जाम के झाम में फंसे शहरी
टाटमिल, पीएसी कृष्णा नगर, शिव कटरा से रामादेवी की ओर जाने वाले वाहनों को रोककर रखा गया है। इससे श्याम नगर पुल पर वाहनों की कतार बाईपास तक पहुंच गई है। वहीं शिव कटरा रोड पर वाहनों का काफिला लाल बंगला तक पहुंचने की कगार पर है। यहां खड़े लोग पुलिस से निकलने की हरी झंडी मिलने का इंतजार कर रहे हैं।
रोड शो खत्म
सफल रोड शो के बाद लौटते समय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चकेरी एयरपोर्ट पर प्रसन्न मुद्रा में नजर आए।
पीएम ने चंद सेकंड के लिए रुकवाया काफिला
रोड शो के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ब्लॉक नंबर 34 में सिंधी समाज के लोगों को डांडिया बजाते हुए आयो लाल झूलेलाल कहते देख चंद सेकंड के लिए अपना काफिला रुकवाया। आयो लाल झूलेलाल बोले फिर आगे बढ़ गए।
डमरू की गूंज के बीच गूंजा जय श्रीराम, मोदी ने समर्थकों का अभिवादन किया स्वीकार
प्रधानमंत्री मोदी का रोड शो शुरू हुआ तो पहला पड़ाव गुमटी गुरुद्वारा रहा। इस दौरान गुरुद्वारे के ठीक सामने मंच पर डमरू नाद के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भव्य स्वागत आरती के साथ किया गया। वैदिक मंत्र स्वस्तिवाचन, संख ध्वनि, गंगा आरती के माध्यम से अध्यक्ष आचार्य कालीचरण दीक्षित व उनके साथ आये बटुकों ने किया। प्रधानमंत्री मोदी के हाथ जोड़ते ही भीड़ ने जयकारा लगाया जय श्रीराम..., मोदी है तो मुमकिन है...आदि नारों से पूरा वातावरण गुंजायमान हो उठा। इस दौरान लोग मानो मंत्रमुग्ध हो गए। हजारों हाथों में मोबाइल के फ्लैश चमकने लगे। मोदी ने भले ही कुछ न कहा, हाथ जोड़कर अभिवादन किया और हाथ में कमल का चुनाव चिह्न लहराकर कानपुर प्रत्याशी रमेश अवस्थी और कानपुर देहात के प्रत्याशी देवेंद्र सिंह भोले के लिए समर्थन भी मांगा। सड़क के दोनों तरफ भारी भीड़ जुटी थी। भीड़ मोदी की एक झलक पाने को बेताब दिखी। इस पल को मोबाइल में सहेजने के लिए भीड़ बेताब रही। भीड़ को अपने ही अंदाज में देखते हुए प्रधानमंत्री आगे बढ़ते चले गए, उनके साथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, पूर्व सांसद सत्यदेव पचौरी आदि मौजूद रहे।
कानपुर के अपने परिवारजनों के अभूतपूर्व जोश और स्नेह से भावविभोर हूं!
आज के रोड शो में आप सभी से मिले अपार आशीर्वाद ने मुझे नई ऊर्जा से भर दिया है। इतनी विशाल संख्या में आपकी मौजूदगी बताती है कि कानपुरवासियों को अपने मोदी से कितना लगाव है। इस दौरान मेरी माताओं-बहनों और मेरे युवा… pic.twitter.com/WiAIWpBLPd
गुमटी गुरुद्वारे पहुंचे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुमटी गुरुद्वारे पहुंचे। जहां उन्होंने माथा टेका। उनके साथ यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी मौजूद रहे। पीएम मोदी के पहुंचने से पहले ही सीएम योगी आदित्यनाथ गुमटी गुरुद्वारे में पहुंचे चुके थे। पीएम मोदी के रोड शो को लेकर गुमटी गुरुद्वारा से कालपी रोड तक दूधिया रोशनी से रूट चमका।
कीर्तनगढ़ गुरुद्वारा पहुंचे पीएम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जीटी रोड गुमटी के कीर्तनगढ़ गुरुद्वारा पहुंचे। यहां पर सबसे पहले वह गुरुद्वारा में मत्था टेकेंगे।
गाड़ी के बाहर से किया अभिवादन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गाड़ी के बाहर से लोगों का अभिवादन किया। पीएम मोदी के आगमन पर मुस्लिम महिलाएं भी स्वागत करने पहुंची। मुस्लिम महिलाओं ने तीन तलाक को सबसे बेहतर फैसला बताया। कहा कि इससे महिलाओं को मजबूती मिली।
चकेरी एयरफोर्स एयरपोर्ट से हरजेंद्र नगर होते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का काफिला रामादेवी की ओर रवाना हो गया है। सभी विधायक, भाजपा नेता साथ में मौजूद रहे।
कानपुर पहुंचे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चकेरी एयरफोर्स एयरपोर्ट पहुंच चुके हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीएम का स्वागत किया।
जय श्रीराम के साथ गूंजी शंख, मंजिरा, डमरू की ध्वनि
जय श्रीराम...जय जय श्रीराम के जयकारों के बीच शंख, मंजिरा, डमरू, करताल की मंत्रमुग्ध करती ध्वनि। राम स्तुति पर मनोहारी नृत्य करते छात्र। अनेकता में एकता का संदेश देतीं विभिन्न प्रांतों की वेशभूषा में तैयार छात्राएं। मौका था शनिवार के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रोड शो कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम के आयोजन का, जिसमें विभिन्न संगीत और नृत्य संस्थानों के छात्र-छात्राएं शामिल हुए। उन्होंने अपनी प्रतिभा से न सिर्फ भक्ति का भाव दर्शाया, बल्कि प्रेम, सदभाव और भाईचारे का संदेश दिया। सबसे पहले राम आएंगे...राम आएंगे भजन की प्रस्तुति हुई। आजाद नगर कथक केंद्र की छात्राओं ने परंपरागत तरीके से कथक नृत्य प्रस्तुत किया। जिसको देखकर हर कोई भाव विभोर हो गया। राम स्तुति पर कई झांकियां निकाली गईं। संगीत विद्यायल की प्राचार्य संगीता, शिक्षक संगीता श्रीवास्तव, ज्योति वर्मा, प्रीति शुक्ला, कविता सिंह, मोना शुक्ला, अजय मोहन शुक्ला, जीतू कश्यप, अंशु श्रीवास्तव, मयंक बाजपेई, चंदन सिंह राजावत आदि मौजूद रहे।
सीएम योगी कानपुर पहुंचे
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ चकेरी ऐयरफोर्स एयरपोर्ट पहुंच चुके हैं। शाम 5:20 तक पीएम का हेलीकॉप्टर भी चकेरी पहुंचेगा।
चकेरी एयरपोर्ट पहुंचा जनप्रतिनिधियों का काफिला
जाजमऊ से आने वाले वाहनों को हरजेंद्र नगर चौराहे के पहले रोका गया। डबल बैरिकेडिंग लगाई गई। सतीश महाना, सुरेंद्र मैथानी आदि जनप्रतिनिधियों का काफिला पीएम मोदी को लेने के लिए चकेरी एयरपोर्ट पहुंचा।
पंडित नेहरू के बाद सबसे ज्यादा बार कानपुर आने वाले पीएम हैं मोदी
प्रधानमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी का चार मई को पांचवीं बार महानगर आ रहे हैँ। इससे पहले तक वह कानपुर चार बार आ चुके हैं। इसमें उन्होंने यहां पर तीन जनसभाएं की है और नमामि गंगे मंत्रालय दो दिवसीय बैठक में भी शामिल हुए हैं। शनिवार को कानपुर महानगर में उनका पहला रोड शो होगा। इसी तरह कानपुर में वह पहली बार प्रधानमंत्री के रूप में किसी गुरुद्वारे में मत्था टेकेंगे। मोदी से पहले कानपुर आने वाले प्रधानमंत्रियों में सबसे अधिक बार देश के पहले प्रधानमंत्री पं. जवाहर लाल नेहरू हैं, जो 1964 से पहले तक सात बार यहां आ चुके हैं।
26 गलियों को अस्थाई तौर पर बंद किया गया
कार्यक्रम स्थल पर पुलिस ने 26 गलियों को चिन्हित कर सुरक्षा के लिहाज से अस्थाई तौर पर बंद कर दिया है। इसके अलावा भीड़ पर निगरानी के लिए बड़ी संख्या में सादे कपड़ों में पुलिस कर्मियों को आम जनता के बीच ड्यूटी पर तैनात किया गया है।
रोड-शो में आने वाली बसों, कारों के लिए छह जगह पार्किंग
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रोड शो में आने वाली बसों, कारों व अन्य वाहनों की पार्किंग के लिए शहर में छह स्थानों में पार्किंग की व्यवस्था की गई है।