी कराई जाएगी। डीएफओ राजेश कुमार ने बताया कि पर्यटन विकास को लेकर गंभीरता से विचार किया जा रहा है। हस्तिनापुर वन्य क्षेत्र, गंगा किनारे, रेस्क्यू सेंटर, नेचर ट्रेल समेत सभी जगहों की वीडियोग्राफी कराई जाएगी। इसके लिए पर्यटन विभाग के अधिकारियों से वार्ता चल रही है। 

देख पाएंगे डॉल्फिन
वन विभाग की ओर से कई जगहों पर ऐसे स्थान भी बनाए जाएंगे जहां पर लोग गंगा में डॉल्फिन भी देख पाएंगे। वर्तमान में बैराज पुल से लेकर ब्रजघाट तक भी गंगा में काफी संख्या में डॉल्फिन भी मौजूद हैं। अब इनके दर्शन कराने के लिए वन विभाग की ओर से हस्तिनापुर में चार जगह बनाई गई हैं। हस्तिनापुर सेंचुरी और गंगा के किनारे लोगों को आकर्षित करेंगे। मखदूमपुर, भीकुंड, मनोहरपुर समेत कई स्थानों पर सेल्फी प्वाइंट बनाने की तैयारी है। 

बच्चों को दी जाएगी जानकारी
डीएफओ ने बताया कि हस्तिनापुर के पर्यटन क्षेत्र के रूप में विकसित करने की तैयारी है। बच्चों को वन्य जीव, पेड़ पौधे आदि की भी जानकारी दी जाएगी। इसके लिए जैव विविधिता पार्क का निर्माण जल्द ही किया जाएगा। हस्तिनापुर वन्य क्षेत्र में करीब डेढ़ किमी लंबी नेचर ट्रेल भी विभाग की ओर   से तैयार की जा चुकी है। 

विज्ञापन
12:41 PM, 01-Apr-2023

मेडा की बोर्ड बैठक 6 को आर्ट गैलेरी भी होगी शुरू

मेरठ विकास प्राधिकरण की बोर्ड बैठक अब 6 अप्रैल को होनी तय हुई है। इसमें विशेषतौर पर मेरठ महायोजना-2031 (ड्राफ्ट) को लाया जाएगा, जिस पर बोर्ड सहमति देगा। मेडा के उपाध्यक्ष अभिषेक पांडेय ने बताया कि 6 अप्रैल को कमिश्नरी सभागार में शाम 4 बजे बैठक प्रस्तावित है। कमिश्नर की ओर से स्वीकृति दी गई है। उधर दूसरी ओर मेडा की ओर से बेसमेंट में तैयार की जा रही आर्ट गैलेरी का भी शुभारंभ 6 अप्रैल को ही करने की तैयारी है। विजन-2047 के तहत सुबह कान्क्लेव की जाएगी। 

09:51 AM, 01-Apr-2023

Meerut News Live: कल मेरठ आएंगे उप मुख्यमंत्री, देहात क्षेत्र में घर बनाना हुआ महंगा, ये है वजह

मेरठ से सटे सरधना में सलावा झाल के पास गंगनहर का पुराना पुल टूटने से शनिवार को बड़ा हादसा टल गया। यहां पुल टूटन से डस्ट से भरा ट्रक आधा नहर में गिर गया। बताया गया कि यह अंग्रेजों के जमाने का बनाया हुआ पुल था। इस पुल की समयावधि पूरी होने के बावजूद ओवरलोडेड वाहन धड़ाधड़ इस पर से गुजर रहे थे। बताया गयाकि बिजलीघर के निकट यह हादसा हुआ है। हालांकि गनीमत रही कि कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। वहीं यह पुल दर्जनों गांवों को जोड़ता है ऐसे में इन गांवों का आवागमन बंद हो गया है।

कल मेरठ आएंगे उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य
प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या कल रविवार को मेरठ आएंगे। यहां बागपत रोड स्थित भाजपा के क्षेत्रीय कार्यालय में जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद कमिश्नरी सभागार में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे। डिप्टी सीएम के कार्यक्रम को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं।

सेना में नौकरी लगवाने के नाम पर युवकों से ठगी
मेरठ में आर्मी में नौकरी दिलाने के नाम पर युवकों से ठगी का मामला सामने आया है। बताया गया कि दो युवकों से 14 लाख की ठगी हो गई। 2018 में एमईएस में नोकरी दिलाने के नाम पर मनीष और उसके साथियों ने ठगी की। इसके बाद पश्चिमी बंगाल में फर्जी मेडिकल करा दिया। यही नहीं झांसी के एक आर्मी क्लब ले गया, जहां से फरार हो गया। यहां युवकों को अपने साथ ठगी होने का पता चल गया। पीड़ितों ने रुपये वापस करने की मांग की तो उल्टा युवकों पर ही आरोपियों ने मुकदमा दर्ज करा दिया। बताया गया कि परीक्षितगढ़ के गांव कुआं खेड़ा के रहने वाले आरोपी मनीष ने एडीएम फाइनेंस के यहां साहूकारी का वाद दायर कर दिया। बताया गया कि हाल ही में अदालत ने पीड़ितों के पक्ष में फैसला सुनाया है। माछरा ब्लॉक के अमरपुर के रहने वाले पीड़ित युवकों के अनुसार जमीन बेचकर नौकरी लगवाने के लिए रुपये दिए थे। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें